Aug 23, 2026 Login

Good Morning India: RCB बैक-टू-बैक चैंपियंस, वैभव सूर्यवंशी पर हुई पैसों की बारिश, ऑरेंज कैप सहित कई अवॉर्ड्स मिले! पहली तारीख को महंगाई का झटका, बढ़ गए गैस सिलेंडर के दाम! ईरान में बड़ा उथल-पुथल, मसूद पेज़ेश्कियन ने राष्ट्रपति पद से दिया इस्तीफा! लिंक में पढ़ें खास खबरें

Good Morning India: RCB are back-to-back champions, Vaibhav Suryavanshi is showered with money, receiving numerous awards, including the Orange Cap! Inflation hits on the first of April, with gas cyl

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज म्यांमार के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मेधावी छात्रों को सम्मानित करेंगे। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जो आईपीएल में 17 सालों तक खिताब जीतने में कामयाब नहीं हो सकी थी उन्होंने साल 2025 में जहां पहली बार इस ट्रॉफी को अपने नाम किया तो वहीं अब इस टाइटल को डिफेंड करने के साथ लगातार दूसरी बार विजेता बनने में कामयाब रही है। आईपीएल 2026 के सीजन में रजत पाटीदार की कप्तानी में खेल रही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का फाइनल मुकाबले में सामना गुजरात टाइटंस की टीम से था जिसमें उन्हें 156 रनों का टारगेट मिला था जिसे वह 18 ओवर्स में अपने नाम 5 विकेट के नुकसान पर करने में कामयाब रहे। इस मैच में विराट कोहली का बल्ले से कमाल देखने को मिला जिन्होंने टारगेट का पीछा करते हुए शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। 

इधर रविवार को आईपीएल का फाइनल मैच खत्म होने के बाद अवॉर्ड सेरेमनी में राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का जलवा रहा, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन की बदौलत ऑरेंज कैप के साथ-साथ कुल 4 बड़े अवॉर्ड्स अपने नाम किए। वैभव ने इस सीजन के 16 मैचों में कुल 776 रन बनाए। सबसे ज्यादा रन बनाने के लिए उन्हें 'ऑरेंज कैप' मिली, जिसके इनाम के रूप में उन्हें 10 लाख रुपये दिए गए। पूरे सीजन में सबसे बेहतरीन खिलाड़ी बनने के लिए उन्हें 'मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर ऑफ द सीजन' चुना गया। उन्हें 16 मैचों में कुल 436.5 पॉइंट्स मिले। इस अवॉर्ड के लिए भी उन्हें 15 लाख रुपये का इनाम मिला। वैभव ने इस सीजन में 237.30 की तूफानी स्ट्राइक रेट से रन बनाए, जो बाकी बल्लेबाजों के तुलना में सबसे ज्यादा रहा। इसके लिए उन्हें टाटा सियरा अवॉर्ड के रूप में मिली। वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल 2026 सीजन में बल्ले से उनको शानदार प्रदर्शन के लिए इमर्जिंग प्लेयर का अवॉर्ड मिला, जिसके लिए उन्हें ट्रॉफी के साथ 10 लाख रुपये मिले।  उन्होंने इस सीजन में कुल 72 छक्के जड़े। इसी के साथ उन्होंने दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल का एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इस अवॉर्ड के लिए भी उन्हें 10 लाख रुपये का चेक मिला।

उधर आईपीएल 2026 का खिताब जीतते ही आरसीबी यानी रॉयल चैलेजर्स बेंगलुरु की टीम फिर से मालामाल हो गई। उस पर करोड़ों की बारिश हुई। टीम ने बैक टू बैक दूसरी बार इस ट्रॉफी पर कब्जा किया है। फाइनल में भले ही गुजरात टाइटंस को हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन इस बाद भी उस पर धनवर्षा हुई है। नंबर तीन और चार पर रहने वाली टीमों को भी करोड़ों रुपये प्राइज मनी के तौर पर मिले हैं। आरसीबी ने रजत पाटीदार की कप्तानी में फिर से आईपीएल का खिताब जीत लिया है। उसे प्राइज मनी के तौर पर 20 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इससे पहले जब साल 2025 में टीम ने ट्रॉफी जीती थी, तब भी उसे इतनी ही प्राइज मनी मिली थी। शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस की टीम रनरअप रही और उसे 12.50 करोड़ रुपये दिए गए हैं। तीसरे नंबर पर राजस्थान रॉयल्स की टीम रही और उसे प्राइज मनी के तौर पर 7 करोड़ रुपये मिले हैं। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम नंबर चार पर रही, उसे 6.5 करोड़ रुपये मिले हैं।

