Good Morning India: निकोलस पूरन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा! राजा रघुवंशी मर्डर केस, सोनम को आज मेघालय ले जाएगी पुलिस! तीसरी बार टला एक्सिओम-4 मिशन, उत्तराखण्ड में फिर टले पंचायत चुनाव, जानें आज क्या रहेगा खास?

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज बेंगलुरु भगदड़ केस की कर्नाटक हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मार्केटिंग हेड निखिल सोसले ने अपनी गिरफ्तारी की वैधता पर सवाल उठाया है। वहीं आज महाराष्ट्र में नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) और NCP (SP) अपना स्थापना दिवस मनाएंगी, दोनों पार्टियां अलग-अलग इवेंट करेंगी। इधर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देने के लिए विदेश गए 7 डेलिगेशन के सांसदों से मुलाकात करेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज निकोलस पूरन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। उन्होंने महज 29 की उम्र में संन्यास लेकर पूरे क्रिकेट जगत को चौंका दिया। पूरन ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए संन्यास की खबर फैंस के साथ शेयर की। आपको बता दें कि पूरन वेस्टइंडीज की व्हाइट बॉल टीम का अहम हिस्सा थे। वेस्टइंडीज के लिए उन्होंने आखिरी वनडे मैच श्रीलंका के खिलाफ जुलाई 2023 में खेला था। वहीं आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मैच उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ दिसंबर 2024 में खेला था।
इधर इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के आरोप में उनकी पत्नी सोनम और 4 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। 21 साल का राज कुशवाहा मुख्य आरोपी माना जा रहा है। मेघालय की DGP आई नोंगरांग ने बताया कि सोनम ने सुपारी देकर मर्डर कराया था। सोनम रविवार देर रात यूपी के गाजीपुर में एक ढाबे पहुंची थी। ढाबा मालिक ने पुलिस को सूचना दी। वहीं सोनम के परिवार ने बेटी को बेगुनाह बताया है। मेघालय पुलिस ने यूपी की गाजीपुर कोर्ट से उसकी ट्रांजिट रिमांड मांगी। कोर्ट ने सोनम को मेघालय पुलिस को 3 दिन की रिमांड पर सौंप दिया। पुलिस सोनम को लेकर शिलॉन्ग के लिए रवाना हो गई। इंदौर से गिरफ्तार तीन आरोपियों राज कुशवाहा, विशाल चौहान, आकाश राजपूत को कोर्ट में पेश किया गया। यहां कोर्ट ने उन्हें मेघालय पुलिस की टीम को 7 दिन की ट्रांजिट रिमांड पर सौंप दिया है।
उधर मुंबई के मुंब्रा रेलवे स्टेशन के नजदीक चलती लोकल ट्रेनों से 10 यात्री नीचे गिर गए। इनमें से 4 की मौत हो गई, 13 लोग घायल हो गए। मरने वालों में GRP कॉन्स्टेबल भी शामिल है। ये सभी ट्रेन के गेट पर खड़े थे। हादसा मुंब्रा और दिवा रेलवे स्टेशन के बीच हुआ। रेलवे के स्पोक्सपर्सन ने बताया, 'कसारा से आ रही लोकल ट्रेन और CSMT की तरफ जा रही एक दूसरी ट्रेन के गेट पर खड़े यात्रियों के बैग टकरा गए। संभवतः ये यात्री ट्रेनों के फुटबोर्ड से लटके हुए थे।' महाराष्ट्र के डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने कहा कि मामले की जांच के लिए रेलवे ने हाईलेवल कमेटी बनाई है।
इधर मणिपुर के 5 जिलों में हिंसा की वजह से नेशनल हाईवे बंद हो गया है। ट्रांसपोर्ट प्रभावित होने से महंगाई बढ़ गई है। राजधानी इंफाल और चुराचांदपुर में खाने-पीने की चीजें महंगी हो गई हैं। हिंसा प्रभावित इलाकों में दवाइयां तक नहीं मिल रही हैं। इंफाल समेत 5 जिलों में इंटरनेट 12 जून तक बंद रहेगा। 3 मई 2023 को कुकी-मैतेई समुदाय के बीच हिंसा शुरू हुई थी, जो अब तक जारी है। इस दौरान 300 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। 1500 से ज्यादा घायल हुए। 70 हजार से ज्यादा लोग विस्थापित हैं। 6 हजार से ज्यादा FIR दर्ज हुई हैं। राज्य में 13 फरवरी से राष्ट्रपति शासन लागू है।
उधर देशभर में कोरोना वायरस के एक्टिव केसों की संख्या 6491 पहुंच गई है। बीते दिन 358 नए केस सामने आए हैं। केरल में सबसे ज्यादा 1957 केस हैं। इसके बाद गुजरात (980), पश्चिम बंगाल (747) और दिल्ली (728) हैं। जनवरी 2025 से अबतक 11 राज्यों में कोरोना से 65 मरीजों की मौत हुई हैं। 58 मौतें बीते 10 दिन में हुई हैं।
इधर अमेरिका के न्यूजर्सी में एक भारतीय छात्र को न्यूअर्क एयरपोर्ट पर अपराधियों की तरह जमीन पटका गया और फिर हथकड़ी लगाकर भारत डिपोर्ट किया गया। इस दौरान वह कहता रहा मैं पागल नहीं हूं, मुझे जबरदस्ती पागल साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। भारतीय मूल के अमेरिकी बिजनेसमैन कुनाल जैन ने इसका वीडियो शेयर किया है। भारतीय छात्र को किस वजह से डिपोर्ट किया गया, इसकी जानकारी नहीं है। यह घटना ऐसे वक्त पर हुई है, जब अमेरिकी सरकार अंतरराष्ट्रीय छात्रों पर सख्ती बढ़ा रही है और बिना नोटिस के वीजा रद्द कर रही है। अमेरिकी सरकार ने 2 हफ्ते पहले विदेशी छात्रों के लिए नए वीजा इंटरव्यू पर रोक लगा दी है। अमेरिका में 11.6 लाख विदेशी स्टूडेंट्स पढ़ते हैं। इनमें से 3.31 लाख यानी 29% भारतीय हैं।
