Aug 21, 2026 Login

 Good Morning India: कर्ज के जाल में फंसा अमेरिका,चीन ने भारतीय कारोबारियों के लिए सख्त किए वीजा नियम,जो रूट ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड,उत्तराखंड में अब सड़क हादसे पर ठेकेदारों पर गिरेगी गाज,लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें 

Good Morning India: US caught in a debt trap; China tightens visa rules for Indian businesspeople; Joe Root breaks Sachin Tendulkar's world record; contractors in Uttarakhand to face action over road

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम 'गुड मॉर्निंग इंडिया' लेकर एकबार फिर आपके समक्ष हाजिर है। आईए शुरुआत करते हैं उन सुर्खियों के साथ,जो आज पूरे दिन चर्चा में रहने वाली हैं।

कर्ज के महाजाल में फंसा अमेरिका: 40 खरब डॉलर के पार पहुंचा राष्ट्रीय कर्ज, मस्क और ट्रंप के प्लान फेल

चीन ने भारतीय कारोबारियों के लिए सख्त किए वीजा नियम: 95% तक बिजनेस वीजा रिजेक्ट, इलेक्ट्रॉनिक्स-ऑटो सेक्टर बेहाल

ईरान के ड्रोन हमलों के बीच अमेरिका का बड़ा फैसला: यूरोप में बंद की अपनी स्पेशल 'ड्रोन यूनिट'

जो रूट ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का ऐतिहासिक वर्ल्ड रिकॉर्ड: टेस्ट क्रिकेट में बने सबसे तेज 68 फिफ्टी जड़ने वाले बल्लेबाज

पूर्वोत्तर की सुरक्षा मजबूत करने उत्तर बंगाल पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह: सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा पर विशेष मंथन

200 करोड़ पर ध्यान दो: गोविंदा-सुनीता के विवाद में राखी सावंत की एंट्री, बोलीं-चाहतीं तो नीले ड्रम में भर सकती थीं

80 की रफ्तार से चलेगी हवा, 20 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट,दिल्ली-बंगाल तक बदलेगा मौसम

हैदराबाद में रफ्तार का कहर: एस्टन मार्टिन की टक्कर से सेल्सवुमन की मौत, सांसद के बेटे पर केस दर्ज

आठ राज्यों में डीएम को मिला भारतीय नागरिकता देने का अधिकार, सख्त किए गए नियम

अमेरिका-ईरान युद्ध का असर: एअर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 35% घटीं,इंडिगो भी प्रभावित

दूनघाटी में खिली फूलों की दुर्लभ प्रजाति 'इपोमिया कैरिका': कर्नाटक के बाद उत्तराखंड बना देश का दूसरा ठिकाना

28 नए वन अधिकारी तैयार, बनेंगे एसडीओ, शशि कुमार एमसी बने ऑलराउंडर टॉपर

उत्तराखंड में युवाओं को साधेगी कांग्रेस: 15 सितंबर के बाद राहुल गांधी करेंगे 'छात्र की गूंज' कार्यक्रम

उत्तराखंड में अब सड़क हादसे पर ठेकेदारों पर गिरेगी गाज: घटिया निर्माण पर लगेगा 50 लाख तक का जुर्माना

शादी के 3 महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप,अंतिम संस्कार पर भिड़े दोनों परिवार

