Oct 14, 2026 Login
Awaaz24x7-government

Good Morning India: सीजेपी नेता आशुतोष रांका और सौरव दास को 5 दिन की जेल! बिहार नाव हादसे में अबतक 13 बच्चों की मौत! मेरठ का चर्चित नीला ड्रम कांड, मुस्कान और साहिल को आज सुनाई जाएगी सजा! उत्तराखंड के गैरसैंण में 27 अक्तूबर से होगा विधानसभा सत्र

Good Morning India: CJP leaders Ashutosh Ranka and Saurav Das sent to jail for 5 days! 13 children have died so far in the Bihar boat tragedy! Sentencing for Muskan and Sahil in Meerut's infamous 'Bl

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज 14 और 15 अक्तूबर को आंध्र प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज वाराणसी के दौरे पर रहेंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी की लहरों में एक नाव पलट गई। मंगलवार की रात हुए दर्दनाक नाव हादसे में मरनेवालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। जिलाधिकारी ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की है। वहीं, हादसे में घायल सात लोगों का इलाज पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में चल रहा है। गंगा नदी में लापता लोगों की तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मृतकों में ज्यादातर 15 साल से कम उम्र के स्कूली छात्र बताए जा रहे हैं, जो पांचवीं से नौवीं कक्षा तक में पढ़ते थे। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। यह दर्दनाक हादसा राघोपुर के रामपुर गांव के पास हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, नाव पर सवार लोग श्राद्ध भोज में शामिल होने के लिए नदी पार कर रहे थे। नाव पर लगभग 30 की संख्या में लोग जा रहे थे। उसी दौरान यह हादसा हुआ। नाव पर सवार अधिकांश की उम्र 15 साल से कम थी। सभी पांचवीं से 9 वीं क्लास में पढ़नेवाले छात्र थे। नदी पार करने के दौरान गंगा की लहरों में नाव हादसे का शिकार हो गई। नाव पर सवार लोग नदी में डूबने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

इधर दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता आशुतोष रांका, सौरव दास और अजिंक्या शिंदे को प्रिवेंटिव अरेस्ट किया है। आशुतोष रांका, सौरव दास और अजिंक्या शिंदे को पुलिस आज सुबह SEM कोर्ट में पेशी हुई। कोर्ट ने आशुतोष रांका और सौरव दास को पांच दिन के लिए जेल भेजने का आदेश दिया है। इससे पहले एक अन्य पोस्ट में सीजेपी की कानूनी सलाहकार रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि दिल्ली पुलिस ने आज जंतर-मंतर मामले में सीजेपी के सदस्यों सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे को पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि उन पर बिना इजाजत घुसने, बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन करने और सरकारी अधिकारी के काम में बाधा डालने जैसे आरोप लगाए गए हैं। इससे पहले पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि दिल्ली पुलिस ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के नेताओं सौरव दास, आशुतोष रंका और अन्य सदस्यों के खिलाफ बिना इजाज़त जंतर-मंतर इलाके में घुसने के आरोप में FIR दर्ज की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, FIR में उन धाराओं को भी शामिल किया गया है जिनके तहत तीनों नेताओं ने पहले 'पीस बॉन्ड' (शांति बनाए रखने का समझौता) पर साइन किए थे। यह कार्रवाई तब हुई जब एक्टिविस्ट भारी बैरिकेडिंग वाली विरोध प्रदर्शन की जगह पर घुस गए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए। हाल ही में जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन के लिए तय जगह के तौर पर हटा दिया गया था।

