Awaaz24x7-government

Good Morning India: फाइलों में मृत तीन लोग पहुंचे डीएम ऑफिस, बोले- साहब हम जिंदा हैं...! अगले पांच से सात दिन भारी बारिश की आशंका, नैनीताल पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, कई निरीक्षक और उप निरीक्षको के तबादले, जानें आज क्या रहेगा खास?

Good Morning India: Three people who were found dead in files reached DM office, said- Sir we are alive...! Possibility of heavy rains for the next five to seven days, major reshuffle in Nainital Pol

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों  पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। विपक्ष के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी आज लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात करेंगे। वहीं भारतीय वायुसेना का मिग-21 विमान आज अपनी अंतिम उड़ान भरेगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका ने भारत पर अतिरिक्त 25% टैरिफ लगाने की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 27 अगस्त से भारतीय आयातों पर 50% टैरिफ लगाने की धमकी दी थी। भारतीय आयातों पर ट्रंप द्वारा लगाए गए 50% शुल्कों में से आधे इस महीने की शुरुआत में लागू हो गए थे और शेष आधे शुल्क बुधवार से लागू होने वाले हैं। ट्रंप ने टैरिफ में दोगुनी वृद्धि का कारण भारत द्वारा रूसी तेल खरीदना बताया था। उन्होंने एक आदेश में कहा था, "मेरा मानना ​​है कि भारत, जो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से रूसी से तेल आयात करता है। इसके कारण रूस को फंड मिल रहे हैं जिसका इस्तेमाल यूक्रेन युद्ध में किया जा रहा है। अमेरिका का कहना है कि रूस पर दबाव बनाने के लिए ही भारत पर अतिरिक्त ट्रैरिफ लगाया गया है। 

इधर डायरेक्टरेट ऑफ एनफोर्समेंट की लखनऊ जोनल टीम ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 अचल संपत्तियां अटैच की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 13.02 करोड़ रुपये बताई जा रही है। ये सभी संपत्तियां बलरामपुर जिले के उतरौला इलाके में स्थित हैं और इन्हें नीतू नवीन रोहरा के नाम पर खरीदा गया था। यह केस छांगुर बाबा और उनके सहयोगियों से जुड़ा है। ईडी ने जांच की शुरुआत एटीएस लखनऊ की एफआईआर के आधार पर की थी। एफआईआर में बड़े पैमाने पर गैरकानूनी धार्मिक कन्वर्जन, विदेशों से फंडिंग और राष्ट्रीय सुरक्षा को चुनौती देने वाली गतिविधियों के आरोप लगाए गए थे।

उधर आज भारतीय नौसेना को समंदर के दो प्रहरी मिलने जा रहे हैं INS उदयगिरी और INS हिमगिरी। ये पहला मौका है जब दो भारतीय शिपयार्डों में बने दो युद्धपोतों को एक साथ नौसेना में शामिल किया जा रहा है। इसके साथ ही, भारत के पास तीन-फ्रिगेट स्क्वाड्रन होंगे जो स्वदेशी क्षमता के जरिये देश की इंडस्ट्रियल तकनीक और शक्ति का का प्रदर्शन करेंगे। 1 जुलाई को नीलगिरी क्लास स्टेल्थ फ्रीगेट उदयगिरी और 31 जुलाई को प्रोजेक्ट-17A के तहत बनाया गया। एडवांस स्टेल्थ फ्रीगेट हिमगिरी नेवी को सौंपे गए थे। अब आज ये दोनों फ्रिगेट नेवी में कमीशन होने जा रहे हैं।

इधर उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक बड़ा ही हैरान कर देने वाला मामला निकलकर सामने आया है। विभागीय लापरवाही के चलते आज जौनपुर कलेक्ट्री में लोग उस समय आश्चर्यचकित रह गए जब फाइलों में  तीन मृतक आदमी जिंदा रूप में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। ये तीनों मृतक गले में तख्ती लटकाए हुए थे और उस पर लिखा था साहब मैं जिंदा हूं। तीनों मृतकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और न्याय की मांग की। जौनपुर के पचोखर गांव के रहने वाले महगू निषाद, मगरू हरिजन और कृपा शंकर तिवारी गले में तख्ती लगाए डीएम कार्यालय पर पहुंचे। इन लोगों का कहना है कि पिछले दो साल से हम लोगों की पेंशन ग्राम प्रधान ने बंद करवा दी है और फाइलों में हमें मृतक दिखा दिया है। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान से पुरानी रंजिश है इसी के चलते जानबूझकर ऐसा किया है।

