Good Morning India: ट्रंप के तल्ख तेवर, अमेरिकी हथियार उत्पादन चार गुना बढ़ाने का एलान! दिल्ली के उत्तम नगर में खून की होली, दूसरे समुदाय की महिला पर रंग के छींटे पड़े तो पीट-पीटकर कर दी हिंदू युवक की हत्या! आज से घरेलू एलपीजी की कीमत 60 रुपये बढ़ी, कमर्शियल सिलेंडर भी हुआ महंगा! लिंक में पढ़ें खास खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, गृहमंत्री अमित शाह आज उत्तराखण्ड पहुंचेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, पश्चिम एशिया में जारी भीषण संघर्ष अब अपने आठवें दिन में प्रवेश कर रहा है। इसके बाद भी अमेरिका और इस्राइल का ईरान ताबड़तोड़ हमले और ईरान का इस्राइल और खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले ने पूरे पश्चिम एशिया को बारूद के ढेर पर खड़ा कर दिया है। दोनों तरफ से जारी बमबारी के बीच अब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी सैन्य ताकत बढ़ाने और हथियार उत्पादन चौगुना करने की योजना का खुलासा किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि उन्होंने हाल ही में अमेरिका की सबसे बड़ी सैन्य हथियार निर्माण कंपनियों के साथ एक अहम बैठक की। इसमें उन्होंने प्रोडक्शन और प्रोडक्शन शेड्यूल पर चर्चा की। साथ ही उच्च‑स्तरीय हथियार के उत्पादन को चार गुना बढ़ाए जाने पर सहमति बनी। अपने पोस्ट में ट्रंप ने बताया कि इन हथियारों का उत्पादन जल्द से जल्द और उच्च मात्रा में हासिल करना उनकी प्राथमिकता है। इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि इन हथियारों के उत्पादन विस्तार का काम तीन महीने पहले ही शुरू हो चुका है और कई हथियारों की निर्माण प्रक्रिया अब भी चल रही है।
इधर राजधानी दिल्ली में द्वारका के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन पानी का गुब्बारा गिरने को लेकर हुआ विवाद खूनी खेल में बदल गया। इस खूनी संघर्ष में 26 साल के युवक तरुण की मौत हो गई। इससे पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैल गया। वहीं, गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर के बाहर खड़ी एक कार, बाइक और अन्य सामान में आग लगा दी। उधर, बवाल बढ़ता देख दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी हरकत में आ गए और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक गली में छोटे-छोटे बच्चे आपस में एक दूसरे पर बैलून फेंक कर होली खेल रहे थे। इसी दौरान तरुण के परिवार की 7 साल की एक बच्ची ने बैलून में पानी भरकर गली में दूसरे बच्चों पर फेंका, तभी वह बैलून ठीक तरुण के घर के बगल में रहने वाली एक दूसरे समुदाय की महिला के ऊपर जाकर लग गया। इसी के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद हो गया। तरुण के परिजनों ने दूसरे समुदाय के लोगों से घटना के लिए माफी भी मांग ली थी। इसके बाद उन्हें लगा कि अब विवाद खत्म हो गया है, लेकिन थोड़ी देर बाद ही 20 से 25 लोग वहां पहुंचे और तरुण के परिजनों पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि सभी के हाथों में लाठी डंडे और हॉकी थे। सभी ने तरुण के घर में घुसकर जो मिला उसे पर हमला कर दिया। पड़ोसियों के घर के दरवाजे के बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया गया, ताकि कोई बीच बचाव के लिए बाहर निकल ना सके। इसी बीच तरुण अपनी बाइक से जिम से अपने घर पहुंचा। वह कुछ समझ पाता उससे पहले उसके ऊपर सभी ने मिलकर हमला कर दिया। तरुण को गंभीर चोटें आई, जिसको तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
उधर घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में शनिवार, 7 मार्च से बढ़ोतरी कर दी गई है। देश भर में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि हुई है। इसी तरह, 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी इसी तारीख से 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ेगा। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है। मुंबई में घरेलू सिलेंडर की नई दर अब 912.50 रुपये है, जो पहले 852.50 रुपये थी। जबकि चेन्नई में यह 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये हो गई है। ये संशोधित दरें आज से ही प्रभावी हो गई हैं।