उधर इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) के लिए लॉन्च होने वाला एक्सिओम-4 मिशन खराब मौसम के कारण टाल दिया गया है। अब यह 11 जून की शाम 5.30 बजे लॉन्च किया जाएगा। पहले यह 8 जून को लॉन्च होना था। यह तीसरा मौका है, जब लॉन्चिंग टाली गई है। ISS जाने से पहले शुभांशु शुक्ला ने रविवार को फुल ड्रेस रिहर्सल की। इस दौरान असेंबली बिल्डिंग से रॉकेट तक जाने, उसमें बैठने के प्रोसेस को फॉलो किया। एक्सिओम मिशन 4 के तहत भारत, अमेरिका, पोलैंड और हंगरी एस्ट्रोनॉट्स 14 दिन के लिए स्पेस स्टेशन जाएंगे। शुभांशु ISS पर जाने वाले पहले और स्पेस में जाने वाले दूसरे भारतीय होंगे। इससे पहले राकेश शर्मा ने 1984 में सोवियत यूनियन के स्पेसक्राफ्ट से अंतरिक्ष यात्रा की थी।
इधर अमेरिका के लॉस एंजिलिस में इमिग्रेशन पॉलिसी के खिलाफ 3 दिन से हिंसक प्रदर्शन जारी है। हिंसा में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मास्क पहनकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को अरेस्ट करने का आदेश दिया है। प्रदर्शनकारी सुरक्षा कैमरों से बचने के लिए ऐसा कर रहे हैं। सरकार ने 6-7 जून को अवैध अप्रवासियों को डिपोर्ट करने के लिए अभियान चलाया था, जिसके बाद हिंसा भड़की। हालात काबू करने के लिए 2000 नेशनल गार्ड्स तैनात किए गए हैं। ट्रम्प ने कहा कि शहर पर अवैध प्रवासियों का कब्जा है, इसे जल्द आजाद कराया जाएगा।
उधर ब्रिटेन की लफबॉरो यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने इंसान के बाल से भी पतली वायलिन बनाई है। दुनिया की सबसे छोटी यह वायलिन नैनो टेक्नोलॉजी से बनाई गई है। इसे सिर्फ माइक्रोस्कोप से देखा जा सकता है। वायलिन 35 माइक्रॉन लंबी और 13 माइक्रॉन चौड़ी है। इंसान के बालों का डायमीटर 17 से 180 माइक्रॉन के बीच होता है।
इधर देश की राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। घर से बाहर निकलने पर ऐसा लग रहा है कि मानो आसमान से 'आग' की लपटें उठ रही हो। मौसम विभाग की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के आयानगर में टेम्परेचर तीन डिग्री बढ़कर सीजन का सबसे ज्यादा 45.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में सोमवार को अधिकतम तापमान 43-45 के बीच दर्ज किया गया लेकिन रीयल फील 49 डिग्री वाला लग रहा था। दिल्ली-एनसीआर के लोगों को आज भी गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों की तरफ रुख करते हैं, हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर सहारनपुर से कर्णप्रयाग मजदूरी के लिए जा रहे लोगों का एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 11 मजदूर घायल हो गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सभी को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है।
इधर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव एक बार फिर टल गए हैं। जिला पंचायतों में जिलाधिकारी, क्षेत्र पंचायतों में उप जिलाधिकारी और ग्राम पंचायतों में संबंधित विकासखंड में तैनात सहायक विकास अधिकारी पंचायत को प्रशासक नियुक्त कर दिया गया है। शासन ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। प्रदेश में हरिद्वार जिले को छोड़कर अन्य जिलों में प्रशासक नियुक्त किए गए हैं। शासन ने जारी आदेश में कहा, पंचायतों में ग्राम पंचायतों में नियुक्त प्रशासकों का कार्यकाल 27 मई 2025, क्षेत्र पंचायतों का 29 मई 2025 और जिला पंचायतों में एक जून 2025 को समाप्त हो चुका है। अति अपरिहार्य परिस्थितियों की वजह से ग्राम, क्षेत्र और जिला पंचायतों के चुनाव प्रशासकों का कार्यकाल समाप्त होने की तिथि से पहले नहीं कराए जा सके हैं।
उधर कोटद्वार से दिल्ली जा रही श्री सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन की टक्कर लगने से रेल ट्रैक क्रॉस कर रहे हाथी की मौत हो गई। रेलवे एवं वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद हाथी का शव दफनाया जाएगा।
इधर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जल्द उत्तराखंड के दौरे पर पहुंच रही हैं। खास बात यह है कि द्रौपदी मुर्मू अपने जन्मदिन पर देहरादून में ही रहेंगी। उधर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में भी वह शिरकत करने वाली हैं। इस तरह 19 जून से 21 जून तक राष्ट्रपति मुर्मू के देहरादून में कई कार्यक्रम रहने वाले हैं।
उधर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आज अल्मोड़ा के सोमेश्वर में 'तिरंगा सम्मान' पदयात्रा निकाली। पदयात्रा शहीद स्थल चनौदा से शुरू हुई। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शांतिलाल त्रिवेदी सहित दर्जनों स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जयजयकार करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित की गई। वहीं पदयात्रा के दौरान एक तरफ तिरंगे समेत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की शान में नारे लगाए तो दूसरी तरफ सरकार के खिलाफ आक्रोश भी व्यक्त किया गया।