Good Morning India: रूस का मिलिट्री विमान क्रीमिया में क्रैश, 29 की मौत! आज से महंगे हुए LPG सिलेंडर, इनकम टैक्‍स के तहत 10 बड़े बदलाव लागू! ईरान ने अमेरिका को ललकारा, कहा- आओ, हम तुम्हारा इंतजार...! भारत में बढ़ सकता है हवाई किराया! पीएम मोदी का उत्तराखंड दौरा टला

Good Morning India: Russian military plane crashes in Crimea, killing 29! LPG cylinders become more expensive from today, and 10 major income tax changes are in effect! Iran challenges America, sayin

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, 2027 की जनगणना का पहला चरण आज से शुरू हो रहा है। वहीं आज से कई नियमों में बदलाव होने जा रहा है।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान और अमेरिका के बीच तनाव जारी है। इस बीच ईरान ने अमेरिका को ललकारते हुए कहा है कि आओ, हम तुम्हारा इंतजार कर रहे हैं। दरअसल ईरान के प्रेस टीवी द्वारा एक वीडियो पोस्ट किया गया है, जिसमें ईरान की सेना और उसके कमांडो युद्ध के लिए सैन्य प्रैक्टिस करते हुए दिख रहे हैं। इस वीडियो में ईरानी सुरक्षाबलों को नाटकीय संगीत के साथ दिखाया गया है और आखिर में ये संदेश है, यहां आओ, हम तुम्हारा इंतजार कर रहे हैं। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि ईरानी सैनिक युद्ध का अभ्यास कर रहे हैं और एक बड़ा मिसाइल लॉन्चर वाहन अपने साथ रखे हुए हैं। वीडियो में सैनिक फायरिंग करते हुए भी दिखते हैं और जगह-जगह विस्फोट के भी विजुअल्स हैं। वीडियो में ये दर्शाया गया है कि ईरानी सुरक्षाबल पूरी तरह तैयार हैं और अमेरिका का डटकर सामना किया जाएगा।

इधर वैश्विक तेल कीमतों में उछाल और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच आज 1 अप्रैल 2026 को कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी कर दी गई है। 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत में करीब करीब 218 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें लागू होने के साथ ही देश के प्रमुख शहरों में गैस के ताजा दाम भी सामने आ गए हैं, जिनमें अलग-अलग स्तर पर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत 1 अप्रैल से अब 2078.50 रुपये हो गई है। इससे पहले इसी सिलेंडर की कीमत 1883 रुपये थी। यानी 195.50 रुपये की बढ़ोतरी हो गई। हालांकि, आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। 

उधर झारखंड के धनबाद जिले के बाघमारा क्षेत्र (सोनारडीह थाना) में टांडाबारी बस्ती में मंगलवार शाम को तेज धमाके के साथ भयानक भू-धंसान हो गया। पलक झपकते ही तीन घर पूरी तरह जमीन में समा गए, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों के मलबे में दब गए। इस हादसे से इलाके में दहशत फैल गई और कई अन्य घरों में दरारें पड़ने से लोग अपने घर छोड़ भागे। इस घटना में तीन लोगों के मरने की आशंका है।एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। एक अधिकारी ने स्पष्ट किया कि भूस्खलन बारिश के कारण हुआ और इलाके में कोई अवैध खनन नहीं हो रहा है। बाघमारा से विधायक शत्रुघ्न महतो ने दावा किया कि जमीन धंसने के कारण कम से कम चार मकान ढह गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि इलाके में अवैध खनन बड़े पैमाने पर हो रहा है, जो इस घटना का एक कारण हो सकता है।

इधर रूस का मिलिट्री ट्रांसपोर्ट का विमान क्रैश होने से 29 लोगों की मौत हो गई है। रूसी समाचार एजेंसी TASS ने बुधवार को रूस के रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि क्रीमिया प्रायद्वीप के ऊपर उड़ान भरते समय रूसी एंटोनोव-26 मिलिट्री विमान क्रैश हुआ है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक 31 मार्च की शाम 6 बजे An-26 मिलिट्री ट्रांसपोर्ट विमान से संपर्क टूटा, जब वह क्रीमिया प्रायद्वीप के ऊपर एक निर्धारित उड़ान पर था। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि हादसे की आंशका के बाद खोज और बचाव दल काम में जुटा और An-26 विमान के दुर्घटनास्थल का पता लगाया। घटनास्थल से मिली रिपोर्टों के अनुसार, विमान में सवार चालक दल के छह सदस्यों और 23 यात्रियों की मौत हो गई है। फिलहाल राहत और बचाव का काम जारी है। शुरुआती रिपोर्ट में दावा किया गया है कि An-26 सैन्य परिवहन विमान एक चट्टान से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। दुर्घटना क्रीमिया में हुई है। क्रीमिया एक प्रायद्वीप है. जो काला सागर में फैला हुआ है। इसे रूस ने 2014 में यूक्रेन से अपने अधिकार में ले लिया था। इसी क्षेत्र में यह भीषण हादसा हुआ है।

