Oct 28, 2026 Login
Awaaz24x7-government

Good Morning India: साइक्लोन 'अर्नब' का तांडव शुरू, आंधी तूफान के साथ भारी बारिश! नाइजीरिया में कत्लेआम, 62 लोगों की गोली मारकर हत्या! सोनिया गांधी बोलीं- दशकों तक दूसरे मेरी कहानी सुनाते रहे, अब मेरी बारी, तमाशा तय

Good Morning India: Cyclone 'Arnab' begins its rampage—heavy rain accompanied by storms! Massacre in Nigeria: 62 people shot dead! Sonia Gandhi says, "For decades, others have told my story; now it’s

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यकर्मो पर नजर डालते हैं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आसियान बैठक में शामिल होंगे। वहीं डब्ल्यूपीएल 2027 के लिए ऑक्शन होगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, चक्रवात अर्नब का असर आंध्र प्रदेश में दिखने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, इस भीषण चक्रवाती तूफान का केंद्र समुद्र तट के बहुत करीब है और अगले 3 घंटों तक इसके तट से टकराने (लैंडफॉल) की प्रक्रिया जारी रहेगी। आंध्र प्रदेश में तेज हवाओं के साथ हो रही भारी बारिश के कारण कई पेड़ उखड़ गए हैं, जिससे बीच रोड और सीथाम्माधारा का रास्ता अवरुद्ध हो गया है। ताजा जानकारी के अनुसार, विशाखापत्तनम और बालासोर में तूफान के तट से टकराने के बाद कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और बिजली की लाइनें टूट गईं। सड़कें काफी हद तक पानी में डूबी हुई हैं, इसलिए लोग सुरक्षा के लिए घरों के अंदर ही रह रहे हैं। IMD के अनुसार, इस तूफान के उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते रहने और अगले तीन घंटों के दौरान आंध्र प्रदेश और यनम के तटों (बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यनम के दक्षिण के पास) को पार करने की संभावना है। इस दौरान यह एक 'बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान' के रूप में रहेगा, जिसमें हवा की गति 135 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है और कुछ जगहों पर हवा की स्पीड 150 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। चक्रवात के प्रभाव के कारण चल रही तेज़ हवाओं से AU कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग फ़ॉर विमेन के पास एक पेड़ उखड़ गया।

इधर उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की विधान परिषदों की 28 सीटों के चुनाव नतीजे सामने आने लगे हैं।  इन सीटों पर मतदान 23 अक्टूबर को हुआ था। नतीजों पर सबकी निगाहें टिकी हैं। बता दें कि यूपी की 11 सीटों, बिहार की आठ सीटों के लिए महाराष्ट्र में पांच सीटों के लिए और कर्नाटक में चार सीटों के लिए वोटरों ने मतदान किया है। बिहार और यूपी की 19 सीटों पर सियासी घमासान देखने को मिला था। सारण शिक्षक सीट पर निर्दलीय राहुल राज ने जीत दर्ज की है। निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज को कुल 4,965 वोट मिले। एनडीए प्रत्याशी आनंद पुष्कर को मिले 3,150 वोट, जन सुराज प्रत्याशी आफाक अहमद को 2,454 वोट मिले हैं, तो वहीं राजद उम्मीदवार जयराम यादव को कुल 1,708 वोट मिले हैं।

उधर सऊदी अरब की राजधानी रियाद में मंगलवार को कम से कम चार धमाकों की आवाज सुनी गई। इससे पहले सऊदी अधिकारियों ने राजधानी और देश के कुछ अन्य इलाकों में हमले की चेतावनी जारी की थी। अधिकारियों के मुताबिक, ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से दागी गईं दो बैलिस्टिक मिसाइलों को सऊदी हवाई सुरक्षा प्रणाली ने रोककर नष्ट कर दिया। हालांकि, शुरुआती तौर पर यह साफ नहीं था कि धमाके मिसाइलों और ड्रोन के गिरने से हुए या उन्हें हवा में नष्ट करने के दौरान। सऊदी नागरिक सुरक्षा अधिकारियों ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर बताया कि रोकी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों के टुकड़े रियाद में गिरे। इससे एक इमारत, निर्माण स्थल और वाहन को नुकसान पहुंचा। अधिकारियों ने राजधानी के अलावा अबहा, नजरान और खमीस मुशैत गवर्नरेट समेत कई इलाकों के लिए हमले की चेतावनी जारी की थी। बाद में ये अलर्ट हटा लिए गए। शुरुआती जानकारी में किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं की गई थी।

