Good Morning India: उत्तर भारत में फिर बदलेगा मौसम, 8 राज्यों में बारिश का अलर्ट! सुनेत्रा पवार आज ले सकती हैं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ! टी20 विश्व कप का काउंटडाउन शुरू! उत्तराखण्ड में 15 एएसपी और सात डीएसपी के तबादले, 11 को पदोन्नति के बाद मिली नई नियुक्ति
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, महाराष्ट्र में NCP विधायकों की मीटिंग आज, सुनेत्रा पवार चुनी जाएंगी विधायक दल की नेता। वहीं अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार आज महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम के तौर पर शपथ लेंगी। इधर भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज विशाखापत्तनम में खेला जाएगा पांचवा T20 मैच।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में कोहरे और ठंड के बीच आज से बारिश की एंट्री होने वाली है। एक के बाद एक, दो पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 31 जनवरी से 3 फरवरी के दौरान मध्यम से तेज बारिश के साथ बर्फबारी देखने को मिल सकता है। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के आस-पास के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम अलग-अलग जगहों छिटपुट बहारिश होने की संभावना है। इसके बाद, तीसरा पश्चिमी विक्षोभ 05-07 फरवरी के बीच एक्टिव होगा, जिसके चलते उत्तर-पश्चिमी भारत बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली समेत उत्तर भारत के करीब 8 राज्यों में कहीं बर्फबारी तो कहीं बारिश की संभावना है। 31 जनवरी से लेकर 3 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है।
उधर महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की पत्नी और राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार शनिवार को महाराष्ट्र की नए उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकती हैं। राकांपा नेता छगन भुजबल के अनुसार शनिवार को विधायक दल की बैठक में उन्हें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद उन्हें शाम को शपथ दिलाई जा सकती है। वह राज्य में इस पद को संभालने वाली पहली महिला होंगी। नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वे राकांपा के फैसले से सहमत हैं और भाजपा व सरकार उसका पूरा समर्थन करेंगे।
इधर रिकॉर्ड तेजी के बीच सर्राफा बाजार में शुक्रवार को कोहराम मच गया। रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के ठीक अगले ही दिन चांदी की चमक फीकी पड़ गई और इसमें ₹20,000 प्रति किलोग्राम की ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई। मुनाफावसूली की आंधी और वैश्विक स्तर पर कमजोर संकेतों के चलते न केवल चांदी बल्कि सोने की कीमतों में भी भारी मुनाफावसूली देखी। गुरुवार को अपने सर्वोच्च शिखर पर पहुंचने वाली चांदी शुक्रवार को औंधे मुंह गिरी। एमसीएक्स पर एक ही दिन में मार्च डिलिवरी वाली चांदी 84000 (83,977 रुपये पर) रुपये के करीब फिसल गई। इसमें करीब 21% फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और भाव 3,15,916 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इस बीच, फरवरी डिलीवरी वाला सोना 15,246 रुपये यानी 9 फीसदी फिसलकर 1,54,157 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
उधर जोधपुर में कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा (23) की मौत का मामला लगातार गहराता जा रहा है। बोरानाडा थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। गुरुवार को बालोतरा स्थित उनके आश्रम में धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं मौत की वजह को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब मेडिकल एंगल से मामले की जांच कर रही है। संदेह के आधार पर साध्वी को इंजेक्शन लगाने वाले नर्सिंग कर्मचारी देवी सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उससे यह जानने की कोशिश की जा रही है कि इंजेक्शन किस दवा का था, किस स्थिति में लगाया गया और इसके बाद साध्वी की तबीयत अचानक क्यों बिगड़ी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार साध्वी को हल्का बुखार था, जिस पर इंजेक्शन लगाने के लिए देवी सिंह को बुलाया गया था।