उधर देश के कम से कम 14 राज्यों में पिछले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में हालात गंभीर हैं। नदियां-नाले उफान पर हैं। सड़कें टूटने और भूस्खलन के कारण आवाजाही बाधित हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान में अभी एक हफ्ते बारिश जारी रहने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश में मंगलवार से मानसून की सक्रियता में कमी आ सकती है, पर मध्य प्रदेश, गुजरात, बिहार, असम, ओडिशा में पांच से सात दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। 

इधर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को समय रैना समेत कई हास्य कलाकारों को उनके स्टैंड-अप शो में दिव्यांग लोगों का मज़ाक उड़ाने वाले असंवेदनशील चुटकुलों के लिए फटकार लगाई और उन्हें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी माफ़ी मांगने को कहा। शीर्ष अदालत की यह टिप्पणी एसएमए क्योर फाउंडेशन द्वारा दायर एक याचिका पर सुनवाई के दौरान आई, जिसमें हास्य कलाकार समय रैना, विपुन गोयल, बलराज परमजीत सिंह घई, सोनाली ठक्कर और निशांत जगदीश तंवर पर दिव्यांग लोगों के लिए असंवेदनशील चुटकुले बनाने का आरोप लगाया गया था। न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने हास्य कलाकारों से कहा कि आपने अदालत के समक्ष जो माफी मांगी है, वही माफी अपने सोशल मीडिया के समक्ष भी दीजिए।

उधर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से मुलाकात की, जिन्होंने हाल ही में एक्सिओम 4 मिशन के चालक दल के हिस्से के रूप में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के ऐतिहासिक मिशन को पूरा किया। X पर एक पोस्ट में, यूपी मुख्यमंत्री कार्यालय ने लिखा कि आज, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के लखनऊ स्थित आधिकारिक आवास पर, राष्ट्र के सपूत, अंतरिक्ष यात्री और ग्रुप कैप्टन ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला जी ने ऐतिहासिक एक्सिओम 4 मिशन के सफल संचालन और अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से उनकी सुरक्षित वापसी के बाद शिष्टाचार भेंट की।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, नैनीताल पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल हुआ है। सोमवार देर रात एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा  ने निरीक्षकों और उप निरीक्षकों को इधर से उधर किया है। आदेश के तहत कुल 31 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल से जिले के कई प्रमुख थानों और चौकियों की कमान बदल गई है।

इधर उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मंगलवार को भी भारी बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में भारी से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी बिजली चमकने और गर्जन के साथ तेज दौर की बारिश की संभावना है। आने वाले दिनों की बात करें 29 अगस्त तक प्रदेश में मौसम की यही स्थिति रहने के आसार हैं।

उधर उड़ान योजना के तहत पिथौरागढ़ से मुनस्यारी के लिए 30 सितंबर से हेली सेवा शुरू होगी। केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय ने इसकी मंजूरी दे दी। हेली सेवा संचालन के लिए हैरिटेज एविएशन के माध्यम से किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते दिनों केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू से मुलाकात कर राज्य में हेली सेवाओं के विस्तार में सहयोग मांगा था। इस पर केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय ने पिथौरागढ़ से मुनस्यारी हेली सेवा की मंजूरी देने के साथ ही संचालन के लिए हैरिटेज एविएशन का चयन किया है। केंद्रीय मंत्री नायडू ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उड़ान योजना के तहत पिथौरागढ़ से मुनस्यारी हेली सेवा शुरू करने की जानकारी दी है। यह सेवा 30 सितंबर तक शुरू होगी।

इधर उत्तराखंड राज्य में बने आपदा जैसी स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उच्चस्तरीय बैठक में राज्य के आपदा प्रबंधन, प्रशासनिक सुधार और स्थानीय स्तर पर सेवा वितरण को प्रभावी बनाने को लेकर तमाम महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विधानसभा की रजत जयंती के अवसर पर नवंबर महीने में दो दिवसीय विशेष सत्र का आयोजन किया जाए। यही नहीं बैठक में निर्णय लिया गया कि विधानसभा की रजत जयंती के अवसर पर आगामी नवंबर माह में दो दिवसीय विशेष सत्र आयोजन किया जाएगा। इस विशेष सत्र में राज्य की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं पर व्यापक रूप से चर्चा की जाएगी।