Good Morning India: खत्म होगा दो लाख परीक्षार्थियों का इंतजार, आज घोषित होगा उत्तराखण्ड बोर्ड का रिजल्ट! भीषण गर्मी का प्रकोप, अगले चार दिन बेहद भारी! शॉर्ट वीडियो को लेकर एलन मस्क ने दिया ऐसा बयान, मच गया हड़कंप! यूपी के मऊ में दर्दनाक हादसा, पांच लोगों की माैत! लिंक में पढ़ें अब तक की प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज जयपुर के दौरे पर हैं। वहीं आज उत्तराखंड बोर्ड के 10वीं-12वीं के नतीजे आयेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने की कोशिशों एक बार फिर तेज हो गई हैं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची शुक्रवार देर रात पाकिस्तान पहुंच चुके हैं जहां वे शीर्ष पाकिस्तानी नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे। वहीं ईरान के साथ होने वाली बातचीत में शामिल होने के लिए अमेरिका से राष्ट्रपति ट्रंप के सबसे भरोसेमंद विटकॉफ और कुशनर को भेजा जाएगा। जबकि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को स्टैंडबाय पर रखा गया है। पिछली बातचीत में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की वेंस ही अगुवाई कर रहे थे।
इधर उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां बेटी की शादी संपन्न कर घर लौट रहे एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत पांच लोगों की शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा दोहरीघाट थाना क्षेत्र के कुसुम्हा बशारतपुर के पास गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कार्पियो डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में जा रहे ट्रेलर से भिड़ गई। जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के खोराबार थाना क्षेत्र के रानीडीहा निवासी विनय श्रीवास्तव अपनी बेटी की शादी के लिए झारखंड के रांची गए थे। विवाह संपन्न होने के बाद वह पत्नी अर्चना श्रीवास्तव, इकलौते बेटे कृतार्थ श्रीवास्तव के साथ स्कार्पियो से घर लौट रहे थे। वाहन को बिहार के गया निवासी चालक पुरुषोत्तम चला रहा था, जबकि दूसरा चालक नितीश पीछे बैठा था। तभी हादसा हो गया।
उधर देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने देश के उत्तरी और मध्य राज्यों में लू चलने के साथ-साथ देश के उत्तरपूर्वी, पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में भारी वर्षा, गरज के साथ छींटे और तेज़ हवाएं चलने का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, भारत 29 अप्रैल तक की अवधि में दो अलग-अलग प्रकार के मौसम के रुझान देखेगा। देश के एक बड़े हिस्से में लोग सूरज की तपिश बढ़ेगी तो वहीं, कुछ इलाकों में बारिश से लोगों गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, विदर्भ, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 27 अप्रैल तक लू चलने की संभावना है। इसके अलावा ओडिशा, झारखंड और केरल में भी हीटवेव की स्थिति बनी रहने की उम्मीद है। वहीं, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज के साथ बारिश, बिजली कड़कने और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है।
इधर एलन मस्क एक बार फिर से अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। Tesla CEO ने इंस्टाग्राम, टिकटॉक, स्नैपचैट आदि पर देखे जाने वाले शॉर्ट वीडियो को लेकर ऐसी बात कह दी है कि Meta, Google, Snapchat, TikTok में हड़कंप मच गया है। एक इंटरव्यू के दौरान एलन मस्क से जब ये सवाल पूछा गया कि ऐसा कौन का आविष्कार है, जो मानव समाज के लिए बेहतर की बजाय बदतर बन गया तो उन्होंने इसके जवाब में 'शॉर्ट वीडियो' का नाम लिया है। Katie Miller के पॉडकास्ट में बोलते हुए मस्क ने शॉर्ट वीडियो को ब्रेन रॉट यानी दिमाग को सड़ाने वाली चीज बताया है। हाल में आई रिसर्च के मुताबिक, 15 से 30 सेकेंड के यूट्यूब शॉर्ट्स या इंस्टाग्राम रील्स की वजह से बच्चों के दिमाग पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। इसकी वजह से बच्चों के दिमाग पर बुरा असर पड़ता है और इसकी लत लग जाती है। 2 से 12 साल की उम्र वाले 78 से 84 प्रतिशत बच्चे यूट्यूब पर हैं, जो प्रायः डेली 2 से ज्यादा घंटे इस पर बिताते हैं।
