नैनीताल:हाईकोर्ट के आदेश का असर!टीबी नंबर टैक्सी और रेंटल बाइकों पर सख्ती 114 वाहनों के चालान,6 सीज
उत्तराखंड उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में नैनीताल में परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ा अभियान चलाते हुए टीबी नंबर की टैक्सियों और रेंटल बाइकों के खिलाफ ताबड़तोड़ चालानी कार्रवाई की। अभियान के दौरान अब तक 114 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 6 वाहनों को सीज किया गया। अधिकारियों ने वाहन संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित श्रेणी के वाहनों का नगर क्षेत्र में संचालन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बता दें कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने वर्ष 2017 के बाद पंजीकृत टीबी नंबर वाहनों के नगर क्षेत्र में प्रवेश पर रोक लगाई हुई है। कोर्ट के आदेश के अनुसार शहर में केवल यूकेटीए नंबर के अधिकृत वाहन ही पर्यटक परिवहन सेवाओं का संचालन कर सकते हैं। इसके बावजूद कई टीबी नंबर टैक्सियां और रेंटल बाइक शहर के भीतर संचालित होती पाई गईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए कुमाऊं आयुक्त के निर्देश पर परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान और सीज की कार्रवाई की गई।
टीटीओ परिवहन विभाग पवन कुमार ने बताया कि तो जो हमारे पास लगभग 52 गाडियों का डेटा है जो यहाँ पर चल सकती है और वो वैध है उन गाड़ियों के लिए विभाग द्वारा स्टीकर भी जारी किया जाएगा,जो करीब 26/27 के लिए वैध रहेगा।
हालांकि इस कार्रवाई के चलते कई पर्यटक भी असुविधा का सामना करते दिखाई दिए। पर्यटकों का कहना है कि रेंटल बाइक संचालकों ने उन्हें पहले से यह जानकारी नहीं दी थी कि इन वाहनों का नैनीताल की माल रोड और प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश वर्जित है। अचानक हुई कार्रवाई के कारण पर्यटकों, विशेषकर छोटे बच्चों के साथ यात्रा कर रहे परिवारों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं प्रशासन का कहना है कि न्यायालय के आदेशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।