हेडलाइंस के बाद आइए अब रुख करते हैं आज की बड़ी खबरों की तरफ-वॉशिंगटन। अमेरिका का कुल राष्ट्रीय कर्ज बुधवार को पहली बार 40 खरब डॉलर के पार पहुंच गया। दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के लिए यह आंकड़ा बढ़ते वित्तीय दबाव का संकेत है। खास बात यह है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में अमेरिकी कर्ज उनके पहले कार्यकाल की तुलना में करीब दोगुना हो चुका है। कर्ज बढ़ने के पीछे भारी सैन्य खर्च, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं पर बढ़ता व्यय प्रमुख कारण हैं। 2025 में लागू टैक्स कटौतियों से सरकारी राजस्व पर दबाव बढ़ा, जबकि ईरान युद्ध और सैन्य अभियानों ने खर्च को और बढ़ाया। सरकार को इस साल अपनी देनदारियां पूरी करने के लिए दो खरब डॉलर से अधिक नया कर्ज लेना पड़ रहा है। बढ़ते कर्ज के साथ ब्याज भुगतान भी बड़ी चुनौती बन गया है। अमेरिकी सरकार के घाटे का बड़ा हिस्सा अब पुराने कर्ज के ब्याज में जा रहा है। विशेषज्ञों ने चेताया है कि लगातार बढ़ता ब्याज बोझ भविष्य में विकास और कल्याणकारी योजनाओं के लिए उपलब्ध धन को सीमित कर सकता है। ट्रंप प्रशासन ने खर्च घटाने के लिए सरकारी दक्षता विभाग बनाया था, लेकिन अपेक्षित बचत नहीं हो सकी। टैरिफ से राजस्व बढ़ाने की रणनीति को भी कानूनी झटके लगे। ऐसे में अमेरिका के सामने खर्च घटाने, राजस्व बढ़ाने और कर्ज की रफ्तार रोकने की बड़ी चुनौती खड़ी है।

नई दिल्ली। चीन ने भारतीय कारोबारियों और पेशेवरों के लिए व्यापार वीजा के नियम सख्त कर दिए हैं। हाल के महीनों में भारतीयों के बिजनेस वीजा आवेदन रद्द होने की दर 95 प्रतिशत तक पहुंचने का दावा किया गया है। कई मामलों में दोबारा आवेदन भी स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं। इससे भारत-चीन कारोबारी गतिविधियों और कंपनियों की बैठकों पर सीधा असर पड़ रहा है। सबसे ज्यादा प्रभाव इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र पर पड़ा है। भारतीय कंपनियां चीन से मशीनरी, उपकरण और जरूरी पुर्जों का बड़े पैमाने पर आयात करती हैं। उद्योग जगत के अनुसार, कुछ क्षेत्रों में पूंजीगत सामान और पुर्जों के लिए चीन पर निर्भरता 50 प्रतिशत तक है। तकनीकी दिक्कतों के समाधान, आपूर्ति शृंखला संभालने और चीनी कंपनियों के साथ बातचीत के लिए भारतीय अधिकारियों और विशेषज्ञों की चीन यात्रा जरूरी होती है। वीजा में देरी से कंपनियों को अब बैठकें थाईलैंड और सिंगापुर जैसे देशों में स्थानांतरित करनी पड़ रही हैं। चीन में कार्यरत भारतीयों के वीजा आवेदनों में भी केवल 20 से 40 प्रतिशत तक मंजूरी मिलने की बात सामने आई है। चीन का एम वीजा व्यापारिक बैठक, प्रशिक्षण और छह महीने से कम अवधि की व्यावसायिक यात्राओं के लिए जारी किया जाता है।

वॉशिंगटन। ईरान के ड्रोन हमलों के बीच अमेरिकी सेना ने यूरोप में ड्रोन युद्ध की तकनीक पर प्रयोग कर रही अपनी विशेष यूनिट को बंद करने का फैसला किया है। करीब एक साल से ड्रोन बनाने, उन्हें युद्ध में इस्तेमाल करने और दुश्मन के ड्रोन से निपटने की रणनीति पर काम कर रही इस यूनिट को अब पारंपरिक एयरबोर्न इन्फैंट्री बटालियन के रूप में वापस काम करने का निर्देश दिया गया है। इटली और जर्मनी में तैनात 173वीं एयरबोर्न ब्रिगेड की करीब 600 सैनिकों वाली इस यूनिट का गठन पिछले साल नवंबर में किया गया था। इसका मकसद रूस-यूक्रेन युद्ध से मिले सबक के आधार पर कम लागत वाले एफपीवी ड्रोन, एआई तकनीक और जैमिंग से बचने वाले ड्रोन विकसित करना था। अमेरिकी सेना के अनुसार, यूनिट जर्मनी में होने वाले दो बड़े सैन्य अभ्यासों के बाद अपना प्रयोगात्मक काम पूरा करेगी। इसके बाद एक साल में जुटाए गए अनुभव और तकनीकी जानकारी सेना को सौंपी जाएगी। फैसले को इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि ईरान ने युद्ध के दौरान कम लागत वाले शाहेद ड्रोन से अमेरिकी ठिकानों और जहाजों को निशाना बनाया है। हालांकि यूनिट बंद होगी, सेना का कहना है कि इसके प्रयोग से मिली सीख का इस्तेमाल भविष्य की ड्रोन, एआई और स्वायत्त युद्ध तकनीक की रणनीति तैयार करने में किया जाएगा।

