Good Morning India: बांग्लादेश में BNP को दो-तिहाई बहुमत, अब तारिक रहमान के हाथ में होगी सत्ता की कमान! T20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने रचा नया इतिहास! उत्तराखण्ड में 11 आईएएस, पीसीएस अफसरों के तबादले! देहरादून हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा

Good Morning India: The BNP has a two-thirds majority in Bangladesh, with Tariq Rahman now in power! Team India creates history in the T20 World Cup! 11 IAS and PCS officers transferred in Uttarakhan

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, बजट सत्र का पहला चरण आज समाप्त होगा। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज PM ऑफिस सेवा तीर्थ का उद्धाटन करेंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, बांग्लादेश में हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने बंपर जीत दर्ज की है। संसदीय चुनाव में BNP सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। इत्तेफाक अखबार के अब तक के अनऑफिशियल नतीजों के मुताबिक, BNP ने 212 सीटें, जमात ने 41 और अन्य ने 5 सीटें जीती हैं। BNP ने पहले ऐलान किया था कि अगर वह चुनाव जीतती है, तो उसके चेयरमैन और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री होंगे। अब उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के प्रवक्ता महदी अमीन ने पहले कहा था कि उनकी पार्टी को चुनाव में जीत की पूरी उम्मीद है। उन्होंने कहा था कि BNP चुनाव जीतेगी और सरकार बनाएगी। जमात-ए-इस्लामी चीफ शफीकुर रहमान ने कहा था कि अगर उनकी पार्टी चुनाव नहीं जीतती है तो भी वह विपक्ष की रुकावट डालने वाली पॉलिटिक्स में शामिल नहीं होगी। रहमान ने कहा कि हम पॉजिटिव पॉलिटिक्स करेंगे।

इधर विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि लाल किले के पास 2025 में हुए विस्फोट में जैश-ए-मोहम्मद की भूमिका उजागर करने वाली संयुक्त राष्ट्र की हालिया रिपोर्ट में सीमा पार आतंकवाद को लेकर भारत की चिंताओं को ध्यान में रखा गया है। साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने संयुक्त राष्ट्र की उस रिपोर्ट का संज्ञान लिया है, जिसमें लाल किला विस्फोट मामले में जैश-ए-मोहम्मद की भूमिका को उजागर किया गया है। इस रिपोर्ट में आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने के संबंध में भारत के सुझावों पर भी ध्यान दिया गया है। 

उधर दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के 18वें मैच में टीम इंडिया ने नामीबिया को 93 रनों से हरा दिया। यह इस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की लगातार दूसरी जीत थी। इस मैच में टीम इंडिया ने एक नया इतिहास रच दिया है। टी20 वर्ल्ड कप के एक मुकाबले में सबसे तेज टीम शतक लगाने का रिकॉर्ड अब टीम इंडिया के नाम हो गया है। भारत ने नामीबिया के खिलाफ मैच में सिर्फ 6.5 ओवर में शतक लगाकर टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे तेज टीम शतक (100 रन) जड़ने का नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस मैच में भारतीय टीम ने सिर्फ 41 गेंदों में 100 रनों का आंकड़ा छू लिया। इसके साथ ही भारत ने नीदरलैंड्स का 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले नीदरलैंड्स ने 2014 में आयरलैंड के खिलाफ 42 गेंद यानी कि 7 ओवर में 100 रन बनाए थे। इस मैच में टीम इंडिया ने जो ये ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है इसका श्रेय काफी हद तक विस्फोटक ओपनिंग बल्लेबाज ईशान किशन को जाता है।

इधर यूपी के बरेली से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, यहां एक शख्स ने साल भर के मासूम बेटे से अपनी शक्ल न मिलने और पत्नी पर शक करने की वजह से खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। उसने बेटे की गला घोटकर हत्या कर दी और उसका शव तालाब में फेंक दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश करने पर आरोपी को जेल भेज दिया गया। यूपी के बरेली स्थित भुता थाना प्रभारी रविंद्र कुमार से गुरुवार सुबह शिकायत करने पहुंची रामबेटी ने बताया कि वह दो महीने से अपने मायके पीलीभीत के थाना बीसलपुर के गांव बोनी में रह रही थी। पति सोमपाल शराब पीने का आदी है। वह उन पर शक करते हुए अकसर पिटाई कर देता था। बुधवार को पति सोमपाल उनके मायके पहुंचा। वहां से बड़े बेटे अरुण व एक साल के बेटे वरुण को जबरन साथ में लेकर गांव अठाना चला गया। बुधवार देर रात किसी समय वरुण की गला दबाकर हत्या की और शव तालाब किनारे छुपा दिया।

