Aug 23, 2026 Login

Good Morning India: मिडिल ईस्ट में युद्ध का खतरा बढ़ा, कई देशों ने जारी की एडवाइजरी! आज आसमान में दिखेगा अद्भुत नजारा, एक कतार में नजर आएंगे सौरमंडल के छह ग्रह! जेफरी एप्स्टीन के साथ संबंधों पर अमेरिका में मचा घमासान! भोपाल में धर्मांतरण और देह व्यापार का सनसनीखेज खुलासा

Good Morning India: The threat of war in the Middle East has increased, with several countries issuing advisories. Today, a remarkable sight will be seen in the sky, with six planets of the solar sys

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, पंजाब के बरनाला में कांग्रेस की रैली आज, राहुल गांधी भी होंगे शामिल। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज गुजरात के सानंद में माइक्रोन टेक्नोलॉजी के ATMP संयंत्र का करेंगे उद्घाटन।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो अमेरिका इस मामले में दखल देने के लिए तैयार है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि उनके पाकिस्तान के साथ बहुत अच्छे संबंध हैं। ट्रंप ने कहा, 'मैं हस्तक्षेप करूंगा, लेकिन मेरे पाकिस्तान के साथ बहुत अच्छे रिश्ते हैं। वहां के प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख दोनों ही शानदार नेता हैं। मैं उन दोनों का बहुत सम्मान करता हूं। पाकिस्तान इस समय बहुत अच्छा कर रहा है।' अमेरिकी राष्ट्रपति के इस बयान को क्षेत्रीय राजनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

उधर अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने बृहस्पतिवार को न्यूयॉर्क के पास चैपाक्वा में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के सदस्यों के सामने गवाही दी। यह गवाही बंद कमरे में हुई और जेफरी एप्स्टीन नाम के दोषी यौन अपराधी से जुड़ी संसदीय जांच का हिस्सा थी। हिलेरी क्लिंटन ने साफ कहा कि उन्हें एप्स्टीन की कोई आपराधिक गतिविधियों की जानकारी नहीं थी। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी एप्स्टीन से कभी व्यक्तिगत मुलाकात नहीं हुई। हिलेरी क्लिंटन ने कहा, "मुझे उनकी आपराधिक गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी नहीं है और मैं एप्स्टीन से कभी मिली नहीं।" हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि उनके पति (पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन) ने एप्स्टीन के साथ कुछ यात्राओं के लिए उनके निजी विमान में सफर किया था। साथ ही, हिलेरी ने एप्स्टीन की साथी घिस्लेन मैक्सवेल से क्लिंटन फाउंडेशन के कुछ कार्यक्रमों में मुलाकात होने की बात कही, लेकिन एप्स्टीन से कोई संपर्क को लेकर उन्होंने कहा 'याद नहीं।'

इधर शनिवार को आसमान में एक अदभुत खगोलीय घटना का नजारा दिखाई देगा। इसमें सूर्यास्त के बाद सौरमंडल के छह ग्रह एक ही कतार में नजर आएंगे। यदि आसमान साफ रहा, तो भारत सहित दुनिया भर के लोग इस खगोलीय घटना के गवाह बन सकेंगे। खगोल विज्ञान की भाषा में प्लेनेटरी परेड तब होती है जब कई ग्रह सूर्य के एक ही ओर एक कतार में दिखाई देते हैं। हालांकि, अंतरिक्ष में ये ग्रह वास्तव में एक सीधी रेखा में नहीं होते, लेकिन पृथ्वी से देखने पर वे ग्रहण वृत्त के साथ एक-दूसरे के बेहद करीब और संरेखित लगते हैं। इस बार इस परेड में बुध, शुक्र, बृहस्पति, शनि, यूरेनस और नेपच्यून शामिल हो रहे हैं। यह अदभुत दृश्य 28 फरवरी को सूर्यास्त के लगभग 30 मिनट बाद होगा। विशेषज्ञों के अनुसार, दर्शकों को पश्चिमी दिशा की ओर देखना चाहिए। भारत के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले लोग अपने घरों की छतों या किसी खुले मैदान से इसे देख सकते हैं। दिलचस्प बात ये है कि इन ग्रहों में बुध, शुक्र, बृहस्पति और शनि इतने चमकदार होंगे कि इन्हें बिना किसी उपकरण के नग्न आंखों के देखा जा सकेगा।

उधर ईरानी परमाणु कार्यक्रम मसले पर अमेरिका और ईरान की जिनेवा में वार्ता पूरी हो गई है लेकिन कोई समझौता नहीं हुआ है। मध्यस्थता कर रहे ओमान ने वार्ता को सकारात्मक बताया है। लेकिन अमेरिका और ईरान के बीच गतिरोध खत्म होने के कोई संकेत नहीं हैं जिससे ईरान पर अमेरिकी हमले का खतरा खत्म होने के आसार जताए जा सकें। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वार्ता में ईरान के रुख से वह खुश नहीं हैं लेकिन सकारात्मक परिणाम के लिए भविष्य में होने वाली वार्ता का इंतजार करेंगे।

