Good Morning India: मिडिल ईस्ट में तनाव जारी, ईरानी सेना को ट्रंप का अल्टीमेटम! भारत को रूस से तेल खरीदने के लिए मिली 30 दिन की स्पेशल छूट! फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, बुमराह की 6 गेंदों ने किया इंग्लैंड का काम तमाम! कई राज्यों के राज्यपाल बदले, रुद्रपुर में दो समुदायों के बीच विवाद

Good Morning India: Tensions continue in the Middle East, with Trump issuing an ultimatum to the Iranian military. India receives a 30-day special exemption to purchase oil from Russia. Team India re

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, राहुल गांधी आज दो दिन के दौरे पर केरल जाएंगे। उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण आज से शुरू होंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, मिडिल ईस्ट में तनाव जारी है, अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच संघर्ष कम होने के बजाय और बढ़ता हुआ दिख रहा है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर इस संघर्ष को लेकर सख्त संकेत दिए हैं। उन्होंने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड, सेना और पुलिस को हथियार डालने के लिए कड़ी चेतावनी दी है। व्हाइट हाउस में बोलते हुए ट्रंप ने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड, सेना और पुलिस से कहा है कि वे अपने हथियार डाल दें। ट्रंप ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर अगर वे ऐसा नहीं करेंगे तो उनकी मौत तय है। इतना ही नहीं ट्रंप ने ईरान में सत्ता को लेकर भी अपना सख्त रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि जो लोग सत्ता में आएंगे, उनके लिए अमेरिका यह सुनिश्चित करेगा कि वो ईरान अमेरिका या उसके पड़ोसियों के लिए खतरा न बन पाए। इसके साथ ही ट्रंप ने ईरानी राजनयिकों से अपील की कि वे दुनिया भर में शरण लेने का विकल्प अपनाएं और अमेरिका के सहयोग से ईरान को नई दिशा और बेहतर भविष्य देने में मदद करें।

इधर अमेरिका के ट्रेजरी विभाग ने भारत को समुद्र में फंसे रूसी तेल को खरीदने के लिए 30 दिन की अस्थायी छूट देने का फैसला किया है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि वैश्विक बाजार में तेल की आपूर्ति बनाए रखने के लिए यह अस्थायी कदम उठाया गया है। स्कॉट बेसेंट ने कहा कि इस छूट के तहत भारतीय रिफाइनरियां केवल उस रूसी तेल को खरीद सकेंगे, जो पहले से समुद्र में फंसा हुआ है। उन्होंने साफ किया कि यह जानबूझकर कम अवधि की व्यवस्था है और इससे रूसी सरकार को कोई बड़ा वित्तीय लाभ नहीं मिलेगा। अमेरिकी वित्त मंत्री बेसेंट ने इसे एक अस्थायी उपाय बताते हुए कहा कि इससे उस दबाव को कम करने में मदद मिलेगी, जो ईरान की वजह से वैश्विक ऊर्जा बाजार में पैदा हुआ है। इसके साथ ही अमेरिका को उम्मीद है कि भविष्य में भारत अधिक मात्रा में अमेरिकी तेल खरीदेगा।

उधर मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखाई दे रहा है। इसी के चलते गुरुवार को भारतीय एयरलाइनों की कुल 281 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा है कि पश्चिम एशिया की स्थिति पर सरकार लगातार नजर बनाए हुए है और यात्रियों की सहायता के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। दरअसल, अमेरिका, इज़राइल और ईरान से जुड़े क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष के कारण कई देशों ने अपने हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं। इसके चलते अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन पर व्यापक असर पड़ा है और कई उड़ानों को रद्द या स्थगित करना पड़ा है।

इधर सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में एंट्री कर ली है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मैच खेला गया जिसमें भारतीय टीम का सामना इंग्लैंड से था। इस मैच में टीम इंडिया ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रनों का स्कोर बनाया, जिसमें संजू सैमसन के बल्ले से 89 रनों की शानदार पारी ने अहम योगदान दिया। इसके बाद टारगेट का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 20 ओवर्स में 246 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी और उसे इस मुकाबले में 7 रनों से हार का सामना करना पड़ा। अब खिताबी मैच में टीम इंडिया का सामना 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड की टीम से होगा। इंग्लैंड की टीम जब इस सेमीफाइनल मुकाबले में टारगेट का पीछा करने उतरी तो उनकी शुरुआत काफी खराब देखने को मिली। पारी के दूसरे ओवर की पहली गेंद पर इंग्लैंड को पहला झटका फिल साल्ट के रूप में लगा जो सिर्फ 5 के निजी स्कोर पर हार्दिक पांड्या का शिकार बने। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक से उनकी टीम को बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह सिर्फ 7 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह का शिकार बने। इस तरह से इंग्लैंड ने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर 38 के स्कोर तक अपने 2 अहम विकेट गंवा दिए थे। यहां जैकब बेथेल ने जोस बटलर का साथ तो दिया लेकिन पारी के छठे ओवर में बटलर 17 गेंदों में 25 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर बोल्ड हो गए, जिसमें पहले 6 ओवर्स का खेल खत्म होने पर इंग्लैंड का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 68 रन था।

