उत्तराखण्ड में सनसनीखेज वारदात: मामूली विवाद में पति ने खोया आपा! पत्नी की पाटल से की हत्या, हिरासत में आरोपी
देहरादून। डालनवाला कोतवाली क्षेत्र के मोहनी रोड में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की उसके पति द्वारा कथित तौर पर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने गुस्से में आकर पाटल से पत्नी के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। वहीं आरोपी पति रामजी लाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार रामजी लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या का रहने वाला है। वह करीब तीन महीने पहले काम की तलाश में देहरादून आया था। रामजी लाल अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रह रहा था। करीब दस दिन पहले ही परिवार ने डालनवाला क्षेत्र की मोहनी रोड पर किराये पर कमरा लिया था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी दोनों राजमिस्त्री का काम करते थे और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।बताया गया कि गुरुवार सुबह रामजी लाल काम पर नहीं गया। इस दौरान पत्नी ने उसे काम पर जाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रामजी लाल ने गुस्से में पाटल उठाकर पत्नी के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। आस-पड़ोस के लोगों को घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डालनवाला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी पति को बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया और उससे घटना के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी। मृतका की बहन सोनू पाल ने बताया कि दोनों पति-पत्नी के बीच पहले किसी तरह के बड़े तनाव की जानकारी परिवार को नहीं थी। उन्होंने कहा कि रामजी लाल द्वारा बहन के साथ मारपीट किए जाने की भी कोई जानकारी नहीं थी। हालांकि, परिजनों के अनुसार रामजी लाल नशे का आदी था और बताया जा रहा है कि घटना के समय भी उसने नशा किया हुआ था।