Good Morning India: छा गई जूनियर सेना, भारत बना अंडर-19 विश्वकप विजेता! मथुरा में बड़ा हादसा, कंटेनर ने 15 लोगों को कुचला, छह की मौत! आज देशभर में ओला-उबर-रैपिडो की हड़ताल, जानें और क्या रहेगा खास?

Good Morning India: Junior Sena shines, India wins the Under-19 World Cup! A major accident occurs in Mathura, a container crushes 15 people, killing six! Ola, Uber, and Rapido are on strike across t

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, बसपा सुप्रीमो मायावती ने आज लखनऊ में पार्टी की राज्य स्तरीय बैठक बुलाई है।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन गई और इसका ऐलान भी कर दिया गया है। इस समझौते के तहत अमेरिका भारत पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा। भारत-अमेरिका ने संयुक्त बयान में यह जानकारी दी गई। इस बयान के मुताबिक संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच अंतरिम समझौता दोनों देशों की साझेदारी में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा, जो आपसी हितों और ठोस परिणामों के आधार पर पारस्परिक और संतुलित व्यापार के प्रति एक साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। संयुक्त बयान के अनुसार अमेरिका, भारत में उत्पादित प्रोडक्ट्स पर 18 प्रतिशत का टैरिफ लगाएगा। इन वस्तुओं में कपड़े और परिधान, चमड़ा और जूते, प्लास्टिक और रबड़, जैविक रसायन, घरेलू सजावट का सामान, हस्तशिल्प उत्पाद और कुछ मशीनरी शामिल हैं। 

इधर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 7-8 फरवरी को मलेशिया का दौरा कर मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहीम के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसमें रक्षा और व्यापार में सहयोग का मुद्दा अहम होगा। 800 से अधिक कलाकार एक साथ मिलकर एकल नृत्य प्रदर्शन में भाग लेंगे, जिसे आयोजक 'भारतीय शास्त्रीय और लोक नृत्य शैलियों का सबसे बड़ा समूह' बताते हैं। पीएम मोदी शनिवार की दोपहर कुआलालंपुर पहुंचेंगे और शाम को प्रवासियों को संबोधित करेंगे। मोदी के स्वागत में विशाल नृत्य प्रदर्शन का यह प्रयास 'सेलामत दातांग मोदी जी' सामुदायिक स्वागत समारोह में होगा, जहां प्रधानमंत्री मोदी और मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहीम लगभग 15,000 लोगों की अपेक्षित भीड़ को संबोधित करेंगे।

उधर बिहार की पूर्णिया सीट से सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। 31 साल पुराने मामले में जमानत खत्म होने के बाद उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई। पप्पू यादव शुक्रवार रात पटना पहुंचे थे और घर पहुंचने के थोड़ी देर बाद ही पुलिसकर्मी उनके पास पहुंच गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पटना में जमकर हंगामा हुआ। पप्पू यादव ने कहा कि वह पुलिस के साथ नहीं जाएंगे। शनिवार को सीधे कोर्ट पहुंचेंगे। हालांकि, पुलिसकर्मी उन्हें गिरफ्तार करने पर अड़े रहे। इस दौरान पप्पू यादव ने हाउस अरेस्ट करने की बात भी कही, लेकिन पुलिस नहीं मानी। ऐसे में पटना में जमकर हंगामा हुआ। पप्पू यादव के समर्थक पुलिस के वाहनों में चढ़ गए और जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने बताया कि देर रात पप्पू यादव की गिरफ्तारी हुई और मेडिकल जांच के लिए उन्हें आईजीआईएमएस ले जाया गया।

इधर बीड शहर के कपिलधार स्थित एक मंगल कार्यालय से एक अजीब मामला सामने आया है। यहां एक शख्स की शादी हो रही थी, लेकिन तभी पुलिस की टीम आ धमकी। वहीं पुलिस को देखते ही दूल्हा तुरंत वहां से फरार हो गया। वहीं पीछे-पीठे पुलिस भी उसे दौड़ाती नजर आई। दूल्हे के भागने का वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के मुताबिक यहां नाबालिग लड़की का विवाह कराया जा रहा था। जब पुलिस को इसकी जानकारी मिली तो शादी के बीच ही पुलिस ने छापेमारी कर दी। इसके बाद दूल्हा मंडप से शादी छोड़कर फरार हो गया। दरअसल, बीड के कपिलधार में नाबालिग लड़की का विवाह कराए जाने की गुप्त जानकारी पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही बीड ग्रामीण पुलिस सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंची। उस समय विवाह की रस्में जारी थीं और मंडप सजा हुआ था। जैसे ही पुलिस और सामाजिक कार्यकर्ता मंगल कार्यालय में दाखिल हुए, तभी दूल्हा मंडप से ही भाग निकला। दूल्हे के फरार होने का पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

उधर भारत ने शुक्रवार को ओडिशा के चंदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज से मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-3 का सफल परीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि इस परीक्षण में सभी ऑपरेशनल और तकनीकी पैरामीटर पूरी तरह से उम्मीद के मुताबिक रहे। बता दें कि इस मिसाइल की लॉन्चिंग स्ट्रैटेजिक फोर्सेस कमांड की देखरेख में की गई। अग्नि-3 एक परमाणु-सक्षम या न्यूक्लियर कैपेबल मिसाइल है, जिसकी मारक क्षमता लगभग 3,000 से 3,500 किलोमीटर तक है। इससे भारत दुश्मन देशों के अंदरूनी इलाकों में स्थित महत्वपूर्ण लक्ष्यों को निशाना बना सकता है। अग्नि-3 की 3,000-3,500 किमी की रेंज पाकिस्तान और चीन के अंदरूनी इलाकों को कवर करती है, जिसमें पाकिस्तान के सभी प्रमुख शहर और चीन के बीजिंग और शंघाई जैसे शहर शामिल हैं। इस तरह देखा जाए तो भारत की जद में इन दोनों देशों के प्रमुख टारगेट्स हैं। चीन से भी ज्यादा यह मिसाइल पाकिस्तान को टेंशन देती है क्योंकि न सिर्फ यह उसके सभी शहरों पर कहर ढाने की क्षमता रखती है बल्कि उसके पास इसका कोई तोड़ ही नहीं है। अग्नि-3 को दुनिया की सबसे ताकतवर मिड रेंज मिसाइलों में गिना जाता है।

