Good Morning India: 'आई एम द बॉस', मजाकिया अंदाज में ट्रंप ने दिखाई धौंस! अमेरिका-ईरान एग्रीमेंट, होर्मुज को हां, परमाणु हथियार को ना! राम मंदिर चंदा चोरी, सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़ के मिले सुबूत! नैनीताल में बड़ा हादसा, दो महिलाओं की मौत
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का ओंकारेश्वर दौरे पर रहेंगी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पेरिस में कई द्विपक्षीय बैठकों में भाग लेंगे।
अब बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं, अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध को खत्म करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर हो गए हैं और यह लागू हो गया है। महीनों तक चले टकराव के बाद यह एक बड़ी कामयाबी है। अमेरिकी और ईरानी अधिकारियों के अनुसार, इस दस्तावेज पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने डिजिटल रूप से हस्ताक्षर किए हैं। इसके पहले अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरान के मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने इस पर इलेक्ट्रॉनिक रूप से हस्ताक्षर किए थे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस के एवियन में G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के दौरान इस समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के लागू होने के साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से खुल जाएगा। 14 सूत्रीय समझौते में कहा गया है कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होंगे।
इधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जी-7 के नेताओं को फिर से धौंस दिखाई है। उन्होंने दुनिया के ताकतवर देशों के सामने बोला “मैं बॉस हूँ”। ट्रंप की यह टिप्पणी मजाकिया अंदाज में कही गई थी, लेकिन उसने उस सच्चाई की ओर इशारा किया जो 15 से 17 जून के बीच फ्रांस के एवियन-ले-बैंस में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन पर छाई हुई थी। यह बयान ऐसे समय आया जब जी7 नेताओं ने एक संयुक्त बयान जारी किया, जिससे यूक्रेन की स्थिति मजबूत हो सकती है और रूस के साथ संभावित शांति वार्ता में कीव को अधिक दबदबा मिल सकता है। न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट में बताया गया है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ट्रंप को यह समझाने में सफल रहे कि यूक्रेन की सेना मजबूती से लड़ रही है। रूस अब अपनी शर्तें थोपने की स्थिति में नहीं है। पहले ट्रंप यूक्रेन की क्षमताओं पर शक करते थे, लेकिन अब उनके रुख में बदलाव आया है। वे रूस के प्रति ज्यादा सख्त और व्यावहारिक नजर आ रहे हैं। हालांकि, रूस को शांति के लिए राजी करना अभी भी पूरी तरह ट्रंप के फैसलों पर निर्भर है। यह देखना बाकी है कि क्या अमेरिका रूस के तेल निर्यात पर लगे प्रतिबंधों में दी गई छूट को समाप्त होने देगा या उन्हें जारी रखेगा। खासकर तब जब ट्रंप ईरान के साथ एक शुरूआती डील करने में सफल रहे हैं। ऐसे में रूस पर अमेरिका का आगे का रुख शांति प्रयासों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
उधर श्रीराम मंदिर की दान की राशि में हेरफेर के मामले में एसआईटी (विशेष जांच दल) की तफ्तीश तीसरे दिन बुधवार को भी जारी रही। जांच में ऐसे साक्ष्य मिले हैं जिससे आशंका है कि सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़ की गई थी ताकि रकम पार कर सुबूत मिटाए जा सकें। जांच टीम ने रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव से भी लंबी पूछताछ की है। वहीं, निगरानी करने वाले असल जिम्मेदार एसआईटी के सवालों के जवाब नहीं दे पा रहे हैं। एसआईटी की टीम सोमवार से अयोध्या में डेरा डाले है। पहले दिन करीब साढ़े सात घंटे और मंगलवार को 11 घंटे मंदिर परिसर में रहकर टीम ने जांच की थी। बुधवार को भी जांच का सिलसिला जारी रहा। सुबह करीब दस बजे एसआईटी की टीम मंदिर परिसर पहुंची। जहां ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय समेत अन्य कई पदाधिकारी, कर्मचारी, पुजारी और बैंक कर्मी मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक टीम ने सीसीटीवी कैमरों की स्थिति को गहनता से परखा। इसमें कुछ ऐसे तथ्य मिले हैं जिससे आशंका है कि चोरी करने वालों ने फुटेज से छेड़छाड़ की है।
इधर मुंबई से सटे अंबरनाथ इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज 48 दिन के भीतर एक 26 वर्षीय महिला विशाखा तिलककर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के परिवार का आरोप है कि पेशे से डॉक्टर पति और उसके ससुराल वाले शादी के बाद से ही उसे लगातार पैसों और गहनों के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर पति नितिन तिलककर को गिरफ्तार कर लिया है। विशाखा के परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के तुरंत बाद ही विशाखा की आजादी पूरी तरह छीन ली गई थी। आरोपी पति नितिन ने विशाखा की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए घर के अंदर और बाहर चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगा दिए थे। वह अपनी पत्नी के हर कदम की निगरानी करता था, जिससे महिला मानसिक रूप से बेहद तनाव में थी।
उधर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो इससे पहले सिर्फ इंग्लैंड की टीम ही कर पाई थी। नीदरलैंड्स के खिलाफ ग्रुप-ए मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने रन बरसाते हुए रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया। लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह भारत का सबसे बड़ा स्कोर है और टूर्नामेंट में 200 से ज्यादा रन बनाने वाली वह सिर्फ दूसरी टीम बन गई है। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक पारी की नींव सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने रखी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 11.4 ओवर में 115 रन जोड़कर नीदरलैंड्स के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही दबाव बना दिया। मंधाना ने 47 गेंदों में 74 रन की शानदार पारी खेली, जबकि शेफाली ने 38 गेंदों पर 55 रन बनाए।