हेडिंग्ले। इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। पाकिस्तान के खिलाफ हेडिंग्ले टेस्ट की पहली पारी में 66 रन बनाते ही रूट टेस्ट में सबसे कम मैचों में 68 अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने यह उपलब्धि महज 167 टेस्ट में हासिल की, जबकि सचिन तेंदुलकर को 68 अर्धशतक तक पहुंचने में 200 मैच लगे थे। रूट की 112 गेंदों की पारी में 10 चौके शामिल रहे। इस उपलब्धि के साथ वह टेस्ट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। सचिन और रूट के नाम 68-68 अर्धशतक हैं, लेकिन रूट ने यह मुकाम 33 मैच कम खेलकर हासिल किया। रूट ने इसी मैच में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में कप्तान के तौर पर 3000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। अब रूट की नजर सचिन तेंदुलकर के सबसे बड़े टेस्ट रिकॉर्ड पर है। रूट के नाम 167 टेस्ट में 14,180 रन हैं, जबकि सचिन ने 200 टेस्ट में 15,921 रन बनाए थे। यानी रूट मास्टर ब्लास्टर के रिकॉर्ड से महज 1,742 रन पीछे हैं। अगर रूट इसी अंदाज में खेलते रहे तो टेस्ट क्रिकेट के सबसे बड़े बल्लेबाजी रिकॉर्ड पर कब्जे की जंग बेहद रोमांचक हो सकती है।

सिलीगुड़ी। पूर्वी भारत की सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने निगरानी और तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को करीब एक महीने में दूसरी बार उत्तर बंगाल पहुंचे। तीन दिवसीय दौरे में वे सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के साथ सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों से संवाद करेंगे। नेपाल, भूटान और बांग्लादेश से लगी सीमाओं के साथ सिलीगुड़ी कॉरिडोर केंद्र के सुरक्षा एजेंडे में प्रमुखता से शामिल है। बागडोगरा पहुंचने के बाद शाह सुकना रवाना हुए। 21 अगस्त को एसएसबी के सीमांत मुख्यालय में सीमा सुरक्षा परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जबकि 22 अगस्त को सुरक्षा एजेंसियों और राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक होगी। सिलीगुड़ी कॉरिडोर देश के बाकी हिस्से को पूर्वोत्तर राज्यों से जोड़ने वाली बेहद अहम स्थलीय कड़ी है। इसके आसपास तीन देशों की सीमाएं होने के कारण इसकी सुरक्षा रणनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील मानी जाती है। केंद्र की रणनीति केवल घुसपैठ रोकने तक सीमित नहीं है। तस्करी, हथियार और मादक पदार्थों की आवाजाही, मानव तस्करी तथा सीमा पार अपराधों पर भी निगरानी बढ़ाने की तैयारी है। सीमा बाड़ के साथ सड़क, चौकियों, तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं के साझा इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है। उद्देश्य है खतरे का पता सीमा तक पहुंचने से पहले लगाना।

मुंबई। अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं में अब राखी सावंत की एंट्री हो गई है। सुनीता ने हाल ही में गोविंदा से तलाक की अर्जी वापस ली थी। इसके बाद राखी से फोन पर हुई बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसने इस विवाद को फिर सुर्खियों में ला दिया है। वायरल वीडियो में राखी, सुनीता से उनके फैसले को सही बताती हैं। बातचीत के दौरान सुनीता कथित तौर पर कहती हैं कि वह पांच-छह साल से चुप थीं और उन्हें कई जगहों से फोन आ रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने दावा किया कि उन्होंने तलाक का केस इसलिए वापस लिया, क्योंकि गोविंदा दूसरी शादी की योजना बना रहे थे। राखी ने सुनीता को कथित तौर पर सलाह दी कि वह “200 करोड़ पर ध्यान दें” और अपनी संपत्ति को सुरक्षित रखें। बातचीत के बाद पैपराजी से बात करते हुए राखी ने सुनीता का समर्थन किया और कहा कि वह गोविंदा से बहुत प्यार करती हैं। हालांकि, राखी ने इसके बाद कुछ बेहद विवादित उदाहरण भी दिए, जिनमें उन्होंने कहा कि सुनीता चाहतीं तो गोविंदा को नुकसान पहुंचा सकती थीं, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। पूरे मामले में गोविंदा की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वायरल वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है।

