Oct 29, 2026 Login
Awaaz24x7-government

Good Morning India: भयानक हादसे से दहला स्पेन, दो हाई-स्पीड ट्रेनों में टक्कर, 64 लोगों की मौत की खबर! एमएलसी चुनाव- RSS के गढ़ नागपुर में कांग्रेस की जीत! कांग्रेस की रैली का समर्थन करेगी CJP! उत्तराखण्ड के नौ जिलों में बारिश का अलर्ट

Good Morning India: Spain shaken by a horrific accident—two high-speed trains collide, with reports of 64 deaths! MLC elections: Congress secures a victory in Nagpur, an RSS stronghold! CJP to extend

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यकर्मो पर नजर डालते हैं, आज जंतर-मंतर हिंसा मामले में अहम सुनवाई होगी। वहीं आज 21वां ईयू-कनाडा शिखर सम्मेलन मॉन्ट्रियल में आयोजित होगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, साइक्लोन 'अर्नब' का असर देश के कई राज्यों में दिखने लगा है। मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार, 29 अक्टूबर को कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ उन इलाकों में शामिल हैं, जहां तेज बारिश होने की संभावना है। ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है, जबकि दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के लिए आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। यह पूर्वानुमान ऐसे समय में आया है जब चक्रवाती तूफान 'अर्नब' बुधवार को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में यह तूफान उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा। अगले छह घंटों में यह कमजोर होकर एक 'चक्रवाती तूफान' में बदल जाएगा, और उसके बाद के छह घंटों में यह 'डीप डिप्रेशन' (गहरे दबाव के क्षेत्र) में तब्दील हो जाएगा। मौसम विभाग ने ओडिशा, झारखंड, मध्य प्रदेश, यूपी, बिहार, पंजाब और हरियाणा के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि दिल्ली, महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होगी और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हवा की स्पीड 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 

इधर स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर के बाद देशभर में आक्रोश फैल गया है। इस हादसे में कम से कम 68 लोगों की मौत हो गई और करीब 100 लोग घायल हो गए हैं। घटना के बाद विरोध प्रदर्शन हुए और परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते के इस्तीफे की मांग उठने लगी है। बुधवार को मैड्रिड से सेविले जा रही रेनफे की हाई-स्पीड ट्रेन एक खड़ी इरियो ट्रेन से जा टकराई। हादसा उरदा के पास हुआ। परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने बताया कि मैड्रिड और सेविले के बीच 63 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर रेल सुरक्षा प्रणाली में गड़बड़ी के कारण ट्रेनें स्वतः रुक गई थीं। इसके बाद राज्य के रेल इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रबंधक अडिफ ने सिस्टम का मैनुअल नियंत्रण लिया और लाल सिग्नल के बावजूद रेनफे ट्रेन को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी। मंत्री ने इस गलत आदेश को अकथनीय बताया। स्पेनिश ट्रेड यूनियन सीएसआईएफ ने परिवहन मंत्री के इस्तीफे की मांग की है। यूनियन ने आरोप लगाया कि मंत्री जिम्मेदारी लेने के बजाय एक रेलवे अधिकारी को बलि का बकरा बना रहे हैं। यूनियन ने सितंबर में ही अडिफ में अत्यधिक काम के घंटों को लेकर चेतावनी दी थी।

उधर उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में विधान परिषद चुनाव के नतीजे सामने आए हैं। इन राज्यों की कुल 28 सीटों पर MLC चुनाव हुआ। एमएलसी चुनावों को लेकर बुधवार रात तक आए नतीजों में कांग्रेस ने किसी भी राज्य में एक भी सीट नहीं जीती थी, लेकिन आखिरकार महाराष्ट्र में नागपुर एमएलसी सीट पर कांग्रेस का खाता खुल गया है। नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर एक कड़े मुकाबले में, कांग्रेस उम्मीदवार और मौजूदा एमएलसी अभिजीत वंजारी ने बीजेपी के उम्मीदवार को 3,271 वोटों से हराया है। नागपुर की इस सीट पर वोटों की गिनती मंगलवार सुबह शुरू हुई और गुरुवार तड़के जाकर पूरी हुई। कांग्रेस ने मौजूदा एमएलसी वंजारी को मैदान में उतारा था, जिन्हें 67,231 वोट मिले। बीजेपी ने पूर्व विधायक सुधाकर कोहाले को उतारा था, जिन्हें 63,960 वोट मिले।

इधर CID के प्रोड्यूसर बीपी सिंह का अंतिम संस्कार बुधवार को किया गया। 'सीआईडी' के कलाकार और कई अन्य टीवी स्टार्स भी उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए इकट्ठा हुए। इस दिग्गज निर्माता को भावपूर्ण विदाई देते समय कई लोग काफी भावुक नजर आए। एक वायरल वीडियो में दयानंद शेट्टी को बीपी सिंह की अर्थी को कंधा देते हुए देखा जा सकता है, जिसे देखकर प्रशंसक भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू आ गए। 'CID' में सीनियर इंस्पेक्टर दया का किरदार निभाने वाले दयानंद शेट्टी फिल्म निर्माता बीपी सिंह की अर्थी को कंधा देते हुए नजर आए। यह एक भावुक पल था, जिसमें अभिनेता उस व्यक्ति को अंतिम विदाई दे रहे थे। इस मोस्ट पॉपुलर शो के सफर में उनका अहम योगदान रहा था। इस बीच मारूफ मियां ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें दयानंद शेट्टी बीपी सिंह की अर्थी को कंधा देते नजर आ रहे हैं। इन दिल तोड़ने वाले वीडियो और फोटोज को देखकर आपकी आंखों में भी आंसू आ जाएंगे। 

