Good Morning India: सुप्रीम फैसले से नाराज हुए ट्रंप, सभी देशों पर एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने का ऐलान! टोल प्लाजा को लेकर नए नियम लाने जा रही सरकार! गूगल का बड़ा एक्शन, Play Store से 17.5 लाख फर्जी ऐप्स हुए बैन! गुजरात सरकार का लव जिहाद पर बड़ा वार, जानें और क्या है खास?

Good Morning India: Trump, angered by the Supreme Court's decision, announces extra tariffs on all countries! The government is introducing new rules regarding toll plazas! Google takes major action,

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। RSS से जुड़े मानहानि मामले में आज भिवंडी कोर्ट में पेश होंगे राहुल गांधी। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कई देशों पर लगाए गए भारी आयात शुल्क यानी कि टैरिफ को रद्द कर दिया है। शुक्रवार को सुनाए गए इस फैसले में कोर्ट ने 6–3 के बहुमत से कहा कि ट्रंप ने जिन आपातकालीन शक्तियों का इस्तेमाल करके ये टैरिफ लगाए थे, वे सही नहीं थे। माना जा रहा है कि इस फैसले से ट्रंप की आर्थिक योजनाओं को बड़ा झटका लगा है। कोर्ट का फैसला सामने आने के बाद ट्रंप ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने हमारी बात नहीं सुनी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि कोर्ट का फैसला निराशाजनक है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को निराशाजनक बताते हुए कहा कि अदालत ने शर्मनाक फैसला लिया है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले से नाखुश नजर आ रहे ट्रंप ने सभी देशों पर 10 फीसदी टैरिफ बढ़ाने का ऐलान किया। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'टैरिफ पर मेरे पास और भी विकल्प हैं। अब मैं और ज्यादा टैरिफ वसूल सकता हूं। अमेरिका की आर्थिक सुरक्षा जरूरी है। सुप्रीम कोर्ट विपक्ष के दबाव में आ गया। मैंने दूसरे राष्ट्रपतियों से ज्यादा अच्छे फैसले लिए। मैंने अमेरिका को अरबों डॉलर का फायदा कराया। अमेरिका की सुरक्षा के लिए मैं और ज्यादा टैरिफ लगा सकता हूं।' ट्रंप ने कहा कि 10 फीसदी का ग्लोबल टैरिफ लगाया जाएगा।  

उधर नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी जमफारा राज्य के एक गांव पर सशस्त्र लोगों के हमले में लगभग 50 लोग मारे गए और कई महिलाओं और बच्चों का अपहरण कर लिया गया। यह जानकारी राज्य के एक संसद सदस्य ने शुक्रवार को दी। बुक्कुयुम दक्षिण का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद हमीसु ए फारू ने बताया कि हमलावरों ने तुंगन दुत्से गांव पर धावा बोला। गुरुवार से शुक्रवार सुबह लगभग 3:30 बजे तक उन्होंने इमारतें जला दीं और भागने की कोशिश कर रहे लोगों पर गोलियां चलाईं। स्थानीय नेता और स्थानीय सरकारी अधिकारी अभी भी लापता लोगों का पता लगा रहे हैं। तुंगन दुत्से के रहने वाले 41 वर्षीय अब्दुल्लाही सानी ने बताया कि हमले में उनके परिवार के तीन सदस्य मारे गए।

इधर राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी शर्ट निकालकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया, जिससे समिट में मौजूद लोगों का ध्यान उनकी तरफ गया। प्रदर्शनकारी यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता लगातार अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और पीएम मोदी के खिलाफ नारे लगा रहे थे। हालांकि पुलिस की टीम ने तुरंत वहां प्रदर्शन कर रहे लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद से दिल्ली पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ तिलक मार्ग थाने में FIR दर्ज की गई है। गिरफ्तारी के बाद से दिल्ली पुलिस इन चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