उधर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर विपक्ष ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को राज्यसभा के करीब 73 विपक्षी सांसदों ने उनके खिलाफ नया प्रस्ताव पेश किया है। सूत्रों के मुताबिक यह कदम तमिलनाडु विधानसभा के 234 सीटों के चुनाव और पश्चिम बंगाल में पहले चरण की वोटिंग के बाद उठाया गया है। उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन को भेजे गए पत्र में कहा गया है, 'यह नया नोटिस एक अलग और हाल ही में सामने आए आधार पर दिया गया है।'पत्र में आगे लिखा गया है, 'यह 15 मार्च 2026 के बाद ज्ञानेश कुमार द्वारा किए गए कार्यों और चूक तक सीमित है, जिनमें से हर एक और सभी मिलकर गंभीर स्तर के सिद्ध दुराचार को दर्शाते हैं।' विपक्षी सांसदों ने मांग की है कि मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई जाए, जिसमें सुप्रीम कोर्ट के एक मौजूदा जज, किसी हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और अन्य न्यायिक सदस्य शामिल हों। यह कमेटी अपनी रिपोर्ट राज्यसभा के सभापति को सौंपे। सांसदों ने यह भी मांग की है कि जब तक जांच पूरी न हो, तब तक ज्ञानेश कुमार चुनाव से जुड़े सभी कार्यों से खुद को अलग रखें।
इधर गुजरात के सूरत में बड़ा बवाल हो गया है। यहां नाबालिग लड़की से छेड़खानी के बाद लोगों में गुस्सा है। वे सड़कों पर उतर आए। इसके बाद, गुस्साई भीड़ ने थाने का घेराव भी किया। लोगों ने आरोपी पर एक्शन को लेकर थाने की घेराबंदी की। लोग सूरत के अलथन थाने के बाहर पहुंचे और नारेबाजी की। इस दौरान, उनकी पुलिस के साथ भिड़ंत भी हो गई। इसके बाद, पुलिस लोगों को खदेड़ती हुई नजर आई। बताया जा रहा है कि जब ये घटना सामने आई तो लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया था। इसके बाद, उन्होंने 112 नंबर पर कॉल की और पुलिस को बुलाया। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक खबर पूरे इलाके में फैल गई थी और इस वजह से बहुत सारे लोग वहां आ गए थे। इसके बाद, भीड़ ने पुलिस वैन से उतारकर आरोपी को मौके पर पीटा। फिर, और पुलिस बुलानी पड़ी और तब पुलिस ने आरोपी को अपनी गिरफ्त में लिया।
उधर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि पुलिस का काम अपराधों की जांच करना है, न कि बालिग जोड़ों की शादियों की जांच करना और उनका पीछा करना। कोर्ट ने कहा कि जब कोई व्यक्ति बालिग हो जाता है तो किसी को भी यह बताने का अधिकार नहीं है कि वह किसके साथ रहेगा, किससे शादी करेगा या अपना जीवन कैसे बिताएगा। इस टिप्पणी के साथ ही कोर्ट ने अपहरण के आरोप में दर्ज प्राथमिकी को रद्द कर दिया। यह आदेश न्यायमूर्ति जेजे मुनीर और न्यायमूर्ति तरुण सक्सेना की खंडपीठ ने दिया है। सहारनपुर के थाना सदर बाजार में एक पिता ने याची के खिलाफ उनकी बालिग बेटी का अपहरण करने और विवाह के लिए मजबूर करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोपी ने प्राथमिकी को हाईकोर्ट में चुनौती दी। कोर्ट ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और अपर मुख्य सचिव (गृह) को इस संबंध में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने एफआईआर को पूरी तरह से रद्द कर दिया है। परमादेश जारी करते हुए सभी प्रतिवादियों को निर्देश दिया है कि वे इस विवाहित जोड़े के घर में प्रवेश न करें और न ही उनके जीवन में बाधा उत्पन्न करें।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा का रिजल्ट आज 25 अप्रैल को जारी किया जाएगा। हाई स्कूल और इंटर परिणाम की घोषणा रामनगर स्थित बोर्ड मुख्यालय से प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए होगी। रिजल्ट जारी होते ही छात्रों के लिए डायरेक्ट लिंक (Direct Link) एक्टिव कर दिया जाएगा, जिससे वे आसानी से अपना परिणाम देख सकेंगे। छात्र आधिकारिक वेबसाइट ubse.uk.gov.in और uaresults.nic.in पर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
इधर उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर बदलेगा। नौ जिलों में शनिवार को इसका असर देखने को मिलेगा। कई जिलों में बारिश के साथ अंधड़ की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और 4400 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा और नैनीताल जिले में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
उधर हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र के कांगड़ी गांव में बोरिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां एक बोरवेल के गड्ढे में गिरने से 50 वर्षीय मनोहर सिंह दस घंटे तक गड्ढे में ही दबा रहा। ऐसे में मनोहर के रेस्क्यू के लिए एनडीआरएफ से लेकर पूरा प्रशासनिक अमला जुटा रहा है। इतना ही नहीं जेसीबी भी निकालने में फेल साबित हुई। ऐसे में पोकलैंड मशीन बुलानी पड़ी। आखिरकार उन्हें बाहर निकाल लिया गया। जिसके बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत करार दिया गया। बता दें कि मनोहर सिंह हैंडपंप लगाने का काम करता था और उसने गली नंबर 6 में हैंडपंप का बोरिंग करने का ठेका लिया हुआ है। 24 अप्रैल को निर्माणाधीन मकान में करीब 27 फुट तक बोरिंग का काम करने के बाद मनोहर गड्ढे में नीचे उतरा था और नोजल थोक रहा था, तभी अचानक से मिट्टी की ढांग गिर गई।