उधर अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी- नेशनल एयरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (नासा) ने अगले कुछ वर्षों में चांद पर एक स्थायी बेस स्थापित करने की योजना रखी है। बीते हफ्ते ही एजेंसी ने अगले एक दशक के चांद से जुड़े मिशन्स का रोड मैप सामने रखा था। इसमें ही चांद पर बेस बनाने और इसके लिए कुछ आधारभूत ढांचों को लगाने की समयसीमा का भी खुलासा किया गया। नासा की तरफ से यह पूरी योजना ऐसे समय में रखी गई है, जब उसके आर्टेमिस-2 मिशन लॉन्च होने की तारीख नजदीक आ चुकी है। माना जा रहा है कि एक अप्रैल को सभी स्थितियों को परखने के बाद नासा चार अंतरिक्ष यात्रियों को अपने पहले चंद्र मिशन के लिए रवाना कर देगा। इस तरह करीब 54 साल बाद अमेरिका एक बार फिर चांद पर इंसान भेजने की रेस में शामिल होगा। नासा का आर्टेमिस-2 मिशन उनके आर्टेमिस कार्यक्रम की दूसरी निर्धारित उड़ान है और 1972 (अपोलो 17) के बाद चंद्रमा के करीब जाने वाला पहला मानव मिशन है। यह लगभग 10 दिन का मिशन है, जो स्पेस लॉन्च सिस्टम (एसएलएस) रॉकेट और ओरायन अंतरिक्ष यान का इस्तेमाल करेगा।

इधर 1 अप्रैल 2026 से हमारे रोजमर्रा के जीवन और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियमों में बड़ा बदलाव हो गया है। नए वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ ही केंद्र सरकार, आरबीआई और रेलवे ने बैंकिंग, टैक्स और यात्रा से जुड़े इन नए प्रावधानों को लागू कर दिया है। इन बदलावों का सीधा असर आपकी मासिक बचत, खर्च करने के तरीके और डिजिटल सुरक्षा पर पड़ेगा। जहां एक ओर रेलवे ने टिकट कैंसिलेशन के निमय में बदलाव किया है, वहीं हाईवे पर सफर करना और एटीएम से बार-बार पैसे निकालना अब महंगा साबित हो सकता है। इसके अलावा पैन कार्ड की सुरक्षा और इनकम टैक्स भरने की प्रक्रिया को भी पहले से अधिक ट्रांसपेरेंट और डिजिटल बनाया गया है। इसलिए आइए इन सभी बड़े बदलावों को विस्तार से और आसान भाषा में समझते हैं ताकि आप अपनी वित्तीय योजना को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकें और किसी भी तरह के जुर्माने या असुविधा से बच सकें।

उधर देश में बेमौसम बारिश से अभी छुटकारा मिलने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने अगले 12 घंटे में दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 11 राज्यों के लिए बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। इस तेज बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके भी चलेंगे। इस दौरान लोगों को बेहद सावधान रहने की अपील की गई है। तेज बारिश का प्रहार उत्तर भारत के साथ पूर्वी भारत में भी रहेगा। किसानों को खुले में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

