Good Morning India: टी-20 वर्ल्ड कप, एक हार से बदला सुपर-8 का पूरा समीकरण, आगे क्या होगा? जेएनयू में आधी रात को बवाल! नेपाल में भीषण हादसा, 18 लोगों की मौत की खबर! विवादों में भाजपा नेता, पहले कंबल दिया फिर नाम पूछा और छीन लिया

Good Morning India: T20 World Cup: One defeat changes the entire Super Eight equation. What will happen next? JNU riots at midnight! Horrific accident in Nepal, 18 people reported dead! BJP leader em

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। भारत-US के बीच आज 23 फरवरी से 15 मार्च तक चलेगा वज्र प्रहार। वहीं आज मेटा प्लेटफॉर्म्स और व्हाट्सएप मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, साउथ अफ्रीका ने टी20 विश्व कप में सुपर 8 की पहली बाजी मार ली है। टीम इंडिया को उसने बड़ी हार दी है। इससे भारत का नेट रन रेट भी काफी गिर गया है। इस बीच पहले ही मैच में मिली हार के बाद अब सवाल उठने शुरू हो गए हैं कि क्या टीम इंडिया अब बाहर हो जाएगी या​ फिर सेमीफाइनल में जाने की कोई संभावना है। भारतीय टीम को सुपर 8 में कुल मिलाकर तीन मैच खेलने हैं। इसका पहला मुकाबला हो चुका है। अब दो मैच और बचे हुए हैं। अब भारतीय टीम जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से भिड़ेगी। भारत के लिए अपने अगले दोनों मैच जीतना अब बहुत जरूरी हो गया है। यहां से एक हार मतलब खेल खत्म हो जाएगा। भारतीय टीम अगले मुकाबले में 26 फरवरी को जिम्बाब्वे से भिड़ेगी और इसके बाद वेस्टइंडीज से 1 मार्च को मुकाबला होना है। सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए भारत को ये दोनों मैच जीतने ही होंगे। भारतीय टीम पहला मैच सा​उथ अफ्रीका से हार चुकी है, लेकिन अब भारत को उसी की जीत की दुआ करनी होगी। साउथ अफ्रीका के अगले मुकाबले वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलने हैं, अगर साउथ अफ्रीका उन्हें जीत लेती है तो भारत के लिए आगे की राह आसान हो सकती है। इससे होगा ये कि साउथ अफ्रीका टेबल में टॉप पर रहेगी और बाकी तीन टीमों के बीच दूसरे स्थान के लिए लड़ाई होगी। जिसमें टीम इंडिया के पास बाजी मारने का मौका रहेगा। 

उधर नेपाल के धादिंग जिले में सोमवार तड़के एक भीषण हादसा हुआ। पोखरा से काठमांडू जा रही एक यात्री बस त्रिशूली नदी में जा गिरी। इस हादसे में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना भारतीय समयनुसार रात करीब एक बजे चिनाधारा क्षेत्र के पास हुई। बस में करीब 40 से 45 से अधिक यात्री सवार थे। इनमें कुछ विदेशी पर्यटक भी सवार थे। बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या 18 है। इनमें छह महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं। हादसे में 25 से 27 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में आठ महिलाएं, 18 पुरुष और एक नाबालिग लड़की शामिल है। 

इधर जेएनयू में रविवार देर रात छात्र संगठनों में मारपीट की सूचना मिली है। आरोप है कि हथियार, लोहे की रॉड और लाठी लेकर वामपंथी विचारधारा के छात्रों में एबीवीपी के छात्रों पर हमला कर दिया है। यह भी बताया जा रहा है कि इस संघर्ष में कई घायल हुए हैं। @ABVPVoice ने सोशल मीडिया पर इसको लेकर जानकारी साझा करते हुए लिखा, "JNU में बेरहमी से हिंसा! लेफ्ट से जुड़े ग्रुप्स के चौंकाने वाले हमले में स्टूडेंट्स बुरी तरह घायल हो गए हैं, उनकी बस इतनी "गलती" थी कि वे लाइब्रेरी में शांति से पढ़ रहे थे। यह पॉलिटिक्स नहीं है। यह उन स्टूडेंट्स के खिलाफ कायरतापूर्ण, टारगेटेड हिंसा है जो यहां पढ़ने आए थे, हमला करवाने नहीं। आइडियोलॉजिकल गुंडों को कब तककैंपस में आतंक मचाने दिया जाएगा? हम तुरंत गिरफ्तारी और सख्त एक्शन की मांग करते हैं। दिल्ली पुलिस अभी एक्शन लो। स्टूडेंट्स की सेफ्टी का इंतजार नहीं किया जा सकता।

उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस बात से हैरान हैं कि मध्य एशिया में भारी सैन्य जमावड़े और राजनीतिक दबाव के बावजूद ईरान अब तक समर्पण की मुद्रा में नहीं आया है, न तो वह अपने परमाणु कार्यक्रम को ही रोकने को तैयार है। ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकाफ ने कहा कि राष्ट्रपति निराश नहीं हैं, क्योंकि उनके पास तमाम विकल्प मौजूद हैं। वहीं, पूर्व सीआईए अधिकारी जान किरियाकोऊ ने दावा किया है कि ईरान पर सोमवार या मंगलवार से हमला शुरू हो सकता है। फाक्स न्यूज के एक कार्यक्रम में विटकाफ ने कहा कि राष्ट्रपति हताश नहीं हैं, लेकिन यह समझना चाहते हैं कि भारी नौसैनिक और सैन्य दबाव के बावजूद तेहरान वार्ता की दिशा में ठोस पहल क्यों नहीं कर रहा। उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका के पास कई विकल्प खुले हैं।

इधर बिहार की राजधानी पटना में 2 सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। ये वारदात पटना के गोपालपुर थाना इलाके के शाहपुर में एक रिसेप्शन पार्टी के दौरान हुई। दौलत राय के बेटे के रिसेप्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान अचानक अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी जिससे अफरातफरी मच गई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों भाइयों ने दम तोड़ दिया। चश्मदीदों के मुताबिक 32 साल के मनीष कुमार और 23 साल के उसके भाई मंजीत कुमार का किसी बात को लेकर विवाद हुआ था जिसके बाद आरोपियों ने हथियार निकालकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। घटना के बाद समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

उधर राजस्थान के टोंक-सवाई माधोपुर से दो बार सांसद रह चुके सुखबीर सिंह जौनापुरिया एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गए हैं। जौनापुरिया निवाई क्षेत्र के दौरे पर थे, जहां करेड़ा गांव में कंबल बांट रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों के साथ मुस्लिम महिला भी भीड़ में मौजूद थी। उसे पहले कंबल दे दिया गया और फिर नाम पूछा। जब उसने अपना नाम बताया तो पूर्व सांसद ने यह कहकर कंबल वापस ले लिया कि जो मोदी को गाली देने वाला है, उसे यहां रहने का हक ही नहीं है ,उसे चाहे भला लगे या बुरा लगे। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने विरोध जताया, तो पूर्व सांसद की गाड़ी में बैठते समय स्थानीय लोगों से तीखी नोकझोंक भी हुई। इसके बाद राजस्थान यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विक्रम चौधरी तुरंत पीड़ित परिवार के पास पहुंचे। उन्होंने न केवल परिवार को कंबल भेंट किए, बल्कि जौनापुरिया पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, "अपनी ओछी मानसिकता द्वारा जिस तरीके से एक धर्म विशेष को लेकर जो अपमान किया है यह किसी व्यक्ति विशेष या धर्म विशेष का नहीं है, बल्कि पूरे टोंक जिले के हर उस व्यक्ति का अपमान है, जो स्वाभिमान रखता है।

इधर पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी पार्टी टीएमसी के नेता और पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय का निधन हो गया है। मुकुल रॉय बीमार थे और उनका कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। मुकुल रॉय के बेटे सुभ्रांशु रॉय ने अपने पिता के निधन की पुष्टि की है और बताया कि बीती रात 1.30 बजे उन्हें अस्पताल में ही दिल का दौरा पड़ा और उन्हें बचाया नहीं जा सका। 

