Good Morning India: बारिश का हाहाकार, हिमाचल में 11 जगह बादल फटे, हर तरफ तबाही जैसा मंजर! RBI की रिपोर्ट- हर भारतीय ₹4.8 लाख का कर्जदार, उत्तराखंड पंचायत चुनाव के लिए नॉमिनेशन की प्रक्रिया आज से, जानें आज क्या रहेगा खास

Good Morning India: Rain havoc, clouds burst at 11 places in Himachal, devastation everywhere! RBI report- Every Indian is a debtor of ₹4.8 lakh, nomination process for Uttarakhand Panchayat election

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों  पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अफ्रीकी देश घाना के लिए रवाना होंगे। यह किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की 3 दशक में पहली घाना यात्रा है। इधर आज इंग्लैंड और इंडिया के बीच दूसरे टेस्ट का पहला दिन है। मैच दोपहर 3.30 बजे से बर्मिंघम में खेला जाएगा। वहीं आज भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा अंडर-19 वनडे मैच नॉर्थम्प्टन में दोपहर 3.30 बजे से खेला जाएगा। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, देश के ज्यादातर हिस्सों में मानसूनी बारिश जारी है। राजस्थान के अलवर, धौलपुर और भरतपुर में सड़कों पर दो फीट तक पानी भर गया। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, मंडी में समेत 11 जगहों पर बादल फटा। बाढ़ और लैंडस्लाइड से अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, 16 लोग लापता हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। नदी में कटान शुरू हो गया है। मजरा घोसियाना गांव में 9 सेकेंड में एक पक्का मकान नदी में समा गया। वाराणसी में गंगा उफान पर हैं। हर घंटे 50mm की रफ्तार से पानी बढ़ रहा है। मणिकर्णिका घाट तक पानी आ गया है। गंगा द्वार घाट से मणिकर्णिका घाट का संपर्क टूट गया है। इस बीच IMD ने मंगलवार को कहा कि अगले छह से सात दिनों में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड में भी भारी बारिश की संभावना है।

उधर 3 जुलाई से बाबा अमरनाथ की पवित्र यात्रा शुरू होने जा रही है। आज बुधवार को सुबह 5 बजे जम्मू के भगवती नगर से श्रद्धालुओं का पहला जत्था रवाना हो गया। इस जत्थे में शामिल ज्यादातर श्रद्धालु बालटाल के रास्ते में पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन करेंगे। बम भोले की जयकारों के बीच श्रद्धालुओं का पहला जत्था रवाना हुआ है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर पहले जत्थे को रवाना किया। अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे में पैंतीस सौ से ज्यादा यात्री रवाना हो रहे हैं।

इधर भारत के हर व्यक्ति पर औसतन 4.8 लाख रुपए का कर्ज है। मार्च 2023 में यह 3.9 लाख रुपए था। बीते दो साल में इसमें 23% की बढ़ोतरी हुई है। यानी, हर भारतीय पर औसतन 90,000 रुपए का कर्ज और बढ़ा है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने जून 2025 की फाइनेंशियल स्टेबिलिटी रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। इसका मतलब है कि लोग पहले से ज्यादा उधार ले रहे हैं। इसमें होम लोन, पर्सनल लोन, क्रेडिट कार्ड का बकाया और अन्य रिटेल लोन शामिल हैं। नॉन-हाउसिंग रिटेल लोन जैसे पर्सनल लोन और क्रेडिट कार्ड बकाया में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। ये लोन टोटल डोमेस्टिक लोन का 54.9% हिस्सा है। ये डिस्पोजेबल इनकम (खर्च करने योग्य आय) का 25.7% है। हाउसिंग लोन का हिस्सा 29% है और इसमें भी ज्यादातर उनका है जो पहले से लोन लेकर दोबारा से ले रहे हैं।

उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने टेस्ला के CEO इलॉन मस्क पर तंज कसा। उन्होंने कहा- अगर मस्क को मिलने वाली सब्सिडी बंद हो जाए, तो उनको अपनी दुकान बंद कर दक्षिण अफ्रीका लौटना पड़ेगा। ट्रम्प के कहा कि सब्सिडी बंद होने से न टेस्ला इलेक्ट्रिक कार का प्रोडक्शन कर पाएगी, न ही स्पेसएक्स के रॉकेट, सैटेलाइट लॉन्च होंगे। ट्रम्प ने दावा किया कि मस्क को सरकारी सब्सिडी के तौर पर इतना पैसा मिला है, जितना शायद किसी और को नहीं मिला।

