Oct 04, 2026 Login

नैनीताल:कैंची धाम में आस्था के साथ बढ़ी चुनौती!भीड़ के वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बदली ट्रैफिक व्यवस्था,वापसी के लिए वन-वे ट्रैफिक

Nainital: Challenges rise alongside devotion at Kainchi Dham! Police revised traffic arrangements after videos of the crowds went viral; one-way traffic implemented for the return journey.

नैनीताल के प्रसिद्ध कैंची धाम में लंबे वीकेंड के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शुक्रवार से रविवार तक मिली लगातार छुट्टियों के चलते मैदानी क्षेत्रों के साथ ही देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए कैंची धाम पहुंचे। पिछले दो दिनों में करीब 60 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की बात सामने आई है।

 

भीड़ का दबाव इतना बढ़ा कि कैंची धाम में दर्शन के लिए लंबी कतारें लग गईं। मंदिर में प्रवेश को लेकर श्रद्धालुओं के बीच आगे बढ़ने की होड़ और धक्का-मुक्की के वीडियो भी सामने आए, जिसके बाद नैनीताल पुलिस और प्रशासन ने व्यवस्थाओं को संभालने के लिए मोर्चा संभाला।

 

नैनीताल एसपी सिटी/ट्रैफिक जगदीश चंद्र के मुताबिक गांधी जयंती से शुरू हुए लंबे वीकेंड के दौरान नैनीताल के साथ आसपास के पर्यटन स्थलों और खासतौर पर कैंची धाम में अपेक्षा से काफी अधिक भीड़ पहुंची। शनिवार को कैंची धाम में सामने आई अव्यवस्था को संज्ञान में लेते हुए एसएसपी नैनीताल की ओर से पुलिस अधिकारियों को ब्रीफिंग दी गई और यातायात व श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए विशेष व्यवस्था लागू की गई।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कैंची धाम की ओर पर्यटक वाहनों की सीधी आवाजाही पर रोक लगाई गई है। श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा करने के बाद शटल सेवा के जरिए कैंची धाम पहुंचाया जा रहा है। वहीं नैनीताल और कैंची धाम क्षेत्र में यातायात के दबाव को देखते हुए डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया है।

 

आज वापसी करने वाले पर्यटक वाहनों के लिए वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है, ताकि वाहनों का दबाव नियंत्रित रहे और जाम की स्थिति न बने। पुलिस लगातार यातायात व्यवस्था की निगरानी कर रही है।

पुलिस और प्रशासन की व्यवस्था के बाद रविवार को कैंची धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित नजर आई। श्रद्धालु कतार में लगकर बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन कर रहे हैं।

हालांकि कैंची धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के बीच व्यवस्थाओं पर दबाव भी साफ दिखाई दे रहा है। हाल के दिनों में भक्ति फिल्म 'हनुमान अंश' के बाद कैंची धाम को लेकर लोगों की दिलचस्पी और बढ़ी है। इसके साथ ही लंबे वीकेंड और लगातार बढ़ रही पर्यटकों की आमद ने कैंची धाम के आसपास यातायात और भीड़ प्रबंधन को बड़ी चुनौती बना दिया है।