Good Morning India: यूपी में बड़ा हादसा, बेकाबू कार ने 7 लोगों को रौंदा, 4 की मौत! संसद में आज फिर हंगामे के आसार! 300 करोड़ पार कर गई बॉर्डर 2 की कमाई, बॉक्स ऑफिस पर दहाड़ जारी! उत्तराखण्ड में बारिश-बर्फबारी के आसार
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, उन्नाव केस में कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत अर्जी पर आज सुप्रीम कोर्ट में होगी सुनवाई। वहीं आज से शुरू होगा यूपी विधानसभा का बजट सत्र, 16 फरवरी तक चलेगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, यूपी में एक बड़ा हादसा हुआ है, यहां गंगा एक्सप्रेस-वे पर सुलतानपुर जनौली के पास रविवार की रात पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने पैदल जा रहे सात लोगों को रौंद दिया। हादसे में एक किशोरी समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। जानकारी होते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। अपर पुलिस अधीक्षक भी घटना स्थल पर पहुंचे। काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और जगतपुर-डलमऊ रोड पर जाम लग गया। जगतपुर के कोडर निवासी रिया पटेल, प्रिया पटेल, हिमांशी, शालिनी, रश्मि, साधना व महिला आसमा चूली गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने गई थी। वहां से सभी लोग पैदल लौट रही थी। सुलतानपुर जनौली के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में हिमांशी व शालिनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को जगतपुर सीएचसी व जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान आसमा व रश्मि ने भी दम तोड़ दिया। शेष तीनों का इलाज चल रहा है।
उधर संसद में आज फिर भारी हंगामे के आसार नजर आ रहे हैं। एक ओर जहां आम बजट पर चर्चा की शुरुआत होनी है वहीं दूसरी ओर विपक्ष की ओर भारत-अमेरिका ट्रेड डील और असम के सीएम हिंमंत विश्व शर्मा के कथित वीडियो को लेकर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी है। इस कड़ी में आज सुबह 10 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर पर विपक्षी सांसद जुटेंगे। भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील पर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है। खासतौर से कांग्रेस हमलावर रुख अपनाए हुए है। विपक्षी दल ये आरोप लगा रहे हैं कि मोदी सरकार ने इस ट्रेड डील में अमेरिकी हितों के आगे घुटने टेक दिए। हालांकि वाणिज्य मंत्री इस संबंध में पहले ही बयान दे चुके हैं। लेकिन विपक्ष इस पर विस्तार से बहस चाहता है। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी और माणिकम टैगोर ने स्थगन प्रस्ताव दिया था। लेकिन उसे नकार दिया गया, अब इस मुद्दे पर हंगामा होना तय माना जा रहा है।
इधर जापान में फिर से प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची की सरकार बनने जा रही है। प्रधानमंत्री ताकाइची के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन को रविवार के हुए अहम संसदीय चुनाव में दो-तिहाई बहुमत मिल गया है। सत्तारूढ़ गठबंधन को निचले सदन की 465 में से 344 सीटें मिली हैं। जो बहुमत के आंकड़े 233 से काफी अधिक है। सनाए ताकाइची की इस शानदार जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बधाई दी है। प्रधानमंत्री ताकाइची की सत्तारूढ़ पार्टी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) ने 465 सीटों में से 348 सीटों पर दर्ज की है। वहीं, 23 सीटों पर अभी गितनी जारी है। विपक्षी दलों के खाते में अभी तक मात्र 94 सीटें ही आई हैं। ताकाइची ने अक्तूबर में जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। वह व्यक्तिगत रूप से काफी लोकप्रिय हैं, लेकिन उनकी पार्टी उनकी लोकप्रिय नहीं थी, जिसके बाद ताकाइची ने अचानक से चुनावों का एलान कर दिया था। उनका यह फैसला अब सही साबित हुआ है।