इधर कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर अंदरूनी खींचतान तेज हो गई है। डिप्टी CM डीके शिवकुमार के करीबी विधायक इकबाल हुसैन ने दावा किया कि करीब 100 MLA मुख्यमंत्री बदलने के पक्ष में हैं। इस बीच कांग्रेस नेता और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला बेंगलुरु दौरे पर पहुंचे हैं और पार्टी विधायकों के साथ लगातार मीटिंग कर रहे हैं। हालांकि सुरजेवाला ने कहा, 'राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की बात सिर्फ कल्पना है।'

उधर भाजपा ने हिमाचल, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना में निर्विरोध प्रदेशाध्यक्ष चुन लिए हैं। एमपी में हेमंत विजय खंडेलवाल ने भी निर्विरोध नामांकन भरा। आज उनकी जीत का ऐलान होगा। तेलंगाना में रामचंद्र राव को अध्यक्ष चुना गया। रामचंदर राव को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद विधायक टी राजा ने सोमवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। हिमाचल में राजीव बिंदल को तीसरी बार, जबकि महेंद्र भट्‌ट दूसरी बार उत्तराखंड के अध्यक्ष बने।

इधर बेंगलुरु भगदड़ केस में सस्पेंड IPS विकास कुमार को सेंट्रल एडमिनिस्ट्रेटिव ट्रिब्यूनल (CAT) ने बहाल कर दिया। CAT ट्रिब्यूनल ने कहा कि हादसे के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) जिम्मेदार है। CAT ने कहा कि पुलिस भगवान या कोई जादूगर नहीं है। पुलिस को व्यवस्था करने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया जाता तो उससे भारी भीड़ को नियंत्रित करने की उम्मीद नहीं की जा सकती। बता दें कि IPL ट्रॉफी जीतने के बाद RCB ने 4 जून को विक्ट्री परेड निकाली थी। इस दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी, इसमें 11 लोगों की जान गई थी और 75 लोग घायल हो गए थे। इस केस में IPS अधिकारी विकास कुमार को सस्पेंड किया गया था।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड में हरिद्वार जिले को छोड़ बाकी 12 जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होने हैं। बीती 28 जून को पंचायत चुनाव के लिए संशोधित अधिसूचना जारी होने के बाद आज यानी 2 जुलाई से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। तय कार्यक्रम के अनुसार, उम्मीदवार 2 जुलाई से 5 जुलाई तक सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन पत्रों को हुए दाखिल कर सकते हैं। वहीं, राज्य निर्वाचन आयोग की मानें तो प्रदेश के 12 जिलों में 1 जुलाई तक कुल 22,321 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई है।

इधर उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी है, इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने आज राज्य के चार पहाड़ी जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। बाकी 9 जिलों में भी बारिश होगी, लेकिन ये मध्यम बारिश होगी। इस दौरान बादल खूब गरजेंगे तो बिजली भी चमकेगी। ऐसे में लोगों से सावधान रहने को कहा गया है। मौसम विभाग के मुताबिक चार पहाड़ी जिलों जिनमें तीन गढ़वाल मंडल और एक कुमाऊं मंडल में हैं, अधिकांश स्थानों पर बहुत बारिश होगी। इन जिलों में गढ़वाल मंडल के देहरादून, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी हैं। वहीं कुमाऊं मंडल में बागेश्वर जिला है जिसमें खूब बारिश होगी। शेष 9 जिलों में अनेक स्थानों पर गरज चमक के साथ मध्यम बारिश होने का अलर्ट है।

उधर आईएएस अधिकारी और वर्तमान में देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल को शासन ने नोटिस भेजा है। देहरादून जिलाधिकारी सविन बंसल पर आरोप है कि जब 12 जून को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला देहरादून के दौरे पर आए, तो उन्होंने उचित सम्मान प्रोटोकॉल मानकों का उल्लंघन किया। इसके अलावा देहरादून जिलाधिकारी सविन बंसल पर आरोप है कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष को फोन पर उचित सम्मान जनक तरीके से जानकारी ही नहीं दी। इसीलिए सचिव विनोद कुमार सुमन ने डीएम को जवाब तलब किया है।