Good Morning India: पुतिन और ट्रंप के बीच फोन पर डेढ़ घंटे तक हुई बात, यूक्रेन से लेकर ईरान तक कई मुद्दों पर हुई चर्चा! नेपाल एयरलाइंस का दुस्साह, जम्मू-कश्मीर को दिखाया पाकिस्तान का हिस्सा! यूपी में तिहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी जीतू एनकाउंटर में ढेर! उत्तराखण्ड में एक ही मंडप में हुई पांच भाइयों की शादी

Good Morning India: Putin and Trump spoke on the phone for an hour and a half, discussing a wide range of issues from Ukraine to Iran! Nepal Airlines' audacity, showing Jammu and Kashmir as part of P

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से दो दिन के लद्दाख दौरे पर रहेंगे। वहीं आज आईपीएल में गुजरात और बंगलूरू के बीच मुकाबला है। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बुधवार को लंबी फोन बातचीत हुई। क्रेमलिन के मुताबिक, यह बातचीत डेढ़ घंटे से ज्यादा चली और इसे 'दोस्ताना और व्यावसायिक' बताया गया। बातचीत के दौरान पुतिन ने यूक्रेन में जारी जंग को लेकर एक अहम प्रस्ताव रखा। उन्होंने अगले महीने द्वितीय विश्व युद्ध की समाप्ति की वर्षगांठ यानी कि विक्ट्री डे के मौके पर अस्थायी युद्धविराम लागू करने की बात कही। ट्रंप ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया और इसे सकारात्मक कदम बताया गया। क्रेमलिन के मुताबिक, ट्रंप का मानना है कि यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के लिए समझौता अब करीब है। वहीं पुतिन ने आरोप लगाया कि यूक्रेन 'आतंकवादी तरीकों' का इस्तेमाल कर रहा है। दोनों नेताओं ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की सरकार के रवैये पर भी चर्चा की। क्रेमलिन के मुताबिक, पुतिन और ट्रंप दोनों का मानना है कि कीव सरकार का व्यवहार संघर्ष को लंबा खींच रहा है। फोन कॉल में ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर भी विस्तार से बात हुई। पुतिन ने इस मुद्दे को सुलझाने के लिए कुछ नए सुझाव दिए। उन्होंने ईरान के साथ युद्धविराम बढ़ाने के ट्रंप के फैसले का समर्थन भी किया। पुतिन ने यह भी चेतावनी दी कि अगर अमेरिका और इजराइल ने मध्य पूर्व में फिर से सैन्य कार्रवाई की, तो इसके गंभीर और नुकसानदेह परिणाम हो सकते हैं। क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव के मुताबिक, पुतिन ने हाल ही में ट्रंप पर हुए हमले की कोशिश की निंदा भी की और चिंता जताई।

उधर यूपी के बुलंदशहर के खुर्जा में सुभाष मार्ग स्थित जिम में 25 अप्रैल की रात को हुए ट्रिपल मर्डर का मुख्य आरोपी जीतू सैनी और पुलिस के बीच बृहस्पतिवार सुबह सिकंदरपुर गांव के पास मुठभेड़ हुई। इसमें जीतू सैनी को दो गोली लगी, जिसको घायल अवस्था में जटिया अस्पताल लाया गया। वहां से उसको जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान जीतू सैनी की मौत हो गई। वहीं मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी मोहम्मद असलम और सिपाही मोहित मलिक को भी गोली लगी, जिनको जटिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस टीम जीतू के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। इससे पहले, बुधवार को भी कोतवाली पुलिस और तिहरे हत्याकांड के दो आरोपी 50-50 हजार रुपये इनामी रिंकू व भारत के बीच मंगलवार रात को मुठभेड़ हुई थी। इसमें रिंकू के दाएं और भारत के बाएं पैर में गोली लगी थी।

इधर भारत में एक बार फिर भूकंप के झटके लगे हैं। ये भूकंप लद्दाख के लेह में गुरुवार तड़के 3 बजकर 54 मिनट आया है। लेह में गुरुवार तड़के लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए और डर की वजह से घरों से बाहर निकल आए। लेह में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल 4.1 मापी गई है। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मॉलॉजी के अनुसार, इस भूकंप की गहराई 150 किलोमीटर धरती के अंदर थी। राहत की बात यह रही कि इस भूकंप से अब तक कोई जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से भारत के अलग-अलग हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं। एनसीएस के अनुसार, बुधवार को राजस्थान के खैरताल तिजारा में 3.0 तीव्रता का भूकंप आया था। इस भूकंप की गहराई मात्र जमीन से तीन किलोमीटर नीचे थी।

उधर बेंगलुरु में बुधवार को बॉवरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल के पास एक कंपाउंड की दीवार गिरने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। इस हादसे में सात लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटनास्थल का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सात लोगों के मरने की पुष्टि की है। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बेंगलुरु में अस्पताल परिसर की दीवार ढहने की घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री  ने अस्पताल परिसर की दीवार गिरने की घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं। सीएम ने कहा कि इस घटना में सात अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।

इधर आंधी-तूफान और बारिश के चलते दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी से कुछ राहत मिली है। तूफानी बारिश का यह सिलसिला अभी जारी रहेगा। मौसम विभाग ने 10 राज्यों में बारिश, तूफान और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। मध्य और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने से मौसम राहत भरा हो सकता है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। उत्तराखंड के कई जिलों में अगले 48 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश होने, ओले गिरने के साथ ही करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के पहाड़ी क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। ओलावृष्टि और तेज बारिश का अनुमान है।

उधर उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में बुधवार सुबह एक ऐसा भयावह हादसा हुआ, जिसने कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। रोजमर्रा की तरह सामान्य सुबह के बीच अचानक D-ब्लॉक की ओर से उठीं चिंगारियां और धुआं कुछ ही देर में भीषण आग में बदल गईं। देखते ही देखते आग ने कई फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया और पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में सुबह करीब 8:30 बजे लोगों ने पहले बिजली गुल होने को सामान्य कटौती समझा, लेकिन थोड़ी ही देर में D-ब्लॉक से धुआं उठता दिखाई दिया। इसके बाद आग तेजी से फैलती चली गई। लपटों की ऊंचाई इतनी ज्यादा थी कि दूर-दूर तक दिखाई देने लगी और काले धुएं ने पूरे इलाके को अपनी गिरफ्त में ले लिया।

इधर सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को केरल के सबरीमाला मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान रामायण की शबरी कथा का जिक्र किया गया। इन याचिकाओं पर नौ जजों की संविधान पीठ सुनवाई कर रही है, जिनमें चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत, जस्टिस बीवी नागरत्ना, जस्टिस एमएम सुंदरेश, जस्टिस एहसानुद्दीन अमानुल्लाह, जस्टिस अरविंद कुमार, जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह, जस्टिस प्रसन्ना बी वराले, जस्टिस आर महादेवन और जस्टिस जॉयमाल्या बागची शामिल हैं। पीठ जैसे ही आज की सुनवाई समाप्त करने वाली थी, 2018 के फैसले के बाद सबरीमाला मंदिर में प्रवेश करने वाली दो महिलाओं (बिंदू अमिनी और कनकदुर्गा) की ओर से पेश वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह ने उसके समक्ष शबरी का उल्लेख किया, जो रामायण में राम के प्रति निस्वार्थ भक्ति भाव रखने वाली एक बुजुर्ग आदिवासी महिला थीं। वकील जयसिंह ने कहा कि शबरी कौन थीं? आप सभी ने रामायण पढ़ी है। वह एक महिला थीं, जिन्होंने भगवान राम को बेर अर्पित किए थे। उन्होंने कहा कि पौराणिक कथाओं के अनुसार, शबरी कहती हैं, “मैं जीवन भर भगवान राम से मिलने की प्रतीक्षा करती रही। यह मेरी इच्छा थी, मेरी अंतरात्मा की इच्छा। फिर मैंने सुना कि वह सबरीमालाई आ रहे हैं।

उधर नेपाल एयरलाइंस ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में भारत के जम्मू-कश्मीर क्षेत्र को पाकिस्तान का हिस्सा दिखा दिया जिसके बाद सोशल मीडिया पर एयरलाइंस भारतीयों के निशाने पर आ गई और फिर नेपाल एयरलाइंस को अपनी पोस्ट डिलीट करनी पड़ी। पोस्ट में एयरलाइंस के फ्लाइट नेटवर्क मैप में पूरे जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान के साथ जोड़ दिया गया था, जो भारत की संप्रभुता का सीधा उल्लंघन माना जा रहा है। बड़ी संख्या में भारतीय यूजर्स ने इस पोस्ट पर तीखी प्रतिक्रिया दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर #NepalAirlines और जम्मू-कश्मीर से जुड़े हैशटैग्स के साथ पोस्ट वायरल हो गए, जिसमें उपयोगकर्ताओं ने इसे जानबूझकर किया गया गलत काम और भारत-विरोधी बताया। भारी विरोध के बाद नेपाल एयरलाइंस को विवादित पोस्ट डिलीट करनी पड़ी।

इधर मध्य प्रदेश के धार जिले में बुधवार रात एक पिकअप वाहन के पलटकर एक एसयूवी से टकरा जाने से उसमें सवार 12 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच चिकल्या चौराहे के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक करीब 35 मजदूर धार जिले के बग्गड़ क्षेत्र से पिकअप वाहन में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे, तभी चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। उन्होंने बताया कि अनियंत्रित पिकअप वाहन पलट गया और सामने से आ रही एक एसयूवी से टकरा गया। धार के प्रभारी जिलाधिकारी अभिषेक चौधरी ने बताया कि 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 अन्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को इंदौर रेफर किया गया है। उन्होंने कहा कि डीआईजी मयंक अवस्थी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए हैं। तिरला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखण्ड के चकराता में एक ऐसा शादी समारोह हुआ, जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है। यहां खरासी गांव में बुधवार को एक ही परिवार के पांच भाइयों का विवाह एक साथ, एक ही दिन और एक ही मंडप में हुआ। इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। परिवार के पांचों भाई नरेंद्र, प्रदीप, प्रीतम, अमित और राहुल का विवाह पारंपरिक जौनसारी रीति-रिवाज जोझोड़े के अनुसार हुआ। नरेंद्र का विवाह हय्यो निवासी अन्नू से, प्रदीप का जोगियो निवासी निक्की से और प्रीतम का विवाह हय्यो निवासी पुनीत से हुआ। वहीं अमित ने गोरछा निवासी निर्मला के साथ सात फेरे लिए जबकि राहुल का विवाह जोगियों निवासी आंचल के साथ हुआ। परिवार की बेटी प्रियंका का विवाह भी बृहस्पतिवार को मरलऊ निवासी रणवीर सिंह के साथ होना है। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए संयुक्त परिवार ने भव्य आयोजन किया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इधर देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे तीन बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें एक बदमाश ढेर हो गया, जबकि दो बदमाश फरार हो गए, उनमें से एक घायल है। वहीं, प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर के हाथ में दो गोली लगी हैं। जानकारी के अनुसार, पौंधा रोड पर एक व्यक्ति को गोली मारकर बदमाशों ने उसकी चेन और नकदी लूट ली और मौके से भाग गए। पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को मार गिराया, जबकि दो फरार हो गए। इस दौरान प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर को भी दो गोलियां लगीं, जिन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

उधर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के भीतर राज्य के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। कुछ जिलों में बारिश का दौर आगामी पांच मई तक जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जनपदों के लिए अलर्ट जारी किया है। इन पहाड़ी क्षेत्रों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान ओलावृष्टि और तेज बारिश की संभावना जताई गई है। अचानक बदलते मौसम को देखते हुए किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।