उधर यूपी के शाहजहांपुर जिला स्थित पड़री चांदपुर गांव में शनिवार की रात आई एक बरात में दूल्हा शादी के मंडप में लड़खड़ा कर गिर गया। उसके दिव्यांग होने का भेद खुला तो दुल्हन ने वर पक्ष पर दूल्हा बदले जाने का आरोप लगाते हुए उसके साथ फेरे लेने से इनकार कर दिया। दोनों पक्षों में पूरी रात पंचायत चलने के बावजूद शादी नहीं हो पाने से बारात दुल्हन के बगैर मायूस लौट गई और दहेज का सामान धरा रह गया। पड़री चांदपुर की एक युवती की शादी पास के ही गांव अल्हादादपुर निवासी एक युवक के साथ तय हुई थी। शनिवार को बरात बैंड-बाजे के साथ युवती के दरवाजे पर पहुंची। बरातियों का स्वागत सत्कार किया गया। द्वारचार के बाद कई बराती भी खाना खाकर घर चले गए और कुछ बराती वहां मौजूद रहे। इस पर फेरे लेने के लिए मंडप में बैठाई गई युवती ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। कन्या पक्ष वालों का आरोप है कि पहले जो दूल्हा दिखाया गया, उसमें कोई शारीरिक कमी नहीं थी, लेकिन वर पक्ष ने बरात के साथ दिव्यांग को दूल्हा बनाकर भेज दिया।
इधर सनी देओल स्टारर फिल्म बॉर्डर 2 अभी भी सिनेमाघरों में चल रही है और अब तक 300 करोड़ रुपयों के पार कर घई है। युद्ध फिल्म 'बॉर्डर 2' ने भले ही बॉक्स ऑफिस पर अपने दूसरे और तीसरे सप्ताह में थोड़ी धीमी गति दिखाई हो, लेकिन फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये के क्लब में जगह बनाने में कामयाब रही है। शनिवार, यानी 16वें दिन, 'बॉर्डर 2' ने वीकेंड में शानदार उछाल के बाद अनुमानित 4.25 करोड़ रुपये का भारतीय शुद्ध संग्रह अर्जित किया। फिल्म ने अपने तीसरे सप्ताह की शुरुआत अपेक्षाकृत धीमी की और शुक्रवार को लगभग 2.85 करोड़ रुपये का संग्रह किया। हालांकि, Sacnilk के शुरुआती अनुमानों के अनुसार, शनिवार को इसके संग्रह में लगभग दोगुनी वृद्धि हुई। बॉर्डर 2 ने पहले हफ्ते 224.25 करोड़ रुपयों का कलेक्शन किया था। इसके बाद दूसरे हफ्ते में फिल्म ने 70 करोड़ रुपयों से ज्यादा की कमाई की थी। 16वें दिन की कमाई के साथ, फिल्म की कुल भारत में कुल कमाई लगभग 301.5 करोड़ रुपये हो गई है। हालांकि इसकी अधिकांश कमाई घरेलू बाजार से हुई है, 'बॉर्डर 2' ने विदेशों में भी अच्छा प्रदर्शन किया है और अनुमानित 52 करोड़ रुपयों की कमाई की है। फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 412 करोड़ रुपयों से ज्यादा हो गया है।
उधर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवल ने 6-7 फरवरी 2026 के दौरान कनाडा की राजधानी ओटावा का दौरा किया। इस यात्रा के दौरान अजीत डोवल ने 07 फरवरी को कनाडा के प्रधानमंत्री की डिप्टी क्लर्क और राष्ट्रीय सुरक्षा एवं खुफिया सलाहकार नथाली ड्रुइन से मुलाकात की। बैठक से उभरकर आया एक महत्वपूर्ण संदेश यह रहा कि हिंसक चरमपंथी समूहों को कनाडा सरकार का कोई समर्थन प्राप्त नहीं है। वहीं, बैठक में दोनों पक्षों ने अपने-अपने देशों और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चल रही पहलों में हुई प्रगति की सराहना की। यह मुलाकात दोनों पक्षों के बीच नियमित द्विपक्षीय सुरक्षा वार्ता का हिस्सा थी। दोनों देशों ने राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून प्रवर्तन से जुड़े मुद्दों पर द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक साझा कार्ययोजना पर सहमति जताई, जिससे प्राथमिकताओं के अनुरूप व्यावहारिक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।
