Good Morning India: यूपी से आई दुखद खबर, अखिलेश यादव के भाई प्रतीक का निधन! ट्रंप की चीन यात्रा पर दुनिया की नजर! आखिर कब मैदान पर उतरेंगे धोनी, चेन्नई के खेमे से आई बड़ी खबर! समय से पहले आ सकता है मानसून, पांच राज्यों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट

Good Morning India: Sad news from Uttar Pradesh: Akhilesh Yadav's brother Prateek passes away! The world is watching Trump's China visit! When will Dhoni finally take the field? Big news from the Che

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज से चीन के दौरे पर हैं। वहीं, आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच अहम मुकाबला खेला जाना है।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, यूपी से एक दुखद खबर सामने आई है। दिवंगत सपा नेता मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है। उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां अस्पताल के निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने उनके मृत होने की पुष्टि की। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। बता दें कि प्रतीक यादव, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव बीजेपी की नेता हैं और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। वे समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। प्रतीक यादव, राजनीति से ज्यादा वास्ता नहीं रखते थे बल्कि फिटनेस और बिजनेस उनका पहला प्रेम थे। सोशल मीडिया पर भी वह अपनी फिटनेस से जुड़े फोटो-वीडियो शेयर करते थे और उनकी छवि एक ऐसे व्यक्ति की थी, जो फिटनेस को लेकर दीवाना था।

उधर ईरान संकट के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीन यात्रा काफी अहम है। वे बुधवार को बीजिंग पहुंचेंगे जहां वह चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ व्यापार, टैरिफ, ईरान युद्ध और पश्चिम एशिया की सुरक्षा स्थिति समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की यह चीन यात्रा उनके पहले कार्यकाल के बाद दूसरी आधिकारिक यात्रा होगी। ट्रंप की इस यात्रा को अमेरिका-चीन संबंधों में तनाव कम करने की दिशा में काफी अहम माना जा रहा है। ट्रंप की इस यात्रा को लेकर हर किसी में काफी उत्सुकता और अटकलें हैं, जिसका उद्देश्य टैरिफ को लेकर जारी तनाव को खत्म करना और अमेरिका को होने वाले 525 अरब डॉलर से अधिक के निर्यात पर असर डालने वाले व्यापार विवाद को सुलझाना है। ट्रंप 2017 में अपने पहले कार्यकाल के दौरान चीन आए थे। उनके इस दौरे पर अमेरिकी कंपनियों के शीर्ष अधिकारी भी साथ होंगे। अमेरिकी उप प्रेस सचिव अन्ना केली ने यह जानकारी दी कि डोनाल्ड ट्रंप बुधवार शाम बीजिंग पहुंचेंगे और बृहस्पतिवार को स्वागत समारोह तथा द्विपक्षीय बैठक में भाग लेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों नेता शुक्रवार को चाय और दिन के भोजन पर फिर मिलेंगे और अमेरिका बाद में चीनी राष्ट्रपति की पारस्परिक यात्रा की मेजबानी करेगा। 

इधर आईपीएल  2026 में एक सवाल हर मैच के साथ और बड़ा होता जा रहा है। आखिर धोनी मैदान पर कब लौटेंगे? चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान अब तक पूरे सीजन में एक भी मुकाबला नहीं खेले हैं, लेकिन अब फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। खबर है कि धोनी की लखनऊ जाने की टिकट बुक हो चुकी है, जिससे उनकी वापसी की उम्मीदें फिर तेज हो गई हैं। बता दें कि धोनी ने इस सीजन अब तक एक भी मैच नहीं खेला है, लेकिन माना जा रहा है कि CSK के बाकी बचे तीन मुकाबलों में वह कम से कम एक मैच में जरूर मैदान पर उतर सकते हैं। चेन्नई को 15 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स को 18 मई को सनराइजर्स हैदराबाद और 21 मई को गुजरात टाइटंस का सामना करना है। IPL 2026 की पॉइंट्स टेबल में इस समय चेन्नई सुपर किंग्स पांचवें स्थान पर है। टीम ने 11 मैचों में 6 जीत दर्ज की हैं और अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है। ऐसे में अगर धोनी मैदान पर वापसी करते हैं, तो यह सिर्फ CSK ही नहीं बल्कि करोड़ों फैंस के लिए भी बड़ी खबर होगी।

