उत्तराखण्डः मल्लिकार्जुन खड़गे के सभा स्थल के ‘शुद्धीकरण’ पर फिर गरमाई सियासत! राहुल गांधी बोले- यह एक अपराध, PM मोदी दर्ज कराएं FIR! सीएम धामी ने किया पलटवार
नई दिल्ली/हल्द्वानी। हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद सभा स्थल के कथित शुद्धीकरण को लेकर सियासी विवाद एक बार फिर गरमाता हुआ नजर आ रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मामले को छुआछूत और अपराध बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तत्काल एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस पर मुद्दाविहीन होने और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि उत्तराखंड में जाति के आधार पर भेदभाव की कोई जगह नहीं है। दरअसल, राहुल गांधी ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में हल्द्वानी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ जो हुआ, वह शुद्धीकरण के नाम पर छुआछूत का मामला है। उन्होंने इसे संविधान के तहत दंडनीय अपराध बताते हुए कहा कि घटना को करीब 20 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) कानून के तहत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश में दलित समुदाय के लोगों के साथ विभिन्न स्तरों पर भेदभाव की घटनाएं सामने आती रहती हैं और संविधान के बावजूद ऐसी स्थिति चिंता का विषय है। राहुल गांधी ने कहा कि खरगे की रैली वाली जगह पर हुए कथित शुद्धीकरण को सामान्य घटना नहीं माना जा सकता। उनके मुताबिक, यदि किसी दलित नेता के कार्यक्रम के बाद स्थल का शुद्धीकरण किया जाता है तो यह छुआछूत की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस की विचारधारा दलितों के हितों के खिलाफ है। राहुल गांधी ने कहा कि देश में संविधान की विचारधारा और भाजपा-आरएसएस की विचारधारा के बीच लड़ाई चल रही है। उन्होंने केंद्र और उत्तराखंड सरकार से कांग्रेस अध्यक्ष को न्याय दिलाने की मांग की। राहुल गांधी ने अपने संबोधन में दलित समुदाय के साथ कथित भेदभाव की कई घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि कई जगह दलित बच्चों से स्कूलों में शौचालय साफ कराने या झाड़ू लगवाने जैसी घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने कुओं से पानी लेने, चाय की दुकानों और सामाजिक आयोजनों में भेदभाव के आरोप भी लगाए।
सीएम धामी का पलटवार- कांग्रेस के पास राजनीतिक मुद्दा नहीं
राहुल गांधी के आरोपों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए शुद्धीकरण के मामले को तूल देकर तुष्टिकरण की राजनीति की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में जाति के आधार पर भेदभाव की कोई जगह नहीं है। उन्होंने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर धर्म विरोधी नारे लगाए गए थे और धर्म विशेष के नारे भी लगाए गए। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम के बाद मैदान में काफी गंदगी रह गई थी। सीएम धामी के मुताबिक, रामलीला मैदान धार्मिक आयोजन का स्थान है और इसी वजह से स्वयंसेवी संस्था से जुड़े लोगों ने वहां शुद्धीकरण किया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शुद्धीकरण करने वाली संस्था का भारतीय जनता पार्टी से कोई संबंध नहीं है। मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस के जातिगत भेदभाव के आरोपों पर कहा कि उत्तराखंड ऐसा राज्य है जो सभी को आत्मसात करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जाति और पार्टी के आधार पर भेदभाव की मानसिकता नहीं है। खरगे के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों को यह तक पता नहीं है कि मल्लिकार्जुन खरगे किस जाति के हैं। ऐसे में उनके जातिगत अपमान का सवाल ही नहीं उठता। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के आरोपों को राजनीतिक रंग देने की कोशिश बताया।