इधर देश में हवाई यात्रियों को किराए में भारी बढ़ोतरी के लिए तैयार रहना चाहिए। दरअसल जेट फ्यूल की कीमतें बीते एक माह में दोगुनी से ज्यादा बढ़ गई हैं, जिसके चलते जल्द ही हवाई किराए में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। बुधवार को तेल कंपनियों ने अप्रैल माह में विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ (जेट फ्यूल)) की कीमतों का एलान किया। एलान के मुताबिक घरेलू उड़ानों के लिए जेट ईंधन की कीमतों में करीब 115 प्रतिशत और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए करीब 107 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। रुपये की कीमत में लगातार गिरावट के चलते एयरलाइंस पर बोझ और बढ़ गया है। बढ़ी कीमतों के बाद भारत के सबसे व्यस्त विमानन केंद्र दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जेट ईंधन की कीमत अब 2,07,341 रुपये प्रति किलो लीटर हो गई है। एक किलो लीटर मतलब एक हजार लीटर होता है। पिछले महीने दिल्ली एयरपोर्ट पर जेट ईंधन की कीमत 96,638 रुपये प्रति किलो लीटर थी और अब इसमें 114 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह कोलकाता और चेन्नई में भी जेट ईंधन की कीमत दो लाख के पार चली गई है। मुंबई में एक किलो जेट ईंधन की कीमत पिछले महीने 90,451 रुपये थी, जो अब बढ़कर 1,94,968 रुपये हो गई है, जो 115 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चार अप्रैल को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरा फिलहाल टल गया है। उसे कुछ दिन आगे बढ़ा दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड दौरे के दौरान देहरादून दिल्ली एलिवेटेड रोड का उद्घाटन और पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारिकरण के काम के शिलान्यास समेत कई योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास का कार्यक्रम था। साथ ही देहरादून में उनकी एक बड़ी जनसभा आयोजित करने की भी तैयारी थी। गढ़ीकैंट मैदान में जनसभा की तैयारियां भी शुरू हो गई थीं। सूत्रों के मुताबिक चुनावी राज्यों में व्यस्तता के कारण पीएम का चार अप्रैल को प्रस्तावित दौरा टाला गया है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन बाद अप्रैल में ही पीएम उत्तराखंड दौरे पर आएंगे।

इधर अल्मोड़ा के मौलेखाल कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे मोहान रेंज के तड़म (बेलम) गांव के एक बुजुर्ग को बाघ ने मार डाला। बुजुर्ग लकड़ी लेने जंगल के लिए निकले थे। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ट्रेंकुलाइजिंग गन, पिंजरा, ड्रोन आदि उपकरण सहित मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षप्त शव को कब्जे में ले लिया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तड़म (बेलम) गांव के खीम सिंह (60) रोजाना लकड़ी, घास आदि लेने जंगल जाते थे।  मंगलवार को भी रोजाना की तरह वह सुबह करीब सात बजे लकड़ी लेने घर से जंगल की ओर निकले लेकिन वापस घर नहीं लौटे। ग्रामीणों ने बताया बुजुर्ग रोजाना 10 बजे तक घर वापस लौट आते थे लेकिन 11 बजे तक भी वह वापस नहीं लौटे तो पत्नी मुन्नी देवी की चिंता बढ़ गई। पत्नी ने गांव वालों को साथ लेकर खोजबीन शुरू कर दी। घर से थोड़ी ही दूरी पर एक ग्रामीण को खून के कुछ धब्बे दिखाई देने से किसी अनहोनी का शक गहराते ही खीम सिंह की गहन तलाशी शुरू कर दी गई। थोड़ी दूरी पर ही घर से करीब एक किमी दूर घने जंगल में खीम सिंह का क्षत-विक्षप्त हालत में शव बरामद हो गया। घटनास्थल पर लोगों को शव का सिर और टांगे ही मिली हैं, बाकी शरीर के बीच के हिस्से को बाघ ने बुरी तरह खाने के बाद क्षत-विक्षप्त हालत में ऐसे ही छोड़ दिया।

उधर केंद्र सरकार ने ऋषिकेश बाईपास के फोरलेन निर्माण कार्य के लिए 1105.79 करोड़ की वित्तीय व प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। 12.67 किमी. बाईपास निर्माण से ऋषिकेश शहर में यातायात जाम की समस्या से राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों व प्रभावी पैरवी से सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने एनएच-7 पर तीनपानी फ्लाईओवर (किमी 529.750) से लेकर खरासोटे पुल (किमी 542.420) तक बाईपास का निर्माण किया जाएगा। 12.670 किलोमीटर लंबा यह बाईपास भट्टोवाला एवं ढालवाला गांवों से होकर गुजरेगा और इसे इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एवं कंस्ट्रक्शन मोड पर क्रियान्वित किया जाएगा। 

इधर उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने सोमवार 6 अप्रैल तक का मौसम का पूर्वानुमान जारी कर दिया है। पूर्वानुमान के अनुसार इन सभी 6 दिनों में राज्य के पहाड़ी जिलों में बारिश होगी। आखिरी के तीन दिन पहाड़ के साथ मैदानी जिलों के लोग भी बारिश का अनुभव करेंगे। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश बादलों की गड़गड़ाहट के साथ होगी। गुरुवार को भी इन पहाड़ी जिलों में 3500 मीटर और इससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फ गिरेगी। मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। 3 अप्रैल को बारिश का पैटर्न थोड़ा बदल जाएगा। इस दिन राज्य के सभी पहाड़ी जिलों में बारिश होगी। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। शेष पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मैदानी जिलों में शुक्रवार को भी मौसम शुष्क रहेगा।