हरिद्वार में दर्दनाक हादसाः गंगा स्नान के दौरान तेज बहाव में बहे दोस्त! दोनों के शव बरामद, गाजियाबाद से आए थे मृतक
हरिद्वार। उत्तराखण्ड के हरिद्वार में आज रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां स्नान करते समय दो युवक गंगा में डूब गए। इस हादसे से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मामले की सूचना पुलिस को दी गयी। सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब सवा घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों युवकों के शव गंगा से बरामद कर लिए गए। इसके बाद शवों को जिला अस्पताल भेज दिया गया, जहां पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों मृतक आपस में दोस्त थे और गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे। मृतकों की पहचान गाजियाबाद निवासी 43 वर्षीय बृजेश कुमार त्रिपाठी और 39 वर्षीय सचिन त्यागी के रूप में हुई है। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इधर घटना की सूचना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।