Good Morning India: ईरान-अमेरिका के बीच शांति प्रस्ताव पर डिजिटली मुहर, खाड़ी से वापस बुलाए जाएंगे अमेरिकी सैनिक! संजय राउत का बड़ा दावा, 15-15 करोड़ में हुई दलबदल की डील'! मेसी ने फीफा वर्ल्ड कप में बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड, लिंक में जानें आज क्या है खास?

Good Morning India: Peace proposal between Iran and the US sealed digitally; US troops to be withdrawn from the Gulf! Sanjay Raut makes a bold claim: 'Defection deals struck for ₹15 crore each'! Mess

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। वहीं आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी नीट पेपर लीक के मुद्दे पर देशव्यापी अभियान की कोटा से शुरुआत करेंगे।

अब बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं, ईरान और अमेरिका के बीच शांति प्रस्ताव पर डिजिटली मुहर लग चुकी है। खबरों के मुताबिक दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर डील हो चुकी है। शुक्रवार यानी 19 जून को जेनेवा में दोनों देश फाइनल इस शांति प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करेंगे। इस बीच, खाड़ी में लेबनान पर इजरायल के हमले ने डील पर चिंता बढ़ा रखी है। डोनाल्ड ट्रंप की बातों पर ईरान पूरी तरह से भरोसा नहीं कर पा रहा है। हालांकि, जी-7 की बैठक में शामिल देशों ने एक सुर में ईरान और अमेरिका के बीच हुई डील का स्वागत किया है। तो क्या बदले हुए इस हालात में ईरान पर लगे सारे प्रतिबंध अमेरिका हटा लेगा और खाड़ी से अमेरिकी सैनिक वापस बुला लिए जाएंगे? अल-अरबिया के अनुसार, ईरान और अमेरिका के बीच हुए समझौते के तहत अमेरिका ईरान पर लगी अपनी नौसैनिक नाकेबंदी को तुरंत हटा लेगा और ईरानी समुद्री रास्तों में जिसे वह "दखलअंदाज़ी" कहता है, उसे खत्म कर देगा। इसमें यह भी कहा गया है कि अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर होने के एक महीने के भीतर अमेरिकी सेनाएं उस इलाके से हट जाएंगी। इसके बदले में, ईरान एक महीने के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को फिर से खोल देगा, जिससे दुनिया के सबसे अहम ऊर्जा मार्गों में से एक से आवाजाही पूरी तरह बहाल हो जाएगी।

इधर फुटबॉल की दुनिया में लियोनेल मेसी का नाम पहले ही महान खिलाड़ियों में शुमार है, लेकिन अब अर्जेंटीना के इस दिग्गज ने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसे अब तक कोई भी खिलाड़ी नहीं कर पाया था। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अल्जीरिया के खिलाफ मैदान पर उतरते ही मेसी ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम एक बार फिर सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा दिया। कंसास सिटी स्टेडियम में अल्जीरिया के खिलाफ मुकाबले में जैसे ही मेसी अर्जेंटीना की स्टार्टिंग इलेवन का हिस्सा बनकर मैदान पर उतरे। इसके साथ ही वह 6 अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप खेलने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए। इसके साथ ही उन्होंने अर्जेंटीना के लिए अपना 200वां इंटरनेशनल मैच भी खेला, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।

उधर शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने एक बड़ा दावा किया है। दावे के मुताबिक उनकी पार्टी के सांसदों को पाला बदलने के लिए 15-15 करोड़ रुपये की पेशकश की जा रही है। यह बात ऐसे समय में सामने आई है जब उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी में संभावित फूट की अटकलें तेज हो गई हैं। संजय राउत ने एक्स हैंडल पर लिखा, "अपना सपना मनी मनी! यह चौंकाने वाला और घिनौना है कि महाराष्ट्र के सांसदों को आज रात पाला बदलने के लिए 15-15 करोड़ रुपये की पेशकश की जा रही है।" संजय राउत का यह आरोप ऐसे समय में आया है जब राजनीतिक अटकलें तेज हैं कि शिवसेना (UBT) के कुछ सांसद अलग होकर एक अलग गुट बना सकते हैं। इससे पहले संजय राउत ने कहा था कि विधायक और सांसद आते-जाते रहते हैं, लेकिन पार्टी बनी रहती है। भाजपा पर निशाना साधते हुए राउत ने उस पर राजनीतिक दलों को तोड़ने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि जब "हमारा दिन जब आएगा, हम दिखाएंगे पार्टी कैसे तोड़ी जाती है।"

इधर बिहार-झारखंड समेत देश के कई राज्यों में आज यानी बुधवार को बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने का अनुमान लगाया है। साथ ही विभाग ने इस हफ़्ते पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना के बारे में चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने बताया कि 17 से 20 जून के बीच बिहार के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। 17 से 22 जून के बीच उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी बारिश होने की संभावना है। असम और मेघालय में 22 जून तक भारी बारिश का अनुमान लगाते हुए मौसम विभाग ने कहा, "18 से 22 जून के बीच अरुणाचल प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 18 से 20 जून के बीच नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश का अनुमान लगाया है। इस दौरान इन जगहों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 

