Good Morning India: वॉट्सऐप की पॉलिसी पर सुप्रीम कोर्ट की कड़ी फटकार, कहा-नियम-कानून नहीं मान सकते तो छोड़ दें देश! कई राज्यों में कोल्ड डे का अलर्ट, राहुल गांधी ने स्पीकर ओम बिरला को लिखी चिट्ठी, कहा-सरकार के इशारे पर मुझे बोलने से रोका! अंकिता भंडारी केस, सीबीआई ने स्थानीय पुलिस से लिए दस्तावेज
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में आज शाम 5 बजे राष्ट्रपति के अभिभाषण का जवाब देंगे। वहीं सुप्रीम कोर्ट ममता बनर्जी की SIR के खिलाफ दायर याचिका पर आज सुनवाई करेगा। इधर टी20 वर्ल्ड कप वार्म-अप मैच में भारत की आज मुंबई में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ंत होगी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, लीबिया के पूर्व तानाशाह रहे कर्नल मुअम्मर गद्दाफी का सबसे प्रमुख बेटा सैफ अल-इस्लाम गद्दाफी एक हमले में ढेर कर दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार 3 फरवरी को पश्चिमी लीबिया के शहर जिंतान में उसके आवास ही अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। जिंतान शहर राजधानी त्रिपोली से लगभग 136 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। सैफ अल-इस्लाम गद्दाफी लीबिया के पूर्व तानाशाह कर्नल मुअम्मर गद्दाफी का प्रमुख बेटा था। 53 वर्षीय सैफ-अल-इस्लाम कर्नल गद्दाफी की हत्या के बाद से ही लीबिया के संभावित उत्तराधिकारियों में गिना जाता था। सैफ अल-इस्लाम गद्दाफी को उनके पिता मुअम्मर गद्दाफी के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखा जाता था। 1969 से 2011 तक लीबिया पर शासन करने वाले कर्नल गद्दाफी के सात बेटों में सैफ सबसे प्रभावशाली और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाना-पहचाना नाम था।
इधर सुप्रीम कोर्ट ने डेटा शेयरिंग के नाम पर लोगों की निजता से खिलवाड़ किये जाने को लेकर मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म वाट्सअप और मेटा को कड़ी फटकार लगाई। कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए कहा कि डेटा शेयरिंग के नाम पर इस देश के नागरिकों के निजता के अधिकार के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकते। कोर्ट डेटा का एक भी शब्द शेयर करने की इजाजत नहीं देगा। शीर्ष अदालत ने वाट्सअप की डेटा शेयरिंग की शर्तों पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्राइवेसी की शर्तें इतनी चालाकी से बनाई गई हैं कि आम आदमी उन्हें समझ ही नहीं सकता। कोर्ट ने कहा लोगों की निजी जानकारी चुराने का ये अच्छा तरीका है। कोर्ट ऐसा करने की इजाजत नहीं देगा। सर्वोच्च न्यायालय ने मेटा के डेटा शेयरिंग तरीके पर चिंता जताते हुए कहा कि अगर आप नियमों का पालन नहीं कर सकते, तो भारत छोड़ दें।
उधर देश का उत्तरी हिस्सा घने कोहरे की चादर में लिपटा हुआ है, जबकि पश्चिमी और दक्षिणी इलाकों में आसमान साफ है और मौसम गर्म है। तापमान काफी हद तक सामान्य बना हुआ है। देश के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हो रही है और कुछ जगहों पर बीते 24 घंटे के दौरान हल्की बारिश भी हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर भारत में कोहरा और कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, बिहार, गुजरात, सिक्किम, असम, मेघालय, मिजोरम और मणिपुर में न्यूनतम तापमान 5-10°C के बीच दर्ज किया जा रहा है। भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.6°C भटिंडा (पंजाब) में देखा गया।
इधर मुंबई एयरपोर्ट पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एयर इंडिया और इंडिगो के विंग्स आपस में टकरा गए। जिस वक्त यह घटना हुई उस वक्त दोनों विमान में पैसेंजर्स सवार थे। यह घटना एयरपोर्ट के रनवे पर हुई। हालांकि इस घटना में यात्रियों को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ। लेकिन एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुरक्षा में चूक पर सवाल खड़े होने लगे हैं। क्योंकि इससे यात्रियों को नुकसान भी हो सकता था। बता दें कि मुंबई एयरपोर्ट देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है। घटना उस वक्त हुई जब एयर इंडिया की मुंबई से कोयंबटूर के लिए उड़ाने भरने वाली फ्लाइट AI 2732 टैक्सी-वे पर खड़ी थी। इसी दौरान, हैदराबाद से मुंबई लैंड कर चुकी इंडिगो की फ्लाइट 6E 791 टैक्सी वे पर पास से गुजर रही थी। इस दौरान दोनों विमानों के विंग्स आपस में टकरा गए।
उधर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला की मां का एक्सीडेंट हो गया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर खुद इस घटना की जानकारी दी। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि उनकी मां की सर्जरी करानी पड़ेगी, कृपया उनके लिए प्रार्थना करें। वहीं शहजाद पूनावाला के भाई तहसीन पूनावाला ने इस घटना का वीडियो भी एक्स पर शेयर किया है। इसमें देखा जा सकता है कि एक कार पीछे की तरफ आती है और वहां खड़ी शहजाद पूनावाला की मां को टक्कर मार देती है। शहजाद पूनावाला ने पुलिस ने कार्रवाई की मांग की है। शहजाद पूनावाला ने घटना के बारे में एक्स पर एक पोस्ट करते हुए जानकारी दी। उन्होंने अपना पोस्ट में लिखा, "कुछ घंटे पहले एक बेहद घृणित इंसान ने जानबूझकर मेरी मां पर अपनी कार चलाई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और फिर वह भाग गया। माताजी का बहुत जल्द एक सर्जरी कराना पड़ेगा।
इधर कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मंगलवार शाम को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे आम लोगों में अफरा-तफरी मच गई। भूकंप के झटके इतने स्पष्ट थे कि कई इलाकों में लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए। फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूकंप के झटके रात करीब 9:04 बजे महसूस किए गए। कोलकाता के अलावा हावड़ा और हुगली जिलों में भी धरती कांपती हुई महसूस की गई। इतना ही नहीं, उत्तरी बंगाल के कई हिस्सों में भी भूकंप का असर देखा गया। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, इस भूकंप का केंद्र म्यांमार में स्थित था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.0 मापी गई है। बताया जा रहा है कि भूकंप का केंद्र म्यांमार के अक्याब से करीब 70 मील पूर्व में था और इसकी गहराई लगभग 10 किलोमीटर थी। भूकंप का केंद्र अक्षांश 20.42 उत्तर और देशांतर 93.88 पूर्व पर स्थित था, जिसकी गहराई मुख्य रूप से 27 किलोमीटर बताई गई है। कुछ जगहों पर 10 किलोमीटर से 63 किलोमीटर तक रिपोर्ट की गई है। भूकंप का मुख्य क्षेत्र म्यांमार (बर्मा) में है, विशेष रूप से राखाइन राज्य के निकट, जहां सित्तवे (एक्याब) से लगभग 70-100 किलोमीटर पूर्व या उत्तर दिशा में, एन टाउन के आसपास का इलाका प्रभावित रहा।
उधर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बोलने से उन्हें रोकना लोकतंत्र के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है और राष्ट्रीय सुरक्षा पर चर्चा को रोकने का प्रयास है। राहुल गांधी ने अपने पत्र में लिखा 'कल जब मैं राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान बोल रहा था, तो आपने मुझे उस पत्रिका की प्रमाणिकता सत्यापित करने को कहा, जिसका मैं हवाला देना चाहता था। मैंने आज अपने भाषण की शुरुआत में दस्तावेज को प्रमाणित कर दिया। परंपरा के अनुसार, एक सदस्य जो किसी दस्तावेज का हवाला देना चाहता है, उसे उसका प्रमाणिकरण करना होता है। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद स्पीकर सदस्य को दस्तावेज का हवाला देने की अनुमति देते हैं। इसके बाद इसका जवाब सरकार की जिम्मेदारी होती है और अध्यक्ष का कर्तव्य समाप्त हो जाता है।'
इधर अंकिता हत्याकांड मामले में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ (सीबीआई) वीआईपी का पता लगाने में जुट गई है। बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम देहरादून पहुंची और केस से जुड़े सभी दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। जल्द ही सीबीआई की टीम वनन्तरा रिसॉर्ट का निरीक्षण करने के लिए भी पहुंच सकती है। दिल्ली स्थित सीबीआई की क्राइम ब्रांच शाखा संख्या दो में एफआईआर दर्ज होने के बाद, जांच के लिए विशेष टीम देहरादून पहुंची और मामले की गहन विवेचना शुरू कर दी गई है। यह मामला सितंबर 2022 का है, जब पौड़ी जिले की निवासी और वनांतरा रिसॉर्ट में कार्यरत अंकिता की हत्या कर दी गई थी। इस प्रकरण में 30 मई 2024 को जिला न्यायालय ने रिसॉर्ट मालिक पुलकित आर्य सहित तीनों आरोपितों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
उधर ग्रीस के पूर्वी एजियन द्वीप चियोस के पास एक स्पीडबोट और ग्रीक कोस्ट गार्ड की नाव की टक्कर में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। ग्रीक कोस्ट गार्ड ने मंगलवार को बताया कि 24 लोगों को बचाया गया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इसमें दो कोस्ट गार्ड अधिकारी भी घायल हुए हैं। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि स्पीडबोट में कुल कितने लोग थे। हालांकि अभी बचाव अभियान जारी है, जिसमें चार गश्ती जहाज, एक हेलीकॉप्टर और डाइवर्स वाली एक निजी नाव शामिल हैं। स्थानीय मीडिया के वीडियो में देखा गया कि एक व्यक्ति को कंबल में लपेटकर कोस्ट गार्ड की नाव से लेकर एंबुलेंस में डाला जा रहा था, और दो बच्चों को भी वहां ले जाया गया। कोस्ट गार्ड ने यह भी बताया कि अभी टक्कर कैसे हुई और मरने वालों की पहचान कौन है, इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, रुद्रप्रयाग के सिंद्रवाणी क्षेत्र में गुलदार द्वारा एक बच्चे को उठाए जाने की घटना के बाद प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए चार और पांच फरवरी को क्षेत्र के आठ विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। अवकाश घोषित विद्यालयों में राजकीय प्राथमिक विद्यालय चमसील, सारी, सिंद्रवाणी, झालीमठ, छिनका, हिलोरीधार, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय छिनका तथा जनता हाई स्कूल ककोड़ाखाल शामिल हैं। इसके साथ ही इन विद्यालयों के आसपास संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी दो दिन का अवकाश रहेगा। रुद्रप्रयाग जनपद के न्याय पंचायत सारी अंतर्गत सिन्द्रवाणी गांव में मंगलवार को दर्दनाक घटना सामने आई है। पांच साल के बच्चे को गुलदार उसकी मां के हाथ से खींचकर ले गया। इसके बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, बच्चे की तलाश जारी है।
इधर कोटद्वार नगर के पटेल मार्ग स्थित वकील अहमद की कपड़े की दुकान बाबा स्कूल ड्रेस एवं मैचिंग सेंटर के नाम पर उपजे विवाद में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को भी पुलिस ने कोटद्वार के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। यूपी बॉर्डर के साथ ही सनेह चौकी, चिल्लरखाल बैरियर पर पुलिस की चौकसी यथावत रही। पुलिस अब सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर रख रही है। 31 जनवरी को बजरंग दल के हंगामे के बाद दूसरे पक्ष से जुड़े लोगों के कोटद्वार आकर माहौल खराब करने की आशंका से पुलिस फोर्स अलर्ट मोड पर है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में सब कुछ सामान्य है। केवल सोशल मीडिया पर घटना को बढ़ा चढ़ाकर बताया जा जा रहा है। बाहरी प्रांत से यहां पहुंचकर माहौल खराब करने वालों पर निगाह रखी जा रही है।
उधर अंकिता भंडारी केस में अज्ञात वीआईपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बाद सीबीआई ने मंगलवार को देहरादून पुलिस से दस्तावेज लिए हैं। इस मामले में कुछ और दस्तावेज लिए जाने बाकी हैं। सीबीआई जल्द ही वसंत विहार थाने में दर्ज प्राथमिकी के वादी पद्मश्री डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के भी बयान दर्ज कर सकती है। गौरतलब है कि गत नौ जनवरी को पद्मश्री जोशी की शिकायत पर वसंत विहार थाने में भी अज्ञात वीआईपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीबीआई जांच की संस्तुति कर दी थी।
इधर उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस मुख्य परीक्षा 2025 का आयोजन 27 से 30 अप्रैल के बीच किया जाएगा। आयोग ने छह परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग के परीक्षा नियंत्रक जयवर्धन शर्मा की ओर से जारी कैलेंडर के मुताबिक, सचिवालय और लोक सेवा आयोग में भर्ती की अपर निजी सचिव परीक्षा 2024 की मुख्य परीक्षा 14 मार्च को होगी। महिला कल्याण विभाग की अधीक्षिका स्क्रीनिंग परीक्षा 2025 का आयोजन 22 मार्च को किया जाएगा। न्यायिक विभाग की पीसीएस-जे मुख्य परीक्षा 2023 का आयोजन 21 से 24 अप्रैल के बीच, पीसीएस मुख्य परीक्षा 2025 का आयोजन 27 से 30 अप्रैल, माध्यमिक शिक्षा विभाग की राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता भौतिक शास्त्र की परीक्षा नो मई, नागरिक शास्त्र की मुख्य परीक्षा 10 मई को होगी। इसी प्रकार, हिंदी की परीक्षा 30 मई और इतिहास की मुख्य परीक्षा 31 मई को होगी। आयोग ने ये भी स्पष्ट किया है कि ये सभी तिथियां संभावित हैं, जिनमें परिवर्तन संभव है।