इधर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच कई देशों ने अपने नागरिकों और दूतावास कर्मचारियों के परिवारों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समझौता नहीं हो पाया है। ऐसे में संभावित सैन्य टकराव की आशंका को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। यूनाइटेड किंगडम ने सुरक्षा खतरे को देखते हुए ईरान से अपने दूतावास कर्मचारियों को अस्थायी रूप से वापस बुला लिया है। ब्रिटेन के विदेश कार्यालय ने कहा है कि तेहरान में दूतावास सीमित तरीके से काम कर रहा है और आम नागरिकों को सीधे मदद देना फिलहाल संभव नहीं है। इधर चीन ने इजरायल में रह रहे अपने नागरिकों से सुरक्षा इंतजाम कड़े करने और आपात स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा है। साथ ही चीन ने अपने नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचने और वहां मौजूद लोगों को जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है। जर्मनी के दूतावास ने चेतावनी दी है कि ईरान की सुरक्षा स्थिति बेहद अस्थिर है और कभी भी सैन्य झड़प हो सकती है। साथ ही हवाई क्षेत्र बंद होने या उड़ानों पर रोक लगने की भी आशंका जताई गई है। भारत के तेहरान स्थित दूतावास ने भारतीय नागरिकों को उपलब्ध किसी भी साधन से ईरान छोड़ने की सलाह दी है। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने अपने नागरिकों से तुरंत ईरान छोड़ने और वहां की यात्रा से पूरी तरह बचने को कहा है। उन्होंने कहा कि संघर्ष की संभावना बहुत वास्तविक है और बाद में निकासी संभव नहीं हो सकती।

उधर भोपाल में हिंदू युवती-महिलाओं से दुष्कर्म, मतांतरण और देह व्यापार से जुड़े मामले में शुक्रवार को दोनों पीड़िताएं पहली बार मीडिया के सामने आईं। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में महिलाओं ने अमरीन और आफरीन पर बेहद संगीन आरोप लगाए। उनका कहना है कि दोनों बहनें मानसिक रूप से प्रभावित कर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाती थीं। पीड़िताओं ने आरोप लगाया कि उनसे हिंदू धर्म के बारे में अनर्गल बातें कही जाती थीं। 30 वर्षीय विधवा पीड़िता का कहना है कि अमरीन अकसर उसे तंज कसते हुए कहती थी कि तूने भगवान की पूजा की तो क्या मिला, तेरा पति भी मर गया, अल्लाह की इबादत से ही तुझे जन्नत नसीब होगी। महिलाओं का दावा है कि इसी तरह की बातों और भावनात्मक दबाव के जरिए उन्हें अपने प्रभाव में लिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके जैसी कम से कम चार अन्य महिलाएं और हैं, लेकिन सामाजिक दबाव और बदनामी के डर से वे सामने नहीं आ पा रही हैं। पीड़िताओं ने आरोप लगाया कि पहले दोस्ती और सहानुभूति के जरिए भरोसा जीता गया, फिर निजी समस्याओं का समाधान बताकर धार्मिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया। विरोध करने पर कथित रूप से धमकियां भी दी गईं। इतना ही नहीं पीड़िता ने यह भी बताया कि उन्हें कई बार धोखे से गोमांस खिलाया गया और बाद में उन्हें बताया।

इधर दिल्ली के वजीराबाद इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक महिला दोस्त ने मिलने आए युवक का सोते समय निजी अंग काट दिया। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित के शोर मचाने पर आरोपी महिला मौके से भाग गई। युवक खुद ही पास के हिंदू राव अस्पताल पहुंचा। बाद में उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसका इलाज जारी है। उत्तर जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने इस घटना की पुष्टि की है। पुलिस को 25 फरवरी को जानकारी मिली थी। पुलिस अस्पताल पहुंची तो 22 साल के विसरजीत का इलाज चल रहा था। विसरजीत उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के गांव मोहम्मदपुर जदीद का निवासी है। उसने पुलिस को बताया कि 24 फरवरी को वह अमीना खातून से मिलने आया था। अमीना खातून संगम विहार इलाके में रहती है। 

