Good Morning India: नाइजीरिया में बही खून की नदियां, 162 लोगों का नरसंहार! एपस्टीन फाइल्स से ब्रिटेन के शाही महल में आया भूचाल! गाजियाबाद ट्रिपल सुसाइड केस, 3 बहनों की डायरी में लिखी बातों से हर कोई सन्न! ट्रेन में बोर्डिंग के नियमों में होगा बड़ा बदलाव

Good Morning India: Rivers of blood flow in Nigeria, 162 people massacred! The Epstein Files cause an earthquake in Britain's royal palace! The Ghaziabad triple suicide case, the diary entries of thr

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, गृह मंत्री अमित शाह आज जम्मू-कश्मीर में एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। वहीं पीएम मोदी आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण का जवाब दे सकते हैं।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, कोरियन संस्कृति से गहरे लगाव व पारिवारिक विरोध के बीच नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान देने वाली सगी बहनों के कमरे से पुलिस को एक पॉकेट डायरी मिली है। इसमें आठ पन्नों का सुसाइड नोट लिखा है। पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट में दर्ज शब्दों को ट्रू लाइफ स्टोरी बताते हुए लिखा गया है कि ''वी आर लव कोरियन लव लव लव। इस डायरी में जो कुछ लिखा है, वो सब पढ़ लो, क्योंकि ये सब सच है रीड नाऊ..। लो छुड़वाओगे हमसे कोरियन। कोरियन हमारी जान थी तो तुमने हिम्मत भी कैसे की हमसे हमारी जान छोड़ने को कहने की। साथ ही लिखा है कि आई एम रियली सॉरी पापा।'' सुसाइड नोट में यह भी लिखा है कि ''पापा-मम्मी तुम नहीं जानते कि हम तुम्हें कितना चाहते थे, लेकिन तुम कोरियन और के-पाॅप जिसमें हमारी जान बसी है, उसे छुड़ाने का दबाव बनाते रहे। लो अब देख लो सुबूत, हम कोरियन एक्टर और के-पॉप ग्रुप को तुमसे ज्यादा चाहते हैं। कोरियन से प्यार करने के लिए तुम्हें हम ऑप्शन देते हैं।'' डायरी में तीनों ने अपने कोरियन नाम भी लिखे हैं। निशिका ने खुद को मारिया, प्राची ने एलिजा और पाखी ने सिंडी बताया। परिवार के अनुसार, वे एक-दूसरे को इन्हीं नामों से पुकारती थीं।

उधर ब्रिटिश शाही परिवार में एक बार फिर एपस्टीन फाइल्स से भूचाल मच गया है। किंग चार्ल्स III ने अपने छोटे भाई एंड्रयू (अब एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर) को उनके लंबे समय से चले आ रहे घर रॉयल लॉज से निकाल दिया है। यह घटना जेफरी एपस्टीन से जुड़े नवीनतम दस्तावेजों के जारी होने के ठीक बाद हुई है जिसने एंड्रयू की बदनामी को और बढ़ा दिया है। रॉयल लॉज, विंडसर ग्रेट पार्क में स्थित 30 कमरों वाला शानदार आवास है। 2003 से यह एंड्रयू का निवास स्थान था। इससे पहले अक्टूबर 2025 में किंग चार्ल्स ने एक ऐतिहासिक फैसला लिया था। उन्होंने एंड्रयू के सभी शाही उपाधियों को छीन लिया था, जिसमें 'प्रिंस' का दर्जा भी शामिल था। साथ ही, उन्हें रॉयल लॉज की लीज सरेंडर करने का औपचारिक नोटिस भी जारी किया गया था। यह कदम एपस्टीन से एंड्रयू के संबंधों और यौन शोषण के आरोपों के चलते उठाया गया था, जो ब्रिटिश राजशाही की छवि को लगातार नुकसान पहुंचा रहे थे।