इधर केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में बड़ा हमला करने की साजिश रच रहे आतंकवादियों को तलाश कर उन्हें मार गिराने के लिए सैनिक, सुरक्षा बल व्यापक तलाशी अभियान के तहत चप्पे-चप्पे को खंगाल रहे हैं। आतंकवादी जम्मू-कश्मीर में इस समय हमला करो व छिप जाओ की रणनीति पर काम कर रहे हैं। वे कहीं भी छिपे हो सकते हैं। ऐसे में सेना, सुरक्षाबलों द्वारा बनाई गई संयुक्त रक्षा रणनीति के तहत सभी बलों ने आतंकवाद विरोधी अभियानों में पूरी ताकत झोंक दी है। जम्मू संभाग के किश्तवाड़ जिले के छात्रु में गत दिनों सेना के जवानों पर आतंकी हमले के बाद सेना का ऑपरेशन त्रासी जोरों पर हैं। अभियान को धार देने के लिए शुक्रवार को किश्तवाड़ के छात्रु, चिनीगाम व सिंहपोरा में देर रात तक इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी गई। यह कार्रवाई गृह विभाग के निर्देश पर हुई है।
उधर टी20 विश्व कप 2026 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। सात फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में टूर्नामेंट का आगाज होगा। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शुक्रवार को आगामी विश्व कप का एंथम लॉन्च कर दिया। इस गाने का नाम 'Feel The Thrill' है, जिसे मशहूर भारतीय संगीतकार और गायक अनिरुद्ध रविचंदर ने कंपोज किया है और गाया भी है। आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता ने कहा, 'आईसीसी के प्रमुख टूर्नामेंट सिर्फ खेल आयोजन नहीं, बल्कि वैश्विक सांस्कृतिक उत्सव होते हैं। टी20 विश्व कप बेहद प्रतिस्पर्धी और रोमांचक है, जहां हर पल खिलाड़ियों और प्रशंसकों के लिए यादगार बन जाता है। यह आधिकारिक गीत उसी भावना को संगीत के जरिये दुनिया तक पहुंचाने की कोशिश है।'
इधर अमृत उद्यान, जिसे कभी मुगल गार्डन के नाम से जाना जाता था, नई दिल्ली के सबसे प्रतिष्ठित और खूबसूरत स्थानों में से एक है, जो राष्ट्रपति भवन परिसर के अंदर स्थित है। हर साल, यह उद्यान वार्षिक अमृत उद्यान उत्सव के दौरान आम जनता के लिए खोला जाता है। यह उद्यान देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहता है। रंग-बिरंगे फूलों, सजे-धजे लॉन और शांत वातावरण लोगों को अपनी तरफ आकर्षित करता है। राष्ट्रपति भवन प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, अमृत उद्यान 3 फरवरी 2026 से 31 मार्च 2026 तक आम लोगों के लिए खुल रहा है। प्रवेश का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक तय किया गया है। लास्ट एंट्री 5:15 मिनट पर होगा।
उधर डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (डीआरसी) के पूर्वी प्रांत में रुबाया कोल्टन खदान में बुधवार को हुए भीषण भूस्खलन में 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। यह जानकारी विद्रोही-नियुक्त गवर्नर के प्रवक्ता लुमुम्बा कंबेरे मुयिसा ने शुक्रवार को रॉयटर्स को दी। राज्यपाल के एक सलाहकार ने नाम न छापने की शर्त पर पुष्टि की कि मृतकों की संख्या कम से कम 227 है। हादसा बारिश के मौसम में हुआ, जब कमजोर जमीन धंस गई और खनिकों, बच्चों तथा बाजार में व्यापार करने वाली महिलाओं सहित सैकड़ों लोग गड्ढों में फंस गए। मुयिसा ने बताया कि इस भूस्खलन में 200 से अधिक लोग हताहत हुए। कुछ लोगों को समय रहते निकाला गया, लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हैं। लगभग 20 घायलों का इलाज स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहा है।