उधर कांग्रेस पार्टी और उसके नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन ने आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली बुलाई है। आपको बता दें कि राहुल गांधी बीते लंबे समय से वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं और चुनाव आयोग पर हमला कर रहे हैं। राहुल गांधी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के लिए आंदोलन कर रहे हैं। इसी क्रम में अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके बड़ा ऐलान करते हुए विपक्ष की इस रैली को समर्थन देने का ऐलान किया है। अभिजीत दिपके ने X पर किए गए पोस्ट में कहा है कि "मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा जरूरी है। SIR के जरिए ज्ञानेश कुमार ने निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने के लिए जरूरी भरोसा खो दिया है। चुनाव आयोग की विश्वसनीयता और स्वतंत्रता को बहाल करने के लिए उनका इस्तीफा जरूरी है। चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि वह हर योग्य नागरिक के वोट देने के अधिकार की रक्षा करे, न कि इस अधिकार का इस्तेमाल करने में रुकावटें पैदा करे। कॉकरोच जनता पार्टी उन सभी संगठनों का समर्थन करेगी जो हमारे देश में निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।"

इधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के टाटा को लेकर दिए बयान के बाद देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने उन्हें करारा जवाब दिया है। सीतारमण ने कहा है कि आपको मेरी सलाह है कि हर मुद्दे का राजनीतिकरण से बचें। दरअसल राहुल गांधी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा था, "टाटा को आपराधिक तरीके से बर्बाद किया जा रहा है, और किसी भी कारोबारी नेता में एक शब्द बोलने की हिम्मत नहीं है। आप कब तक चुप रहेंगे? क्या तब तक, जब तक वे आप पर पूरी तरह कब्ज़ा न कर लें? भारतीय कारोबार मोदी और शाह के खिलौने नहीं हैं। आपमें हिम्मत की कमी है। हममें नहीं है। हम इन अपराधों के लिए न्याय दिलाकर रहेंगे।" निर्मला सीतारमण ने राहुल के आरोपों के जवाब में एक्स पर पोस्ट कर कहा, "विपक्ष के नेता (LoP) के रूप में, राहुल गांधी जी को मेरी सलाह है कि आप हर मुद्दे का राजनीतिकरण करने से बचें। साथ ही, व्यावसायिक और कानूनी मामलों को बिना सोचे-समझे 'आपराधिक' करार देना बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।"

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, मौसम विज्ञान केंद्र ने बृहस्पतिवार को प्रदेश के नौ जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, 10 जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है। प्रदेश के अन्य जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा या बर्फबारी हो सकती है। वहीं, देहरादून समेत टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति बढ़कर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

इधर कांग्रेस उत्तराखंड में अपनी सियासी सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में है। पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी नवंबर के अंतिम सप्ताह में पौड़ी में बड़ी रैली कर सकती हैं। इस रैली को अंकिता भंडारी प्रकरण से जोड़ने की तैयारी है। वहीं, राहुल गांधी के दिसंबर के पहले सप्ताह में धारचूला पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। कांग्रेस इसे चीन सीमा से जुड़े सुरक्षा मुद्दों को उठाने के मौके के रूप में देख रही है। कांग्रेस के प्रदेश संगठन महासचिव राजेंद्र भंडारी के मुताबिक, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम पहले से प्रस्तावित हैं। हालांकि, राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे धरने-प्रदर्शनों और पार्टी की अन्य गतिविधियों के कारण कार्यक्रमों में बदलाव हुआ है। अब प्रियंका गांधी के नवंबर के अंतिम सप्ताह में उत्तराखंड आने की संभावना है। पहले प्रियंका गांधी के गौचर में कार्यक्रम की चर्चा थी, लेकिन अब पौड़ी में बड़ी रैली आयोजित करने की योजना सामने आई है। कांग्रेस इस रैली को अंकिता भंडारी प्रकरण से जोड़कर जनता के बीच जाने की तैयारी कर रही है। संभावित कार्यक्रम के तहत प्रियंका गांधी अंकिता के परिवार से भी मुलाकात कर सकती हैं। हालांकि, उनके पौड़ी दौरे और परिवार से मुलाकात की तारीख अभी अंतिम नहीं है।

उधर अंकिता भंडारी प्रकरण की जांच के सिलसिले में सीबीआई की टीम बुधवार को हरिद्वार पहुंची। इस दौरान टीम ने रानीपुर कोतवाली पहुंच कर अभिनेत्री उर्मिला सनावर से जुड़े केसों के दस्तावेजों का अवलोकन किया और मामले से संबंधित जानकारियां जुटाईं। करीब दो घंटे तक कोतवाली में दस्तावेजों की जांच के बाद टीम वापस रवाना हो गई। बता दें कि 24 अक्टूबर को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी ने उर्मिला सनावर के खिलाफ रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद अगले ही दिन रानीपुर कोतवाली पुलिस ने उर्मिला को सहारनपुर स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया और हरिद्वार कोर्ट में पेश कर दिया था। कोर्ट ने उर्मिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। वहीं अंकिता भंडारी केस की सीबीआई जांच भी चल रही है।