उत्तराखण्डः एसटीएफ को मिली बड़ी सफलता! 3 अवैध तमंचों के साथ 2 हार्डकोर अपराधी गिरफ्तार, सक्रिय आपराधिक गैंग से जुड़े हैं दोनों
रुद्रपुर। उत्तराखण्ड एसटीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 अवैध तमंचों के साथ 2 हार्डकोर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये कार्रवाई एसटीएफ और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने की है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी यूपी और उत्तराखण्ड में सक्रिय आपराधिक गैंग से जुड़े हैं। इनके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। कार्यालय वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ के अनुसार टीम ने 13 मार्च को महज 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान रुद्रपुर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेन्द्र वीरत चौधरी पुत्र रामचन्द्र चौधरी निवासी सुभाषनगर डिबडिबा थाना बिलासपुर जिला रामपुर (यूपी) और सुमित राठौर पुत्र जसवन्त सिंह निवासी आजादनगर थाना ट्रांजिट कैम्प जनपद ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार जितेन्द्र वीरत चौधरी रामपुर जिले के थाना बिलासपुर में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहा था। दोनों अभियुक्तों पर उत्तराखण्ड और यूपी में हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और दोनों लंबे समय से सक्रिय गैंग से जुड़े हुए थे। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों से अवैध हथियारों की सप्लाई चेन से जुड़े कई अहम सुराग भी मिले हैं। जिनके आधार पर आगे और बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।