उधर हाल ही में पकड़े गए कथित आतंकियों ने पुलिस की जांच में कई चौकाने वाले खुलासे किए हैं। आतंकियों ने खुलासा किया है कि इन लोगों ने दिल्ली, मुंबई, अयोध्या समेत देश के कई भीड़ और धार्मिक स्थानों की रेकी कर ली थी। इससे संबंधित वीडियो भी आरोपियों के मोबाइल से बरामद हुए हैं। फिलहाल यह लोग हथियारों के इंतजाम में लगे हुए थे। बांग्लादेश में बैठा शब्बीर अहमद लोन उर्फ राजा व विदेश में बैठा सैद-उल-इस्लाम इनकी मदद कर रहे थे। स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पीएस कुशवाहा ने बताया कि सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर इनकी रिमांड मांगी जा रही है। पुलिस कस्टडी में लेकर इनसे बाकी राज खुलवाने का प्रयास किया जाएगा। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस खुलासे के करीब है। हत्याकांड को अंजाम देने वाले शूटरों के दो मददगारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से एक के बेटे ने हरिद्वार में गाड़ी बुक करने के लिए यूपीआई से पेमेंट किया था जबकि दूसरे ने शूटरों को वाहन, टिकट आदि मदद उपलब्ध करवाई थी। इस मामले में विक्रम के भाई और उसकी पत्नी से भी पूछताछ हो चुकी है। पुलिस ने कई कडि़यां आपस में जोड़ ली हैं। हत्याकांड का जल्द ही खुलासा हो सकता है। बता दें कि 13 फरवरी को सिल्वर सिटी मॉल में झारखंड के कुख्यात गैंगेस्टर विक्रम शर्मा को दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी। इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए तीन बदमाश बाइक पर आए थे। इनमें से दो घात लगाकर सीढ़ियों के पास खड़े हो गए और उनका एक साथी मॉल से कुछ दूर बाइक लिए इंतजार कर रहा था। विक्रम जब जिम से बाहर निकला और सीढि़यां उतर रहा था तभी पहले से घात लगाए दो बदमाशों ने बेहद करीबी से सिर पर कई गोलियां मार दी थी।

इधर प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार जताए हैं। जबकि प्रदेश के तीन हजार से अधिक ऊंचाई इलाकों में बर्फबारी की अधिक संभावना है। हालांकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। रविवार को भी मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट देखने को मिली। दून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री बढ़ोतरी के साथ 25.9 डिग्री रहा। जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री इजाफे के साथ 12.8 डिग्री रहा। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों का भी रहा। आने वाले दिनों की बात करें तो 24 फरवरी को भी प्रदेश में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा रहेगा। जबकि 25 से 28 फरवरी तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा।

उधर ननूरखेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। वायरल वीडियो के आधार पर पहचान कर चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा हिस्ट्रीशीटर कल्ली पर भी पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। घटना में कल्ली की भूमिका की भी अलग से जांच की जा रही है। निदेशालय में शनिवार को विधायक उमेश शर्मा काऊ अपने कुछ समर्थकों के साथ एक स्कूल का नाम बदलवाने के मालमे में शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान विवाद हो गया। विधायक की मौजूदगी में कुछ लोगों ने नौडियाल के साथ मारपीट की। इस घटना ने तूल पकड़ लिया। घटना के विरोध में शिक्षा निदेशालय के कर्मचारियों और विभिन्न शिक्षक संगठनों ने आक्रोश जताया। इसके बाद पहले निदेशालय परिसर फिर रायपुर थाने में प्रदर्शन किया। रायपुर थाने में विधायक उमेश शर्मा काऊ और उनके समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

इधर पिथौरागढ़ के घाट क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। जहां बारात से लौट रही एक कार गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के मुताबिक, टनकपुर-तवाघाट हाईवे पर घाट के पास एक कार संख्या UK 06 AZ 8788 अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार योगेश कुमार और उनकी पत्नी निधि आर्या की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बारात से लौट रहे थे, तभी उनके साथ हादसा हो गया।