Good Morning India: तमिलनाडु की थेनी जेल से रात के अंधेरे में फरार हुए 17 कैदी! गुवाहाटी के होटल में खूनी खेल, 5 लोगों की गोली मारकर हत्या! हाई-सिक्योरिटी सेल में शिफ्ट हुआ गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई! गैरसैंण में विधानसभा सत्र आज से शुरू, हंगामे के आसार
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यकर्मो पर नजर डालते हैं, आज इस्राइल में आम चुनाव के लिए मतदान होंगे। वहीं आज सुप्रीम कोर्ट में राहुल गांधी और ओवैसी की याचिकाओं पर सुनवाई होगी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, असम की राजधानी गुवाहाटी में देर रात शूटआउट से सनसनी फैल गई। बोरा सर्विस इलाके में स्थित होटल बिलास इन में कई राउंड गोलियां चलीं और हादसे में 5 लोगों की जान चली गई। जबकि एक शख्स को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक मारे गए पांच में से 4 लोग एक ही परिवार के थे जो होटल के कर्मचारी थे। घटना की जानकारी जैसे ही पुलिस को लगी तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबसे पहले घायलों को अस्पताल पहुंचाया और बिना देर किए आरोपियों की तलाश में जुट गई। घटना के बाद सामने आए एक वीडियो में होटल के रिसेप्शन के पास शव पड़े दिखाई दे रहे हैं। गोलीबारी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंत के मुताबिक, घटनास्थल से 4 शव बरामद किए गए हैं। हालांकि बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हो गई। ये पूरा विवाद होटल के लीज एग्रीमेंट को लेकर होटल के मालिक और लीज पर होटल लेने वाले शख्स के बीच हुआ था। आरोपी घनकांत गोगोई ने पिछले साल इस होटल को लीज पर लिया था। पिछले कुछ समय से उसका होटल मालिक के परिवार से लीज समझौते को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार रात भी होटल मालिक से लीज एग्रीमेंट को लेकर आरोपी घनकांत गोगोई का झगड़ा हुआ था जिसके गुस्साए आरोपी ने लाइसेंसी पिस्तौल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और कई लोगों की जान चली गई।
इधर आज चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। चुनावी अनियमितताओं और SIR की प्रक्रिया सहित चीफ इलेक्शन कमिश्नर के कामकाज के तरीके पर सवाल उठाते हुए ये याचिका दाखिल की गई हैं। सुप्रीम कोर्ट ने सभी याचिकाओं को जोड़ते हुए एक साथ सुनवाई का फैसला किया है, जिन याचिकाओं को मंजूर किया गया है, उनमें कुल 11 याचिकाकर्ता हैं। याचिका में चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार के साथ इलेक्शन कमिश्नर सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी को भी प्रतिवादी बनाया गया है। याचिकाकर्ताओं में राहुल गांधी के अलावा मल्लिकार्जुन खरगे, सौगत राय, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, संजय राउत, M.A बेबी, D राजा, महुआ माझी, सुप्रिया सुले और E.T मोहम्मद बशीर हैं।
उधर फुटबॉल की दुनिया में हैरी केन ने ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जिसका इंतजार इंग्लैंड को कई साल से था। पिछले सीजन में गोल पर गोल दागने वाले केन ने बैलोन डी'ओर का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया। वह 25 साल में यह अवॉर्ड जीतने वाले पहले अंग्रेज फुटबॉलर बन गए हैं। इससे पहले 2001 में माइकल ओवेन ने यह उपलब्धि हासिल की थी। केन ने पिछले सीजन में क्लब और देश के लिए कुल 73 गोल किए। उनकी शानदार गोल स्कोरिंग क्षमता ने उन्हें यूरोप का सबसे ज्यादा गोल करने वाला खिलाड़ी बनाया। जर्मनी में उन्होंने कई गोल रिकॉर्ड तोड़े, जबकि फीफा वर्ल्ड कप में भी उनका प्रदर्शन यादगार रहा। इंग्लैंड की कप्तानी करते हुए उन्होंने टीम को तीसरे स्थान तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। 33 साल के केन को बैलोन डी'ओर की वोटिंग में फ्रांस के स्टार खिलाड़ी किलियन एम्बाप्पे, स्पेन के युवा सनसनी लामिन यमाल, 2024 के विजेता रोड्री और आठ बार यह पुरस्कार जीत चुके लियोनेल मेसी जैसे दिग्गजों से कड़ी चुनौती मिली। हालांकि, आखिरकार केन ने सबको पीछे छोड़ते हुए फुटबॉल जगत का यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल कर लिया।