इधर नाइजीरिया से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। देश की आपातकालीन एजेंसी ने मंगलवार को बताया कि पूर्वोत्तर नाइजीरिया में बंदूकधारियों ने एक समुदाय पर हमला कर दिया। इस हमले में कम से कम 62 लोगों की मौत हो गई है। नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (NEMA) के राज्य प्रमुख लादान अयुबा के अनुसार, यह हमला शुक्रवार को ताराबा राज्य के करीम-लामिडो स्थानीय सरकारी क्षेत्र में स्थित बिनारी समुदाय में हुआ। इस हमले में 52 अन्य लोग घायल हो गए और हजारों लोगों को अपना घर छोड़कर जाना पड़ा। दरअसल, उत्तरी नाइजीरिया में ऐसे हमलावरों (जिन्हें 'बैंडिट' या डाकू कहा जाता है) द्वारा हमले होना आम बात है, जहां हथियारबंद समूह आम नागरिकों को निशाना बनाते हैं। NEMA के अधिकारियों ने बताया कि अब तक 52 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें से 15 शव बेनुए नदी से मिले हैं। ताराबा पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि यह संख्या अभी पक्की नहीं है, क्योंकि और भी शव मिलने की संभावना है। विक्टर मशेलीज़ाह ने 'द एसोसिएटेड प्रेस' को बताया, "हमारे लोग अभी भी मौके पर मौजूद हैं, और जैसे-जैसे हमें और शव मिलेंगे, हम उन्हें भी इस गिनती में शामिल कर लेंगे।"

उधर कांग्रेस की सीनियर नेता सोनिया गांधी की किताब 10 नवंबर को रिलीज होने वाली है। सोनिया ने अपनी इस किताब को लेकर अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया है और कहा है, "जब यह किताब आएगी, तो तमाशा होना तय है। आखिर, इतने दशकों तक दूसरे लोग मेरी कहानी सुनाते रहे हैं, अब मेरी बारी है।" इससे पहले 24 अक्टूबर को किए एक्स पर पोस्ट में सोनिया गांधी ने बताया था, "कैम्ब्रिज के एक छोटे से ग्रीक रेस्तरां में मेरी प्रेम-यात्रा शुरू हुई। राजीव और मैंने प्यार, हंसी और यादों से भरी एक दुनिया बनाई। 10 नवंबर को, मैं उस दुनिया को आपके साथ साझा कर रही हूं।" अपने वीडियो में सोनिया गांधी ने यादों को ताजा करते हुए बताया, "जब मेरे पति राजीव गांधी को प्रधानमंत्री बनने के लिए कहा गया तो मैं इसके पूरी तरह खिलाफ थी। मैंने सोचा कि मेरे बारे में पहले ही बहुत कुछ लिखा जा चुका है, जिसमें बहुत सी चीजें सही नहीं हैं। इसमें से बहुत सी चीजों को इनवेंट किया गया और जमा किया गया तो मुझे ये एहसास हुआ कि मुझे अपनी स्टोरी के बारे में वैसा ही बताना चाहिए, जैसा वे वास्तव में हैं, बिल्कुल फैक्ट्स के साथ। सोनिया ने इस किताब के बारे में कहा कि ये उनका वर्जन नहीं है, उनकी स्टोरी है। लोगों के तमाम नजरिए हैं। कुछ लोगों का मेरे प्रति नजरिया बदल सकता है,  कुछ लोगों को नजरिया बुरा हो सकता है लेकिन ये सब हुआ है। सोनिया ने कहा कि जब आप किताब लिखते हैं,  जब आप पब्लिक लाइफ में होते हैं तो तमाशा होना तय है।

इधर राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजों के बीच एक उम्मीदवार की हार इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। इस शख्स के सोशल मीडिया पर लाखों चाहने वाले हैं, लेकिन जब गांव की सरकार चुनने की बारी आई, तो उसे महज 33 वोट ही मिल सके। सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान रखने वाले ओमप्रकाश बिश्नोई की चुनावी शिकस्त ने हर किसी को हैरान कर दिया है। दरअसल, ओमप्रकाश बिश्नोई राजस्थान के फलौदी इलाके के रहने वाले हैं। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर उनके कुल 21 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। इसके अलावा यूट्यूब पर भी उनके पांच लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो खूब वायरल होते हैं। खास तौर पर देसी अंदाज में खाना खाने और खूब सारा घी इस्तेमाल करने वाले उनके वीडियो लोगों का ध्यान खींचते हैं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट बदलेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के नौ पहाड़ी जिलों में दो नवंबर तक हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। आज 9 पहाड़ी जिलों में बारिश हो सकती है। मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि बुधवार को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, अल्मोड़ा, पौड़ी, चंपावत और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। राज्य के शेष जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। विभाग ने फिलहाल किसी प्रकार की कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की है।