Good Morning India: 2 दिन में 1.34 लाख रुपये सस्ती हुई चांदी, सोने के दाम में भी गिरावट! 9 राज्यों में बारिश की चेतावनी, Google Maps में आया नया फीचर! केंद्रीय करों में बढ़ी उत्तराखंड की हिस्सेदारी, जानें आज क्या रहेगा खास?

Good Morning India: Silver prices fell by ₹1.34 lakh in two days, and gold prices also fell! Rain warnings for 9 states, and a new feature in Google Maps! Uttarakhand's share of central taxes increas

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, ममता बनर्जी की अगुवाई में TMC का प्रतिनिधिमंडल आज चुनाव आयोग से मुलाकात करेगा। वहीं राहुल गांधी आज संसद में बजट पर प्रतिक्रिया दे सकते हैं।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, सोने और चांदी की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद औंधे मुंह गिर रही हैं। रविवार को सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन भारी गिरावट दर्ज की गई। रविवार को चांदी में लोअर सर्किट लगा और इसका भाव 26,273 रुपये (9 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 2,65,652 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। चांदी के अलावा, सोने की कीमतें भी रविवार को 3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। सोने और चांदी की कीमतों में इस गिरावट का प्रमुख कारण मुनाफावसूली बताया जा रहा है। निवेशकों ने ऊंचे भाव पर सोना और चांदी बेचकर मोटा मुनाफा कमाया है।

इधर फरवरी का महीना शुरू हो गया , लेकिन ठंड जाने का नाम नहीं ले रही है। मौसम विभाग ने देश के कई हिस्से में बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे सर्दी का प्रकोप और बढ़ेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर भारत के 7 राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के बाद ठंड और बढ़ेगी। 14 फरवरी तक सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। इसके साथ ही, मौसम विभाग ने देश के 21 जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी दी है, जबकि पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 2 और 3 फरवरी को उत्तर भारत के 7 राज्यों में भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके अलावा, 2 अन्य राज्यों में भी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है। कुल मिलाकर 9 राज्यों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इन राज्यों में उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और महाराष्ट्र शामिल हैं।

उधर बजट के ऐलान के बाद शेयर बाजार में निवेशकों की उम्मीदों पर पानी फिर गया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026-27 के कुछ फैसलों ने बाजार में भारी बेचैनी पैदा कर दी। खासकर फ्यूचर और ऑप्शन ट्रेडिंग पर टैक्स बढ़ोतरी की घोषणा ने निवेशकों की धारणा को झटका दिया। इसके चलते सेंसेक्स में एक झटके में 2300 अंकों की गिरावट देखने को मिली और निफ्टी भी पिछले सत्र की तुलना में 700 अंक नीचे बंद हुआ। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि टैक्स बढ़ने से बाजार में लिक्विडिटी कम हो सकती है। शॉर्ट टर्म में बाजार में अस्थिरता बनी रहेगी। हालांकि, सरकार का तर्क है कि इससे निवेशक 'गेमिंग' के बजाय लंबे समय के लिए सुरक्षित निवेश की ओर आकर्षित होंगे।

इधर यूक्रेन के साथ जारी शांति वार्ताओं के बीच रूस ने कीव के शहर पर साल 2026 का सबसे बड़ा हमला कर दिया है। नीप्रो में रूसी ड्रोन हमले में एक बस को निशाना बनाया गया, जिसमें खनिकों को ले जा रही बस पर हमला हुआ और 15 लोगों की मौत हो गई। यूक्रेनी आपातकालीन सेवाओं ने रविवार को यह जानकारी दी। हमले में 7 अन्य लोग घायल हुए और आग लग गई, जिसे बाद में बुझा लिया गया। यूक्रेन की सबसे बड़ी निजी ऊर्जा कंपनी डीटीईके ने कहा कि बस उसकी थी। कंपनी ने रूस पर “नीप्रोपीट्रोव्स्क क्षेत्र में डीटीईके की खदानों पर बड़े पैमाने पर आतंकवादी हमला” करने का आरोप लगाया। नीप्रोपीट्रोव्स्क क्षेत्र की राजधानी नीप्रो है। कंपनी ने टेलीग्राम पोस्ट में कहा, “हमलों में से एक का केंद्र एक कंपनी बस थी, जो नीप्रोपीट्रोव्स्क क्षेत्र में शिफ्ट के बाद खनिकों को ले जा रही थी। इसी दौरान हमला हो गया। इसके बाद बस में भीषण आग लग गई।

उधर रविवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट पेश किया। बजट में पान-मसाले पर सेस लगाने का ऐलान किया गया है। जहां एक ओर सिगरेट के दाम में 22 से 25 रुपये तक की बढ़ोतरी हो गई है तो वहीं, पान-मसाले पर भी सेस वसूलने की तैयारी की गई है। सरकार को वित्त वर्ष 2026-27 में पान मसाला विनिर्माण पर लगाए गए स्वास्थ्य और राष्ट्रीय सुरक्षा सेस (उपकर) से 14,000 करोड़ रुपये की आय प्राप्त होने की उम्मीद है। पान मसाले पर एक फरवरी से स्वास्थ्य और राष्ट्रीय सुरक्षा उपकर लगाया गया है, जो 40 प्रतिशत जीएसटी के ऊपर अतिरिक्त है। इस उपकर की गणना पान मसाला बनाने वाली इकाइयों की उत्पादन क्षमता के आधार पर की जाएगी। 40 प्रतिशत जीएसटी को जोड़ने के बाद पान मसाले पर कुल कर भार 88 प्रतिशत ही रहेगा। बजट दस्तावेजों के अनुसार, सरकार को चालू वित्त वर्ष के शेष दो महीनों (फरवरी और मार्च) में स्वास्थ्य और राष्ट्रीय सुरक्षा उपकर से 2,330 करोड़ रुपये और 2026-27 में 14,000 करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद है। 