इधर ऑनलाइन गेमिंग की बढ़ती लत किस तरह बच्चों को गलत रास्ते पर ले जा रही है, इसका चौंकाने वाला मामला मध्य प्रदेश के रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां एक नाबालिग ने गेम खेलने के लिए पैसों का इंतजाम करने के उद्देश्य से अपनी ही मां के करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना सामने आने के बाद न केवल परिवार बल्कि पुलिस भी कुछ समय तक गुमराह होती रही। सीधी जिले के बघेड़ी गांव की रहने वाली एक महिला अपने नाबालिग बेटे के साथ रीवा में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी। शुक्रवार रात समारोह से लौटने के बाद महिला ने अपने गहने उतारकर टिफिन में रख दिए और अन्य कार्यों में व्यस्त हो गई। कुछ समय बाद जब उसने देखा तो टिफिन सहित सभी जेवरात गायब थे। गहने गायब होने की जानकारी मिलते ही महिला के पैरों तले जमीन खिसक गई।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश के दो आईपीएस अधिकारी राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस परेड की गरिमा ही भूल गए। इनमें एक आधी अधूरी वर्दी में पहुंच गए तो दूसरे ने जाना ही मुनासिब नहीं समझा। अब इस मामले की जांच आईजी मुख्यालय डॉ. सदानंद दाते को सौंपी गई है। इन अधिकारियों में शामिल जितेंद्र मेहरा हरिद्वार में तैनात हैं और कुश मिश्रा देहरादून में। मिश्रा पिछले साल दो मामलों में जांच भी झेल चुके हैं। गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों में अधिकारियों का रवैया शुरुआत से ही चर्चाओं में रहा था। लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में भी कुछ आला अधिकारी नहीं पहुंचे थे। अब नया मामला प्रदेश के दो आईपीएस का है।
इधर उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक रविवार को माैसम साफ रहा और दिन में धूप खिली रही लेकिन मैदानी इलाकों में सोमवार को कोहरा छाने के साथ पर्वतीय इलाकों में बारिश-बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। इसके चलते ठंड बढ़ सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में कोहरा छाने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं। खासकर प्रदेश के 3000 मीटर से अधिक से ऊंचाई वाले हिस्सों में बर्फबारी की संभावना अधिक है। आने वाले दिनों की बात करें तो 11 फरवरी तक प्रदेश में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा।
उधर हरिद्वार जिले के रुड़की में महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरअसल पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है, हालांकि पुलिस द्वारा मामले की जांच अभी जारी है। बताते चलें, एक महिला द्वारा रुड़की की सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया गया था कि उसका पति ईंट-भट्टे पर काम करता है और करीब छह माह पहले वह काम के लिए कोटद्वार गया था। महिला का आरोप है कि उसके पति का दोस्त उसके घर आया, घर पर उसकी पत्नी मौजूद थी, उसके पति का दोस्त निवासी ग्राम जौरासी ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी। आरोप है कि उसमें कुछ नशीली चीज मिलाई गई थी, जिसे पीने के बाद वह बदहवास हो गई। आरोप है कि उसने अपने दो दोस्तों को भी बुला लिया और उन्होंने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही अश्लील वीडियो भी बनाई गई। वहीं एक आरोपी वीडियो वायरल करने का डर दिखाकर उसके साथ बार-बार दुष्कर्म करता रहा। महिला जब परेशान हो गई तो उसने उसकी बात मानने से इंकार कर दिया।