इधर भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून की रफ्तार में ब्रेक लग गया है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी 23 जून को दक्षिण पश्चिम मानसून तेलंगाना, उड़ीसा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों में आगे बढ़ सकता है। हालांकि, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में मानसून दस्तक दे चुका है। इन राज्यों में भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना में 21 जून तक हीटवेव की संभावना है। मानूसन के आगमन के साथ धीरे-धीरे छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मध्य प्रदेश से हीटवेव का असर खत्म होगा। पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश, केरल में पिछले 24 घंटे में भारी वर्षा दर्ज की गई है। वहीं, बंगाल, पूर्व राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, उड़ीसा, मिजोरम में तूफान और वज्रपात देखा गया है। पूर्व उत्तर प्रदेश, पश्चिम राजस्थान, ओडिशा, मध्य प्रदेश, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा, विदर्भ, झारखंड, छत्तीसगढ़, पंजाब, अंडमान निकोबार आइलैंड में भी बिजली गिरने की घटनाएं हुई हैं।
उधर मोदी सरकार ने महिला आरक्षण एवं परिसीमन के लिए संविधान संशोधन विधेयक को मानसून सत्र में पेश करने की तैयारी कर ली है। इसके लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के लिए सरकार की ओर से जहां गैरकांग्रेसी दलों से नए सिरे से संपर्क साधा जा रहा है, खासतौर पर द्रमुक को विधेयक में हर राज्य में आनुपातिक आधार पर 50 फीसदी सीटें बढ़ाने संबंधी प्रावधान जोड़ने का आश्वासन दिया गया है। द्रमुक के साथ त्रिभाषा फाॅर्मूले पर भी बीच का रास्ता निकालने पर बातचीत हो रही है। राज्यसभा में दो-तिहाई बहुमत की बाधा पार कर चुकी सरकार के सामने असली चुनौती लोकसभा की है। वहां द्रमुक के बिना सरकार की बात नहीं बनने वाली। यही कारण है कि उसे मनाने के मोर्चे पर खुद गृह मंत्री अमित शाह जुटे हैं। चूंकि तमिलनाडु चुनाव के नतीजों के बाद द्रमुक ने विपक्षी इंडिया ब्लॉक से दूरी बना ली है। सरकार को उम्मीद है कि संबंधित बिल सहित कुछ अन्य सियासी मुद्दाें पर द्रमुक के साथ बीच की राह निकाली जा सकती है।
इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को विज्ञान भवन में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएम-वीबीआरवाई) के तहत करीब 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि का वितरण करेंगे। केंद्र सरकार की इस खास योजना का मकसद देश में नए रोजगार पैदा करना, नौकरियों को औपचारिक रूप देना और युवाओं की कार्यक्षमता को बढ़ाना है। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, इस योजना का लक्ष्य हर क्षेत्र के श्रमिकों तक सामाजिक सुरक्षा का लाभ पहुंचाना है। योजना के जरिये अब तक देशभर में 15 लाख नए रोजगार के मौके तैयार किए जा चुके हैं। पीएम-वीबीआरवाई को इस तरह बनाया गया है कि यह श्रमिकों और नियोक्ताओं (कंपनियों) दोनों को औपचारिक अर्थव्यवस्था में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करे। योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले कर्मचारियों को 15,000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाती है, जिससे उन्हें अपने कॅरियर की शुरुआत में महत्वपूर्ण मदद मिलती है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, नैनीताल जनपद में एक बड़ा हादसा हुआ है, यहां यूपी के पर्यटकों का टेंपो ट्रैवलर नगर से एक किलामीटर पहले खाई में गिर गया। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत व बच्चों सहित कई पर्यटक घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोग व राहगीरों ने रेस्क्यू कर सभी घायलों को निकाल सीएचसी पहुंचाया। जहां उपचार के बाद गंभीर घायलों को हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। बुधवार को मेरठ ताला फैक्टरी मेरठ, उतर प्रदेश के एक ही परिवार के बच्चों सहित 28 पर्यटक नैनीताल से घूम कर वापस लौट रहे थे। नगर से एक किलोमीटर पहले पहले बैंड पर पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर आठ बजे के पास अनियंत्रित होकर 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। जिससे पर्यटकों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस, स्थानीय लोगों व राहगीरों ने हाथों से हाथ पकड़कर घायलों को पौन घंटे में खाई निकाल निजी वाहनों व 108 से सीएचसी पहुंचाया। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गई।
इधर राज्य में 21 जून को होने वाली नीट प्रवेश पुर्नपरीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को गुरुवार रात 12 बजे बजे के बाद परिवहन निगम की साधारण बसों में निशुल्क बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी। यह सुविधा 23 जून की रात 12 बजे तक अनुमन्य होगी। महाप्रबंधक परिवहन निगम क्रांति सिंह ने सरकार के इस आदेश के संबंध मे सभी मंडलीय व डिपो प्रबंधकों को सूचना जारी कर दी है। परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन द्वारा जारी सूचना में बताया गया है कि केवल उत्तराखंड राज्य के निवासी परीक्षार्थी को ही यह सुविधा दी जाएगी। यह सुविधा परीक्षार्थी को उसके गृह स्थान से परीक्षा केंद्र तक तिथि के दो दिवस पूर्व से लेकर परीक्षा केंद्र से घर वापसी के लिए दो दिवस बाद तक दी जाएगी। यह सुविधा केवल एक बार के लिए मान्य होगी।