उधर छत्तीसगढ़ के गरियाबंद के राजिम से लगे दुधकैयां गांव में दो संप्रदायों के बीच हिंसक झड़प के बाद बवाल मचा है और कर्फ्यू के जैसे हालात बन गए हैं। एक संप्रदाय के अपराधिक तत्वों ने दूसरे संप्रदाय के लोगों से पहले की जमकर मारपीट और फिर मारपीट की खबर सुनते ही दूसरे गुट के लोगों ने मारपीट करने वाले लोगों के घरों पर हमला कर दिया।  घरों में आगजनी की और कई गाड़ियों में आग लगा दी। घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद है। अग्निशमन, एम्बुलेंस, के साथ ही कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद है। कहा जा रहा है कि दूसरे गुट के कुछ लोग जले हुए घरों में फंसे हुए हैं। पुलिस बल मौके पर पहुंची हुई है। पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है और पुलिस चप्पे चप्पे पर नजर रखी हुई है। 

इधर गूगल लगातार Google Maps में नए-नए फीचर लाता रहता है और इसके जरिए ये अपने यूजर्स के लिए नेविगेशन के मोर्चे पर ज्यादा मददगार साबित होने की कोशिश करता है। अब गूगल मैप्स में ऐसा फीचर आ रहा है जिसके जरिए ये 4-व्हीलर और टू-व्हीलर्स के लिए ही नहीं बल्कि पैदल और साइकिल सवारों के लिए भी मददगार साबित होने वाला है। इसी हफ्ते गूगल मैप्स ने गूगल जेमिनी को इसके नेविगेशन सपोर्ट के लिए चालू किया है और इसका दायरा बढ़ाया है। गुरुवार को कंपनी ने ऐलान किया है कि जेमिनी का नेविगेशन सपोर्ट अब पैदल और साइकिल सवारों के लिए भी अवेलेबेल होने वाला है जो पहले केवल फोर-व्हीलर और 2-व्हीलर वाहनों के लिए इस्तेमाल में आता था। 

उधर 'सिंघम' फ्रेंजाईजी की फिल्मों के लिए लोकप्रिय निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई गोलीबारी की घटना ने इंडस्ट्री में सबको झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में पुणे पुलिस ने रविवार सुबह पांच लोगों को हिरासत में लिया था। इनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और कई अहम सुराग मिले हैं। मुंबई पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की टीम ने रोहित शेट्टी के घर पर गोलीबारी करने वाले जिन तीन आरोपियों की गिरफ्तारी दिखाई है, उन्होंने लॉजिस्टिक और व्हीकल (एक्टिवा) मुख्य शूटर को मुहैया कराया था। दरअसल, आज रविवार सुबह पुणे पुलिस और मुंबई पुलिस समेत क्राइम ब्रांच ने मिलकर पांच लोगों को हिरासत में लिया था। इन पांच में से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य दो अभी भी हिरासत में है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, केंद्रीय बजट 2026-27 आर्थिक रूप से उत्तराखंड के लिए फायदेमंद साबित होगा। 16वें वित्त आयोग की सिफारिश पर केंद्रीय करों में उत्तराखंड की हिस्सेदारी बढ़ी है। इससे राज्य को 1841 करोड़ की अतिरिक्त राशि मिलेगी। हिस्सेदारी में केंद्र सरकार से इस वित्तीय वर्ष में 17,414 करोड़ मिलेंगे। केंद्र सरकार ने बजट में उत्तराखंड की ओर से प्रस्तुत प्राथमिकताओं व मांगों पर संज्ञान में लेते हुए प्रावधान किए हैं। विशेष रूप से पूंजी निवेश के लिए राज्यों को वित्तीय सहायता योजना व जल जीवन मिशन योजना के विस्तार से जुड़े निर्णय राज्य में आधारभूत संरचना के विकास को नई गति देंगे। 15 वें वित्त आयोग केंद्रीय करों में उत्तराखंड की हिस्सेदारी 1.118 प्रतिशत थी। इसे 16वें वित्त आयोग में बढ़ाकर 1.141 प्रतिशत किया गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य को हिस्सेदारी के रूप में 15,573 करोड़ था।

इधर उत्तराखंड जलनिगम से सेवानिवृत्त अधिकारी को साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट कर 64.65 लाख रुपये की चपत लगा दी। ठगों ने खुद को सीबीआई का अधिकारी बताकर पीड़ित को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने और जेल भेजने की धमकी दी थी। पुलिस के अनुसार, 71 वर्षीय पीड़ित अजबपुर कलां में रहते हैं। उन्हें ठगों ने फोन कर बताया कि उनके नाम पर दिल्ली में फर्जी बैंक खाता खुला है जिसका उपयोग तस्करी के लिए हो रहा है। इसके बाद पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति ने वीडियो कॉल कर उच्चतम न्यायालय का जाली वारंट दिखाया। ठगों ने उनके बैंक खातों की जमा राशि के सत्यापन के नाम पर झांसा दिया और भरोसा दिलाया कि जांच के बाद पूरी रकम लौटा दी जाएगी।