उधर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय नेशनल हाइवे के टोल प्लाजा पर लगने वाले पर नकद लेनदेन को पूरी तरह बंद करने पर विचार कर रहा है। मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, "राष्ट्रीय राजमार्ग टोल प्रणाली को पूरी तरह से डिजिटल बनाने के उद्देश्य से एनएचएआई 1 अप्रैल, 2026 से देश भर के नेशनल हाइवे टोल प्लाजा पर नकद लेनदेन को पूरी तरह बंद कर सकता है। इस पर विचार किया जा रहा है। इस कार्यान्वयन के बाद नेशनल हाइवे के टोल प्लाजा पर सभी टोल भुगतान केवल फास्टैग या यूपीआई का उपयोग करके डिजिटल माध्यमों से ही किए जाएंगे।" जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, "इसका उद्देश्य इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह में हासिल की गई प्रगति को सुदृढ़ करना और नेशनल हाइवे टोल प्लाजा के संचालन की दक्षता और विश्वसनीयता को बढ़ाना है। यह परिवर्तन लेन की कार्यक्षमता में सुधार करके टोल प्लाजा पर भीड़भाड़ को कम करके और टोल लेनदेन में अधिक स्थिरता और पारदर्शिता लाकर राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के लिए 'आवागमन को सुगम' बनाने में मदद करेगा।"

इधर 'लव जिहाद' वाली शादियों पर रोक की तैयारी गुजरात से शुरू हो गई है। गुजरात सरकार 'विवाह पंजीकरण अधिनियम' में संशोधन करने जा रही है, जिसके बाद अपनी पहचान छिपाकर या माता-पिता को अंधेरे में रखकर प्रेम विवाह करना आसान नहीं रह जाएगा। राज्य विधानसभा में उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि मौजूदा प्रविधानों का दुरुपयोग हो रहा है और नई व्यवस्था से प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी व सुरक्षित बनाया जाएगा। संघवी ने सदन में कहा कि कई सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने विवाह पंजीकरण प्रक्रिया में खामियों को दूर करने की मांग की थी। उन्होंने 'लव जिहाद' का उल्लेख करते हुए इसे “सांस्कृतिक आक्रमण'' करार दिया और कहा कि सरकार इस मुद्दे को नजरअंदाज नहीं कर सकती।

उधर देश के दक्षिणी हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान मौसम के सक्रिय रहने की संभावना है, जबकि उत्तर भारत में तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी का दौर शुरू होने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक 21 से 23 फरवरी के बीच दक्षिण तमिलनाडु व केरल एवं माहे के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया गया है। इसके साथ ही समुद्री क्षेत्रों में हालात ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहने की संभावना है। पर्वतीय राज्यों में हल्की मौसमीय गतिविधि बनी रह सकती है। हिमाचल प्रदेश में 23 फरवरी को कहीं-कहीं बारिश या हिमपात की संभावना जताई गई है। वहीं उत्तराखंड में 22 से 24 फरवरी के बीच कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बनी रह सकती है।

इधर भारत में भी 15 साल के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ( इंस्टाग्राम, फेसबुक और स्नैपचैट) पर प्रतिबंध लगाने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। हाल ही में दिल्ली में आयोजित हुए इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बताया कि उनकी सरकार बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन करने जा रही है। इसी के साथ उन्होंने पूछा कि क्या भारत भी इसके लिए तैयार है। जिस पर अब केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रतिक्रिया दी है। वैष्णव ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में एक न्यूज एजेंसी को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि समाज की सुरक्षा को लेकर सोशल मीडिया कंपनियों से बातचीत जारी है। 

