Good Morning India: सुबह-सुबह भारत समेत दुनियाभर में ठप पड़ी यूट्यूब की सर्विस! 10 महीने की बच्ची बनी सबसे कम उम्र की ऑर्गन डोनर! आज समंदर में दिखेगी भारत की ताकत! माउंट एवरेस्ट पर उड़ान भरने वाला पहला हेलीकॉप्टर बनाएंगे भारत व फ्रांस

Good Morning India: YouTube services were down across India and the world early this morning! A 10-month-old girl became the youngest organ donor! India's strength will be on display at sea today! In

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, मध्य प्रदेश सरकार आज पेश करेगी अपना पहला पेपरलेस बजट। वहीं आज भारत आएंगे ब्राजील के राष्ट्रपति। इधर सीएम योगी आज संघ प्रमुख मोहन भागवत से कर सकते हैं मुलाकात।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, केरल में 10 महीने की एक बच्ची, सबसे कम उम्र की ऑर्गन डोनर बन गई है। पतनम-तिट्टा जिले की एलिन शेरिन अब्राहम का सड़क हादसे में निधन हो गया था। अपनी फूल सी बच्ची गंवाने के बावजूद, एलिन के पैरेंट्स ने उसके ऑर्गन डोनेट करने का फैसला लिया। उनके इस कदम की हर तरफ तारीफ हो रही है क्योंकि बच्ची के अंगों से कई अन्य लोगों की जान बचाई जा सकेगी। एलिन की किडनी, लीवर और हृदय के वॉल्व को दान कर दिया गया। अब ये अंग दूसरे जरूरतमंद लोगों को लगाए जा रहे हैं। एलिन की 2 किडनियां तिरुवनंतपुरम के दस साल के एक बच्चे को लगाई जाएंगी। एलिन का लीवर कोच्चि की छह महीने की बच्ची ध्रिया को लगाया गया है। 

उधर दुनियाभर में लोकप्रिय वीडियो प्लेटफॉर्म YouTube को 18 फरवरी को बड़े आउटेज का सामना करना पड़ रहा, जिससे भारत समेत दुनियाभर के लाखों यूजर्स प्रभावित हो रहे हैं। अमेरिका में ही 53,000 से अधिक लोगों ने आउटेज की शिकायत दर्ज कराई। यूजर्स ने बताया कि ऐप खोलते ही स्क्रीन पर ‘Something Went Wrong’ का एरर मैसेज दिखाई दे रहा था, जिसके कारण वे वीडियो न तो चला पा रहे थे और न ही कंटेंट अपलोड कर पा रहे थे। सबसे बड़ी बात यह है कि यह आउटेज मोबाइल के अलावा डेस्कटॉप वर्जन पर भी है। आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट DownDetector के अनुसार, शिकायतों की संख्या अचानक तेजी से बढ़ रही है, जो इस बात का प्रमाण है कि समस्या केवल किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक स्तर पर यूजर्स को प्रभावित कर रही है। कई देशों से सोशल मीडिया पर भी यूजर्स ने ऐप के काम न करने की शिकायतें सोशल मीडिया पर की है।

उधर सिटी ऑफ डेस्टिनी कहे जाने वाले विशाखापत्तनम के समुद्री तट पर बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू (आईएफआर) के जरिये दुनिया को भारत की बढ़ती नौसैनिक शक्ति का परिचय देंगी। इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने के लिए राष्ट्रपति मुर्मू मंगलवार शाम विशाखापत्तनम पहुंची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह बंगाल की खाड़ी में स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस सुमेधा पर सवार होकर समुद्र के बीच खड़े बेड़े का निरीक्षण करेंगी। इस रिव्यू में भारतीय नौसेना के साथ-साथ मित्र देशों के कुल 71 जहाज और पनडुब्बियां शामिल होंगी। कार्यक्रम के दौरान 50 से ज्यादा लड़ाकू विमान और हेलिकॉप्टर फ्लाई-पास्ट कर राष्ट्रपति को सलामी देंगे। आकाश में मिग-29के, एलसीए तेजस, पी-8आई टोही विमान और सी-किंग हेलिकॉप्टरों की गड़गड़ाहट सुनाई देगी। दुनिया के सबसे घातक समुद्री कमांडो माने जाने वाले नौसेना के मार्कोस समुद्र के बीच विशेष युद्ध कौशल का प्रदर्शन भी करेंगे। 

इधर सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कहा की कि राजनेताओं को देश में भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना चाहिए। इसके साथ ही शीर्ष अदालत ने शिक्षाविद रूप रेखा वर्मा सहित 12 याचिकाकर्ताओं को राजनीतिक भाषणों पर दिशा-निर्देशों को लेकर एक नई याचिका दायर करने को कहा। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस जोयमाल्या बागची की पीठ ने उस जनहित याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया, जिसमें भाईचारे और संवैधानिक मूल्यों को कथित तौर पर प्रभावित करने वाले भाषणों एवं रिपोर्टिंग के संदर्भ में नेताओं एवं मीडिया के लिए दिशानिर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया था। वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने मंगलवार को सुनवाई के प्रारंभ में ही कहा कि माहौल विषाक्त हो रहा है। उन्होंने पीठ से आग्रह किया कि वह ऐसे दिशानिर्देश तैयार करे जिससे यह सुनिश्चित हो कि जब राजनीतिक भाषण से भाईचारा प्रभावित हो तो जवाबदेही तय की जा सके। हालांकि, पीठ इस बात से सहमत नहीं थी। प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि याचिका में एक विशेष राजनीतिक दल के चुनिंदा व्यक्तियों को निशाना बनाया गया प्रतीत होता है। कहा, 'निश्चित रूप से यह एक व्यक्ति के विरुद्ध है। इस समय, इसे वापस लें। इस संबंध में एक साधारण याचिका दायर करें कि किन शर्तों पर सुरक्षा उपाय निर्धारित किए गए हैं और राजनीतिक दल उनका कैसे उल्लंघन कर रहे हैं।

