Oct 21, 2026 Login
Awaaz24x7-government

उत्तराखण्ड में बड़ा हादसाः अनियंत्रित होकर खाई की तरफ लुढ़की बस! यात्रियों में मची चीख-पुकार, बाल-बाल बची जान

Major accident in Uttarakhand: Bus loses control and rolls towards a gorge; passengers scream in panic, but narrowly escape death.

पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुगड्डा से आगे गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन (जीएमओयू) की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में चालक समेत करीब 30 यात्री सवार थे। बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि बस खाई में एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आने की सूचना है। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। जानकारी के अनुसार, जीएमओयू की हिमगिरी बस बुधवार दोपहर करीब एक बजे कोटद्वार से पौड़ी.श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। बस का पंजीकरण नंबर यूके15पीए0072 बताया गया है। बस कोटद्वार निवासी चालक अशोक ममगाईं चला रहे थे। बस अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही थी, तभी भदालीखाल के पास अचानक तकनीकी खराबी सामने आ गई। बताया जा रहा है कि बस का प्रेशर पाइप फट गया, जिसके कारण बस आगे नहीं बढ़ सकी। बताया जा रहा है कि प्रेशर पाइप फटने के बाद बस सड़क पर रुक गई। सड़क पर पीछे की ओर ढलान होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और बाईं ओर स्थित खाई में जा गिरी। अचानक हुई इस घटना से बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला और देखते ही देखते बस सड़क से नीचे उतर गई। हालांकि, खाई में एक पेड़ से टकराने के बाद बस रुक गई। पेड़ के सहारे बस के रुकने से यात्रियों को बड़ी राहत मिली और एक गंभीर दुर्घटना टल गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।