नैनीतालः रसोई गैस की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था ठप होने से एजेंसी पर उमड़ी भीड़! मैनुअल बुकिंग से संभाली गई व्यवस्था, अधिकारियों ने की अपील
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में रसोई गैस की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था अचानक ठप हो जाने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मोबाइल और ऑनलाइन माध्यम से बुकिंग न होने के कारण लोगों में असमंजस की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में उपभोक्ता सीधे गैस एजेंसी कार्यालय पहुंचने लगे। ऑनलाइन बुकिंग बंद होने के चलते सुबह से ही नैनीताल स्थित पर्वतीय गैस एजेंसी कार्यालय में उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। मोबाइल से गैस सिलेंडर बुक न हो पाने के कारण लोग एजेंसी कार्यालय पहुंचकर जानकारी लेने लगे। स्थिति को देखते हुए गैस एजेंसी प्रबंधन ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए मैनुअल बुकिंग की व्यवस्था शुरू की, ताकि किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर लेने में दिक्कत न हो। हालांकि मैनुअल बुकिंग शुरू होने के बाद भी एजेंसी के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं और लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। शहर में ऑफलाइन बुकिंग शुरू होने की खबर फैलते ही कई स्थानों पर गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। अफवाहों के चलते भी बड़ी संख्या में लोग एजेंसी पहुंच गए, जिससे व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बन गया। कई उपभोक्ताओं को घंटों कतार में लगकर अपनी बुकिंग करानी पड़ी और सिलेंडर लेने की होड़ भी देखने को मिली। गैस बुकिंग और सिलेंडर न मिलने की शिकायतों के बीच नैनीताल के पूर्ति विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लिया। जिला आपूर्ति अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने शहर के कई स्थानों पर छापेमारी कर एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए कि बिना बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को सिलेंडर न दिया जाए। नारायण नगर स्थित गैस गोदाम में भी अधिकारियों ने पहुंचकर रिकॉर्ड की जांच की। अधिकारियों के अनुसार पहले जहां नैनीताल शहर में प्रतिदिन करीब 300 गैस बुकिंग होती थीं, वहीं अफवाहों के चलते यह संख्या बढ़कर करीब 900 तक पहुंच गई। हालांकि आपूर्ति विभाग ने साफ किया है कि शहर में गैस की सप्लाई पहले की तरह ही जारी है और किसी भी प्रकार की कटौती नहीं की गई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर बुक करें।