Good Morning India: टी20 विश्व कप जीतते ही भारत ने बना दिए 3 नए विश्व रिकॉर्ड, देशभर में जश्न, सोशल मीडिया पर वायरल हुई माही की पोस्ट! युद्ध का असर, क्रूड ऑयल की कीमतों में इजाफा! यहां बॉयफ्रेंड के लिए दो लड़कियों ने खेला खूनी खेल! देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर हादसा, कई वाहनों में लगी आग

Good Morning India: India set three new world records after winning the T20 World Cup, nationwide celebrations erupted, and Mahi's post went viral on social media. The impact of the war, with crude o

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सबका साथ, सबका विकास विषय पर आयोजित वेबिनार को संबोधित करेंगे। वहीं संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से शुरू होगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों हराकर इतिहास रच दिया है। इसी के साथ टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप का खिताब डिफेंड करने वाली पहली टीम बन गई है। वहीं पहली बार होम टीम ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है। इससे पहले मेजबानी करते हुए कोई भी टीम टी20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत पाई थी। लेकिन अब ये कारनामा टीम इंडिया ने कर दिखाया है। फाइनल में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए थे। जवाव में कीवी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। यह टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत है। 

उधर भारत की क्रिकेट टीम अब एक बार फिर से टी20 क्रिकेट की चैंपियन बन गई। न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर भारतीय टीम ने आईसीसी टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीन ऐसे विश्व रिकॉर्ड बना दिए हैं, जो काम इससे पहले कभी किसी भी टीम ने नहीं किया। चलिए आपको बताते हैं कि भारतीय टीम ने आखिर ऐसा क्या किया है। टीम इंडिया ने साल 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी टी20 विश्व कप का खिताब जीता था। इसके बाद इस बार भी टीम इंडिया को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। लेकिन शंका इस बात की थी कि कोई भी टीम बैक टू बैक दो बार विश्व कप का खिताब नहीं जीती। लेकिन भारतीय टीम ने कुछ और ही सोच रखा था। भारत अब ऐसी पहली टीम बन गई है, जिसने लगातार दो बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया है। 

इधर टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बाद बधाइयों का तांता लगा हुआ है, लेकिन इस बीच एक ऐसा संदेश भी सामने आया जिसने फैंस को खासा उत्साहित कर दिया है। अक्सर सोशल मीडिया पर खामोश रहने वाले पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी ने टीम इंडिया को खास अंदाज में बधाई दी है। उनका ये अंदाज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, धोनी सोशल मीडिया पर बहुत कम सक्रिय रहते हैं और अब उन्होंने करीब दो साल बाद इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है। भारत के T20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनने के बाद उन्होंने टीम इंडिया और सपोर्ट स्टाफ की जमकर तारीफ की है। उन्होंने लिखा- अहमदाबाद में इतिहास रचा गया, टीम और सपोर्ट स्टाफ और दुनिया भर में भारतीय क्रिकेट टीम के सभी फैन्स को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी को खेलते हुए देखना बहुत खुशी की बात है। कोच साहब मुस्कान आप पर बहुत अच्छी लग रही है, मुस्कान के साथ तेजी एक जबरदस्त कॉम्बो है, बहुत अच्छा किया। मजे करो दोस्तों। बुमराह के बारे में कुछ न लिखूं तो ही अच्छा है। चैंपियन बॉलर।

उधर दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के आरके पुरम में 17 वर्ष के बॉयफ्रेंड को लेकर दो लड़कियों के बीच जंग छिड़ गई। एक लड़की ने दूसरी लड़की पर जानलेवा हमला करवा कर उसका गाल फड़वा दिया। वहीं, दूसरी लड़की ने पहली का घर समझकर दूसरे के घर में आगजनी और फायरिंग करवा दी। आरके पुरम थाने ने पहली लड़की व उसकी बहन और दूसरी नाबलिग के पक्ष के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। तीन नाबालिग भी पकड़े गए हैं। 

इधर मिडिल ईस्ट में जंग की वजह से दुनिया भर में तेल की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। तेल के दाम में आए उछाल के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा है कि अगर इससे तेहरान का न्यूक्लियर खतरा खत्म हो जाता है, तो यह बहुत छोटी कीमत है। ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में, ट्रंप ने कहा कि ईरान की न्यूक्लियर क्षमताएं खत्म होने के बाद तेल की कीमतें तेजी से गिरेंगी। उन्होंने कहा कि सिर्फ बेवकूफ ही अलग सोचेंगे। इसे अमेरिका और दुनिया की सुरक्षा और शांति के लिए चुकाई जाने वाली एक छोटी कीमत बताते हुए, ट्रंप ने लिखा, "शॉर्ट-टर्म तेल की कीमतें, जो ईरान के न्यूक्लियर खतरे के खत्म होने पर तेजी से गिरेंगी, USA और दुनिया, सुरक्षा और शांति के लिए चुकाई जाने वाली एक बहुत छोटी कीमत है।" सिर्फ बेवकूफ ही अलग सोचेंगे!" ट्रंप का यह प्रतिक्रिया रविवार को तेल की कीमतों के USD 100 प्रति बैरल से ज्यादा बढ़ने के बाद आई है। 

उधर ईरान के नए सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई के सबसे शक्तिशाली पद संभालते ही ईरान ने इजरायल पर मिसाइलों से हमला किया है। स्टेट ब्रॉडकास्टर IRIB के मुताबिक, इस्लामिक रिपब्लिक के नए सुप्रीम लीडर, मोजतबा खामेनेई के नियुक्ति के बाद ईरान ने सोमवार को इजराइल की तरफ मिसाइलों की एक और बौछार की। IRIB ने अपने टेलीग्राम चैनल पर कहा, "ईरान ने अयातुल्ला सैय्यद मोजतबा खामनेई के नेतृत्व में कब्जे वाले इलाकों की तरफ मिसाइलों की पहली लहर दागी।" 

अब उत्तराखण्ड की खबरों की तरफ रुख करते हैं, ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा में आज सोमवार से बजट सत्र शुरू होगा। इस दौरान सत्र के हंगामेदार रहने की संभावना है। विपक्ष ने जनहित के मुद्दों को धार देने की रणनीति बनाई है। वहीं, सरकार ने भी विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने की रणनीति बनाई है। रविवार को भराड़ीसैंण में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की अध्यक्षता में कांग्रेस विधानमंडल दल की बैठक हुई। जिसमें सदन में प्रदेश के ज्वलंत मुद्दाें को उठाने के लिए विधायकों के साथ चर्चा की गई। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई, कानून व्यवस्था, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य के मुद्दों को सदन में उठाने की रणनीति बनाई है। विपक्ष के तेवरों से सदन की कार्यवाही हंगामेदार हो सकती है।

उधर हरिद्वार देहरादून राजमार्ग पर रविवार रात रायवाला के समीप मोतीचूर फ्लाईओवर पर कई वाहन आपस में भिड़ गए। जिससे उनमें आग लग गई। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई है। घटना के बाद कई किलोमीटर तक जाम लग जाने से यात्री कई घंटे परेशान रहे। जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब 10:20 बजे रायवाला से हरिद्वार की ओर जाने वाली लेन पर एक कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। जिससे उसके पीछे चल रहा ट्रैक्टर कार से टकरा गया। इसके बाद ट्रैक्टर को भी एक ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे से कार में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में कार सवार एक महिला की मौत हो गई है।