उधर Google ने 1.75 मिलियन यानी 17.5 लाख से ज्यादा फर्जी ऐप्स पर बड़ा एक्शन लिया है। ये ऐप्स गूगल प्ले स्टोर की पॉलिसी को तोड़ रहे थे। गूगल का यह सख्त कदम एंड्रॉइड इकोसिस्टम को सुरक्षित बनाने के लिए उठाया गया है। गूगल ने अपने आधिकारिक ब्लॉग पोस्ट के जरिए बताया कि ये ऐप्स प्राइवेसी पॉलिसी का उल्लंघन कर रहे ते। इसके अलवा टेक कंपनी ने ऐप बनाने वाले 80 हजार डेवलपर्स के अकाउंट पर भी ताला लगा दिया है। गूगल ने अपने ब्लॉग पोस्ट में बताया कि बैन हुए इन हानिकारक ऐप्स में मेलवेयर पाए गए, जो फाइनेंशियल फ्रॉड, हिडन सब्सक्रिप्शन और प्राइवेसी के लिए खतरा बन रहे थे। इससे पहले कि ये ऐप्स यूजर्स तक पहुंच पाते गूगल ने प्ले स्टोर से इन्हें बैन कर दिया है। गूगल प्ले प्रोटेक्शन के AI डिटेक्शन टूल के माध्यम से इन ऐप्स की पहचान की गई और इन्हें ब्लॉक किया गया है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं आज शनिवार से शुरू हो जाएंगी। परीक्षाएं 20 मार्च को संपन्न होंगी। शनिवार को इंटरमीडिएट ड्राइंग एंड पेंटिंग की परीक्षा होगी। परीक्षा सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक होगी। इस साल बोर्ड परीक्षा में 215252 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बोर्ड सचिव विनोद सिमल्टी ने बताया कि हाईस्कूल में 1722 व्यक्तिगत जबकि 110544 संस्थागत परीक्षार्थी शामिल हैं। इंटरमीडिएट में 3637 व्यक्तिगत जबकि 99349 संस्थागत परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा संपन्न करने के लिए प्रदेश में 1261 बनाए गए हैं। इसमें 156 संवेदनशील जबकि अतिसंवेदनशील छह केंद्र बनाए गए हैं।

इधर साइबर ठगों ने बुजुर्ग महिला को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर तीन करोड़ नौ लाख रुपये ठग लिए। बुजुर्ग ने ठगों को पैसे देने के लिए अपनी एफडी तुड़वाई, शेयर बेचे और गहने तक गिरवी रख दिए। बुजुर्ग की शिकायत पर साइबर थाने में शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस को दी शिकायत में 70 वर्षीय बुजुर्ग ने बताया कि एक सितंबर 2025 को उन्हें एक कॉल आया जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को सीबीआई अधिकारी प्रदीप मिश्रा बताया। इसके बाद एक और व्यक्ति ने बात की। उसने खुद को आईपीएस अधिकारी सुनील कुमार गौतम बताया। आरोप है कि इन्होंने बुजुर्ग को डराया कि उनका मोबाइल नंबर मनी लॉन्ड्रिंग के 68 करोड़ रुपये के मामले से जुड़ा है। एक आरोपी ने उनके खाते में 68 लाख रुपये ट्रांसफर किए हैं। उन्हें धमकी दी गई कि उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा और यदि किसी को बताया तो उनके बच्चों को भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

उधर अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी मनोज सरकार व मनदीप कौर शुक्रवार को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उत्तरप्रदेश के हरदोई जिले के संडीला कस्बे में हुआ। मनोज सड़क मार्ग के जरिए लखनऊ जा रहे थे। हालत गंभीर होने पर मनोज को निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। हादसा शुक्रवार की सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। उस समय मनोज सरकार और उनके साथ पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी मनदीप कौर कार में आराम कर रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक नीलगाय आ जाने से चालक ने वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा और उसमें सवार लोग घायल हो गए।

इधर उत्तराखंड में अल्पसंख्यक शिक्षा व्यवस्था एक बड़े बदलाव की ओर बढ़ रही है। राज्य सरकार ने मदरसों के साथ-साथ अन्य अल्पसंख्यक समुदायों द्वारा संचालित शैक्षणिक संस्थानों के लिए एक समान व्यवस्था लागू करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। इसके तहत न सिर्फ नए सिलेबस की तैयारी हो रही है, बल्कि इन संस्थानों के संचालन के लिए रूल एंड रेगुलेशन भी बनाए जा रहे हैं। सरकार ने इसके लिए 1 जुलाई तक की समय सीमा तय की है। यह पहला मौका है जब उत्तराखंड में अल्पसंख्यक शिक्षा को लेकर इतनी व्यापक और केंद्रीकृत व्यवस्था लागू की जा रही है। सरकार का उद्देश्य मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन और पारसी समुदायों द्वारा स्थापित शैक्षणिक संस्थानों को एक ही छतरी के नीचे लाना है, ताकि सभी के लिए समान नियम, मानक और शिक्षा गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। खास तौर पर मदरसों के लिए यह बदलाव ऐतिहासिक और बेहद अहम माना जा रहा है।