उधर रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि ओडिशा के चांदीपुर तट से तीन 'वेरी शॉर्ट-रेंज एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम' का सफल उड़ान परीक्षण किया गया है। बता दें कि, ये परीक्षण ओडिशा के तट पर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज, चांदीपुर से किए गए हैं। वीएसएचओआरएडीएस एक ऐसी मिसाइल है जिसे सैनिक अपने कंधे पर रखकर दाग सकते हैं। इसे खासतौर पर दुश्मन के हेलीकॉप्टर, ड्रोन और कम ऊंचाई पर उड़ रहे फाइटर जेट जैसे हवाई खतरों को नष्ट करने के लिए बनाया गया है। इसे पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से तैयार किया गया है। इसका विकास रिसर्च सेंटर इमारत ने अन्य डीआरडीओ लैब और भारतीय उद्योगों के साथ मिलकर किया है।

इधर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजस्थान के जैसलमेर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर (एलसीए) 'प्रचंड' में उड़ान भरी। इस दौरान भारतीय सेना की सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति ने 'आलिव ग्रीन' रंग की वर्दी और हेलमेट पहन प्रचंड में बतौर सह-पायलट उड़ान भरी। इस दौरान उन्होंने अपना अनुभव साझा किया। शुक्रवार को जैसलमेर में स्वदेशी हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर ‘प्रचंड’ में उड़ान भरने के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा, 'प्रचंड हेलिकॉप्टर आत्मनिर्भरता का एक प्रबल प्रतीक है। इस समय मैं प्रसिद्ध जैसलमेर किले के ऊपर उड़ान भर रही हूं। मुझे देश के वीर वायु सैनिकों पर अत्यंत गर्व है। आप लोगों को मेरा प्यार भरा नमस्कार... जय हिंद, जय भारत।' इस ‘प्रचंड’ हेलिकॉप्टर ने जैसलमेर वायुसेना स्टेशन से उड़ान भरी। उड़ान से पहले कैप्टन ने राष्ट्रपति को जानकारी दी।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश के कर्मचारियों व पेंशनरों के कैशलेस इलाज के लिए संचालित राज्य सरकार स्वास्थ्य योजना (गोल्डन कार्ड) में अस्पतालों को चिकित्सा दावों में अनिवार्य रूप से मरीज से डिस्चार्ज होने पर फीडबैक लेना होगा। इस संबंध में राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण ने सभी सूचीबद्ध अस्पतालों को दिशानिर्देश जारी किए हैं। राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के अध्यक्ष अरविंद सिंह ह्यांकी ने बताया कि प्राधिकरण ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना व अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के तहत उपचारित होने वाले मरीजों से डिस्चार्ज के समय फीडबैक फार्म भराया जाता है, जिसमें मरीज से उपचार अवधि की सारी जानकारियां व फीडबैक ली जाती है। यह फार्म संबंधित अस्पतालों को बिल के साथ अनिवार्य रूप से जमा करना होता है। राज्य सरकार स्वास्थ्य योजना (गोल्डन कार्ड) के मामलों में भी फीडबैक फार्म की व्यवस्था अनिवार्य कर दी गई है।

इधर राजधानी देहरादून में सांख्यिकी विभाग के अधिकारी संजय कुमार को सीबीआई ने पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शिकायत मिलने के बाद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) मामला दर्ज कर गुप्त रूप से जांच कर रही थी। शिकायतकर्ता एक टैक्स एडवोकेट ने सीबीआई को भेजी शिकायत में बताया था कि वह अपने क्लाइंट की कंपनी के टैक्स से जुड़े काम देखते हैं। शिकायत के अनुसार, उनके क्लाइंट की कंपनी बीएस इंडस्ट्रीज को एनुअल सर्वे ऑफ इंडस्ट्रीज (एएसआई) की वार्षिक रिटर्न दाखिल करना थी। यह काम सांख्यिकी विभाग के माध्यम से किया जाता है। आरोप है कि देहरादून स्थित नेशनल स्टेटिस्टिकल ऑफिस के सीनियर ऑफिसर संजय कुमार ने रिटर्न तैयार करने और जमा कराने के बदले पांच हजार रुपये रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता के मुताबिक अधिकारी ने उन्हें व्हाट्सएप पर एक मोबाइल नंबर भेजकर उस नंबर पर यूपीआई से पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा था।

उधर उत्तराखंड में देहरादून दिल्ली एक्सप्रेसवे पर एक धर्म विशेष को लेकर लिखे गए आपत्तिजनक संदेशों का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह इलाका उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इस पूरे मामले की जिम्मेदारी हिन्दू रक्षा दल ने ली है। वहीं बिहारीगढ़ थाना पुलिस ने वीडियो के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। वायरल वीडियो में कुछ महिलाएं मोहंड क्षेत्र के पास बने एलिवेटेड रोड की साइड दीवार पर पेंट से संदेश लिखती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क किनारे महिलाएं धर्म विशेष के खिलाफ कुछ विवादित शब्द हिंदी और अंग्रेजी में लिख रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। मामला तेजी से चर्चा में आ गया। कई लोगों ने इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश बताया।