Sep 10, 2026 Login

उत्तराखण्डः हल्द्वानी में नितिन नवीन का कांग्रेस पर तीखा हमला! ‘वंदे मातरम्’ और तुष्टिकरण पर घेरा, 2027 में बूथ जीतने का भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र

Uttarakhand: Nitin Navin launches a scathing attack on the Congress in Haldwani! He targets the party over 'Vande Mataram' and appeasement politics, and gives BJP workers the mantra to win booths in

हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को हल्द्वानी दौरे पर रहे। उन्होंने हल्द्वानी में आयोजित भाजपा की विस्तारित राज्य कार्यसमिति की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति, ‘वंदे मातरम्’ और हल्द्वानी में हुए शुद्धिकरण विवाद सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा। साथ ही उन्होंने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और हर बूथ पर जीत हासिल करने का संदेश दिया। नितिन नवीन ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के मन में हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति रहती है। उन्होंने ‘वंदे मातरम्’ को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस गीत की गूंज सुनकर हजारों-लाखों बलिदानियों ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उसी ‘वंदे मातरम्’ के पूरे गान से कांग्रेस को आपत्ति होती है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति की पहचान है। उनके अनुसार आज इसकी गूंज केवल आजादी की स्मृति तक सीमित नहीं है, बल्कि 2047 के विकसित भारत के संकल्प की आवाज भी है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने संबोधन में हल्द्वानी में सामने आए शुद्धिकरण विवाद का भी उल्लेख किया और कांग्रेस पर राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को ऐसे मुद्दों पर जनता के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों और उसके राजनीतिक इतिहास को सामने रखना चाहिए। उनके संबोधन में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी विशेष जोर रहा। नितिन नवीन ने कांग्रेस पर दलित नेताओं के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास दलितों को अपमानित करने का रहा है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और बाबू जगजीवन राम का नाम लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने इन नेताओं को सम्मान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने दलित समाज और उसके महापुरुषों को सम्मान देने का काम किया है। भाजपा सरकार द्वारा बाबा साहेब अंबेडकर से जुड़े पंच तीर्थों के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास को भी सम्मान देने का काम भाजपा ने किया है। उन्होंने कहा कि देशभर में संत गुरु रविदास के नाम पर यात्राएं आयोजित की जा रही हैं।

युवा अब जॉब सीकर नहीं, जॉब गिवर बन रहा
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने युवाओं के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने युवाओं को निराशा और अंधकार में रखा, जिसके चलते देश के युवाओं में भविष्य को लेकर उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश का युवा आशा और विश्वास के साथ स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नितिन नवीन ने कहा कि आज देश का युवा ‘जॉब सीकर से जॉब गिवर’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे रोजगार तलाशने के साथ रोजगार देने वाले भी बन रहे हैं।

उत्तराखंड के विकास को लेकर कांग्रेस पर निशाना, सीएम धामी की तारीफ
उत्तराखंड के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के विकास के लिए किए गए संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम सड़क परियोजनाओं सहित प्रदेश में चल रही विभिन्न सड़क परियोजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि जब पहाड़ में कांग्रेस की सरकार थी, तब लोगों के आवागमन और मूलभूत सुविधाओं को लेकर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने सड़क के साथ-साथ बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को भी दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने का काम किया है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने का काम किया है। इसके साथ ही उन्होंने वन रैंक वन पेंशन, आवास, सरकारी सेवाओं में आरक्षण और सहकारी समितियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे मुद्दों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में डबल इंजन की सरकार संकल्प के साथ प्रदेश के विकास के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है और भाजपा इस विकास यात्रा को और मजबूत करने के लिए काम करेगी।