इधर ईरान में पिछले कुछ समय से बड़े पैमाने पर प्रदर्शन चल रहे हैं। पहले जहां लोग महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ सड़कों पर उतरे थे, लेकिन अब वहीं विरोध सरकार के खिलाफ राजनीतिक मांगों तक पहुंच गया है। सरकार की सख्ती और दखल के बाद भी ईरान में विरोध प्रदर्शन, मौतों के आंकड़े और हालात को लेकर दुनियाभर में सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच अब ऐसा लग रहा है कि ईरान में नया राजनीतिक और सुरक्षा संकट उभर रहा है। हाल ही में जारी उपग्रह तस्वीरों से पता चला है कि इस्राइल और अमेरिका की तरफ से पिछले साल बमबारी किए गए दो प्रमुख परमाणु स्थलों इस्फहान और नतांज पर अब नई गतिविधियां शुरू हुई हैं। जारी तस्वीरों में दिख रहा है कि दोनों साइट्स पर नुकसान पहुंचे भवनों पर छतें बनाई गई हैं, जिससे यह छुपाया जा रहा है कि वहां क्या काम चल रहा है। मामले में विशेषज्ञों का मानना है कि ये छतें किसी भी बचे हुए परमाणु या अन्य महत्वपूर्ण सामग्री को देखने से रोकने के लिए बनाई गई हैं। तस्वीरों से ऐसा लगता है कि ईरान बचे हुए संसाधनों की जांच और उन्हें सुरक्षित करने का काम कर रहा है, न कि साइट्स की पुनर्निर्माण प्रक्रिया शुरू कर रहा है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, गृह विभाग ने शुक्रवार को 15 अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के तबादले किए हैं। इनमें 11 एएसपी के तबादले पदोन्नति के बाद किए गए हैं। जिनकी पिछले दिनों डीएसपी से एएसपी पर पदोन्नति हुई थी। साथ ही पुलिस मुख्यालय ने सात डीएसपी को इधर से उधर किया है।
इधर खटीमा में एक निजी स्कूल बस की चपेट में आने से शुक्रवार शाम बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टर्माटम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। इस दुखद घटना से मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है। प्रतापपुर नंबर सात, थाना क्षेत्र नानकमत्ता निवासी देवेंद्र सिंह (24) पुत्र उमेश सिंह, राजेश सिंह (26) पुत्र दर्शन सिंह और राजेश सिंह (34) पुत्र पंचम सिंह शुक्रवार शाम करीब सवा चार बजे झनकट से बाइक में सवार होकर अपने घरों को लौट रहे थे। बाइक देवेंद्र चला रहा था। तभी प्रतापपुर नंबर नौ के पास सामने से तेज गति से आ रही नानकमत्ता स्थित एक निजी बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने तीनों को खटीमा उप जिला अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
उधर उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में शनिवार को हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना है। खासकर प्रदेश के 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के ज्यादा आसार हैं। आने वाले दिनों की बात करें तो चार फरवरी तक प्रदेशभर के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा। हालांकि पांच फरवरी से मौसम शुष्क होगा और ठंड से राहत मिलेगी।
इधर सीमांत जिला मुख्यालय में 12 साल के बच्चे का शव कमरे में लटका मिला है। आशंका जताई जा रही है कि उसने आत्महत्या की है। ऐसे में इतनी छोटी उम्र में आत्महत्या की बात सुनकर सब लोग हैरान है। यह बच्चा बचपन से ही पढ़ाई के लिए अपनी बुआ के पास रहता था। जो तीन दिन पहले ही अपने गांव से वापस लौटा था। उधर पुलिस मामले में बारीकी से तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक, 30 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे बच्चे की बुआ अपने दोनों बच्चों को लेकर बाहर गई थीं। उस समय यह बच्चा घर पर अकेला था। शाम को जब बुआ घर लौटीं तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। ऐसे में शक होने पर जालीदार दरवाजे की कुंडी तोड़ी गई। अंदर पहुंचने पर देखा गया कि बच्चा लटका हुआ था। परिजनों ने तत्काल बच्चे को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी।