Good Morning India: अब वे और नहीं हंस पाएंगे..., ईरान पर फिर भड़के ट्रंप! नेपाल में लैंडिंग के दौरान विमान के टायर में लगी आग, बाल-बाल बची 289 लोगों की जान!ऑरेंज कैप की रेस में नया रोमांच, टॉप 5 से भी बाहर हुए वैभव सूर्यवंशी! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: Now they can't laugh anymore..., Trump lashes out at Iran again! Plane tire catches fire during landing in Nepal, narrowly escaping 289 lives! New excitement in the Orange Cap rac

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के दौरे पर हैं। वहीं आईपीएल में पंजाब और दिल्ली के बीच मुकाबला है।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका और ईरान के बीच पिछले कई महीनों से जारी तनाव कम होने के संकेत नहीं मिल रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को "पूरी तरह अस्वीकार्य" बताते हुए खारिज कर दिया है। हालांकि, प्रस्ताव के बारे में उन्होंने कोई और जानकारी नहीं दी। ट्रंप के इस रुख के बाद एक प्रमुख रिपब्लिकन नेता ने अब ईरान के खिलाफ सैन्य विकल्प पर विचार करने का आग्रह किया। ट्रंप को रविवार को ईरान का प्रस्ताव मिला। उम्मीद थी कि इससे ईरान के साथ 28 फरवरी को शुरू हुए युद्ध को समाप्त करने में कोई सफलता मिल सकती है। इस युद्ध ने वैश्विक तेल आपूर्ति के महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को अवरुद्ध कर दिया है, जिससे कई देशों में ईंधन की कमी हो गई है। ट्रंप ने रविवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म "ट्रुथ सोशल" पर लिखा, "मैंने अभी ईरान के तथाकथित 'प्रतिनिधियों' का जवाब पढ़ा है। मुझे यह पसंद नहीं आया- पूरी तरह अस्वीकार्य! वे लगभग 50 वर्षों से अमेरिका के साथ खेल खेल रहे हैं, लेकिन अब वे और नहीं हंस पाएंगे।"

इधर टाटा ग्रुप की एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया ने पिछले तीन साल में 1,000 से ज्यादा कर्मचारियों को नौकरी से निकाल चुका है। कंपनी ने इन सभी कर्मचारियों को नैतिकता संबंधी मुद्दों के उल्लंघन के मामलों में निकाला है। कंपनी के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर कैंपबेल विल्सन ने शुक्रवार को कर्मचारियों के साथ आयोजित एक टाउनहॉल मीटिंग में कहा कि हर साल सैकड़ों कर्मचारियों को नियमों के उल्लंघन के कारण हटाया जाता है। उन्होंने कर्मचारियों से सही आचरण बनाए रखने की अपील भी की। सूत्रों के अनुसार, विल्सन ने टाउनहॉल मीटिंग में कहा कि हटाए गए कर्मचारियों में ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिन्होंने एयर इंडिया की फ्लाइट से सामान की तस्करी की और बिना चार्ज किए निर्धारित सीमा से ज्यादा सामान ले जाने की अनुमति दी। 

उधर पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा इलाके में चरमपंथियों ने एक पुलिस थाने को उड़ाने की कोशिश की, जिसमें मुठभेड़ के दौरान कम से कम तीन पुलिसकर्मियों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। चरमपंथी विस्फोटकों से भरी गाड़ी लेकर बन्नू जिले के फतेहखेल थाने में घुसना चाहते थे। सुरक्षाबलों ने उन्हें पहले ही रोक दिया, जिससे गाड़ी में जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि आस-पास के कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। धमाके के बाद चरमपंथियों ने गोलीबारी भी की। पुलिस ने बताया कि विस्फोट के तुरंत बाद बड़ी संख्या में चरमपंथियों ने पुलिस थाने पर हमला किया और उन्हें रोकने के लिए पुलिस की ओर से भी गोलीबारी की गई। गोलीबारी में कम से कम तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए।

इधर नेपाल से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान तुर्की एयरलाइंस के एक विमान के टायर में आग लग गई। पुलिस ने पुष्टि की है कि आग बुझा दी गई है और सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। एयरपोर्ट सुरक्षा के एसपी राजकुमार सिलावल ने बताया, "तुर्की एयरलाइंस की फ्लाइट टीके 726 इस्तांबुल से काठमांडू आ रही थी और लैंडिंग के समय उसके टायर में आग लग गई। फायर इंजन की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।" अधिकारियों के अनुसार, फ्लाइट में कुल 278 यात्री और 11 क्रू सदस्य सवार थे। यात्रियों में संयुक्त राष्ट्र के कुछ अधिकारी भी शामिल थे।

उधर देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार 11 मई को देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग तरह का मौसम देखने को मिलेगा। उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी और बारिश से गर्मी से राहत मिलने की संभावना है, जबकि राजस्थान, गुजरात और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और पहाड़ी राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में मौसम खराब रह सकता है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं और ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की है। चारधाम यात्रा मार्गों पर जाने वाले यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इधर ऑरेंज कैप की रेस में नया रोमांच आता हुआ दिख रहा है। जहां एक ओर टीमों के बीच अपने मैच जीतकर आगे निकलने की होड़ लगी है, वहीं बल्लेबाज भी ज्यादा से ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप की जंग जीतने में लगे हैं। इस बीच बड़ी बात ये हुई है कि राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज और विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस रेस से बाहर होते हुए दिख रहे हैं। इस वक्त वे टॉप 5 बल्लेबाजों में शुमार नहीं हैं। हालांकि एक बड़ी पारी उन्हें फिर से खेल में ला देगी। आईपीएल में इस साल अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन हैं। जिन्होंने अब तक 11 मैच खेलकर 494 रन बना लिए हैं। क्लासेन इस वक्त 54.89 के औसत और 157.32 के स्ट्राइक रेट के साथ रन बना रहे हैं। हो सकता है कि वे जल्द ही 500 का आंकड़ा भी छू लें। क्लासेन जबरदस्त बल्लेबाजी कर रहे हैं, यही कारण है कि टीम भी टॉप 4 की रेस में बनी हुई है। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र की एक 15 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से सनसनी फैल गई। छात्रा दो दिनों से लापता चल रही थी। शनिवार रात को छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई थी। रविवार को पोस्टमार्टम कराने पहुंचे परिजनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल में हंगामा काटा। आरोप लगाए कि कुछ युवकों ने छात्रा का अपहरण किया था, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई की बजाय उल्टा छात्रा के साथ दुर्व्यवहार किया। हालांकि पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द किया। वहीं देर रात प्रारंभिक जांच में खुलासा किया कि विषाक्त पदार्थ से छात्रा की मौत हुई। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और गहनता से मामले की जांच जारी है। 

इधर हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित चंडी देवी मंदिर रोपवे के पास जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वन कर्मियों द्वारा सूचना मिलने पर श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। शव करीब तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है, जिससे हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। शव की हालत खराब होने के कारण महिला का चेहरा स्पष्ट पहचान में नहीं आ रहा था। एसएसपी के निर्देश पर अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास क्षेत्र में महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद शव को पंचायतनामा और पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। जांच में सामने आया है कि मृतक महिला के दाहिने हाथ की कलाई पर अंग्रेजी में नाम और गमलेनुमा फूल का टैटू बना हुआ है। बाएं हाथ की कलाई पर दिल के आकार का टैटू है, जिसके भीतर अंग्रेजी में केआर लिखा हुआ है।

उधर राजधानी देहरादून के एकता विहार स्थित धरना स्थल पर वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलनरत नर्सिंग एकता मंच से जुड़े चार अभ्यर्थी सर्वे चौक के निकट स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। उनके मांगों के समर्थन में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी पानी की टंकी पर चढ़ गई। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद है, तो वहीं टंकी पर चढ़े नर्सिंग अभ्यर्थियों के साथी टंकी के समीप धरना देते हुए अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं। अनिश्चितकालीन धरने के 156 दिन और 22 दिनों तक आमरण अनशन पर एकता विहार स्थित धरना स्थल पर आंदोलनरत नर्सिंग एकता मंच से जुड़े चार अभ्यर्थी पानी की टंकी पर चढ़ गए, जिसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद है। आक्रोशित नर्सिंग अभ्यर्थियों के कुछ साथी एक तरफ जहां पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ नर्सिंग एकता मंच से जुड़े आंदोलनकारी टंकी के समीप धरना देकर अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। बीते लंबे समय से आंदोलन कर रहे नर्सिंग कर्मियों का कहना है कि निरंतर धरना देने आमरण अनशन करने के बावजूद सरकार ने उनकी मांगों को लेकर कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया है।

इधर उत्तराखंड में संचालित मदरसों के सभी क्रियाकलापों की अब विस्तृत जांच होगी। शासन ने इस सिलसिले में सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर आख्या जल्द भेजने को कहा है। जांच में मदरसों के दैनिक क्रियाकलाप, छात्रों की उपस्थिति, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ, वित्तीय स्रोत की स्थिति समेत अन्य बिंदुओं की पड़ताल की जाएगी। यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी मदरसे में अनियमितता की बात सामने आई तो उसके विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। राज्य में वर्तमान में 452 मदरसे हैं। इनमें से पहली से आठवीं तक के 400 और नौवीं से 12वीं तक के 52 मदरसे हैं।