उधर सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को फटकार लगाने वाले लहजे में कहा कि समय आ गया है कि सभी प्रदेश रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा) के गठन पर पुनर्विचार करें क्योंकि यह संस्था डिफॉल्ट करने वाले बिल्डरों की मदद करने के अलावा कुछ नहीं कर रही। अदालत ने कहा कि रेरा को जिन लोगों के लिए बनाया गया था, वे पूरी तरह से उदास, निराश और हताश हैं। बेहतर होगा कि इस संस्था को समाप्त कर दिया जाए, इस अदालत को इससे कोई दिक्कत नहीं होगी। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जोयमाल्या बागची की पीठ ने ये टिप्पणियां हिमाचल प्रदेश सरकार को रेरा का कार्यालय अपनी पसंद की जगह पर स्थानांतरित करने की अनुमति देते हुए कीं। पीठ ने हिमाचल प्रदेश सरकार और अन्य लोगों की उस याचिका पर नोटिस जारी किया, जिसमें प्रदेश के रेरा कार्यालय को शिमला से धर्मशाला स्थानांतरित करने से जुड़े मामले में हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के आदेश को चुनौती दी गई थी।

इधर फरवरी के दूसरे हफ्ते में देश का मौसम एक साथ कई रूप दिखा रहा है। पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं, जबकि मैदानी इलाकों में दिन का तापमान बढ़ने लगा है। कुछ तटीय इलाकों में समुद्र के ऊपर तेज और तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। अलग-अलग मौसमी प्रणालियों के सक्रिय होने से देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इस समय देश के ऊपर कई मौसमी सिस्टम एक साथ सक्रिय हैं। पूर्वोत्तर भारत के ऊपर उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम तेज रफ्तार से बह रही है। यह ऊपरी वायुमंडल में चलने वाली तेज हवा की धारा है, जो मौसम को सीधे प्रभावित करती है। इसकी रफ्तार करीब 125 नॉट बताई गई है और यह लगभग 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके कारण पूर्वोत्तर राज्यों के मौसम में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, देहरादून में बुधवार को तिब्बती मार्केट के सामने कारोबारी और टेनिस प्लेयर अर्जुन की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। एसएसपी अजय सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि बलिदानी कोटे से परिवार को मिली गैस एजेंसी के लोन चुनाने को लेकर विवाद चल रहा था। जिसके बाद मृतक की मां बीना शर्मा ने ही बेटे अर्जुन की हत्या करवाई थी।  उन्होंने बताया कि मां ने शूटरों को 12 लाख रुपये में सुपारी दी थी। जिसमें से तीन लाख रुपये दे दीए थे। बाकी रकम काम होने के बाद देनी थी। एसएसपी ने बताया कि मां बीना ने 25 दिन पहले ही बेटे की हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी थी। मां बीना शर्मा शातिर अपराधियों की तरह बेटे की हर गतिविधि पर नजर रख रही थी। उसने गैस एजेंसी के मैनेजर से अर्जुन की मूवमेंट की जानकारी भी ली थी।

इधर हरिद्वार जमीन घोटाले में विजिलेंस ने तत्कालीन एसडीएम समेत तीन अफसरों की संलिप्तता बताते हुए शासन को इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश कर दी है। अब शासन स्तर पर विजिलेंस की जांच रिपोर्ट का अध्ययन किया जा रहा है। नगर निगम हरिद्वार की ओर से वर्ष 2024 में ग्राम सराय में कूड़े के ढेर के पास अनुपयुक्त 2.3070 हेक्टेयर भूमि को 54 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। घोटाला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दो आईएएस, एक पीसीएस समेत 12 आरोपियों को निलंबित कर दिया था। मामले की विजिलेंस जांच बैठा दी गई थी। जांच का पत्र तीन जून 2025 को शासन ने निदेशक विजिलेंस को भेजा था।

उधर उत्तराखण्ड सरकार ने गुरुवार देर रात 11 आईएएस, पीसीएस अफसरों के तबादले कर दिए। आदेश के तहत इस तबादला सूची में 6 आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारी में बदलाव हुआ है। इसी तरह चार पीसीएस अधिकारियों के नाम भी इस तबादला सूची में शामिल किए गए हैं। सूची में सबसे खास नाम प्रतीक जैन का रहा है, जो कि रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी हाल ही में बनाए गए थे, लेकिन कुछ ही समय में उन्हें इस पद से हटाया गया है। खास बात ये है कि पिछले दिनों जिलाधिकारी के रूप में वो एक धार्मिक विवाद को लेकर काफी चर्चा में रहे।