Good Morning India: बांग्लादेश में हिंदुओं का कत्लेआम, अब दुकानदार को बेरहमी से मार डाला! ईरान में सुलग रही है आक्रोश की आग, हिंसा में अब तक 35 की मौत! कांग्रेस नेता सुरेश कलमाड़ी का निधन, EPF स्कीम की सैलरी लिमिट में होगा बदलाव! बीजेपी नेता दुष्यंत गौतम ने दर्ज कराई एफआईआर

Good Morning India: Massacre of Hindus in Bangladesh, now shopkeeper brutally killed! The fire of anger is burning in Iran, 35 dead in violence so far! Congress leader Suresh Kalmadi passes away, the

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। सुप्रीम कोर्ट आज SIR की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर करेगा सुनवाई। वहीं BJP नेता दुष्यंत गौतम की मानहानि अर्जी पर हाईकोर्ट में आज हो सकती है सुनवाई।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, वेनेजुएला की राजधानी काराकस से एक और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। राष्ट्रपति की गिरफ्तारी के बाद अब राष्ट्रपति भवन और उसके आस-पास के इलाके में भारी गोलीबारी की आवाजें सुनी गई हैं। पिछले 45 मिनट से यहां गोलीबारी की आवाजें आ रही हैं। ड्रोन या हवाई जहाज की आवाजें भी सुनाई देने की खबर है। कुछ इलाकों में बिजली नहीं है। घटनास्थल के बारे में अधिकारियों की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है। यह घटना उस समय हुई जब निकोलस मादुरो को अमेरिकी सेना के छापे में हटाए जाने के कुछ दिन बाद ही उनकी उप राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई गई थी। प्रत्यक्ष गवाहों के अनुसार, गोलीबारी की आवाजें जोरदार थीं, लेकिन ज्यादा देर तक नहीं चलीं है। 

इधर बांग्लादेश में बीते कई दिनों से हिंदुओं का कत्लेआम लगातार जारी है। कट्टरपंथियों की हिंसक भीड़ लगातार हिंदू समुदाय के लोगों को निशाना बना रही है जिस कारण लोगों में खौफ फैला हुआ है। सोमवार को बांग्लादेश से राणा प्रताप बैरागी नाम के युवक की हत्या की जानकारी सामने आई थी। अब सोमवार को देर रात एक और हिंदू युवक मोनी चक्रवर्ती के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। मृतक का नाम मोनी चक्रवर्ती बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, बांग्लादेश में राणा प्रताप बैरागी की हत्या के कुछ ही घंटों के भीतर एक और हिंदू युवक की हत्या कर दी गई है। ये घटना 5 जनवरी 2026 को रात करीब 10 बजे, नरसिंग्दी जिले के पोलाश उपजिला के चोर्सिंदूर बाज़ार में घटी है। यहां एक हिंदू दुकानदार मोनी चक्रवर्ती पर बदमाशों ने धारदार हथियारों से अचानक हमला कर दिया और उन्हें गंभीर हालत में छोड़ दिया। बाद में चोटों की वजह से उनकी मौत हो गई। मोनी, मदन चक्रवर्ती के सबसे बड़े बेटे थे।

उधर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को 'कर्मचारी भविष्य निधि' (EPF) योजना में सैलरी लिमिट के संशोधन पर 4 महीने के भीतर फैसला लेने का निर्देश दिया है। ईपीएफ योजना में सैलरी लिमिट में पिछले 11 सालों से कोई बदलाव नहीं किया गया है। सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ता नवीन प्रकाश नौटियाल की याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस जे. के. माहेश्वरी और जस्टिस ए. एस. चंदुरकर की बेंच ने ये आदेश सुनाया। याचिका के मुताबिक, कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाएं संचालित करने वाला 'कर्मचारी भविष्य निधि संगठन' (EPFO) इस योजना में 15,000 रुपये से ज्यादा की मंथली सैलरी वाले कर्मचारियों को शामिल नहीं करता है। 