नई दिल्ली। देश के बड़े हिस्से में मानसून एक बार फिर तेवर दिखाने की तैयारी में है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार, 21 अगस्त को दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल समेत 20 से अधिक राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मैदानी राज्यों से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि भारी बारिश से जलभराव, यातायात बाधित होने और निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनने का खतरा है। अगस्त के अंतिम सप्ताह में भी बारिश की गतिविधियां कई क्षेत्रों में बनी रह सकती हैं। मौसम विभाग लगातार राज्यों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार सतर्क रहने की सलाह दे रहा है। आईएमडी के अनुसार, तेज बारिश के दौरान कमजोर ढांचों, पेड़ों और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

हैदराबाद। माधापुर इलाके में तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन कार की टक्कर से 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने कार चला रहे राज्यसभा सांसद लिंगामनेनी रमेश के बेटे लिंगामनेनी संजुश (21) के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का मामला दर्ज किया है। हादसा 16 अगस्त को इनऑर्बिट मॉल के पास हुआ। मृतका भारती मुखी एक लाइफस्टाइल स्टोर में सेल्सवुमन थीं। पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब तीन बजे वह अपनी सहकर्मी पूजा अशोक अलोने के साथ लंच से लौट रही थीं। सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। भारती के सिर में गंभीर चोट लगी और काफी खून बह गया। उन्हें कार से ही जुबली हिल्स स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सहकर्मी ने स्टोर मैनेजर को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। साइबराबाद पुलिस ने संजुश की ड्राइवर के रूप में पहचान की है। माधापुर एसीपी सी. श्रीधर के मुताबिक, आरोपी को नोटिस भेजा गया है। फिलहाल गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार यह अपराध जमानती है और इसमें अधिकतम सात साल से कम सजा का प्रावधान है। मामले की जांच जारी है।

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नागरिकता देने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। सरकार ने गुजरात, राजस्थान, पंजाब, पश्चिम बंगाल, असम और त्रिपुरा के गैर-आदिवासी क्षेत्रों तथा केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में जिलाधिकारियों (डीएम) को नागरिकता देने का अधिकार सौंप दिया है। इसके लिए नागरिकता (तीसरा संशोधन) नियम, 2026 की अधिसूचना जारी की गई है। नए नियमों के तहत इन क्षेत्रों में सामान्य रूप से रह रहे भारत के बाहर जन्मे पात्र और उपयुक्त आवेदकों को पंजीकरण या नेचुरलाइजेशन के जरिए नागरिकता देने पर डीएम फैसला कर सकेंगे। अब जिलाधिकारी पहले से गठित अधिकार प्राप्त समितियों और जिला स्तरीय समितियों की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। गृह मंत्रालय ने निर्देश दिया है कि इन क्षेत्रों में समितियों के पास लंबित सभी नागरिकता आवेदन तत्काल संबंधित जिलाधिकारियों को स्थानांतरित किए जाएं। डीएम आवेदक की पात्रता और उपयुक्तता से संतुष्ट होने के बाद नागरिकता देने का फैसला करेंगे। हालांकि, प्रक्रिया को पहले से अधिक सख्त भी किया गया है। आवेदक को आवेदन पर हस्ताक्षर करने और निष्ठा की शपथ लेने के लिए खुद उपस्थित होना अनिवार्य होगा। उचित अवसर मिलने के बावजूद उपस्थित नहीं होने पर कलेक्टर आवेदन खारिज कर सकेंगे। सरकार ने पूर्व के आदेशों को भी रद्द कर दिया है, हालांकि पहले किए गए या लंबित कार्यों पर इसका असर नहीं होगा।

