Good Morning India: तस्वीर ने जीता दिल, जब गिलहरी ने तिरंगे को दी 'सलामी', दुनिया के सबसे लंबे पुल पर दिखा अद्भुत नजारा! कल 'वोटर अधिकार यात्रा' पर निकलेंगे राहुल गांधी, अलास्का में पॉजिटिव रही ट्रंप-पुतिन की मुलाकात

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। हिंदुत्व और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देने के लिए आज से 9 दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करेगी विश्व हिंदू परिषद। वहीं आज देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जाएगी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अलास्का में उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन संग बैठक हुई। बैठक के बाद आयोजित साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में व्लादिमीर पुतिन ने बड़ा बयान दिया है। पुतिन ने कहा कि यदि ट्रंप 2022 में अमेरिका के राष्ट्रपति होते तो यूक्रेन के साथ रूस का युद्ध नहीं होता। ट्रंप ने बार-बार दावा किया कि वह रूस-यूक्रेन युद्ध को टाल सकते थे, जो पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल के दौरान हुआ था। पुतिन ने इस दावे पर अपने विश्वास की फिर से पुष्टि की। उन्होंने कहा कि ट्रंप ने बाइडेन को समझाने की कोशिश की थी कि स्थिति को उस हद तक न बढ़ाया जाए, जहां सैन्य कार्रवाई के रूप में गंभीर परिणाम हो सकते हैं। इस प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पुतिन ने संकेतों में ट्रंप को रूस आने का न्यौता भी दिया।
उधर 15 अगस्त 2025 को भारत ने अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया। दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर आयोजित भव्य परेड में भारतीय सेना ने अपने अनुशासन, शौर्य, और देशभक्ति का शानदार प्रदर्शन किया। लेकिन इस बार परेड में एक नन्ही सी मेहमान ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। दरअसल ये नन्ही सी मेहमान कोई और नहीं बल्कि एक गिलहरी थी। जो लाल किले की प्राचीर पर लगे राष्ट्रध्वज को भारतीय सेना के साथ सलामी देते हुए नजर आई। इस दौरान उस नन्ही सी जान की तस्वीर को एक फोटो जर्नलिस्ट ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। इस तस्वीर ने हर एक भारतीय का दिल जीत लिया।
इधर दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में स्थित हुमायूं का मकबरा कैंपस में एक मस्जिद के पास कमरे की छत गिरने से कई लोग मलबे में दब गए। इनमें से 11 लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है जिसमें से 6 लोगों की मौत हो गई है। हुमायूं के मकबरा के कैम्पस में मस्जिद के पास एक कमरा बना हुआ है। इसी कमरे की छत गिरी है, जिसमें 11 लोग दब गए। अधिकारियों ने बताया कि मलबे से सभी को रेस्क्यू किया गया। उन्होंने बताया कि 11 लोगों में से 9 को एम्स ट्रॉमा सेंटर, एक को राम मनोहर लोहिया अस्पताल और एक अन्य को LJPN अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल लाए गए इन घायलों में से 6 की मौत हो गई।
उधर भारत ने अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे जोश और गर्व के साथ मनाया। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक 'एट होम' समारोह की मेजबानी की। इस शानदार आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री, तीनों सेनाओं के प्रमुख और विदेशी राजदूत शामिल हुए। यह समारोह भारत की एकता और आतिथ्य की मिसाल बना। इससे पहले, भारी बारिश के बावजूद राष्ट्रपति मुर्मू ने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ दिल्ली के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान दो महिला वायुसेना अधिकारियों ने पुष्पचक्र ले जाकर देश के वीर जवानों के बलिदान को सलाम किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री संजय सेठ भी इस गंभीर मौके पर मौजूद थे। यह पल देश के सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक बना।
इधर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी कल 17 अगस्त से बिहार में 'वोटर अधिकार यात्रा' शुरू करने जा रहे हैं। इस यात्रा का मकसद कथित वोट चोरी के खिलाफ आवाज बुलंद करना और स्वच्छ मतदाता सूची सुनिश्चित करना है। राहुल गांधी ने इसे न सिर्फ एक चुनावी मुद्दा, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और ‘वन मैन, वन वोट’ के सिद्धांत की हिफाजत की जंग बताया है। यह यात्रा बिहार के विभिन्न जिलों से होकर गुजरेगी और कई जगहों पर जनसभाएं होंगी।