उधर मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में बुधवार को जिला जज अरविंद कुमार मिश्र की अदालत दोषी साहिल और मुस्कान की सजा पर फैसला सुनाएगी। दोनों दोषी जेल से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई में शामिल होंगे। सौरभ की मां और भाई ने दोनों को फांसी की सजा देने की मांग की है। सौरभ ने 2016 में मुस्कान रस्तोगी से प्रेम विवाह किया था। 2019 में विवाद के बाद दोनों अलग हो गए। उसी वर्ष मुस्कान ने बेटी पीहू को जन्म दिया, जो अब नाना-नानी के पास रहती है। इसी दौरान मुस्कान की मुलाकात स्कूल के सहपाठी साहिल शुक्ला से हुई। इधर, परिवार के लोगों ने सौरभ व मुस्कान में समझौता करा दिया और दोनों साथ रहने लगे। इसके बाद सौरभ लंदन चला गया। इस दौरान मुस्कान और साहिल करीब आ गए। 24 फरवरी 2025 को सौरभ स्वदेश लौटा। इसके बाद साहिल-मुस्कान ने सौरभ की हत्या का षड्यंत्र रचा। तीन मार्च की रात दोनों ने सौरभ को सब्जी में नशीला लिक्विड दिया और फिर चाकू से दिल व गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने शव के चार टुकड़े कर नीले ड्रम में सीमेंट डालकर जमा दिए। इसके बाद दोनों हिमाचल प्रदेश घूमने चले गए। 17 मार्च को लौटे और 18 मार्च को घटना का राजफाश हुआ।

उधर मुंबई के वसई-विरार इलाके की इंपीरियल टॉवर (इंपीरियल हाइट्स) हाईराइज बिल्डिंग की 8वीं से 10वीं मंजिल पर मंगलवार रात भीषण आग लग गई। घटना लिंक रोड पर स्थित इस इमारत में हुई, जिसमें शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। इस घटना में दो लोगों की मौत हुई है जो महिलाएं हैं। कमिश्नर पृथ्वीराज बी.पी. ने बताया कि घटना की सूचना रात करीब 11:30 बजे मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासनिक टीम ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। 15 लोगों को सुरक्षित बचाया गया, जबकि कई अन्य खुद ही नीचे उतर आए। हादसे में 60 वर्ष से अधिक उम्र की एक महिला की भी मौत की खबर सामने आ रही है। आग इतनी तेज थी कि कई लोग जान बचाने के लिए इमारत के बाहरी हिस्से पर लटक गए। उन्हें क्रेन की मदद से रेस्क्यू किया गया। 

इधर पंजाब पुलिस ने एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मुख्य आरोपी को राजस्थान के सालासर से गिरफ्तार कर लिया है। झोटा को मंगलवारको मानसा के एक मेडिकल स्टोर पर हुए झगड़े के दौरान गोली मारी गई थी। जिस वक्त उसे गोली मारी गई वह ड्रग्स की बिक्री का लाइवस्ट्रीम कर रहा था। बाद में मानसा सिविल हॉस्पिटल में उसकी मौत हो गई। इस घटना से राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया है, विपक्षी नेताओं ने भगवंत मान की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर ड्रग्स के खतरे से निपटने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम रहने का आरोप लगाया है। जानकारी के मु्ताबिक पंजाब और राजस्थान पुलिस के संयुक्त अभियान में परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। झोटा लंबे समय से मानसा में ड्रग्स के खिलाफ कैंपेन चला रहे ते और नशे की चीजों की खुलेआम बिक्री को हाईलाइट करने के लिए नियमित रूप से सोशल मीडिया लाइवस्ट्रीम का इस्तेमाल करते थे। मंगलवार को जब उन्होंने एक मेडिकल स्टोर के मालिक से ड्रग्स की कथित बिक्री के बारे में पूछताछ की उसी वक्त उनपर फायरिंग की गई। जानकारी के मुताबिक परविंदर झोटा ड्रग्स से जुड़े  मामले को लेकर एक दुकान पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान दुकान पर मौजूद एक व्यक्ति के साथ ड्रग्स को लेकर बहस हुई। इसके बाद दुकान पर मौजूद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर उन पर फायरिंग कर दी। इस घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। परविंदर झोटा मानसा इलाके के रहनेवाले हैं और ड्रग्स के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते थे। ड्रग्स के खिलाफ उन्होंने एक मुहिम छेड़ रखी थी।

