Good Morning India: कांटा लगा फेम एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का निधन! ICC ने क्रिकेट के 6 नियमों में बदलाव किए, पंत लगातार तीसरा शतक लगाकर बना सकते हैं इतिहास! देशभर में सामान्य से 12% ज्यादा बारिश, केदारनाथ हाईवे पर लैंडस्लाइड, जानें आज क्या रहेगा खास?

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज भारतीय महिला टीम इंग्लैंड में पांच मैचों की T20 सीरीज खेलेगी। आज पहला मैच होगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, कोलकाता में लॉ कॉलेज की स्टूडेंट से गैंगरेप मामले के 3 आरोपियों को कोर्ट ने शुक्रवार को 10 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया। पुलिस ने 26 जून को 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी शुक्रवार सुबह हुई। घटना 25 जून को हुई थी। पुलिस के मुताबिक, वारदात कॉलेज के ग्राउंड फ्लोर के गार्ड रूम में हुई। आरोपियों में मोनोजीत मिश्रा (31), जैब अहमद (19) और प्रमित मुखर्जी (20) शामिल हैं। मोनोजीत मुख्य आरोपी है और कॉलेज का पूर्व छात्र है। बाकी के दो 2कॉलेज के छात्र हैं।
इधर अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में शुक्रवार को एक हाथी बेकाबू हो गया और 100 मीटर तक भागा। इसके बाद रथ यात्रा में भगदड़ सी मच गई। लोग इधर-उधर भागते दिखे। बेकाबू हुआ हाथी 17 हाथियों के ग्रुप में सबसे आगे चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, हाथी डीजे और सीटी की आवाज से बेकाबू हुआ था। हाथी को वन विभाग के अमले ने दो मादा हाथियों की मदद से काबू में किया। इसके बाद उसे और दोनों मादा हाथियों को जुलूस से हटा दिया गया। बाकी यात्रा में 14 हाथी शामिल हुए।
उधर देश में दिल्ली को छोड़कर सभी राज्यों में बारिश हो रही है। अब तक सामान्य से 12.3 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। 26 जून तक देश में सामान्य रूप से 134.3 मिमी होनी चाहिए थी, लेकिन 146.6 mm हो चुकी है। इस बीच देश में बारिश के चलते मौतों का आकड़ा भी बढ़ने लगा है। हिमाचल के कुल्लू जिले में बादल फटने से अब तक 5 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 7 से ज्यादा लापता हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर के राजौरी, पुंछ, डोडा और कठुआ जिलों में बादल फटने और तेज बारिश से आई बाढ़ में 2 बच्चों समेत 3 की मौत हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, देश के सभी राज्यों में आज बारिश का अनुमान है। पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक और केरल में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
इधर भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत एक और शतक के साथ डॉन ब्रैडमैन, राहुल द्रविड़ और ब्रायन लारा जैसे दिग्गजों की सूची में शामिल हो सकते हैं। इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में 2 जुलाई से दूसरा टेस्ट शुरू होगा। लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में पंत ने दोनों इनिंग में सेंचुरी लगाई थी। उन्होंने पहली पारी में 134 और दूसरी पारी में 118 रन बनाए थे। हालांकि भारत यह मैच 5 विकेट से हार गया था। अगर पंत एजबेस्टन टेस्ट में एक और शतक लगाते हैं, तो वे इंग्लैंड में लगातार 3 टेस्ट शतक लगाने वाले सिर्फ सातवें विदेशी बल्लेबाज बन जाएंगे। इस लिस्ट में अब तक डॉन ब्रैडमैन, वॉरेन बार्डस्ले, चार्ल्स मैकार्टनी, राहुल द्रविड़, ब्रायन लारा और डेरिल मिचेल शामिल हैं।
उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते से 5 देशों की यात्रा पर जाएंगे। उनकी यात्री की शुरुआत आगामी 2 जुलाई से हो सकती है। मोदी की ये पांच देशों वाली यात्रा काफी अहम है। इसमें वह सबसे पहले ब्राज़ील के रियो डि जेनेरो में 6 और 7 जुलाई को होने वाले BRICS सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस BRICS शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी पाकिस्तान को कटघरे में खड़ा कर सकते हैं।