उधर जगदीप धनखड़ उप राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद देशभर में इस बात को लेकर चर्चा तेज है आखिर भारत का अगला उपराष्ट्रपति कौन होगा? इसके लिए आने वाले नौ सितंबर को चुनाव भी होने है। ऐसे में सूत्रों की माने तो उपराष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) जल्द ही अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकता है। इसको लेकर भाजपा की संसदीय बोर्ड की बैठक 17 अगस्त को होने की संभावना है, जिसमें उम्मीदवार के नाम को अंतिम रूप दिया जाएगा।
इधर झारखंड के शिक्षा मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता रामदास सोरेन का शुक्रवार देर रात दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 62 वर्ष के थे। रामदास सोरेन का करीब दो हफ्तों से दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। जहां उन्हें 2 अगस्त को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। दरअसल 2 अगस्त को बाथरूम में फिसलकर गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। चिकित्सकों के अनुसार उन्हें ब्रेन इंजरी हुई थी। हालत बिगड़े पर उन्हें जमशेदपुर से राष्ट्रीय राजधानी के अस्पताल में एयरलिफ्ट किया गया था। अपोलो अस्पताल में इलाजरत झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को डॉक्टरों ने कुछ दिन पहले ब्रेन डेड घोषित कर दिया था।
उधर जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ के चशोती में बादल फटने से आई तबाही के बाद मलबे के ढेर से जिंदगी की तलाश जारी है। मृतकों की संख्या 65 हो चुकी है। मौसम की चुनौती के बीच शुक्रवार को बड़े पैमाने पर राहत व बचाव कार्य जारी रहा। करीब 200 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। इनमें 100 से अधिक जम्मू और किश्तवाड़ के अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। स्वजनों से मिल रही सूचना के अनुसार 100 के करीब लोग अभी लापता हैं।
इधर देशभर में शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर चिनाब ब्रिज का मनमोहक नजारा देखने को मिला। दुनिया का सबसे लंबा पुल तिरंगे की रोशनी में जगमगा रहा है। यह आजाद भारत की ऊंचाइयों का प्रतीक है। यह जम्मू-कश्मीर के रियासी में है। जिस पर हाल ही में पीएम मोदी ने तिरंगा फहराया था। इस ब्रिज पर वंदे भारत एक्स्प्रेस ट्रेन अब दौड़ रही है। पीएम मोदी ने इस हाईस्पीड ट्रेन का उद्घाटन किया था। इस दौरान उन्होंने ब्रिज पर तिरंगा फहराया था।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, गुरुवार को नैनीताल जिला पंचायत चुनाव के दौरान नैनीताल में हुए बवाल और पांच जिला पंचायत सदस्यों के गायब होने के मामले में नया मोड़ आ गया है। शुक्रवार हल्द्वानी में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस ने एसएसपी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। जिसके बाद शुक्रवार देर शाम लापता जिला पंचायत सदस्यों ने अपना वीडियो जारी किया है। जहां जिला पंचायत सदस्यों ने कहा है कि उनका किसी तरह का कोई अपहरण नहीं हुआ है। मीडिया और सोशल मीडिया से उनके अपहरण की जानकारी मिली है, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा है कि वह अपनी मर्जी से पांच लोग घूमने के लिए निकले हैं। किसी तरह का कोई चिंता करने की जरूरत नहीं है। वह जहां भी हैं सुरक्षित हैं। जल्द ही सभी लोग सामने आ जाएंगे।
उधर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उत्तराखंड पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को विशिष्ट कार्यों एवं सेवा के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने "सराहनीय सेवा पदक" प्रदान किये। पुलिस मुख्यालय में डीजीपी दीपम सेठ ने ध्वजारोहण कर सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इसके बाद पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ’गोल्ड’ एवं पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ’सिल्वर’ प्रदान किये गये।
इधर नैनीताल पुलिस ने बेतालघाट में चुनाव के दौरान हुई गोलीकांड की घटना पर बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने गोलीकांड के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही दो वाहनों को भी सीज किया गया है। मामले में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बता दें 14 अगस्त को बेतालघाट ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान माहौल अचानक हिंसक हो गया। वोटिंग के बीच एक प्रत्याशी के समर्थकों ने प्रतिद्वंदी खेमे पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में महेंद्र सिंह बिष्ट उर्फ गोधन सिंह, पुत्र मोहन सिंह, निवासी छड़ा खैरना, गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरना ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण हायर सेंटर रेफर करना पड़ा।