Oct 04, 2026 Login

उत्तराखण्ड में रफ्तार का कहरः बेकाबू कार ने सड़क किनारे खेल रहे दो बच्चों को कुचला! एक की दर्दनाक मौत, दूसरे की हालत गंभीर

Speeding tragedy in Uttarakhand: Out-of-control car runs over two children playing by the roadside; one dies a tragic death, the other is in critical condition.

कोटद्वार। नगर क्षेत्र के घमंडपुर में रविवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सड़क किनारे खेल रहे दो मासूम बच्चों को एक बेकाबू कार ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक वेडिंग प्वाइंट के भीतर जा घुसी। दुर्घटना में 10 वर्षीय वंश चौहान की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय लक्ष्य कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक घमंडपुर क्षेत्र में एक वेडिंग प्वाइंट के बाहर दोनों बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते कार सड़क किनारे की ओर मुड़ी और दोनों बच्चों को अपनी चपेट में लेते हुए वेडिंग प्वाइंट के भीतर जा घुसी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तत्काल बच्चों की मदद के लिए दौड़े। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने 10 वर्षीय वंश चौहान को मृत घोषित कर दिया। वंश दुर्गापुरी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। हादसे में 12 वर्षीय लक्ष्य कुमार भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए देहरादून रेफर कर दिया। बच्चे के परिजन उसके उपचार को लेकर चिंतित हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम भी सक्रिय हो गई। सीओ अस्मिता ममगाईं पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचीं और हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने घायल बच्चे के परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायल बच्चे के उपचार की जानकारी ली और परिजनों से मुलाकात कर घटना के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने घायल बच्चे के बेहतर उपचार को लेकर चिकित्सकों से भी जानकारी ली। हादसे के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि हादसे से ठीक पहले की स्थिति और कार की गति समेत अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा सके।

वंश की मौत से परिवार में मचा कोहराम
10 वर्षीय वंश चौहान की मौत की खबर जैसे ही उसके परिजनों तक पहुंची, परिवार में मातम छा गया। जिस उम्र में बच्चे खेलते-कूदते हुए अपना बचपन जी रहे थे, उसी उम्र में सड़क हादसे ने वंश की जिंदगी छीन ली। दूसरी ओर लक्ष्य के गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसके परिवार की चिंता भी बढ़ गई है। देहरादून रेफर किए गए लक्ष्य के बेहतर उपचार के लिए परिजन अस्पताल में जुटे हैं।