रिश्ते हुए शर्मसारः शराब के नशे में हैवान बना पिता! अपनी ही बेटी से रेप का किया प्रयास, मां ने चंगुल से छुड़ाया

 Bonds of kinship shamed: Father turns into a monster under the influence of alcohol! Attempts to rape his own daughter; mother rescues her from his clutches.

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति पर अपनी ही 10 वर्षीय पुत्री के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में आरोपों की पुष्टि होती है तो आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिला द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, रविवार देर रात करीब एक बजे वह अपने तीन वर्षीय पुत्र के साथ एक चारपाई पर सो रही थी, जबकि उसकी 10 वर्षीय पुत्री पास की दूसरी चारपाई पर सोई हुई थी। इसी दौरान उसका पति कथित रूप से शराब के नशे में घर पहुंचा और बेटी के पास जाकर लेट गया। कुछ देर बाद बच्ची अचानक घबराकर चिल्लाने लगी। पहले तो महिला को लगा कि बच्ची किसी बुरे सपने से डर गई है। उसने बच्ची को शांत कराया और दोबारा सुलाने के बाद कमरे की लाइट बंद कर दी, लेकिन कुछ ही देर बाद बच्ची फिर से असहज होकर हरकत करने लगी। इस बार महिला को संदेह हुआ तो उसने तुरंत कमरे की लाइट जलाई। महिला का आरोप है कि लाइट जलाते ही उसने देखा कि उसका पति अपनी ही पुत्री के साथ दुष्कर्म का प्रयास कर रहा था। यह देखकर वह स्तब्ध रह गई। उसने तत्काल बच्ची को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और पति का विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और धमकी दी कि यदि उसने इस घटना की जानकारी किसी को दी या पुलिस में शिकायत की तो वह उसे जान से मार देगा। घटना के बाद महिला ने हिम्मत जुटाई और अपनी पुत्री के साथ पुलिस के पास पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उसने आरोपी पति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित तहरीर सौंपी। मामले की जांच कर रहीं एएसआई विनीता नेगी ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हो गई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बच्ची और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अन्य आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।