Oct 04, 2026 Login

उत्तराखण्डः रुद्रपुर के बाद खटीमा पहुंचे केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू! बनबसा कैबिनेट बैठक को बताया ऐतिहासिक, आदि रंगोत्सव से पहले निकला भव्य रोड शो

Uttarakhand: Union Minister Kiren Rijiju arrives in Khatima after visiting Rudrapur! He terms the Banbasa cabinet meeting historic; a grand roadshow held ahead of the 'Adi Rangotsav'.

खटीमा। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू रविवार को एक दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में पहुंचे। पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर के जरिए खटीमा के लिए रवाना हुए। खटीमा पहुंचने के बाद हेलीपैड पर मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने केंद्र की मोदी सरकार की किसान हितैषी योजनाओं और उत्तराखंड में डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हित में लगातार बड़े फैसले ले रही है और उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों के लिए भी विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि उनकी आय में बढ़ोतरी हो और किसानों को इसका सीधा लाभ मिल सके। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में किसानों की जरूरतें मैदानी क्षेत्रों से अलग हैं, इसलिए पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों की आय को बढ़ाना और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। रिजिजू ने कहा कि उत्तराखंड में डबल इंजन की सरकार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है। केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय का लाभ प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास की गति लगातार बढ़ रही है और सरकार प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है।

बनबसा में कैबिनेट बैठक को बताया ऐतिहासिक फैसला
केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बनबसा में कैबिनेट बैठक आयोजित करने के फैसले की भी सराहना की। उन्होंने इसे उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। सरकार की ओर से देहरादून से बाहर बनबसा में कैबिनेट बैठक आयोजित करना अपने आप में महत्वपूर्ण फैसला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर सरकार की ओर से निर्णय लेने की पहल से स्थानीय परिस्थितियों और लोगों की जरूरतों को समझने में मदद मिलेगी।

आदि रंगोत्सव से पहले निकला भव्य रोड शो
वहीं, खटीमा में रविवार को तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भव्य रोड शो निकाला गया। रोड शो में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। मुख्य चौराहे से शुरू हुआ रोड शो नवीन सब्जी मंडी तक पहुंचा। इस दौरान केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय मंत्री जुएल ओरम, सांसद अजय भट्ट, सांसद अजय टम्टा समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। रोड शो के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचकर मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं का स्वागत किया। लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने रोड शो के माहौल को और अधिक रंगीन बना दिया। आदि रंगोत्सव को लेकर खटीमा में पहले से ही उत्साह का माहौल दिखाई दिया। रोड शो के दौरान जगह-जगह आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने स्थानीय लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक पेश की। पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों और स्थानीय लोगों ने लोक नृत्य प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रोड शो के दौरान उमड़े जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया और क्षेत्रवासियों का आभार जताया। रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।