इधर मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले दिनों में यूपी-बिहार समेत देश के कई राज्यों में ठंड बढ़ने वाली है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इसी का असर मैदानी इलाकों में भी दिखेगा। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट आ सकती है। आईएमडी ने उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। आईएडी के अनुसार दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से, 5-6 फरवरी और 9-10 फरवरी को वेस्टर्न हिमालयी रीजन (जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) में कहीं-कहीं बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगर आप पहाड़ों में घूमने जा रहे हैं तो अलर्ट रहें और उसी हिसाब से प्लान बनाएं।

उधर सशस्त्र उग्रवादियों ने पश्चिमी नाइजीरिया में दो गांवों पर हमलों में कम से कम 162 लोगों की नृशंस हत्या करके सनसनी फैला दी है। बुधवार को एक कानून निर्माता ने कहा कि यह नाइजीरिया के गांवों पर हाल के महीनों में सबसे घातक हमलों में से एक है। क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले संसद सदस्य मोहम्मद ओमार बियो ने कहा कि ये हमले मंगलवार शाम को क्वारा राज्य के वोरो और नुकु गांवों को निशाना बनाकर किए गए। उन्होंने बताया कि हमले इस्लामिक स्टेट समूह से संबद्ध  लकुरावा नामक सशस्त्र समूह ने ये हमले किए हैं। भीषण नरसंहार के बाद गांवों में लाशें बिछी देखकर हर किसी के दिल में गहरा खौफ बैठ गया है। इन हमलों की जिम्मेदारी अभी तक किसी ने नहीं ली है। क्वारा राज्य में रेड क्रॉस के सचिव आयोडेजी इमैनुएल बाबाओमो ने कहा कि संगठन उन समुदायों तक नहीं पहुंच पाया है, जहां "स्कोरों की संख्या में लोग मारे गए" क्योंकि वे दूरदराज के इलाके में हैं।

इधर अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश के मामले में दोषी पाए गए एक व्यक्ति को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। यह फैसला बुधवार को फ्लोरिडा की एक अदालत में सुनाया गया। इस मामले ने इसलिए भी ध्यान खींचा क्योंकि घटना एक गोल्फ कोर्स में हुई थी और आरोपी का व्यवहार पूरे केस के दौरान बेहद असामान्य रहा। आरोपी का नाम रयान राउथ है। उस पर आरोप था कि उसने साल 2024 में फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच स्थित ट्रंप के गोल्फ क्लब में उनकी हत्या की योजना बनाई। जब डोनाल्ड ट्रंप गोल्फ खेल रहे थे, उसी दौरान रयान राउथ झाड़ियों में छिपकर राइफल लेकर निशाना साधे हुए था। हालांकि, सीक्रेट सर्विस के एक एजेंट ने समय रहते उसे देख लिया। एजेंट ने तुरंत फायरिंग की, जिसके बाद राउथ ने अपनी बंदूक गिरा दी और मौके से भाग गया। उसने ट्रंप पर कोई गोली नहीं चलाई, लेकिन जांच एजेंसियों ने इसे हत्या की कोशिश माना।

उधर संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित संबोधन हंगामे के कारण नहीं हो सका। इसी मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी सच्चाई का सामना करने से डर रहे हैं, इसलिए सदन में नहीं आए। राहुल गांधी ने इसे लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो और बयान भी साझा किया। इस वीडियो में वो पहले ही ये बात कह चुके थे। राहुल गांधी ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर कहा कि जैसा उन्होंने पहले कहा था, पीएम मोदी लोकसभा नहीं आएंगे। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री डरे हुए हैं और सच्चाई का सामना नहीं करना चाहते। साझा किए गए वीडियो में राहुल गांधी दोपहर के समय कहते दिख रहे हैं कि उन्हें लगता है कि पीएम सदन में नहीं आएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर पीएम आते तो वह उन्हें एक किताब सौंपते और उस पर चर्चा की मांग करते।