इधर भारत के सशस्त्र बलों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) की बैठक सोमवार 26 अक्टूबर को संपन्न हुई है। इस बैठक में भारतीय सेना, वायुसेना और भारतीय नौसेना के लिए 2.12 लाख करोड़ रुपये के रक्षा अधिग्रहण प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। इस फैसले की खास बात ये भी है कि कुल खरीद का करीब 82 प्रतिशत हिस्सा भारत के ही उद्योगों से प्राप्त किया जाएगा। इस फैसले से स्वदेशी डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग को भी बढ़ावा मिलेगा। बता दें कि 2.12 लाख करोड़ रुपये के इस भारी-भरकम रक्षा अधिग्रहण का मकसद भारत की थल सेना, नौसेना और वायु सेना का आधुनिकीकरण, परिचालन संबंधी तैयारियों को बढ़ाना है। इसके साथ ही इस फैसले का उद्देश्य भारत के स्वदेशी रक्षा औद्योगिक आधार को मजबूत करना भी है। बता दें कि इससे पहले राजनाथ सिंह ने आर्मी कमांडर्स कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया था और सेना को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया था।
उधर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को हाल ही में अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल के एक विशेष हाई-सिक्योरिटी ब्लॉक में शिफ्ट कर दिया गया है। इसे 'दो सौ खोली' (Block 200) कहा जाता है। इस ब्लॉक में आतंकवाद और अन्य गंभीर अपराधों के आरोपी 200 खतरनाक कैदी रखे जाते हैं। कैदियों को पूरी तरह अलग-थलग रखने और एक सेल से दूसरे सेल में जाने से रोकने के लिए इस ब्लॉक को चार हिस्सों में बांटा गया है, जिनमें से प्रत्येक में 50 कैदी रहते हैं। लॉरेंस के सेल का आकार लगभग 7.5x11 फीट है। साबरमती जेल के भीतर ब्लॉक 200 एक अत्यधिक सुरक्षा वाला इलाका है। यहां 2008 के सीरियल ब्लास्ट मामले और अन्य गंभीर अपराधों के दोषी कैदी रखे जाते हैं। बीएनएस की धारा 303 के प्रावधानों के तहत, गंभीर अपराधों के लिए दोषी ठहराए गए और जेल से बाहर जाने पर रोक वाले कैदियों को आमतौर पर इसी जोन में रखा जाता है।
इधर बांग्लादेश के दिनाजपुर जिले में जमीन विवाद को लेकर हुई एक मध्यस्थता बैठक के दौरान 55 वर्षीय एक हिंदू शिक्षक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि रविवार को बैठक के दौरान तनाव बढ़ने पर मनोरंजन रॉय ने पक्षों के बीच मध्यस्थता करने और हालात को शांत करने की कोशिश की। इसी दौरान उनकी हत्या की गई। अल्पसंख्यक समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन बांग्लादेश हिंदू सम्मेलन संघ ने सोमवार को एक बयान जारी कर इस हत्या की निंदा की। संगठन के महासचिव एम.के. रॉय ने कहा कि यह केवल एक आपराधिक कृत्य नहीं है, बल्कि कानून के शासन, मानवता और एक धर्मनिरपेक्ष बांग्लादेश की भावना पर भी हमला है।
उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान पर नए हमले की चेतावनी के बीच पश्चिम एशिया में तैनात अमेरिकी सेना ने बड़े सैन्य अभियान की तैयारी तेज कर दी है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप का आदेश मिलने के 96 घंटे के भीतर हमले शुरू किए जा सकते हैं। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इस बार निशाने केवल ईरान के रडार, मिसाइल लांचर और सैन्य ठिकानों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि हमले का दायरा कहीं व्यापक हो सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सेंट्रल कमांड और पेंटागन के अधिकारी संभावित लक्ष्यों की विस्तृत सूची तैयार कर रहे हैं। इसमें ईरान का ऊर्जा बुनियादी ढांचा, सैन्य ठिकाने और परमाणु केंद्र शामिल हैं।