इधर उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य घायल हो गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मथुरा जिले के सुरीर कोतवाली इलाके में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह बस में सवार युवकों ने लघुशंका के लिए बस रुकवाई और उतरकर सड़क किनारे लघुशंका कर रहे थे, इसी दौरान युवकों को तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे नोएडा से आगरा की ओर जा रही बस में सवार यात्रियों को लघुशंका लगी तो बस को सुरीर कोतवाली क्षेत्र में माइल स्टोन 88 के मध्य चालक ने रोक लिया। बस रुकने के बाद जैसे ही लघुशंका करने के लिए यात्री उतरे, तभी नोएडा की ओर से तेज रफ्तार आ रहे कंटेनर ने यात्रियों को रौंद दिया। जिससे छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। 

उधर आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारत ने अंडर-19 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। टीम को मिली जीत के बाद दिग्गज खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर फ्यूचर स्टार्स को बधाई दी। भारत ने इंग्लैंड को वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में 100 रन से मात देकर छठी बार खिताब अपने नाम कर लिया है। शुक्रवार को खेले गए इस ऐतिहासिक मुकाबले में भारत के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 30 बाउंड्री के साथ 175 रन की यादगार पारी खेली। भारत ने इससे पहले 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में इस आईसीसी ट्रॉफी जीती थी। भारतीय अंडर-19 टीम के चैंपियन बनने के बाद दिग्गज खिलाड़ी लगातार बधाई दे रहे हैं। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, 'चैंपियंस! इस युवा टीम और उनके निडर क्रिकेट पर बहुत गर्व है। कोच और सपोर्ट स्टाफ समेत पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई। इस पल का आनंद लें! जब आपके पास सूर्यवंशी हो, तो एक टाइमलेस ब्लॉकबस्टर की उम्मीद तो होगी ही! बहुत बढ़िया, वैभव!'

इधर ओला, उबर और रैपिडो कंपनियों के ड्राइवर देशभर में शनिवार को हड़ताल पर रहेंगे। ड्राइवरों ने इसे ऑल इंडिया ब्रेकडाउन का नाम दिया है और वे अपना मोबाइल एप बंद रखेंगे। इसके चलते लोगों को कैब, ऑटो या बाइक टैक्सी मिलने में दिक्कत हो सकती है। यूनियन ने केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को चिट्ठी लिखकर अपनी शिकायतें बताई हैं। ड्राइवरों का कहना है कि सरकार की तरफ से कोई किराया तय नहीं है, इसलिए कंपनियां अपनी मर्जी से पैसे काटती हैं। इस वजह से ड्राइवरों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है और उनकी कमाई का कोई भरोसा नहीं रह गया है। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, भारतीय सीमा से लगे नेपाल के बैतड़ी में बरात की बस खाई में गिर गई। हादसे में 13 बरातियों की मौत हो गई जबकि 34 घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत नाजुक बनी है। इस दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। बस में क्षमता से अधिक बराती बैठाना दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है। जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रहरी प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि चालक ने क्षमता से अधिक यात्री बस में बैठा लिए। ओवरलोड बस चढ़ाई पर नहीं चढ़ सकी और अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों में ग्रहण लगा दिया। शादी वाले घर और गांव में अब मातम पसर गया है और घरों से चीख-पुकार सुनाई दे रही है।  

इधर कांग्रेस की युवा नेता माही जेटली पर एक कैफे में युवकों द्वारा भारी वस्तु से हमला करने का मामला सामन आया है। उनके सिर पर कई टांके आए हैं। घटना चंद्रबनी क्षेत्र के एक कैफे में हुई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पटेलनगर थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। माही जेटली के भाई मदन जोशी ने पटेलनगर थाने में शिकायत देकर बताया कि बृहस्पतिवार को उसकी बहन जन्मदिन की पार्टी के बाद दोस्तों के साथ कैफे गई थी। इस दौरान वहां कुछ युवकों का आपस में विवाद हो गया। मारपीट के बीच युवकों ने धारदार हथियार निकाल लिए और आपस में लड़ने लगे।

उधर यूपी के सीएम योगी आदित्य नाथ ने जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपराह्न करीब सवा तीन बजे यमकेश्वर स्थित हेलिपैड पर पहुंचे। यहां जन प्रतिनिधियों ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया। उसके बाद योगी आदित्यनाथ हेलिपैड से कुछ ही दूरी पर स्थित यमकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे।

इधर खटीमा में संदिग्ध पेय पदार्थ पीने दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें और संदिग्ध तरल पदार्थ भी बरामद किया है। फोरेंसिंक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। जानकारी के अनुसार, देर रात खटीमा कोतवाल विजेंद्र शाह को कंजाबाग रोड पर शराब सेवन के बाद एक व्यक्ति की मृत्यु और दो अन्य लोगों गंभीर होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कंजाबाग निवासी डिल्लू राणा (52 ) खटीमा उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सत्रहमील निवासी प्रवेश राणा और मलकीत सिंह राणा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर बरेली रेफर किया गया।