उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाजः पहाड़ों में तेज तूफान और बिजली गिरने का येलो अलर्ट! ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी

Weather changes in Uttarakhand: Yellow alert issued for severe storms and lightning in the mountains! Snowfall warning in high altitude areas

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। रविवार को पर्वतीय इलाकों में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में आज बिजली चमकने के साथ तेज तूफान चलने की संभावना है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि हवा की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ों के गिरने और हल्के नुकसान की आशंका बनी हुई है। खासतौर पर ऊंचाई वाले इलाकों में हालात और ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। जानकारी के मुताबिक 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का अनुमान है, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है और यात्रा करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं दूसरी ओर मैदानी इलाकों के लिए राहत की खबर है। यहां मौसम शुष्क बना रहेगा और किसी बड़े बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले कुछ दिन भी राहत देने वाले नहीं हैं। 10 अप्रैल तक प्रदेशभर में मौसम का यही बदला हुआ मिजाज बना रह सकता है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों और मौसम से जुड़ी चेतावनियों का पालन करें।