इधर तमिलनाडु से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां थेनी जिले के एक जेल से 17 कैदी फिल्मी अंदाज में फरार हो गए। बताया जाता है कि एक कैदी ने सीने में दर्द का नाटक किया। उसके प्राथमिक उपचार के लिए पुलिसकर्मी पहुंचे जिसके बाद कैदियों ने उनके ऊपर हमला कर दिया और एक-एक कर 17 कैदी फरार हो गए। पुलिस तुरंत एक्शन में आई, कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया गया और 4 कैदियों को सघन तलाशी के बाद पकड़ लिया गया। जिला जेल थेनी जिले में अंदीपट्टी के पास थेक्कमपट्टी इलाके में है। इस जेल में थेनी, मदुरै, डिंडीगुल और दूसरे इलाकों के अंडरट्रायल कैदी हैं। कल (26 अक्टूबर) रात करीब 10 बजे, 17 कैदियों ने जेल गार्ड पर हमला किया और थेक्कमपट्टी जेल से भाग गए। थेनी जिले के पुलिस सुपरिटेंडेंट प्रवीण गौतम को इसकी जानकारी दी गई और उन्होंने खुद थेक्कमपट्टी जेल का दौरा किया और जांच की। इसके बाद दक्षिणी जोन के आईजी विजयेंद्र बिटारी ने भी जेल का दौरा किया और जेल गार्ड से घटना के बारे में पूछताछ की। इसके बाद दक्षिणी जोन के आईजी विजयेंद्र बिटारी ने मीडिया से बात की। उस समय उन्होंने कहा, 'हमें जानकारी मिली कि रात करीब 10.20 बजे थेक्कमपट्टी जेल से कैदी भाग गए हैं। उन्हें पकड़ने के लिए 17 स्पेशल टीमें बनाई गई हैं और इंटेंसिव सर्च ऑपरेशन चल रहा है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, देहरादून के सहस्त्रधारा स्थित एटीएस कॉलोनी में सोमवार को एक बिल्डर ने निर्माणाधीन भवन की पांचवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। आत्महत्या से पहले बिल्डर द्वारा सुसाइड नोट लिखे जाने की बात सामने आई है। इसमें एक अन्य बिल्डर का नाम भी लिखा बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, बिल्डर पंकज मित्तल ने सुसाइड करने से पहले कॉलोनी में रहने वाले लोगों को हाथ से लिखा पत्र और टाइप किया हुआ मैसेज भेजा था। इसके बाद निर्माणाधीन भवन से कूदने की घटना हुई।
इधर उत्तराखंड में विधानसभा सत्र आज से शुरू होने जा रहा है। 2 दिन तक चलने वाले इस सत्र के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कैबिनेट मंत्री और विधायक भराड़ीसैंण पहुंच गए हैं। विधानसभा सत्र में धामी सरकार करोड़ों रुपये का अनुपूरक बजट पेश करेगी। यह बजट राज्य के विकास कार्यों को गति देने और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए होगा। अनुपूरक बजट के अलावा सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक भी सदन में लाएगी। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की वार्षिक रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी जाएंगी। साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले धामी सरकार का यह आखिरी अनुपूरक बजट सत्र माना जा रहा है। इस विधानसभा सत्र में धामी सरकार इस बजट में जनता से जुड़ी कई नई योजनाओं का एलान कर सकती है। सरकार पर्वतीय क्षेत्रों के विकास, रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी घोषणाएं कर सकती है। वहीं विपक्ष भी सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में है। कांग्रेस ने बेरोजगारी, महंगाई, कानून व्यवस्था और जोशीमठ आपदा जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। वहीं सदन में हंगामे के भी आसार जताए जा रहे हैं।
उधर किच्छा के पुलभट्टा थाना क्षेत्र के सिरौलीकलां में अवैध पशु कटान की शिकायतों पर पुलिस ने सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। पुलिस की दो टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया। मौके से करीब छह कुंतल मांस बरामद किया गया, जबकि चार पशुओं को मुक्त कराया गया। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सिरौलीकलां में अवैध पशु कटान की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के निर्देशन में पुलभट्टा थाना पुलिस की दो टीमें गठित की गईं। दोनों टीमों ने सोमवार को गांव में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।