Good Morning India: सीजेपी का 'लहरा दो तिरंगा' मार्च आज, दिल्ली पुलिस अलर्ट! अमेरिकी स्कूल में गोलीबारी से चार की मौत! जर्मन राजदूत ने भारतीय किसानों संग गांव में बिताया समय! उत्तराखण्ड समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज कनॉट पैलेस के पास जुटेंगे सीजेपी समर्थक।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, आज एक बार फिर दिल्ली की सड़कों पर कॉकरोच जनता पार्टी उतरने जा रही है। CJP फाउंडर अभिजीत दिपके ने सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के विरोध में आज शाम 5 बजे तिरंगा मार्च का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी और लेफ्ट छात्र संगठनों AISA और SFI का भी समर्थन मिल रहा है। CJP के तिरंगा मार्च ऐलान के बाद कनॉट प्लेस के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने तिरंगा मार्च की परमिशन नहीं दी है। इससे पहले पुलिस ने CJP के 11 लोगों को तिरंगा मार्च निकालने को कहा था लेकिन CJP फाउंडर अभिजीत दिपके ने पुलिस के प्रपोजल को ठुकरा दिया जिसके बाद NDMC ने सेंट्रल पार्क को 2 दिनों के लिए बंद कर दिया है। सीपी आने वाले सभी रास्तों के ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया है। पुलिस ने कनॉट प्लेस की पुख्ता किलेबंदी की है।
इधर यमन में हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को हूती बलों ने यमन के अदन स्थित अल-मआशिक राष्ट्रपति महल को निशाना बनाया। इस हमले में दो सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। अल अरबिया की रिपोर्ट के अनुसार, यमन के युवा मंत्री नायेफ सालेह अल-बकरी ने बताया कि अदन में मौजूद कैबिनेट के सभी मंत्री सुरक्षित हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हमले के बावजूद सरकार के सदस्य शहर नहीं छोड़ेंगे। यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब हूती आंदोलन और सऊदी अरब के बीच सैन्य टकराव लगातार बढ़ रहा है। हूतियों ने एक दिन पहले सऊदी अरब के ऊर्जा प्रतिष्ठानों और रियाद स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाने का दावा किया था। बुधवार को हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने दावा किया कि संगठन ने बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोन की मदद से सऊदी अरब में कई ठिकानों पर हमले किए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में सरी ने कहा कि इन हमलों में पूर्वी प्रांत स्थित सऊदी अरामको के प्रतिष्ठानों, रास तनुरा रिफाइनरी और रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाया गया। हूती प्रवक्ता के मुताबिक, इन हमलों के कारण लक्षित ठिकानों पर तबाही हुई और आग लग गई। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अक्टूबर को राजधानी नई दिल्ली में मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में जापान के आइची-नागोया में हुए एशियन गेम्स 2026 में पदक विजेताओं के साथ मुलाकात की। इस बार एशियन गेम्स के लिए पहली बार भारत की तरफ से 301 खिलाड़ियों का दल हिस्सा लेने पहुंचा था, जिसमें कुल 85 पदक जीतने में कामयाबी मिली थी और मेडल टैली में भारत ने टॉप-5 में रहते हुए खत्म किया था। पहली बार 44 सालों में एशियन गेम्स के इतिहास में भारत की महिला और पुरुष हॉकी टीम गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब रहीं तो वहीं क्रिकेट में महिला और पुरुष टीम ने फिर से गोल्ड पर कब्जा किया। एशियन गेम्स 2026 में भारत के खाते में कुल 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे। पीएम मोदी ने इस दौरान खिलाड़ियों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि एशियन गेम्स में हमारी सफलता देश के बदलते मिजाज का भी उदाहरण है। यह उदाहरण है कि कैसे देश का युवा हर बुलंदी को छूने के लिए उतारू है और ऐसा कोई लक्ष्य नहीं है, जो हमारे युवा शक्ति के सामर्थ्य के बाहर हो। पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने पहुंची भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीम ने उनको जर्सी भेंट की। भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल मुकाबले में चीन की टीम को 1-0 से मात देने के साथ पदक अपने नाम किया था, जिसके साथ ही वह साल 2028 में अमेरिका के लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलंपिक गेम्स के लिए भी अपनी जगह पक्की करने में कामयाब हो गई थी। वहीं भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सामना गोल्ड मेडल मैच में मलेशिया की टीम से हुआ था और उन्होंने 5-1 के अंतर से जीत हासिल करते हुए पदक जीतने के साथ ओलंपिक 2028 के लिए क्वालीफाई कर लिया।
इधर जर्मन दूतावास के एक वरिष्ठ राजनयिक द्वारा भारतीय ग्रामीण जीवन का अनुभव करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें मैरियस ओसवाल्ड, जो जर्मन दूतावास नई दिल्ली में मिनिस्टर काउंसलर और राजनीतिक मामलों के प्रमुख हैं, एक भारतीय किसान के साथ खेत और पशुओं की देखभाल करते दिख रहे हैं। लोग उनकी विनम्रता, स्थानीय संस्कृति के सम्मान और हाथों से काम करने की पहल की जमकर तारीफ कर रहे हैं। इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर उनके आधिकारिक हैंडल @germanyinindia से शेयर किया गया है। कैप्शन में लिखा गया, “शायद ही किसी राजनयिक ने काम पर मैरियस जितने गंदे हाथ किए हों।” दूतावास ने आगे कहा कि अगर हम चाहते हैं कि भारतीय जर्मनी में सफल हों, तो हमें भी यह साबित करना होगा कि हम भारत में भी सफल हो सकते हैं। इस बार चुनौती पारंपरिक खेती की थी। क्या मैरियस सफल रहे? वीडियो में ओसवाल्ड स्थानीय किसान प्रमोद शर्मा से मिलते हैं। शर्मा उन्हें बताते हैं कि भारतीय जर्मनी कौशल सीखने और नौकरी के लिए जाते हैं, जबकि जर्मन अधिकारी भारतीय ग्रामीण जीवन का अनुभव करने आए हैं। शर्मा ने हल्के-फुल्के अंदाज में चुनौती दी कि क्या वे गांव की जिंदगी संभाल सकते हैं। गर्मी की वजह से ओसवाल्ड ने कहा, “बहुत गर्मी है।” प्रमोद शर्मा ने सुझाव दिया कि ब्लेजर उतार दें और पारंपरिक गमछा (तौलिया) गले में लपेट लें। इसके बाद दोनों पशुओं के आश्रय स्थल पर पहुंचे। शर्मा ने बताया कि दिन का पहला काम जानवरों को खाना खिलाना है।