उधर सऊदी अरब में तेल कंपनी अरामको की एक प्रशासनिक इमारत को मिसाइल से निशाना बनाया गया, जिससे वहां आग लग गई। सऊदी ऊर्जा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों और सऊदी गठबंधन के बीच मंगलवार रात हमले हुए। यह मध्य पूर्व में बढ़ते संकट में एक नई तेजी को दिखाता है। सऊदी अरब और ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के बीच तनाव बढ़ गया है। मंत्रालय के मुताबिक, हमले का निशाना बनी इमारत देश के पूर्वी प्रांत में स्थित है, जो सऊदी अरब का प्रमुख तेल उत्पादन क्षेत्र है। इससे पहले सऊदी अरब ने राजधानी रियाद और पूर्वी प्रांत की ओर आने वाली मिसाइलों को लेकर अलर्ट जारी किए थे। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने दावा किया कि उसने रियाद, वादी अल-दवासिर और अन्य इलाकों की ओर दागी गई कई बैलिस्टिक मिसाइलों, ड्रोन और क्रूज मिसाइलों को बीच में ही रोक दिया। रियाद के निवासियों ने धमाकों की आवाजें सुनने की भी जानकारी दी।

इधर दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अक्टूबर का महीना हर साल आम तौर पर इसी तरह शुरू होता है। यह वह समय है जब मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाता है और सर्दियों की शुरुआत होती है। आज, 14 अक्टूबर को भारत के कई हिस्सों में मौसम बदलने की उम्मीद है और उत्तर भारत में बारिश की भी काफी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने, तेज़ हवाएं चलने और कुछ जगहों पर ओले गिरने का अनुमान लगाया है। जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है, हिमाचल प्रदेश और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में व्यापक बारिश की उम्मीद है। आने वाले दिनों में दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश तेज़ होने की संभावना है। बुधवार से तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। अगर हालात अनुकूल रहे तो ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, विधानसभा का सत्र 27 अक्तूबर से गैरसैंण के भराड़ीसैंण में होगा। मंगलवार को इसकी अधिसूचना जारी हो गई। सत्र के दौरान राज्य सरकार अनुपूरक बजट भी लेकर आएगी। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, 27 अक्तूबर को सुबह 11 बजे से सदन की कार्यवाही शुरू होगी। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण के मुताबिक, विधानसभा सचिवालय गैरसैंण में सत्र कराने के लिए पूरी तरह से तैयार है। आवश्यक औपचारिक कार्यवाही की जा रही है। सत्र के दौरान धामी सरकार करीब 5000 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट ला सकती है। इसकी तैयारी भी सरकार के स्तर से तेज कर ली गई है। भराड़ीसैंण विधानसभा में होने वाले सत्र में सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट पेश करेगी। सभी विभागों की ओर से विकास योजनाओं की आवश्यकता के अनुरूप भेजे गए प्रस्तावों का परीक्षण कर वित्त विभाग बजट को अंतिम रूप में दे रहा है।

इधर उत्तराखंड पुलिस ने देहरादून में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। आरोप है कि इसी फर्जी कॉल सेंटर के जरिए विदेशी नागरिकों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा था। देहरादून की थाना राजपुर पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी मोबाइल और लैपटॉप में एंटीवायरस ऐप इंस्टॉल करने के नाम पर विदेशी नागरिकों से 100 डॉलर कीमत का गिफ्ट कार्ड खरीदवाते थे। इसके बाद गिफ्ट कार्ड का नंबर या फोटो हासिल कर धोखाधड़ी करते थे। दरअसल, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल के नेतृत्व में राजपुर पुलिस ने 12 अक्टूबर देर रात को आर्चिड पार्क तरला नागल रोड स्थित एक फ्लैट में कार्रवाई की। मौके से 14 मोबाइल फोन, चार लैपटॉप, एक आईपैड, पांच चार्जर और तीन लग्जरी वाहन बरामद किए गए। पुलिस ने आई-20, वरना और थार समेत तीन वाहनों को सीज किया है।