Good Morning India: ट्रंप की धमकी से ईरान नाराज, न्यूक्लियर डील पर अटकी बात, नेतन्याहू के बयान से मिडिल ईस्ट में मची खलबली! कतर के गैस प्लांट में हुआ जोरदार धमाका, 12 भारतीयों समेत 13 की मौत! उत्तराखण्ड में अस्पतालों, मॉल्स और होटलों का होगा फायर सेफ्टी ऑडिट, लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: Iran angered by Trump's threat; nuclear deal talks stalled; Netanyahu's statement sparks turmoil in the Middle East! Massive explosion at a gas plant in Qatar; 13 dead, including

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24x7 अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी के मामले हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में सुनवाई हो सकती है। वहीं महिला टी20 विश्वकप में आज सिर्फ एक मुकाबला खेला जाएगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान और अमेरिका के बीच स्विट्जरलैंड में हो रही शांति वार्ता में परमाणु ठिकानों की जांच को लेकर विवाद हो गया है। ईरान का कहना है कि बमबारी वाली साइटों पर जांच की कोई तारीख तय नहीं है, जबकि ट्रंप ने शांति वार्ता के बीच धमकी दी है और कहा है कि जांच नहीं होने पर ईरान से बातचीत बंद कर देंगे। हालांकि इस बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे 11 हजार क्रू मेंबर्स को निकालने का प्लान भी शुरू हो गया है। वहीं, सबसे बड़ी बात ये है कि इजरायल ने लेबनान पर फिर हमला कर दिया है। ट्रंप की धमकी के बाद नाराज ईरान के अधिकारियों ने अमेरिका के अधिकारियों से हाथ तक नहीं मिलाया और चले गए। 

उधर भारत के भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी को लंदन की एक हाई कोर्ट से एक बड़ी झटका लगा है। कोर्ट ने नीरव मोदी के खिलाफ बड़ा फैसला सुनाते हुए कहा कि नीरव मोदी को सरकारी बैंक 'बैंक ऑफ इंडिया' के 10.7 मिलियन डॉलर (यानी करीब 100 करोड़ रुपये से ज्यादा) चुकाने होंगे। लंदन की अदालत के जज साइमन टिंकलर ने यह फैसला सुनाते हुए कहा कि नीरव मोदी ने बैंक को जो पर्सनल गारंटी दी थी, उसके तहत वह इस रकम को चुकाने के लिए पूरी तरह जिम्मेदार हैं। पूरी बात को ऐसे समझिए कि बैंक ऑफ इंडिया ने जुलाई 2012 में दुबई स्थित नीरव मोदी की कंपनी 'फायरस्टार डायमंड' को कर्ज दिया था। अगस्त 2013 में नीरव मोदी ने खुद इस लोन की गारंटी ली थी कि अगर कंपनी पैसा नहीं चुकाएगी, तो वह चुकाएंगे।

इधर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि इजरायल को हथियार बनाने की अपनी क्षमता विकसित करके अमेरिकी सैन्य निर्भरता से आजादी हासिल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ईरान और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों के साथ चल रहे संघर्ष के लिए यह बदलाव जरूरी है। वेस्ट बैंक के गुश एत्जियन में रिजर्व कॉम्बैट अधिकारियों के साथ एक बैठक के दौरान उन्होंने यह बात कही। नेतन्याहू ने आगे कहा, "मैं उस समर्थन की बहुत सराहना करता हूं जो हमें मिला है और जो मैंने पिछले कुछ वर्षों में अपने अमेरिकी दोस्तों से हासिल किया है। लेकिन आज मैं कहता हूं, हमें अपने खुद के स्वतंत्र हथियार-उत्पादन सिस्टम की ज़रूरत है। हमें अपने हथियार खुद बनाने होंगे।" 

उधर कतर के रास लाफान लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) कॉम्प्लेक्स में हुए जबरदस्त धमाके में भारतीय नागरिकों समेत कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक मृतकों में 12 भारतीय थे। इस हादसे में 66 अन्य घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब इस सुविधा केंद्र में कामकाज फिर से शुरू करने की कोशिश की जा रही थी। इस साल की शुरुआत में ईरान के हमले के बाद इसे बंद कर दिया गया था। हताहतों की पुष्टि करते हुए, कतर के ऊर्जा मंत्री साद अल-काबी ने इस घटना को एक त्रासदी बताया और कहा कि पीड़ितों में भारतीय और पाकिस्तानी मूल के कर्मचारी शामिल थे। कतर के ऊर्जा मंत्री साद अल-काबी ने कहा, "आज मुझे कुछ ऐसा करना पड़ रहा है जिसके बारे में मैंने हमेशा उम्मीद की थी कि ऐसा कभी नहीं होगा, और वह है भारतीय और पाकिस्तानी नागरिकता वाले हमारे 13 लोगों की दुखद मौत की घोषणा करना।" उन्होंने आगे बताया कि धमाके में 66 लोग घायल हुए; यह धमाका तब हुआ जब कर्मचारी इस रणनीतिक ऊर्जा केंद्र में कामकाज फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहे थे।

इधर पुणे के रियल स्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल के मर्डर में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में केतन की मंगेतर सिया और उसके प्रेमी चेतन चौहान को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को पुलिस दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां कोर्ट ने दोनों को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया है कि सिया केतन से शादी करना नहीं चाहती थी। इसलिए उसने केतन को लोहागढ़ के किले की पहाड़ी से धक्का दे दिया, जिससे केतन 400 मीटर गहरी खाई में गिर गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक सिया ने 19 जून को केतन का मर्डर करने से पहले दो बार और कोशिश की थी। लेकिन प्लान कामयाब नहीं हो सका। इसके बाद आखिर में सिया ने अपने प्रेमी चेतन के साथ मिलकर केतन को रास्ते से हटा दिया। मृतक केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल, मां राखी अग्रवाल और दादा देवी अग्रवाल ने इस मामले में कई खुलासे किए हैं।