इधर जून की पहली तारीख को ही आम लोगों को सुबह-सुबह महंगाई का झटका लगा है। आज एक बार फिर से कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं। इसके साथ ही FTL सिलेंडर के दामों में भी बढ़ोतरी की गई है। इन सिलेंडरों की बढ़ी हुई कीमतें आधी रात से ही लागू हो गई हैं। हालांकि घरेलू सिलेंडरों की कीमत में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। जानकारी के मुताबिक 19 किलो के कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 42 रुपए तक का इजाफा हुआ है। इसके अलावा 5 किलो वाले गैस सिलेंडर के दाम भी 11 रुपए बढ़ गए हैं। बता दें कि दिल्ली में एक बार फिर से कमर्शियल सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी का असर आम लोगों पर भी देखने को मिलेगा। एक के बाद एक आम जनता पर महंगाई की मार लगातार पड़ रही है। इससे पहले डीजल-पेट्रोल से लेकर सीएनजी के दामों में भी कई बार बदलाव देखने को मिला है।

उधर म्यांमार में रविवार को एक भीषण धमाका हुआ, जिसमें 45 से ज्यादा लोग मारे गए। घटना नामखाम टाउनशिप के काउंगटुप गांव में हुई। यह जगह उत्तर-पूर्वी म्यांमार के शान राज्य में है, जो चीन सीमा से लगभग 3 किलोमीटर दक्षिण में है। दोपहर में हुआ धमाके में 45 से 55 लोगों की मौत हो गई। कई रिपोर्ट्स में 46 शव बरामद करने की बात कही गई, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। लगभग 70-74 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर है। इस धमाके में 100 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। आसपास भारी तबाही हुई है। जानकारी के अनुसार एक इमारत में माइनिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले विस्फोटक रखे हुए थे। इनका भंडारण ता'आंग नेशनल लिबरेशन आर्मी के आर्थिक विभाग द्वारा किया जा रहा था। टीएनएलए एक जातीय सशस्त्र समूह है, जो इस क्षेत्र पर नियंत्रण रखता है। धमाके की वजह की जांच चल रही है। 

इधर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में महिला समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्चे सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भयावह था कि कार कंटेनर में पूरी तरह फंस गई और उसके परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने करीब आधे घंटे तक राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक राजस्थान के चूरू निवासी सोहेब पुत्र सलीम कार चला रहा था। कार में सवार सभी लोग बिहार से राजस्थान लौट रहे थे। कार में परमिला (31), पूजा कुमारी (32), राजू (35), अयांश (6) सहित कुल आठ लोग सवार थे। रविवार रात जैसे ही करीब दो बजे थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 36.700 पर पहुंचते ही तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। 

उधर मेरठ के कंकरखेड़ा इलाके में डेढ़ माह से लापता राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का मामले में पुलिस ने रविवार को सनसनीखेज खुलासा किया। 3600 रुपये नहीं देने पर फास्टफूड विक्रेता ने अनुष्का की ईंट मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने 15 अप्रैल की रात को ही वारदात को अंजाम देने के बाद शव को रोहटा रोड पर नाले में फेंक दिया था। पुलिस ने देहरादून निवासी आरोपी श्याम धानक को चंडीगढ़ से गिरफ्तार करके शव के अवशेष बरामद किए हैं। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि दौराला निवासी नेमपाल की बेटी इंटरमीडिएट की छात्रा अनुष्का कंकरखेड़ा क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। 15 अप्रैल की रात से वह लापता थी। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ था। परिजनों ने 10 दिन बाद कंकरखेड़ा थाने में लिखित शिकायत दी थी। ठोस कार्रवाई नहीं होने पर शनिवार को परिजन एडीजी और एसएसपी ऑफिस पहुंचे थे। अधिकारियों के निर्देश पर अलर्ट हुई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 