इधर ईरान में जारी विरोध प्रदर्शनों के दौरान हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर कम से कम 35 हो गई है। यह जानकारी मंगलवार को मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने शेयर की है। अमेरिका स्थित 'ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी' (HRANA) के अनुसार, पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से चल रहे इन प्रदर्शनों में 1,200 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 29 प्रदर्शनकारी, 4 बच्चे और ईरान के सुरक्षा बलों के दो सदस्य मारे गए हैं। ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के करीबी मानी जाने वाली अर्धसरकारी समाचार एजेंसी फ़ार्स ने सोमवार देर रात रिपोर्ट किया कि प्रदर्शनों में लगभग 250 पुलिस अधिकारी और गार्ड के स्वयंसेवी बासिज बल के 45 सदस्य घायल हुए हैं।

उधर दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 25 साल के आरोपी बेटे ने अपनी ही मां, बहन और भाई की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया है। हत्या की पीछे की वजह बताई है। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। ट्रिपल मर्डर के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पड़ोस का हर कोई शख्स इस वारदात के बाद से सहम गया है। वारदात की जानकारी देते हुए पुलिस ने कहा कि सोमवार शाम 5 बजे एक घटना की सूचना मिली, जिसमें यशवीर सिंह नाम का एक व्यक्ति, जिसकी उम्र लगभग 25 साल है, जो मंगल बाजार इलाके का रहने वाला है। वह लक्ष्मी नगर पुलिस स्टेशन आया और पुलिस को बताया कि आर्थिक समस्याओं के कारण उसने अपनी मां, बहन और भाई परिवार के 3 सदस्यों को मार डाला है। 

इधर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी का सोमवार को निधन हो गया है। सोमवार को कलमाड़ी के पारिवारिक सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी है। जानकारी के मुताबिक, सुरेश कलमाड़ी 81 साल के थे और बीते लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मंगलवार को तड़के सुबह 3:30 बजे पुणे में लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक, सुरेश कलमाड़ी का पार्थिव शरीर आज दोपहर 2 बजे तक एरंडवणे स्थित कलमाड़ी हाउस में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। वहीं, उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 3:30 बजे वैकुंठ स्मशानभूमि, नवी पेठ, पुणे में किया जाएगा। सुरेश कलमाड़ी के परिवार में उनकी पत्नी, एक विवाहित पुत्र, पुत्रवधू, दो विवाहित पुत्रियां, दामाद और पोते-पोतियां हैं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी की ओर से पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ डालनवाला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसमें दोनों आरोपियों पर जानबूझकर सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो जारी कर उनकी छवि खराब करने व दंगे फैलाने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। तहरीर में कांग्रेस, यूकेडी और आप को साजिश का सूत्रधार बताकर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है। अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर व अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। डालनवाला थाने समेत एसएसपी और डीजीपी को दिए गए शिकायती पत्र में उन्होंने विपक्षी दलों के साथ मिलकर दोनों आरोपियों पर गहरी साजिश करने का आरोप लगाया है।

इधर उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मंगलवार को हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। जबकि मैदानी इलाकों में कोहरा छाए रहने से शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में छह जनवरी को हल्की बारिश व बर्फबारी होने की संभावना है। जबकि 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना अधिक है। उधर देहरादून समेत हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिले के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने व पाला गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके चलते शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है।

उधर गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी बिहारी उर्फ गंगा उर्फ गिदड़ा को रानीपोखरी पुलिस ने ऋषिकेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ कई राज्यों में चोरी, लूट व अन्य आपराधिक घटनाओं के एक दर्जन से अधिक प्राथमिकी दर्ज हैं। थानाध्यक्ष विकेंद्र चौधरी ने बताया कि काफी समय से कृष्ण कुमार उर्फ अण्डू (गैंग लीडर), लालू, मोहन लाल उर्फ चपेटा तथा बिहारी उर्फ गंगा उर्फ गिदड़ा वांछित चल रहे थे। एसएसपी देहरादून ने वांछित आरोपियों लालू, मोहन लाल उर्फ चपेटा एवं बिहारी उर्फ गंगा उर्फ गिदड़ा पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 

इधर हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में हुई 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में बीजेपी पार्षद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस देर रात से ही आरोपी पार्षद को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी हुई थी। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पार्षद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं अब आरोपी पार्षद को पार्टी ने निष्कासित कर दिया गया है।