नई दिल्ली। अमेरिका-ईरान युद्ध और पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव का असर भारतीय विमानन क्षेत्र पर साफ दिखाई देने लगा है। अप्रैल-जून तिमाही में भारत आने-जाने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या 10.5 प्रतिशत घटकर करीब 1.7 करोड़ रह गई। डीजीसीए के आंकड़ों के मुताबिक, भारतीय एयरलाइंस की अंतरराष्ट्रीय यात्री संख्या में 26 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई। सबसे ज्यादा असर एअर इंडिया समूह पर पड़ा। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की अंतरराष्ट्रीय यात्री संख्या में 35 प्रतिशत की कमी आई। जून 2025 में अहमदाबाद विमान हादसे के बाद विदेशी उड़ानों में कटौती को भी इसका एक कारण माना गया है। देश की सबसे बड़ी एयरलाइंस में शामिल इंडिगो भी प्रभावित हुई। कंपनी की अंतरराष्ट्रीय यात्री संख्या 15.4 प्रतिशत घटकर 33.4 लाख रह गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 39.5 लाख थी। पश्चिम एशिया के तनाव और पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र बंद होने से भारतीय विमानन कंपनियों की मुश्किलें बढ़ीं। खासकर दिल्ली से संचालित एअर इंडिया और इंडिगो पर इसका असर पड़ा। हालांकि, कुछ विदेशी एयरलाइंस ने इस दौरान बेहतर प्रदर्शन किया। एमिरेट्स की भारत से आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या सात प्रतिशत बढ़कर 14.8 लाख पहुंच गई। लुफ्थांसा और ब्रिटिश एयरवेज जैसी कंपनियों ने भी भारत में अपनी यात्री संख्या बढ़ाई।

आइए अब नज़र डालते हैं उत्तराखंड की ख़बरों पर-देहरादून। दूनघाटी और शिवालिक की पहाड़ियों में जैव विविधता से जुड़ी बड़ी उपलब्धि सामने आई है। भारतीय वन्यजीव संस्थान के विशेषज्ञों ने यहां इपोमिया कैरिका वैरायटी अपेंडिकुलाटा नामक दुर्लभ फूल की पहचान की है। देश में इस प्रजाति का कर्नाटक के बाद यह दूसरा रिकॉर्ड है, जबकि उत्तर भारत में पहली बार इसे दर्ज किया गया है। विशेषज्ञों मोनल आर. जाधव, रेवन वाई. चौधरी और तनवीर ए. खान के अध्ययन में यह प्रजाति देहरादून में करीब 620 मीटर की ऊंचाई पर मिली। कॉन्वॉल्व्युलेसी परिवार का यह बारहमासी पर्वतारोहण पौधा है। इसके फूलों की पंखुड़ियों के बाहरी हिस्से पर पंख जैसी संरचनाएं इसकी खास पहचान हैं। शोध के दौरान एक अन्य दुर्लभ पौधे परसिकारिया पल्छरा की भी दूनघाटी में पहचान हुई। पॉलीगोनैसी परिवार की यह प्रकंदयुक्त शाकीय प्रजाति इससे पहले असम, केरल, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में दर्ज की जा चुकी है। वैज्ञानिकों ने दूनघाटी में तेजी से हो रहे बुनियादी ढांचे के विस्तार पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि प्राकृतिक आवास सिकुड़ने से ऐसी दुर्लभ वनस्पतियों पर खतरा बढ़ सकता है। विशेषज्ञों ने इनके संरक्षण के लिए समय रहते ठोस कदम उठाने की जरूरत बताई है।

देहरादून। केंद्रीय अकादमी राज्य वन सेवा, देहरादून से दो वर्ष का प्रशिक्षण पूरा कर 28 वन अधिकारी अब अपने-अपने राज्यों में उप प्रभागीय वनाधिकारी की जिम्मेदारी संभालेंगे। 38वें (2024-26) राज्य वन सेवा अधिष्ठापन पाठ्यक्रम के दीक्षा समारोह में 18 अधिकारियों को सम्मान उपाधि और 10 को डिप्लोमा प्रदान किया गया। बैच में 12 महिला अधिकारी भी शामिल हैं। वन अनुसंधान संस्थान के दीक्षा सभागार में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी वीरेंद्र आर. तिवारी ने अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वन सेवा में चयन बड़ी उपलब्धि है, लेकिन असली चुनौती कार्यक्षेत्र में शुरू होती है। उन्होंने वन अग्नि प्रबंधन, वन संरक्षण और पर्यावरण कानूनों को व्यवहार में लागू करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण में शशि कुमार एमसी (कर्नाटक) ने 88.47 प्रतिशत अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। उन्हें सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण प्रशिक्षु समेत कई पुरस्कार मिले। विद्याश्री एमआर 81.76 प्रतिशत के साथ दूसरे और दीक्षा संजय कोडकनी 81.35 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। बैच में कर्नाटक के 17, मध्य प्रदेश के छह, छत्तीसगढ़ के चार और उत्तर प्रदेश के एक अधिकारी शामिल हैं। प्रशिक्षण में कक्षा शिक्षण के साथ वन क्षेत्रों में व्यावहारिक अभ्यास और देश के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कराया गया।

