Good Morning India: एफिल टॉवर बंद, हिंदू ग्रुप के दौरे के दौरान महिला कर्मचारी को छिपाने पर भड़का विवाद! 15 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट! अरुणाचल प्रदेश में सुबह-सुबह आया भूकंप! उत्तराखंड में अब 3 अक्टूबर को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात-महाराष्ट्र दौरे पर रहेंगे। वहीं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज दो दिन के दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, फ्रांस की राजधानी पेरिस में स्थित मशहूर एफिल टॉवर को सोमवार को कुछ समय के लिए विजिटर्स के लिए बंद कर दिया गया, क्योंकि कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए काम छोड़ दिया था। कर्मचारियों का आरोप था कि स्वामीनारायण संस्था (BAPS) से जुड़े हिंदू धार्मिक समूह के दौरे पर महिला कर्मचारियों को उनके वर्कस्टेशन से हटा दिया गया था। आरोपों के मुताबिक प्रतिनिधिमंडर के निजी दौरे के दौरान महिला कर्मचारियों को नजर से दूर रखने के लिए कहा गया था। यह घटना शनिवार को BAPS (बोचासनवासी अक्षर पुरषोत्तम स्वामीनारायण संस्था से जुड़े लगभग 100 लोगों के दौरे के दौरान हुई। यह प्रतिनिधिमंडल एक हिंदू मंदिर के उद्घाटन के लिए पेरिस में था। इस घटना को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी है और फ्रांस के वरिष्ठ राजनेताओं ने भी इसकी आलोचना की है। वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधियों के अनुसार, जब प्रतिनिधिमंडल के सदस्य वहां से गुजर रहे थे, तो महिला कर्मचारियों को उन जगहों से हटने के लिए कहा गया जहां वे काम कर रही थीं, ताकि उनकी जगह पुरुष कर्मचारी ले सकें। यूनियन की प्रतिनिधि डायने डेवोइन ने फ्रांसीसी टीवी को बताया कि "शनिवार को प्रतिनिधिमंडल के गुजरने पर महिला कर्मचारियों को उनके वर्कस्टेशन को छोड़ने के लिए कहा गया, ताकि पुरुष उनकी जगह ले सकें।" एफिल टॉवर के कर्मचारियों ने उन निर्देशों की निंदा की जिनकी वजह से महिला कर्मचारियों को उनके लिंग के आधार पर किनारे कर दिया गया।
इधर दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर कई राज्यों में सक्रिय होने जा रहा है। इसके असर से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत उत्तर-पश्चिम भारत से लेकर मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के 15 से अधिक राज्यों में 8 सितंबर से भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। बिहार और ओडिशा जैसे पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और कुछ जगहों पर बिजली भी गिर सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से लेकर दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बना है। दक्षिण गुजरात से उत्तर प्रदेश के मध्य भागों तक निचले और मध्य क्षोभमंडल स्तर पर चक्रवात के रूप में हवा चल रही है। इन प्रणालियों के चलते ही मंगलवार से मौसम में बदलाव हो रहा है। 13 सितंबर तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 13 सितंबर को हिमाचल प्रदेश और 10-13 सितंबर तक उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश हो सकती है।
उधर श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल शुरू हुआ। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इसका उद्घाटन किया। दस सितंबर तक चलने वाले इस फिल्म फेस्टिवल के लिए दुनिया भर के फिल्म मेकर्स ने उत्साह दिखाया। घाटी में पहला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल हो रहा है, जिसमें भारत और दुनिया भर के फिल्ममेकर, एक्टर और सिनेमा प्रोफेशनल एक साथ आ रहे हैं। जम्मू और कश्मीर एडमिनिस्ट्रेशन के मुताबिक, इस फेस्टिवल में भारत और विदेश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 300 डेलीगेट्स आए हैं। इस फेस्टिवल को 2023 में घाटी में हुए G20 से जुड़े इवेंट्स के बाद कश्मीर में होने वाले पहले बड़े इंटरनेशनल इवेंट्स में से एक बताया जा रहा है। पहले सेशन में इंडियन और इंटरनेशनल फिल्म इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियों ने हिस्सा लिया, जिसमें बॉलीवुड एक्टर फातिमा सना शेख, फिल्ममेकर विधु विनोद चोपड़ा और संतोष सिवन के साथ-साथ बॉलीवुड और साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी कई और हस्तियां शामिल थीं। चार दिन के इवेंट में स्क्रीनिंग के लिए 41 देशों की 135 फिल्में चुनी गई हैं। ऑर्गनाइज़र ने कहा कि जूरी के फाइनल सिलेक्शन से पहले उन्हें 80 से ज़्यादा देशों से लगभग 1,100 सबमिशन मिले थे। भारत से सबसे ज़्यादा 64 फिल्में हैं, उसके बाद फ्रांस से 13 और ईरान से आठ फिल्में हैं।
इधर दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक 5 मंजिला इमारत गिरने से अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। 27 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में कुल 12 लोगों को बाहर निकाला गया, जिसमें से 7 लोगों की मौत हो गई। फिलहाल पांच लोग घायल हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। वहीं मुख्य आरोपी हरिराम, उसकी पत्नी और बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। हरिराम और उसकी पत्नी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है जबकि बेटो को दो दिन की पुलिस कस्टडी दी गई है। गौरतलब है कि रविवार को दिल्ली के सत्य निकेतन में एक पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई थी। अचानक घटी इस घटना से इमारत के अंदर मौजूद लोगों को संभलने का भी मौका नहीं मिला और वह मलबे के नीचे दब गए।