उधर सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को केंद्र सरकार, सभी राज्य सरकारों और भारतीय चुनाव आयोग से उस जनहित याचिका (PIL) पर जवाब मांगा है, जिसमें मांग की गई है कि आधार का इस्तेमाल केवल पहचान पत्र के रूप में ही सीमित किया जाए, न कि नागरिकता, निवास, पता या जन्मतिथि के प्रमाण के तौर पर। अधिवक्ता अश्विनी कुमार उपाध्याय द्वारा दायर की गई याचिका में कोर्ट से यह निर्देश देने की मांग की गई है कि आधार को सिर्फ पहचान के रूप में ही माना जाए। याचिकाकर्ता का कहना है कि मौजूदा समय में आधार का इस्तेमाल कई सरकारी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में किया जा रहा है, जो कानून में तय सीमाओं से आगे है। याचिका में कहा गया है कि आधार अधिनियम, 2016 की धारा 9 के अनुसार आधार नागरिकता या निवास का प्रमाण नहीं है। इसके अलावा UIDAI की 22 अगस्त 2023 की अधिसूचना में भी साफ किया गया है कि आधार केवल पहचान का प्रमाण है, न कि नागरिकता, पता या जन्मतिथि का।

इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने G7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच सेशन में वैश्विक साझेदारी और अंतरराष्ट्रीय एकजुटता पर अपने विचार रखते हुए कहा कि आज की दुनिया में सबसे बड़ी कमी संसाधनों की नहीं, बल्कि भरोसे की है। उन्होंने कहा कि भविष्य की वैश्विक साझेदारियों की सफलता इसी बात पर निर्भर करेगी कि देश आपसी विश्वास को कितना मजबूत बना पाते हैं। PM मोदी ने G7 शिखर सम्मेलन के दौरान 'नई साझेदारियों का निर्माण और अंतरराष्ट्रीय एकजुटता का पुनर्निर्माण' विषय पर आयोजित आउटरीच सेशन में ये बयान दिया। पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया पहले से कहीं ज्यादा जुड़ी हुई और एक-दूसरे पर निर्भर है, इसलिए यह विषय और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। लेकिन कोई भी साझेदारी तभी सफल हो सकती है जब उसकी नींव भरोसे पर टिकी हो। उन्होंने कहा कि भारत पूरी दुनिया को एक परिवार के रूप में देखता है। भारत का अनुभव बताता है कि विकास तभी सबसे प्रभावी होता है जब वह लोगों की आकांक्षाओं से जुड़ा हो। यही सोच भारत की अंतरराष्ट्रीय पहलों और साझेदारियों का आधार भी है।

उधर ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग 10 पर दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों में आग लग गई और उनमें फंसे दोनों ड्राइवरों की जिंदा जलकर मौत हो गई। यह हादसा भस्मा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैंतरा के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक ट्रक झारसुगुड़ा से सुंदरगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान ड्राइवर अपने ट्रक पर से नियंत्रण खो बैठा। नियंत्रण खोने के बाद ट्रक सड़क के बीच बने डिवाइडर को पार कर दूसरी लेन में पहुंच गया। उसी समय सामने से एक अन्य ट्रक सुंदरगढ़ से झारसुगुड़ा की ओर आ रहा था। अचानक गलत दिशा में आए ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, सहसपुर स्थित बैरागीवाला में भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह संयोजक विनोद कश्यप की हत्या के मामले में पुलिस फरार सात आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापे मार रही है। आरोपितों के जनपद से बाहर भागने की संभावना जताई जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं। शनिवार शाम खेत में पानी को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपितों ने हथौड़े, लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर विनोद कश्यप की हत्या कर दी थी। इस हमले में विनोद कश्यप के अलावा उनके भाई अशोक कुमार, राजेश और बहन सुषमा भी गंभीर रूप से घायल हुईं थीं। अशोक की तहरीर पर सहसपुर कोतवाली में 12 नामजद और 30 से 35 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

इधर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की महासचिव व उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को दून पहुंचेगी। कांग्रेस भवन में दो दिन चुनावी रणनीति पर मंथन करने के लिए बैठकों का दौर चलेगा। वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक-एक करके मुलाकात कर संगठनात्मक व चुनावी रणनीति पर फीडबैक लेंगी। आगामी चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति को धार देने के लिए प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा सक्रिय हैं। मई में गढ़वाल व कुमाऊं मंडल का पांच-पांच दिन का दौरा करने के बाद फिर से दो दिवसीय दौर पर वह दून आ रही हैं। प्रभारी सड़क मार्ग से देहरादून पहुंचकर कांग्रेस भवन में सबसे पहले जिला व महानगर कमेटियों के पदाधिकारियों की बैठक लेंगी।

उधर श्रीनगर धारी देवी के दर्शन कर परिजनों के साथ लौट रहे देहरादून के एक युवक की बंजी जंपिंग करने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बंजी जंपिंग के बाद युवक को अचानक पेट और सीने में तेज दर्द के साथ सांस लेने में तकलीफ होने लगी, जिसके बाद परिजन उसे पास के एक लॉज में ले गए। वहां हालत बिगड़ने और बेहोश होने पर उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य  केंद्र पाली  ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, प्राथमिक दृष्टि में मौत की वजह सिंकोप अटैक (अचानक बेहोश होना या दिल की धड़कन रुकना) हो सकती है। मिली जानकारी के अनुसार, देहरादून के शांति विहार, कालागढ़ निवासी संजीव रस्तोगी का 21 वर्षीय पुत्र लक्ष्य रस्तोगी अपने परिवार के साथ धारी देवी के दर्शन कर लौट रहा था। इसी दौरान मूल्यगांव के पास स्थित एक बंजी जंपिंग पॉइंट पर पहुंचकर लक्ष्य ने बंजी जंपिंग करने की इच्छा जताई। परिजनों की सहमति पर वह चला गया।