उधर ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर जारी है लेकिन दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है। अमेरिका बार बार ईरान को धमकी देता रहता है, अब ईरान ने चेतावनी दी है, अगर अमेरिका या इज़राइल की सेनाएं उस पर दोबारा हमला करती हैं, तो वह अपने यूरेनियम भंडार को 90 प्रतिशत शुद्धता (हथियार बनाने की क्षमता) तक समृद्ध कर सकता है। यह धमकी ऐसे समय में आई है जब मीडिया रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ईरान के खिलाफ नई सैन्य कार्रवाई पर विचार कर रहे हैं, क्योंकि देश के साथ बातचीत पर संशय बना हुआ है। ईरानी संसदीय आयोग के प्रवक्ता इब्राहिम रेज़ाई ने एक पोस्ट में कहा कि एक और हमले की स्थिति में ईरान के विकल्पों में से एक 90 प्रतिशत संवर्धन हो सकता है और हम संसद में इस पर विचार करेंगे। वहीं ट्रम्प ने ईरान के 'न्यूक्लियर डस्ट' को लेकर कहा है कि तेहरान को परमाणु हथियार विकसित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हम ईरान को परमाणु हथियार नहीं रखने देंगे। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान के भंडार पर करीबी नजर रख रहा है और अगर कोई भी उस जगह के पास आता है तो वाशिंगटन को पता चल जाएगा और उन्हें उड़ा दिया जाएगा। 

इधर केरल में कांग्रेस की जीत के बाद मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सस्पेंस अब अपने अंतिम दौर में है। मंगलवार को राहुल गांधी ने दिल्ली में पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ मैराथन बैठक की। 10 जनपथ पर हुई इस मुलाकात में राहुल गांधी ने जमीनी स्थिति और जनता की भावनाओं को गहराई से समझा। केरल की राजनीति के दिग्गजों से मशविरा लेने के बाद अब गेंद आलाकमान के पाले में है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के मुरलीधरन ने बैठक के बाद संकेत दिए हैं कि मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा बुधवार तक हो सकती है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बंगलूरू से रात को दिल्ली लौट रहे हैं। खरगे के आने के बाद सोनिया गांधी से अंतिम चर्चा होगी। इसके बाद ही आधिकारिक मुहर लगेगी।

उधर देश में मानसून तय समय से चार से छह दिन पहले दस्तक दे सकता है। आमतौर पर केरलम में मानसून एक जून तक पहुंचता है, लेकिन इस बार 25 से 27 मई के बीच केरलम पहुंचने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में एक सिस्टम बन गया है, जो अगले 48 घंटे में और मजबूत हो सकता है। इससे दक्षिण के कई राज्यों में बारिश बढ़ेगी। आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून 20 मई के आसपास दक्षिण अंडमान सागर में प्रवेश करता है। इसके बाद 22 मई तक पोर्ट ब्लेयर और उत्तर अंडमान सागर तक पहुंच जाता है। आमतौर पर इसके बाद मानसून को केरलम पहुंचने में करीब 10 से 12 दिन लगते हैं और इसके आगमन की सामान्य तिथि 1 जून मानी जाती है। लेकिन इस बार तय समय से चार दिन पहले अंडमान सागर पहुंचने की संभावना है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, बकरियां चराने और कीड़ा-जड़ी निकालने उच्च हिमालयी इलाके में गए एक युवक की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए धारचूला लाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार खेत गांव निवासी तेज सिंह 35 वर्ष पुत्र मदन सिंह कीड़ा जड़ी निकालने और भेड़ बकरियां चराने उच्च हिमालयी क्षेत्र के रपकिया तोक में गया था। बताया जा रहा है कि खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तेज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। साथ में मौजूद ग्रामीण वहां पर नेटवर्क नहीं होने से इसकी सूचना प्रशासन को नहीं दे सके। इसके बाद ग्रामीण तेज सिंह के शव को लेकर मंगलवार को धारचूला पहुंचे। धारचूला मोर्चरी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। धारचूला के एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि बिजली गिरने से ग्रामीण की मौत होने का मामला आया है। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।

उधर अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने साल 2026 के लिए राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार प्रदान किए। जिसमें उत्तरकाशी जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव की ऑक्जीलियरी नर्स मिडवाइफ (ANM) के पद पर कार्यरत पूजा परमार राणा को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। दरअसल, पूजा परमार राणा को यह सम्मान बीते 15 सालों से हिमालयी अंचल के संवेदनशील एवं दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने पर मिला। उन्होंने कोरोनाकाल के दौरान यमुना नदी के तटवर्ती क्षेत्र में पहली वैक्सीनेटर के रूप में उल्लेखनीय कार्य किया। इसके अलावा शत प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य हासिल करने में अहम भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से दूरस्थ इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित हुई। उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का सक्रिय नेतृत्व भी किया। सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने से लेकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और समुदाय के समग्र कल्याण के प्रति सराहनीय काम किए।