इधर लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सोहरामऊ थानाक्षेत्र के भल्ला फार्म तिराहे के पास बुधवार रात 11:30 बजे वैवाहिक कार्यक्रम से शामिल होकर लौट रहे बाइक सवार परिवार को तेज रफ्तार ट्रक ने कंटेनर को टक्कर मारने के बाद भागने की प्रयास में कुचल दिया। हादसे में दंपती और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। मृतक की बड़ी बेटी पीछे से आ रहे साढ़ू की बाइक पर बैठी थी इसलिए बच गई। अजगैन कोतवाली व कस्बा निवासी वीरेंद्र (35) पुत्र गुरुचरण परिवार के साथ बुधवार को लखनऊ के बंथरा थानाक्षेत्र के दयालखेड़ा गांव में वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समापन के बाद रात में बाइक पर पत्नी रीतू (33), बेटी अनुराधा (9), और बेटे रुद्र (6) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।  बड़ी बेटी नैनसी (15) साथ आ रहे वीरेंद्र के साढू रंजीत की बाइक में बैठी थी। वीरेंद्र बाइक से आगे चल रहे थे। भल्ला फार्म तिराहे के पास पीछे आ रहे साढ़ू रंजीत को न देख बाइक रोक दी और उसका इंतजार करने लगा। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे कंटेनर में टक्कर मार दी जिससे कंटेनर हाईवे पर पलट गया। भागने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर बाइक सवार परिवार को कुचल दिया। 

उधर रेल यात्रा करने वालों के लिए यह खबर बेहद अहम है। अगर आप सोचते हैं कि ट्रेन आपके बोर्डिंग स्टेशन से निकलने के बाद भी टीटीई अगले स्टेशन तक आपका इंतजार करेगा, तो अब यह आदत बदलनी पड़ेगी। भारतीय रेलवे ट्रेन में बोर्डिंग को लेकर एक बड़ा बदलाव करने जा रहा है, जिसका सीधा असर कन्फर्म, RAC और वेटिंग टिकट वाले यात्रियों पर पड़ेगा। नई व्यवस्था लागू होते ही थोड़ी सी देरी आपकी सीट किसी और को दिला सकती है। अब तक नियम यह था कि यदि कोई यात्री अपने तय बोर्डिंग स्टेशन से ट्रेन में सवार नहीं होता था, तो टीटीई अगले स्टेशन तक उसका इंतजार करता था। यदि यात्री वहां भी नहीं मिलता, तब जाकर उसकी सीट वेटिंग या RAC टिकट वाले यात्री को दी जाती थी। लेकिन अब यह प्रक्रिया बदलने वाली है। नए सिस्टम के तहत जैसे ही टीटीई चेकिंग के दौरान यह पाएगा कि यात्री अपने बोर्डिंग स्टेशन पर नहीं चढ़ा है, वह तुरंत अपने हैंडहेल्ड डिवाइस (EFT) पर उस सीट को नॉट टर्न अप दर्ज कर देगा।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक निजी समारोह में शामिल होने के लिए शुक्रवार को अपने गांव पंचूर पहुंच सकते हैं। जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर में नवनिर्मित कक्षा कक्षों के लोकार्पण समारोह में भी शामिल हो सकते हैं। जनता इंटर कॉलेज चमकोट खाल में योगी आदित्यनाथ ने कक्षा 9 की पढ़ाई की थी। 

इधर ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आई उत्तर प्रदेश पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी के बेटे और उसके साथियों ने पुलिस की निजी गाड़ी को हाईवे पर घेरकर बार-बार टक्कर मारी इसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। घटना में महिला कांस्टेबल समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने पांच नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित प्रभावी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी के बेटे सहित तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

उधर हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिनारसी गांव में संत रविदास जयंती की शोभायात्रा के बाद एक ही समुदाय के दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया था। इस विवाद में एक व्यक्ति की गोली लगने मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि, दूसरे व्यक्ति की पिटाई की वजह से मौत हुई थी। अब इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों से 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि बीती 1 फरवरी (रविवार) की शाम संत रविदास जयंती की शोभायात्रा निकाली गई थी। हालांकि शोभायात्रा सकुशल संपन्न हुई, लेकिन इसके बाद बाद करीब 5 बजे पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी विशाल की ओर से अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गांव के ही आनंद नामक एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिसके बाद मृतक आनंद के परिजनों और अन्य लोगों ने आक्रोशित होकर विशाल पक्ष के मांगेराम की लाठी डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।