इधर दुनिया के सबसे अमीर लोगों की नई लिस्ट सामने आ गई है। हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक भारत में अरबपतियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अब देश में कुल 308 अरबपति हो गए हैं, जिससे भारत दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। इस लिस्ट में पहले स्थान पर चीन और दूसरे स्थान पर अमेरिका है। रिपोर्ट के मुताबिक ग्लोबल लेवल पर पहली बार अरबपतियों की संख्या 4000 के पार पहुंच गई है। इस साल दुनिया में कुल 4020 अरबपति दर्ज किए गए हैं, जो पिछले साल के मुकाबले 578 ज्यादा हैं। रिपोर्ट के अनुसार भारत में इस साल 24 नए अरबपति जुड़े हैं और 57 नए लोग पहली बार लिस्ट में शामिल हुए हैं। इससे साफ है कि देश में अलग-अलग सेक्टर में तेजी से संपत्ति का निर्माण हो रहा है। भारतीय अरबपतियों की कुल संपत्ति बढ़कर करीब 112.6 लाख करोड़ रुपये हो गई है, जो पिछले साल के मुकाबले लगभग 10% ज्यादा है। हेल्थकेयर, इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स और कंज्यूमर गुड्स जैसे सेक्टर ने इस दौलत बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।
उधर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने नेपाल, भारत और श्रीलंका से जुड़े एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 77.60 किलोग्राम हैशिश ऑयल और 2 किलोग्राम चरस बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान दो कार, एक मोटरसाइकिल और एक मछली पकड़ने वाली नाव भी जब्त की गई है। अब तक इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक श्रीलंकाई शरणार्थी भी शामिल है। यह कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशा मुक्त भारत के विजन और केंद्रीय गृह मंत्री के निर्देशों के तहत की गई। एनसीबी की चेन्नई जोनल यूनिट ने हैदराबाद जोनल यूनिट के साथ मिलकर बहु-राज्यीय समन्वित ऑपरेशन चलाया। इस दौरान नेपाल से भारत और फिर श्रीलंका तक फैले ड्रग तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार से मौसम बदलने के आसार हैं। हल्की बारिश और बर्फबारी से मैदानी इलाकों के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि मौसम बिगड़ने की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश व बर्फबारी होने की संभावना है। खासकर 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना अधिक है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा जबकि 12 मार्च तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने वाला है।
इधर उत्तराखंड में सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने और जुआघर चलाने वालों के खिलाफ अब सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। उत्तराखंड सार्वजनिक द्यूत रोकथाम विधेयक में जुआ खेलने और खिलाने की गतिविधियों में संलिप्त दोषियों के लिए न्यूनतम तीन माह से लेकर अधिकतम पांच साल तक जेल और पांच हजार से 10 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। शुक्रवार को कैबिनेट ने इस पर मुहर लगा दी है। अब आगामी विधानसभा सत्र में उत्तराखंड सार्वजनिक द्यूत रोकथाम विधेयक-2026 को सदन पटल पर रखा जाएगा। इसके अलावा उत्तराखंड भाषा संस्थान अधिनियम में संशोधन कर नेपाली अकादमी को शामिल किया गया। वर्तमान में राज्य में केंद्र सरकार का वर्ष 1867 का गैंबलिंग एक्ट लागू है। इस एक्ट में सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने और जुआ घर चलाने पर मामूली जुर्माने का प्रावधान है। वहीं सार्वजनिक द्यूत रोकथाम कानून लागू होने के बाद राज्य में जुआ खेलने और सट्टेबाजी पर सख्त कार्रवाई का प्रावधान किया गया है।
उधर उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा के लिए आज से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गए हैं। पहले दिन 1.24 लाख ने पंजीकरण किया है। केदारनाथ धाम में सबसे अधिक 42405 ने किए पंजीकरण हुए। वहीं, बदरीनाथ धाम में 36580, गंगोत्री में 22764, यमुनोत्री में 22340 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराए। सुबह सात बजे से पंजीकरण वेबसाइट और मोबाइल एप के माध्यम से पंजीकरण शुरू हुए। वहीं, 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी शुरू की जाएगी। बता दें कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को पंजीकरण करना अनिवार्य है। छह मार्च से पर्यटन विभाग की वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in व मोबाइल एप tourist care uttarakhand पर पंजीकरण कर सकते हैं।