उधर अरुणाचल प्रदेश के बिछोम क्षेत्र में मंगलवार सुबह हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.9 मापी गई। भूकंप सुबह 5 बजकर 44 मिनट 15 सेकंड पर आया। NCS के मुताबिक, भूकंप का केंद्र 27.540 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 92.817 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। इसकी गहराई जमीन के भीतर करीब 10 किलोमीटर थी। भौगोलिक स्थिति के अनुसार, इसका केंद्र तवांग के आस-पास के क्षेत्र में बताया जा रहा है। इससे पहले, अफगानिस्तान में सोमवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.1 मापी गई। भूकंप सुबह 5 बजकर 36 मिनट पर आया। इसकी गहराई जमीन के अंदर करीब 130 किलोमीटर थी। गहरी गहराई पर आए इस भूकंप के झटके कई इलाकों में महसूस किए जा सकते हैं।
इधर तमिलनाडु में विधानसभा सत्र के दौरान सोमवार को राज्य के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय विपक्षी दलों पर बुरी तरह से भड़क उठे हैं। विजय ने विधानसभा में कहा कि लोगों ने अन्ना, एमजीआर, एनटीआर और अब विजय जैसे नेताओं को जनादेश दिया है। विजय ने इस दौरान ये भी कहा कि उनकी जीत के पीछे मुख्य वजह महिलाएं हैं और वे उनके खिलाफ अभद्र भाषा नहीं बर्दाश्त करेंगे। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में कहा- "मेरी राजनीतिक जीत के पीछे महिलाएं मुख्य वजह हैं। मैं महिलाओं के खिलाफ किसी भी तरह की अभद्र भाषा को बर्दाश्त नहीं करूंगा। राजनीतिक आलोचना तीखी हो सकती है, लेकिन महिलाओं के खिलाफ कोई अपमानजनक टिप्पणी नहीं होनी चाहिए।" मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में DMK पर भी बड़े आरोप लगाए। सीएम विजय ने कहा- पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी और उनके सहयोगियों ने TASMAC की हर शॉप से 10 से 100 रुपये तक की वसूली की। उन्हें करूर गैंग कहा जाता था। उन्होंने सुनियोजित तरीके से भ्रष्टाचार को अंजाम दिया। जहां पर भी DMK है वहां गलत काम होंगे ही। जहां भी DMK मौजूद है, वहां गलत काम होते हैं।"
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, राजधानी देहरादून में स्वाइन फ़्लू के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सोमवार को 71 सैंपल लिए गए, जिनमें आठ लोग संक्रमित मिले। वहीं, कोविड के 40 सैंपल की जांच में दो मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, एच1एन1 के नए संक्रमित मरीजों में चार देहरादून और चार अन्य जिलों के हैं। आठ मरीज स्वस्थ हुए। अबतक कुल 336 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, कोविड के दो नए मरीजों में एक देहरादून और एक अन्य जिले का है। एक मरीज स्वस्थ हुआ। जिले में कोविड के कुल 43 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जबकि चार मरीज अस्पताल में उपचाराधीन हैं। कोविड से अब तक किसी मौत की सूचना नहीं है।
इधर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बारे में जानकारी दी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि तीन अक्टूबर 2026 कर दी है। पूर्व में जारी कार्यक्रम के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाना था। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में 24 लाख 30 हजार के सापेक्ष 99 प्रतिशत से अधिक नोटिसों की सुनवाई कर दी गई है। इसके साथ ही फार्म 6, 7 और 8 की 40 प्रतिशत सुनवाई का कार्य भी पूर्ण हो चुका है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नए कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई 28 सितंबर तक की जाएगी। जिसके बार 3 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
इधर उत्तराखंड एसटीएफ ने डिजिटल अरेस्ट कर 1 करोड़ 20 लाख 18 हजार रुपये की साइबर ठगी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को पश्चिम बंगाल के मालदा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शान्तनु दास पुत्र समीर कुमार दास, निवासी ग्राम गोपालपुर, निकट हरि मंदिर, थाना इंग्लिश बाजार, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। जिसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी है। एसटीएफ के अनुसार यह मामला जनपद अल्मोड़ा निवासी एक वरिष्ठ नागरिक की शिकायत पर सामने आया था। पीड़िता ने जनवरी 2026 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक दिसंबर 2025 में अज्ञात साइबर अपराधियों ने व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से उनसे संपर्क किया और खुद को टेलीकॉम रेग्यूलेटरी विभाग का अधिकारी बताया। आरोपियों ने पीड़िता को बताया कि उनका आधार कार्ड केनरा बैंक के एक खाते से लिंक है और उस खाते में कथित तौर पर 60 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी रकम प्राप्त हुई है।
उधर लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर धनपुरा और मुस्तफाबाद पदार्था के बीच सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे टेंपो ट्रैवलर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस के अनुसार, सोमवार को नसीरपुर कलां झबीरण निवासी अनुज (25) और आशीष (20) बाइक से फेरुपुर की ओर जा रहे थे। बताया गया कि धनपुरा और मुस्तफाबाद पदार्था के बीच एक पेट्रोल पंप के पास दोनों युवक आगे चल रहे चौपहिया वाहन को ओवरटेक कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे टेंपो ट्रैवलर से बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक बाइक से सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।