उधर राजधानी दिल्ली के महरौली इलाके में 10 साल की बच्ची के साथ रेप के बाद हत्या करने करने वाले आरोपी का पुलिस ने एनकाउंटर किया है। एनकाउंटर में घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार के सुबह 4:15 बजे 10 साल की मासूम बच्ची को अगवा कर लिया गया था। वारदात को अंजाम उस समय दिया गया, जब बच्ची अपने मां-बाप के साथ फुटपाथ पर सो रही थी। पुलिस ने जांच शुरू की तो एक कैब ड्राइवर द्वारा बच्ची को अगवा करने की बात सामने आई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कैब नंबर से आरोपी तक पुलिस पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जांच में आरोपी ने घटना की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर बच्ची का शव फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड से बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद पुलिस उस जगह पर आरोपी वासु को लेकर पहुंची थी, जहां पर रेप की घटना को अंजाम दिया था।

इधर मध्य प्रदेश के इंदौर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां विजय नगर थाना क्षेत्र स्थित सुमन नगर जैन मंदिर के पास बोरिंग के दौरान अवंतिका गैस पाइपलाइन फट गई। गैस रिसाव के बाद हुए धमाके और आगजनी में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर युवती गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि इस घटना में तीन अन्य लोग घायल हो गए। कई दोपहिया वाहन भी आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गए। सुमन नगर जैन मंदिर परिसर के पास बोरिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान जमीन के अंदर बिछी अवंतिका गैस की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे गैस का रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही देर में तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी। इस घटना के तुरंत बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और परिस्थिति के हिसाब से जरूरी कदम उठाए।

उधर सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) ने सोमवार को आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की चंडीगढ़ के सेक्टर 32 ब्रांच में मौजूद हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद (एचएसएसपीपी) और हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (एचएसएएमबी) के खातों से सरकारी फंड के गलत इस्तेमाल के मामले में की गई है। हरियाणा सरकार के कहने पर सीबीआई ने यह मामला अपने हाथ में लिया था। जांच में पता चला कि ये खाते हरियाणा सरकार के वित्त विभाग के मौजूदा नियमों का उल्लंघन करके खोले गए थे और बाद में इनमें तय सीमा से अधिक फंड ट्रांसफर किया गया था। खाते उस समय प्रधान सचिव रहे पंकज अग्रवाल के कार्यकाल के दौरान खोले गए थे। जांच से पता चला कि इन विभागों के खातों में धोखाधड़ी वाले लेन-देन के जरिए फंड का गलत इस्तेमाल किया गया, जिससे सरकार को 60.54 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। जांच के दौरान पंकज अग्रवाल के खिलाफ ठोस सबूत इकट्ठा किए गए हैं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, राज्य सरकार ने आगामी मानसून के दौरान भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में खाद्यान्न आपूर्ति की विशेष व्यवस्था की गई है। एक जुलाई से इन क्षेत्रों में तीन महीने का राशन एक साथ वितरित होगा। बरसात के मौसम में अक्सर रास्ते बंद होने से संपर्क टूटने की आशंका रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अग्रिम वितरण किया जा रहा है। शासन से मिली जानकारी के अनुसार, पर्वतीय जनपदों के सुदूर और बेहद दुर्गम क्षेत्रों के सरकारी गोदामों में तीन महीने का खाद्यान्न पहले ही पहुंचा दिया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि यदि सड़कें बंद होती हैं, तब भी आम जनता को राशन के लिए परेशानी न हो।

इधर हल्द्वानी शहर के हीरानगर स्थित केवीएम स्कूल में मंगलवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले स्कूल की दो बसें और एक जनरेटर जलकर नष्ट हो गए। इस दौरान पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैला गया जो चार किमी दूर से भी दिखाई दिया। रिहायशी क्षेत्र में हुई इस घटना से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। गर्मी की छुट्टियों के चलते इन दिनों स्कूल बंद है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम के समय नियमित रूप से स्कूल बसों को कुछ देर के लिए स्टार्ट किया जाता था। मंगलवार शाम करीब 6:40 बजे एक बस को स्टार्ट करते समय उसमें शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते आग ने पास में खड़ी दूसरी बस और जनरेटर को भी अपनी चपेट में ले लिया।

उधर देश के विभिन्न हिस्सों में हाल के दिनों में सामने आई अग्निकांड की घटनाओं के बीच उत्तराखंड सरकार ने भी सार्वजनिक भवनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर के अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों, बड़े माल, होटलों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का व्यापक फायर सेफ्टी आडिट कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा जनसुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

इधर उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने सोमवार 29 जून तक का मौसम का पूर्वानुमान जारी कर दिया है। इस पूर्वानुमान के अनुसार आज बुधवार 24 जून से लेकर सोमवार 29 जून तक उत्तराखंड में बारिश होगी। खास बात ये है कि इस दौरान 4 दिन राज्य के दो मैदानी जिलों हरिद्वार और उधम सिंह नगर में भी बारिश होगी। मौसम विभाग ने आज बुधवार 24 जून के लिए जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसके अनुसार राज्य के सभी जिलों में बारिश होगी। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, देहरादून, टिहरी गढ़वाल और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश बादलों की गर्जना के साथ होगी। राज्य के बाकी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा होगी।