इधर पश्चिम एशिया में जारी टकराव थमने का नाम नहीं ले रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी टकराव के साथ इस्राइल और लेबनान में भी हलचल देखी जा रही है। ताजा घटनाक्रम में ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने इस्तीफे का एलान कर दिया है। हालांकि, तेहरान में ईरान की सरकारी मीडिया की तरफ से जारी बयान में इस्तीफे का खंडन किया गया है। पश्चिम एशिया में जारी टकराव पर नजर रखने वाले अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स में ईरान में प्रदर्शन किए जाने की खबरें भी सामने आई हैं। राजधानी तेहरान में बड़ी संख्या में आक्रोशित लोगों को सड़कों पर उतरे देखा गया। अमेरिका के खिलाफ हो रहे इस प्रदर्शन के दौरान कई लोगों के घायल होने की भी खबर है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एवं विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी रविवार को लौट गए। शनिवार को मसूरी पहुंचे माही लाल टिब्बा क्षेत्र के ढहलिया बैंक परिसर में ठहरे थे। रविवार को वह मसूरी टिहरी रोड स्थित प्रतिष्ठित स्कूल पहुंचे थे, जहां वह स्कूल प्रबंधन एवं स्टाफ से मिले। सूत्रों के अनुसार, स्कूल प्रबंधन द्वारा माही को स्मृति चिह्न भेंट किया गया।  इस दौरान धोनी के अनेक प्रशंसक ढहलिया परिसर के समीप पहुंच गए थे। महेंद्र सिंह धोनी ने किसी को निराश नहीं किया और अपने प्रशंसकों के साथ फोटो खिंचवाई और आटोग्राफ दिए। वह बेटी जीवा को समर कैंप में एक महीने के लिए छोड़कर गए हैं। स्कूल में उन्होंने कई बच्चों को आटोग्राफ दिए। बता दें कि धोनी इससे पहले भी कई बार मसूरी में छुट्टियां बिताने आ चुके हैं। जनवरी 2020 में वे अपने परिवार के साथ सर्दियों की छुट्टियां मनाने यहां पहुंचे थे।

इधर हरिद्वार में गंगाजल लेकर लौट रहे एक कांवड़िए को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गोली लगने से कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया। देर रात हुए गोलीकांड से इलाके में हड़कंप मच गया। कनखल थाना क्षेत्र स्थित गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे की यह घटना बताई जा रही है। यहां हाईवे के किनारे विश्राम कर रहे एक कांवड़िए को अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारी गई। गंभीर रूप से घायल कांवड़िए को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने रात को ही फरार आरोपियों की तलाश में घेराबंदी की। घायल युवक की पहचान अजय के रूप में हुई है जो ग्रेटर नोएडा का रहने वाला है। वह अपने साथियों के साथ रविवार को हरिद्वार से गंगाजल लेकर नोएडा लौट रहा था।

उधर उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा रविवार को देहरादून पहुंची। जहां उन्होंने सबसे पहले राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। फिर कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पहुंची। जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने राहुल गांधी के दो दिवसीय दौरे को लेकर विस्तार से जानकारी दी। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने बताया कि राहुल गांधी का दौरा 4 और 5 जून को अल्मोड़ा, पौड़ी और देहरादून में प्रस्तावित है। अल्मोड़ा में उनकी पब्लिक मीटिंग होगी। जबकि, पौड़ी में वे पूर्व सैनिकों के बीच पहुंचेंगे। जहां भूतपूर्व सैनिकों का एक बड़ा सम्मेलन होने जा रहा है। इसके बाद देहरादून में कांग्रेस के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।