Good Morning India: लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि बने देश के नए CDS! जल्द बढ़ सकते हैं पेट्रोल-डीजल के दाम! तमिलनाडु और बंगाल में शपथ ग्रहण आज, थलापति विजय विजय की होगी शानदार ताजपोशी! पीजीआई रैंकिंग में देश में 15वें स्थान पर पहुंचा उत्तराखण्ड! पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण होगा। वहीं आज आईपीएल में राजस्थान और गुजरात के बीच मुकाबला है।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, केंद्र सरकार ने देश की सैन्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए दो अहम नियुक्तियों का एलान किया है। सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) को देश का अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) नियुक्त किया है, जबकि वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना का नया प्रमुख बनाया गया है। लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि 30 मई 2026 को जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल पूरा होने के बाद नए सीडीएस का पद संभालेंगे। इसके साथ ही वह सैन्य मामलों के विभाग यानी डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स के सचिव की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। सीडीएस का पद भारत की तीनों सेनाओं (थल सेना, नौसेना और वायुसेना) के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए बनाया गया था। सीडीएस राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य रणनीति से जुड़े अहम फैसलों में सरकार को सलाह देता है।
उधर यूपी के गाजियाबाद से एक बड़ी खबर है। यहां के पटेल नगर स्थित एक एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि सर्विस सेंटर में रखे एसी गैस सिलेंडर और कंप्रेसर लगातार धमाकों के साथ फटते रहे। हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई वाहन जलकर राख हो गए। सुबह करीब 3 बजकर 5 मिनट पर फायर विभाग को पटेल नगर के प्लॉट नंबर एफ-87 स्थित एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली से अग्निशमन अधिकारी और कई फायर टेंडर मौके के लिए रवाना किए गए। मौके पर पहुंची फायर टीम ने देखा कि तीन मंजिला इमारत पूरी तरह आग की चपेट में थी। अंदर रखे गैस सिलेंडरों और एसी कंप्रेसरों में लगातार ब्लास्ट हो रहे थे। घनी आबादी वाले इलाके में आग फैलने का खतरा भी बना हुआ था। चारों तरफ काला धुआं और ऊंची लपटें दिखाई दे रही थीं।
इधर भारतीय सेना के चिनार वॉरियर्स ने जम्मू-कश्मीर पुलिस, बारामूला जिला प्रशासन और गुलमर्ग डेवलपमेंट अथॉरिटी के साथ मिलकर एक साहसिक और बेहद चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया है। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में गुलमर्ग के 14 हजार फीट ऊंचे सनशाइन पीक पर फंसे 24 पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया गया। जानकारी के मुताबिक, पर्यटकों को एक सिविल हेलीकॉप्टर के जरिए सनशाइन पीक ले जाया गया था। इसी दौरान हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण सभी पर्यटक ऊंचाई वाले बर्फीले इलाके में फंस गए। इस बीच मौसम तेजी से खराब होने लगा। बताया जा रहा है कि घने बादल, खराब विजिबिलिटी और खतरनाक पहाड़ी इलाके ने हालात को और मुश्किल बना दिया। स्थिति गंभीर होने पर भारतीय सेना ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस अभियान में सेना के एविएशन पायलटों और एयरक्रू ने अहम भूमिका निभाई।
उधर देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतें फिलहाल स्थिर हैं, लेकिन इसके पीछे तेल कंपनियों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक सरकारी तेल कंपनियों (OMCs) को हर महीने करीब ₹30,000 करोड़ की अंडर-रिकवरी हो रही है। यानी कंपनियां महंगे दाम पर कच्चा तेल खरीद रही हैं, लेकिन ग्राहकों को सस्ते दाम पर ईंधन बेच रही हैं। पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। कच्चा तेल 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर करीब 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है। इसके बावजूद सरकार आम लोगों को महंगाई से बचाने के लिए पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ा रही है।सरकार ने तेल कंपनियों का बोझ कम करने के लिए एक्साइज ड्यूटी भी घटाई है। इससे सरकार को हर महीने करीब ₹14,000 करोड़ का नुकसान हो रहा है।
उधर पश्चिम बंगाल के भावी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट की हत्या के लिए बिहार से दो शार्प शूटर बुलाए गए थे। यह खुलासा पुलिस की पूछताछ में संदिग्ध लोगों ने किया है। हालांकि, पुलिस अब तक आधिकारिक चैनल से इसकी पुष्टि नहीं कर पाई है। संदिग्धों की बातों का सत्यापन करने के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस बिहार पुलिस के साथ भी समन्वय कर रही है। इसके साथ ही बांग्लादेश से जुड़े एंगल पर भी जांच की जा रही है। आशंका है कि हमलावर बांग्लादेश से आए थे और हत्या करने के बाद बॉर्डर पार कर वापस चले गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, साजिश के आरोप में हिरासत में लिए गए संदिग्धों ने पुलिस के सामने इस बात का खुलासा किया है कि शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या की घटना को अंजाम देने के लिए बिहार से 2 शार्प शूटर्स बुलाए गए थे। शक इस बात का भी है कि एक स्थानीय अपराधी ने इन शार्प शूटर्स के ठहरने और आने-जाने के लिए गाड़ियों का इंतजाम कराया था।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, विद्यालयी शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर पिछले साल की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। भारत सरकार की ओर से जारी वर्ष 2024-25 की परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (पीजीआई) 2.0 रिपोर्ट में राज्य ने 584.5 अंक हासिल करते हुए देशभर में 15वां स्थान प्राप्त किया है। पिछले साल राज्य इस रैंकिंग में 24वें स्थान पर था। इस तरह एक साल के भीतर उत्तराखंड ने नौ स्थानों की छलांग लगाकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। पीजीआई रिपोर्ट के अनुसार उत्तराखंड ने अपनी श्रेणी में भी उल्लेखनीय सुधार किया है। राज्य को पहले आकांक्षी-1 श्रेणी में रखा गया था, लेकिन इस बार प्रदर्शन में सुधार के आधार पर उसे प्रचेष्टा-3 श्रेणी में शामिल किया गया है। इस श्रेणी में देश के कई अग्रणी राज्यों की मौजूदगी के बीच उत्तराखंड की स्थिति मजबूत मानी जा रही है।
इधर उत्तराखंड कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति के रूप में बड़ी जिम्मेदारियां मिलने का सिलसिला जारी है। केंद्र सरकार ने राज्य के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सचिन कुर्वे को चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया है। वहीं केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर पहले से तैनात आईएएस अधिकारी सेंथिल पांडियन को नई जिम्मेदारी देते हुए भारत सरकार में संयुक्त सचिव पेयजल विभाग बनाया गया है। अपॉइंटमेंट्स कमिटी ऑफ द कैबिनेट (ACC) द्वारा जारी आदेश के अनुसार 2003 बैच के आईएएस अधिकारी सचिन कुर्वे को चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी में जॉइंट सेक्रेटरी स्तर के चेयरपर्सन पद पर नियुक्ति दी गई है। यह नियुक्ति पांच वर्ष की अवधि के लिए की गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उनकी तैनाती पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और यह अवधि पांच वर्ष या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो लागू रहेगी। केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) द्वारा जारी आदेश के मुताबिक सचिन कुर्वे को पे लेवल-14 के तहत नियुक्ति दी गई है।