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने उत्तराखंड में युवाओं और छात्रों को जोड़ने की रणनीति तेज कर दी है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 15 सितंबर के बाद प्रदेश के विभिन्न शहरों में ‘छात्र की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। नैनीताल, हल्द्वानी समेत अन्य शहरों में प्रस्तावित कार्यक्रमों के जरिए बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों तक पहुंच बनाने की तैयारी है। कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और परीक्षाएं रद होने जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे। कांग्रेस इन विषयों को युवाओं के बीच ले जाकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी, कांग्रेस संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल समेत अन्य युवा नेताओं के भी कार्यक्रमों में शामिल होने की संभावना है। गुरुवार को दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के साथ बैठक हुई। इसमें विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की गई। कांग्रेस बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार को प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है। साथ ही भाजपा सरकार की कथित नाकामियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई है। वेणुगोपाल ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल तथा अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

देहरादून। उत्तराखंड में सड़क निर्माण और रखरखाव में लापरवाही अब ठेकेदारों पर भारी पड़ सकती है। राज्य सरकार जनविश्वास अधिनियम के तहत सड़क की तकनीकी खामी से होने वाली दुर्घटनाओं में ठेकेदार की जवाबदेही तय करने की तैयारी कर रही है। हादसे में मौत या अपंगता होने पर संबंधित ठेकेदार पर अधिकतम 50 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।प्रदेश में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच सड़क की डिजाइन, निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव में खामियों को भी हादसों का एक कारण माना जाता है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत दुर्घटना की जांच में यदि सड़क की तकनीकी खराबी कारण पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 210डी के तहत राज्य सरकार को सड़कों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अधिकार है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर तकनीकी खामी से दुर्घटना होने पर आर्थिक दंड और ब्लैकलिस्ट करने का प्रविधान पहले से है। अब इसी तरह की व्यवस्था राज्य की सड़कों पर लागू करने की तैयारी है। अपर परिवहन आयुक्त एसके सिंह के अनुसार, इस संबंध में प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। ठेकेदार से वसूली गई जुर्माने की राशि मोटर व्हीकल एक्सीडेंट फंड में जमा होगी। इस फंड से हादसों में प्रभावित लोगों या उनके स्वजन को आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था की जाएगी।

रुड़की। भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिरचंदी गांव में शादी के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सरकारी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। बताया गया कि सिरचंदी गांव निवासी युवती की शादी करीब तीन महीने पहले सिसौना गांव के युवक से हुई थी। दोनों की शादी परिवारों की सहमति से हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद विवाहिता की अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मोर्चरी के बाहर काफी देर तक तीखी नोकझोंक और आरोप-प्रत्यारोप होते रहे। बाद में मायके पक्ष के लोग शव अपने साथ ले गए और अंतिम संस्कार किया। भगवानपुर थाना प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि अभी मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

रुड़की। भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिरचंदी गांव में शादी के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सरकारी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। बताया गया कि सिरचंदी गांव निवासी युवती की शादी करीब तीन महीने पहले सिसौना गांव के युवक से हुई थी। दोनों की शादी परिवारों की सहमति से हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद विवाहिता की अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मोर्चरी के बाहर काफी देर तक तीखी नोकझोंक और आरोप-प्रत्यारोप होते रहे। बाद में मायके पक्ष के लोग शव अपने साथ ले गए और अंतिम संस्कार किया। भगवानपुर थाना प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि अभी मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

--- समाप्त ---

दिनभर की ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।