उधर भारत और फ्रांस मिलकर माउंट एवरेस्ट की ऊंचाइयों तक उड़ान भरने वाला, विश्व का एकमात्र हेलीकॉप्टर भारत में बनाएंगे और उसे पूरी दुनिया को निर्यात करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में यह घोषणा की और इससे दोनों देशों के बीच दिनों-दिन गहरे होता जा रहे रणनीतिक संबंधों को भली-भांति रेखांकित कर दिया और कहा कि भारत में हेलीकॉप्टर असेंबली लाइन का उद्घाटन दोनों देशों के बीच गहरे विश्वास का उज्ज्वल उदाहरण है। मोदी और मैक्रों की अध्यक्षता में मुंबई में भारत व फ्रांस की उच्चस्तरीय बैठक हुई। इस दौरान दोनों देशों के बीच 20 तरह के समझौतों पर हस्ताक्षर हुए या कार्यक्रमों की घोषणाएं हुई। इसमें एक समझौता भारतीय कंपनी बीईएल और फ्रांसीसी कंपनी सैफ्रों के बीच भारत में हैमर मिसाइल बनाने को लेकर भी है।

इधर मशहूर एक्ट्रेस प्रवीणा देशपांडे का 17 फरवरी, 2026 को 60 साल की उम्र में मल्टीपल मायलोमा कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया। वह 2019 से ब्लड कैंसर का इलाज करा रही थीं। दिवंगत अभिनेत्री के परिवार ने उनके ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर यह दिल दहला देने वाली खबर शेयर की और उनके निधन पर गहरा दुख जताया। उनका अंतिम संस्कार दोपहर 3 बजे मुंबई के अंधेरी ईस्ट के चकला पारसीवाड़ा में एक हिंदू श्मशान घाट पर किया गया। उनके जाने से मराठी और हिंदी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। प्रवीणा देशपांडे को मराठी और हिंदी सिनेमा में उनके यादगार सपोर्टिंग रोल के लिए बहुत सम्मान मिला। हालांकि, वह अक्सर लीडिंग लेडी के बजाय कैरेक्टर रोल में नजर आईं, लेकिन उनकी परफॉर्मेंस हमेशा अपनी गहराई और ईमानदारी के लिए जानी जाती थी। वह कई पीढ़ियों के दर्शकों के लिए एक जाना-पहचाना चेहरा बन गई और उन्होंने थिएटर, टेलीविजन, फिल्मों और वेब सीरीज में अपना शानदार करियर बनाया।

उधर देश की राजधानी में मंगलवार को कीमती धातुओं के दाम में करीब 2% की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान चांदी ₹2.45 लाख प्रति किलोग्राम पर आ गई, जबकि सोना ₹1.57 लाख प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। गिरावट की वजह कमजोर वैश्विक संकेत और घरेलू बाजार में सुस्त मांग बताई जा रही है। चांदी ₹5,000 या 2% की कमी के साथ ₹2,45,000 प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित), पर आ गई। बीते सोमवार को भाव ₹2,50,000 के लेवल पर था। इसी तरह, सोना (99.9% शुद्धता) का भाव ₹2,200 या 1.4% की गिरावट के साथ ₹1,57,000 प्रति 10 ग्राम पर फिसल गया, जबकि पिछली सत्र में यह ₹1,59,200 प्रति 10 ग्राम था।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सात मार्च को हरिद्वार आएंगे। वह जन संवाद और प्रदेश सरकार की ओर से किए गए विकास कार्याें की समीक्षा करेंगे। मंगलवार को अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, गृह सचिव शैलेश बंगोली, गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने अधिकारियों के साथ हरिद्वार के बैरागी कैंप का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इधर प्रदेश में पहली बार नया शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले छात्र-छात्राओं को मुफ्त किताबें देने की तैयारी है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती के मुताबिक विभाग का प्रयास है कि 28 मार्च तक सभी स्कूलों तक किताबें पहुंचा दी जाएं। शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेश के सरकारी और अशासकीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं को हर साल मुफ्त किताबें दी जाती है, लेकिन कक्षा एक से 12 वीं तक के छात्र-छात्राओं को यह समय पर नहीं मिल पाती। यही वजह है कई बार शिक्षा सत्र शुरू होने के छह से सात महीने बाद भी छात्र किताबों के लिए इंतजार करते रहते हैं, लेकिन विभाग की ओर से इस बार नया शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले छात्रों को किताबें उपलब्ध कराने की तैयारी है।

उधर सरकारी खजाने से दोहरी पेंशन लेने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों से वसूली की कार्रवाई की जाएगी। कैग की परीक्षण रिपोर्ट में खुलासे के बाद समाज कल्याण विभाग ने तत्काल 970 लोगों की पेंशन रोक दी थी। अब विभाग ने वसूली की कार्रवाई करने के लिए शासन को पत्र भेजा है। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने सरकारी व सामाजिक सुरक्षा पेंशन का परीक्षण कर खुलासा किया था कि 1377 दोहरी पेंशन का लाभ ले रहे हैं। करीब 12 साल से विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारी विभागीय पेंशन के साथ ही वृद्धा व विधवा व राज्य आंदोलनकारी की पेंशन का लाभ ले रहे हैं। इसके बाद विभाग ने 970 लोगों पेंशन को रोक दी। अब वसूली की कार्रवाई करने के लिए शासन को पत्र लिखा है।