उधर अमेरिका के पश्चिमी राज्य ओरेगन के एक प्राथमिक स्कूल में गुरुवार को गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें कई लोग हताहत हुए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार तीन बच्चे और एक वयस्क समेत चार लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने पुष्टि की है कि कई लोग घायल हुए हैं और बच्चों में भी पीड़ित हैं। बेंड पुलिस विभाग की प्रवक्ता शीला मिलर ने बताया कि स्थानीय समय दोपहर 1 बजे अधिकारियों को अलर्ट मिला। पुलिस करीब दो मिनट में मौके पर पहुंच गई। रेडियो पर सूचना मिली कि संदिग्ध घायल हो गया है। कुछ ही पलों में हमलावर को गोली मारकर मार गिराया गया। यह स्पष्ट नहीं है कि हमलावर को किसने मारा, संभव है कि किसी बाईस्टैंडर ने यह कार्रवाई की हो। सिल्वर रेल एलिमेंट्री स्कूल (किंडरगार्टन से पांचवीं कक्षा तक के छात्र) को लॉकडाउन में डाल दिया गया। बाद में छात्रों को बसों में दूसरी जगह ले जाया गया, जहां परिवारों से मुलाकात कराई गई। बेंड-ला पाइन स्कूल डिस्ट्रिक्ट के सुपरिंटेंडेंट स्टीवन कुक ने कहा कि हम इस संवेदनहीन त्रासदी से स्तब्ध और दिल टूटे हुए हैं। प्रभावित परिवारों और सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।
इधर देश में मानसून के अंतिम पड़ाव के बीच मौसम विभाग ने एक और डराने वाला अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज यानी 16 अक्टूबर को दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 13 राज्यों में प्रचंड बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी। इसके अलावा पूर्वी भारत में बिजली और वज्रपात का भी कहर देखने को मिल सकता है। पहाड़ी राज्यों में कुछ जगहों पर लैंडस्लाइड की चेतावनी दी गई है। 3 राज्यों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में यात्रा से पहले मौसम विभाग का अपडेट जरूर पढ़ लीजिए। वहीं, मछुआरों को समुद्री इलाके से सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा गया है, जबकि किसानों को खुले में जाने से बचने के लिए कहा गया है। भारी बारिश के चलते किसानों के फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक आज यानी 16 अक्टूबर को देश के 13 राज्यों यूपी, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक की तेज हवा चल सकती है। लोगों को बेहद सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में शिक्षा, खेल और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत करीब 130 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृतियों को अनुमोदन प्रदान किया है। इसमें विद्यार्थियों को निश्शुल्क पाठ्य पुस्तकें और शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने के लिए 124.21 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। इसके अलावा पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर में सड़क निर्माण तथा हल्द्वानी में खेल अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री ने राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नौ से 12 तक पढ़ने वाले सामान्य, पिछड़ी जाति, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को निश्शुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए 52.21 करोड़ रुपये की स्वीकृति को अनुमोदन दिया है। वहीं, प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष में विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री और निश्शुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए 72 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इधर कर्णप्रयाग से लगे पोखरी विकासखंड के सेमी गांव में जल निगम की निर्माणाधीन योजना पर काम के दौरान मजदूरों के बीच हुई मारपीट में बिजनौर निवासी एक मजदूर की मौत हो गई। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार जल निगम की योजना पर कई मजदूर कार्य कर रहे थे। रात में किसी बात को लेकर थराली निवासी मजदूर और बिजनौर निवासी मजदूर के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि थराली के मजदूर ने बिजनौर के मजदूर पर धारदार हथियार या लाठी से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। चौकी प्रभारी वीरपाल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर भेजी गई। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद में मारपीट की बात सामने आई है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा जा रहा है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा एक बार फिर सुर्खियों में है। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) में गुरुवार शाम इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकाला। ज्योतिर्मठ के अलावा पौड़ी गढ़वाल में लोगों सड़कों पर उतरकर कैंडल मार्च निकाला। दरअसल, अंकिता के माता-पिता भी कल बुधवार 14 अक्टूबर रात से दिल्ली के इंडिया गेट पर न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। बुधवार को उनके समर्थन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी पहुंचे थे। अंकिता के माता-पिता ने सीबीआई जांच में कथित वीआईपी का नाम उजागर करने की मांग की है। वहीं गुरुवार देर शाम पौड़ी में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच किए जाने की मांग उठाई।