उधर बिहार-महाराष्ट्र समेत देश के कई राज्यों के राज्यपाल बदल गए हैं। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख और दिल्ली के एलजी भी बदल गए हैं। दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का नया लेफ्टिनेंट गवर्नर बनाया गया है। तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया एलजी बनाया गया। हिमाचल प्रदेश के गवर्नर शिव प्रताप शुक्ला को तेलंगाना का राज्यपाल बनाया गया। तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का नया गवर्नर बनाया गया है। बिहार बीजेपी के सीनियर नेता नंद किशोर यादव को नागालैंड का गवर्नर बनाया गया है। लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन को बिहार का गवर्नर बनाया गया। नंद किशोर बिहार सरकार में मंत्री और राज्य के स्पीकर रह चुके हैं।

इधर पूर्वोत्तर भारत के राज्य असम से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां भारतीय वायुसेना का आधुनिक सुखोई लड़ाकू विमान क्रैश हो गया है। पहले खबर सामने आई थी कि वायुसेना का सुखोई विमान अचानक से रडार से लापता हो गया है। हालांकि, अब इसके असम के कार्बी आंगलॉन्ग इलाके में क्रैश होने की खबर सामने आई है। आपको बता दें कि रूस द्वारा निर्मित सुखोई विमान को भारतीय वायुसेना की रीढ़ की हड्डी माना जाता है। वायुसेना इसके उन्नत वर्जन Sukhoi- 30MKI का इस्तेमाल करती है। भारतीय वायुसेना इस विमान के 200 से ज्यादा यूनिट्स का इस्तेमाल करती है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर के भूतबंगला में दो समुदाय के लोगों में विवाद हो गया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ी की दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ। आरोप है कि इस दौरान फायरिंग भी की गई है। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हल्का बल प्रयोग कर दोनों ही पक्षों को तितर-बितर किया और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया है। पुलिस ने पूरे मामले में जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि रुद्रपुर के भूतबंगला में गुरुवार शाम को होली खेलने का कार्यक्रम किया जा रहा था, इस दौरान विशेष समुदाय का एक युवक ई रिक्शा लेकर बार-बार चक्कर लगा रहा था। मना करने पर गली गलौज कर चला गया और कुछ देर बाद वह अपने साथियों को लेकर पहुंचा जिसमें उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद दोनों ही पक्षों में जमकर विवाद हुआ ईंट-पत्थर, लाठी-ठंडा चले, जिसमें दोनों ही पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। 

इधर शिक्षा विभाग में राज्य गठन से लेकर अब तक दिव्यांग कोटे से भर्ती सभी 234 प्रवक्ताओं की दिव्यांगता की जांच होगी। मेडिकल बोर्ड एम्स ऋषिकेश सात मार्च से जांच शुरू करेगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किये हैं। शिक्षा निदेशक ने निर्देश में कहा कि उत्तराखंड में प्रवक्ता संवर्ग में राज्य गठन से अब तक दिव्यांग कोटे से नियुक्त प्रवक्ताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाना है। चिकित्सा बोर्ड की ओर से निर्णय लिया गया है कि शिक्षकों का स्वास्थ्य परीक्षण सप्ताह में दो दिन बृहस्पतिवार और शनिवार को सुबह नौ से अपराह्न तीन बजे तक अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश में किया जाएगा।

उधर भारत और जापान के बीच सातवां संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘धर्म गार्डियन’ उत्तराखंड के चौबटिया स्थित फॉरेन ट्रेनिंग केंद्र में जारी है। जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा) कर्नल मनीष श्रीवास्तव के मुताबिक यह अभ्यास नौ मार्च 2026 तक चलेगा, जिसका उद्देश्य साझा सुरक्षा चुनौतियों और वैश्विक आतंकवाद के बदलते खतरे को ध्यान में रखते हुए भारतीय सेना और जापान ग्राउंड सेल्फ-डिफेंस फोर्स के बीच सैन्य सहयोग को और मजबूत करना है। कर्नल मनीष श्रीवास्तव के मुताबिक संयुक्त सैन्य अभ्यास में दोनों देशों के 120-120 सैनिक भाग ले रहे हैं। जापान ग्राउंड सेल्फ-डिफेंस फोर्स का दल 32 वीं इन्फैंट्री रेजिमेंट के सैनिकों का प्रतिनिधित्व कर रहा है, जबकि भारतीय सेना की ओर से लद्दाख स्काउट्स की टुकड़ी इसमें शामिल है।