इधर मशहूर रीमिक्स सॉन्ग कांटा लगा फेम बॉलीवुड एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का बीती रात निधन हो गया। रात में करीब डेढ़ बजे शेफाली के सीने में दर्द उठा और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिटनेस की दीवानी और छहरहरे बदन की मालकिन शेफाली की मौत का कारण हर्टअटैक बताया जा रहा है। इतनी फिटनेस के बाद भी हर्टअटैक जैसी जानलेवा बीमारियों की खबरें सुनकर लोग भी हैरान हैं। बॉलीवुड सितारों भी शेफाली की मौत की खबर सुनकर सन्न रह गए हैं और पोस्ट शेयर कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। शेफाली के पति पराग त्यागी का भी एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे कार में बैठे दुखों के सागर में डूबे नजर आ रहे हैं।
उधर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सभी क्रिकेट फॉर्मेट के लिए 6 नियम बदले हैं। टेस्ट क्रिकेट में स्टॉप क्लॉक का इस्तेमाल होगा, 60 सेकंड में दूसरा ओवर शुरू करना होगा। स्लाइवा का इस्तेमाल किए जाने पर गेंद बदलना अनिवार्य नहीं होगा। बदलाव तब होगा, जब गेंद की स्थिति में ज्यादा बदलाव होगा। कैच आउट की अपील पर अब LBW का रिव्यू भी लिया जाएगा।
इधर बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इलेक्शन कमीशन और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'चुनाव आयोग अचानक से कहा रहा है कि जो वोटर लिस्ट बनी थी, उसे साइड कर दिया गया है। अब नई लिस्ट बनाई जाएगी। सवाल उठता है कि चुनाव से ठीक पहले आप वोटर लिस्ट क्यों बना रहे हैं। ये लोग चुनाव से पहले मतदाताओं की छंटनी करके सत्ता पक्ष को फायदा पहुंचाना चाहते हैं। क्या इतने कम दिनों में बिहार के सभी लोगों की वोटर लिस्ट बनेगा। तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि नई वोटर्स लिस्ट केवल बिहार में बनाई जा रही है। पिछली बार हुआ था तो 2 साल लगे थे तो क्या ये अभी 1 महीने में बन जाएगी।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, हरिद्वार में भूपतवाला क्षेत्र में गेस्ट हाउस की आड़ में चल रहे देह व्यापार का एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में तीन महिलाओं और दो पुरुषों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। मुख्य सरगना गौरव राजपूत निवासी बिजनौर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गौरव राजपूत फोन के माध्यम से लड़कियों की बुकिंग करता था। अलग-अलग राज्यों से महिलाओं को बुलाकर इस रैकेट को संचालित करता था। दिल्ली गेस्ट हाउस को गौरव ने लीज पर लेकर उसे देह व्यापार का अड्डा बना रखा था।
इधर बदरीनाथ हाईवे पर शुक्रवार शाम को लामबगड़ के पास नाला उफान पर आ गया। जिससे यहां रास्ता बंद हो गया है। हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं, हाईवे को खोलने का काम शुरू हो गया है। सुरक्षा की लिहाज से बदरीनाथ जाने वाले वाहनों को पांडुकेश्वर में ही हाईवे खुलने तक रोका गया है। उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि हाईवे खुलने में एक से दो घंटे का समय लग सकता। उसके बाद ही यात्रियों को आगे भेजा जाएगा।
उधर पाखरो रेंज घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्व वन मंत्री हरक सिंह रावत से अपने कार्यालय में करीब चार घंटे पूछताछ की। ईडी उनसे इससे पहले कई दौर की पूछताछ कर चुकी है। इस मामले में पिछले साल कई स्थानों पर छापा भी मार चुकी है। इस मामले से जुड़े कई लोगों के घर से नकदी व अन्य दस्तावेज बरामद भी कर चुकी है।